Saturday, October 10

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अश्विनी कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया


 शिमला ,10 अक्टूबर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश  के  राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्विनी कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है, जिनका बुधवार को शिमला के ब्राॅकहस्र्ट स्थित अपने निवास स्थान पर निधन हो गया। अश्विनी कुमार ने नागालैंड के राज्यपाल और सीबीआई के निदेशक के पद भी अपनी सेवाएं दीं।
   राज्यपाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अश्विनी कुमार ने पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं जिसके लिए प्रदेश के लोग उन्हें सदैव याद रखेंगे। जय राम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

 

 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर शोक जताया

 

शिमला ,10 अक्टूबर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश  के  राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त किया है, जिनका 8  अक्टूबर सायं नई दिल्ली में निधन हो गया।

     राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि राम विलास पासवान को दृढ़ प्रतिबद्धता और दलितों के उत्थान के लिए दी गई बहुमूल्य सेवाओं के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।राम विलास पासवान को समाजवादी आंदोलन का निष्ठावान समर्थक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पासवान के निधन से, देश ने एक ऐसा नेता खोया है, जो समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए हमेशा खड़े रहे।
    मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

 


केरल की छात्रा ने गाया ‘चंबा कितने के दूर’ ठाकुर ने की सराहना

शिमला ,10  अक्टूबर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश  के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत केरल निवासी स्कूली छात्रा देविका द्वारा गाये गए हिमाचली गीत ‘चंबा कितने के दूर’ के प्रयासों की सराहना की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
     श्री ठाकुर ने कहा कि देविका ने अपनी सुरीली आवाज से लाखों हिमाचलियों का दिल जीत लिया है। उन्होंने देविका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने  ‘देवभूमि’ की संस्कृति और विरासत को नजदीक से जानने के लिए देविका को हिमाचल आने के लिए भी आमंत्रित किया।

 

 

चीफ पोस्ट मास्टर जनरल ने राज्यपाल से भेंट की

शिमला ,10  अक्टूबर (3आईन्यूज़ हिमाचल प्रदेश सर्कल की चीफ पोस्ट मास्टर जनरल नीरा रंजन शेरिंग  ने कल  यहां राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से भेंट की।
    विश्व डाक दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि डाक कर्मी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करते हुए अपने जीवन को जोखिम में डालकर न केवल पत्र, बल्कि आवश्यक वस्तुओं, दवाओं, भोजन और सुरक्षा किटों को कोरोना योद्धाओं की लड़ाई के लिए वितरित किया है। उन्होंने कहा कि आज डाक सेवाओं में आम आदमी का भरोसा बढ़ा है और अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने इन सेवाओं में अधिक प्रौद्योगिकी शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कोरोना महामारी की अवधि के दौरान पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने में डाक कर्मियों की सेवाओं की सराहना की।
    उन्होंने वाययुमार्ट नामक ई-काॅमर्स कंपनी की मदद से चुनिंदा शहरों में पोस्ट आॅफिस के माध्यम से सेब के वितरण और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए हिमाचल प्रदेश पोस्टल सर्कल की पहल की सराहना की।
   राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के पक्षियों पर बीस चित्र पोस्टकार्डों का एक सेट जारी किया और हिमाचली गुड़िया पर आधारित एक चित्र पोस्टकार्ड का भी विमोचन किया।
   नीरा रंजन शेरिंग ने राज्य में डाक सेवाओं की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश डाक मंडल अपने 2795 डाकघरों के माध्यम से पूरे राज्य में डाक सेवाएं प्रदान कर रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत राज्य के लगभग 3.65 लाख पेंशनरों को पोस्ट आॅफिस के माध्यम से हर तिमाही में पेंशन वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी डाकघरों में लगभग 51.9 लाख विभिन्न प्रकार के बचत खाते हैं। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के नए पद के साथ लगभग 3.5 लाख खाते खोले गए हैं।

निदेशक, डाक सेवाएं दिनेश कुमार मिस्त्री भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

नवरात्रों में श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं -गोविन्द सिंह ठाकुर

    

 शिमला ,10  अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कल यहाँ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों के साथ आगामी नवरात्री की तैयारियों संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को नवरात्रों में प्रदेश और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
     श्री ठाकुर ने  कहा कि सभी उपायुक्त अपने संबंधित जिलों की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोविड-19 के दृष्टिगत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन की सुविधा उपलब्ध करवाएं।उन्होंने कहा कि इस दौरान शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर को अधिक समय तक खुला रखने की व्यवस्था भी स्थापित की जाएं। उन्होंने कहा कि नवरात्री के दौरान मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाए। कोविड-19 से संबंधित स्वच्छता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ पुजारियों, दुकानदारों आदि को भी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।   
   गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की अपनी एक समृद्ध धार्मिक संस्कृति है जिसका वृत्तचित्र के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से सभी मंदिरों से जुड़े वृत्तचित्र का दूरदर्शन के माध्यम से प्रसारित करके प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को देश के कोने-कोने में पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिरों के परिसरों में नवग्रह वाटिका का निर्माण कर संबंधित मंदिर न्यास और ग्रामीण लोग इसका रख-रखाव करें। मंदिर न्यास अपने साथ स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर मंदिर में चढ़ने वाले फूलों से अग्रबत्ती या धूप तैयार कर महिलाओं को आर्थिक लाभ प्रदान करने के प्रयास करें। श्रद्धालुओं को मंदिरों से जुड़ी जानकारी से अवगत करवाने के लिए जिलों में सांस्कृतिक केन्द्रों को भी स्थापित किया जाए।अतिरिक्त मुख्य सचिव भाषा, कला एवं संस्कृति आरडी धीमान, निदेशक भाषा, कला एवं संस्कृति कुमुद सहित सभी संबंधित जिलों के उपायुक्त इस बैठक में उपस्थित थे।

 


 

चैपाल पुलिस थाना को देेश के शीर्ष पुलिस थानों में मिला स्थान

 शिमला ,10  अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शिमला जिले के चैपाल पुलिस थाना को देश के शीर्ष दस पुलिस थानों में स्थान दिया है। यह निर्णय अपराध की रोकथाम, सक्रिय उपायों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मापदंडों के आधार पर किया गया है।
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि गृह मंत्रालय के रैंकिंग इंटेलिजेंस ब्यूरो ने विभिन्न मापदंडों के आधार पर देश के शीर्ष पुलिस थानों का चयन किया है। पुलिस थानों की उपलब्धि का आकलन करते हुए मामलों के निपटान, मामलों की खोज, सामुदायिक पुलिस, बैक एंड वर्क और कानून व्यवस्था के रख-रखाव को भी पुलिस थानों की उपलब्धियों में मद्देनजर रखा गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नई दिल्ली में नवंबर अथवा दिसंबर महीने के दौरान होने वाले सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपनी उपलब्धियों के बारे में एक छोटी प्रस्तुति देने के लिए देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले थानों के एसएचओ/प्रभारी को आमंत्रित किया जाएगा।
    मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि वे अपना अच्छा काम जारी रखेंगे और हिमाचल को गौरवान्वित करते रहेंगे।

Saturday, October 3

मोदी ने सिस्सू में जनसभा को संबोधित किया

शिमला ,03अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी के सिस्सू में  आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के लोगों को टनल के निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह टनल क्षेत्र में पर्यटन और कृषि आर्थिकी को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।इससे पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और वन मंत्री राकेश पठानिया ने टनल के उतरी छोर पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया।  केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रकट किए।
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सिस्सू में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए अटल टनल रोहतांग को देश के लोगों को समर्पित करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। टनल से लाहौल के लोगों को हर मौसम में देश के अन्य क्षेत्रों से संपर्क बना रहेगा और पर्यटन को बढ़ावा देने में यह महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। टनल सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। यह सशस्त्र सेनाओं को चीन से लगने वाली लेह-लद्दाख की सीमाओं के लिए हथियार और अन्य सामग्री के परिवहन में सहायक सिद्ध होगी।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश के हर क्षेत्र और यहां की संस्कृति सेे भली-भान्ति परिचित है।
   उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वर्षों पुराने सपने को साकार होता देख अत्यंत प्रसन्न हैं जो आज पूरा हो गया है। यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और उनके करीबी मित्र अर्जुन गोपाल (ताशी दावा)  के ईमानदार प्रयासों का परिणाम है। अर्जुन गोपाल ने श्री वाजपेयी को यकीन दिलाया था कि किस प्रकार टनल के निर्माण से लाहौल के लोगों की आर्थिकी सुदृढ़ होगी।केन्द्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा, कृषि मंत्री वीरेन्द्र कवंर, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेन्द्र गर्ग, सांसद रामस्वरूप शर्मा, और प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 


अटल टनल से प्रदेश को मिली नई पहचानः जय राम ठाकुर

शिमला ,03अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के  कुल्लू जिला में दक्षिणी पोर्टल मनाली में रोहतांग अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण करने के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोलंग नाला में एक विशाल जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोलंग नाला में जनसभा को संबोधित किया।
 

 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए राष्ट्र को अटल टनल समर्पित करने के लिए धन्यवाद किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण से हिमाचल प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय आरम्भ हुआ है और क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है। टनल के निर्माण से लाहौल घाटी को सभी मौसमों में देश के अन्य क्षेत्रों से संपर्क बना रहेगा और मनाली व लाहौल घाटी के बीच आवागमन आसान बनेगा। यह सुरंग राज्य में पर्यटन के विकास में एक मील को पत्थर साबित होगी।
   श्री  ठाकुर ने पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 90 के दशक में उनके पैराग्लाइडिंग रोमांच का स्मरण करवाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षोंे में सोलंग नाला पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस ऐतिहासिक दिवस पर अटल टनल, रोहतांग के लोकार्पण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होगी।
 

उन्होंने  कहा कि कोविड-19 महामारी के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस टनल के लोकार्पण के लिए व्यक्तिगत रूप से हिमाचल प्रदेश आने का निर्णय लिया जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति उनके प्रेम और लगाव को दर्शाता है। प्रदेश सरकार कोविड-19 महामारी के कारण इस अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन नहीं कर पाई लेकिन प्रदेश की सभी 3226 ग्राम पंचायतों में इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण का प्रबंध किया गया।
   प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, केन्द्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री सुख राम चैधरी, विधायक एवं उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड रमेश धवाला, सांसद राम स्वरूप शर्मा एवं किशन कपूर, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, विधायक विनोद कुमार, किशोरी लाल, विशाल नेहरिया, रवि धीमान, अरूण कुक्का, आशीष बुटेल और विक्रमादित्य सिंह तथा पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 


राज्यपाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।




शिमला ,02  अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के  राज्यपाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।   
   श्री दत्तात्रेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को 151वीं जयंती पर ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला में पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और धर्म को अपने जीवन का आदर्श मानकर अपनाया था। उन्होंने स्वराज आंदोलन में स्वदेशी, राम राज्य और ग्रामीण विकास का संदेश दिया था। उन्होंने सत्य और निष्ठा के साथ भारतीय परंपराओं को अपनाया।राज्यपाल ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी हम उनके विचारों और स्वदेशी भावना को अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।इसके उपरांत, राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर सीटीओ चैक में पुष्पांजलि अर्पित की।इस अवसर पर देशभक्ति गीत और भजन भी प्रस्तुत किए गए।शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला महापौर सत्या कौंडल, हिमफैड अध्यक्ष गणेश दत्त, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला, पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

प्रधानमंत्री का सासे हेलीपैड मनाली पहुँचने पर स्वागत

शिमला ,03अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केन्द्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,ने  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज प्रदेश में अटल टन्नल रोहंताग के लोकार्पण के लिए जिला कुल्लू के मनाली में सासे हेलीपैड पर पहुंचने पर  स्वागत किया। 
    शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद राम स्वरूप शर्मा, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुन्डू, उपायुक्त कुल्लू डाॅ. रिचा वर्मा और अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Friday, October 2

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की

 

शिमला ,02  अक्टूबर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, प्रदेश के नेताओं और विभिन्न क्षेत्र के लोगों ने आज यहां ऐतिहासिक रिज मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 151वीं जयन्ती पर पुष्पाजंलि अर्पित की।
   श्री ठाकुर ने  पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयन्ती के अवसर पर पुष्पाजंलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सादगी, शांति और सदभावना का प्रतीक बताया।इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने महात्मा गांधी के जीवन काल से जुड़े देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक राकेश सिंघा, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला, विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी इस अवसर पर महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पाजंलि अर्पित की।  

 

ठाकुर ने केंद्रीय रक्षा मंत्री का सासे आगमन पर स्वागत किया

 मनाली ,02  अक्टूबर ( 3आई न्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जिला कुल्लू के मनाली में सासे हेलीपैड पहुंचने पर स्वागत किया गया।
   केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केंद्रीय वित्त एवं काॅर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ अटल टनल रोहतांग का दौरा किया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 3 अक्तूबर, 2020 को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने टनल के उत्तर और दक्षिण छोर का भी दौरा किया और लोकार्पण समारोह के दृष्टिगत किए गए प्रबन्धों की समीक्षा की।
  सीमा सड़क संगठन महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने केंद्रीय मंत्री को अटल टनल की मुख्य विशेषताएं और सामरिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को इस परियोजना के लोकार्पण से सम्बन्धित तैयारियांे से भी अवगत करवाया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जिला कुल्लू के सोलंग और जिला लाहौल स्पीति के सिस्सू में रैली स्थलों का दौरा किया और इस मेगा इवेंट की गई तैयारियों का जायजा लिया।
   शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक सुरेन्द्र शौरी, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डाॅ. आर.एन बत्ता, उपायुक्त कुल्लू डाॅ. ऋचा वर्मा और अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।  

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने सासे में कैलिब्रेशन लैब भवन का शिलान्यास किया

 

शिमला, 02अक्टूबर,(3आईन्यूज़ )  केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज ‘प्रोजेक्ट अनशनकन’ के अन्तर्गत हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान (सासे) में कैलिब्रेशन लैब भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केंद्रीय वित्त एवं काॅर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी केंद्रीय मंत्री के साथ उपस्थित थे।    

कैलिब्रेशन लैब का निर्माण 736.18 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा, जो बर्फीले क्षेत्रों में फील्ड लोकेशन में तैनात किए जाने के लिए सेंसरों की विविधता के कुशल और समयबद्ध कैलिब्रेशन में अहम भूमिका निभाएगा।
  इससे पूर्व, सासे अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपनी गतिविधियों के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी।    सासे बर्फीले पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन पूर्वानुमान, कृत्रिम ट्रिगरिंग और संरचनात्मक नियंत्रण में कार्य कर रहा है। सासे ने अंटार्कटिका स्नो कवर आइस शीट सतह ऊर्जा संतुलन और पिघलन अनुमान के क्षेत्रों में अनुसंधान गतिविधियों पर भारतीय अंटार्कटिका कार्यक्रम में भी भाग लिया।
   डीआरडीओ के महानिदेशक प्रवीण कुमार मेहता ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय वित्त और काॅर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
     निदेशक सासे डाॅ. लोकेश कुमार सिन्हा ने सासे की विभिन्न गतिविधियों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी।
       सांसद रामस्वरूप शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।