Wednesday, February 23

ऊना में कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद उलटी, एक गंभीर

 ऊना, 23फरवरी (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश में  ऊना जिला के  अंबोटा क्षेत्र में सोमवार एक कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद एक मकान की  दीवार को तोडने के बाद उलट गई।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बारात की कार होशियारपुर से वापस गणु मंदवाड़ा गांव लौट रही थी रास्ते में कार चालक को  नींद की झपकी आ गई और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार व्यक्ति की हालत नाजुक है, जबकि कार चालक और तीन महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं। 
   घायल को उसके परिजनों ने गंभीर हालत में 
होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने इस हादसे की पुष्टि की है।
गगरेट पुलिस ने  मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tuesday, February 22

ऊना के टाहलीवाल में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, छह मजदूरों की झुलसकर मौत, एक दर्जन से ज्यादा गंभीर घायल

ऊना,22फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के गुरपाला में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से छह महिलाओं की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि  एक दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। 
    मृतकों में दो महिलाएं मां -बेटी उत्तर प्रदेश की है। 
 हरौली पुलिस उपाधीक्षक अनिल पटियाल ने दुर्घटना की पुष्टि की है। 
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया है। 
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Monday, February 21

जयराम ठाकुर को एम्स से शीघ्र छुट्टी मिलने की संभावना

 शिमला, 21फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शीघ्र एम्स दिल्ली से 
छुट्टी मिलने की संभावना है।
  यह जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स, नई दिल्ली में भर्ती मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य रिपोर्ट सामान्य है और उन्हें शीघ्र ही एम्स से छुट्टी मिलने की संभावना है।
 

राज्यपाल ने राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता श्रिया लोहिया को किया सम्मानित

शिमला, 21फरवरी (3आईन्यूज  )हिमाचल प्रदेश के 

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से आज राजभवन में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित मण्डी जिले के सुंदरनगर उप-मंडल की निवासी कुमारी श्रिया लोहिया ने भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कुमारी श्रिया को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
    राज्यपाल ने कुमारी श्रिया द्वारा मोटरस्पोर्ट्स कार्टिंग रेसर के तौर पर  राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रेसिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। वह अन्य नवोदित खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Sunday, February 20

राजभवन में भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गत सायं राजभवन में भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर भारत के विदेश राज्य मंत्री राजकुमार राजन सिंह और बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद शहरयार आलम सहित दोनों देशों के गणमान्य व्यक्ति  उपस्थित थे।

    बांग्लादेश व भारत के संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत और बांग्लादेश संस्था ने संयुक्त रूप से 10वीं मैत्री संवाद का आयोजन किया।

   राज्यपाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और बांग्लादेश के सौहार्दपूर्ण रिश्तों का यह एक स्वर्णिम दौर है। उन्होंने कहा कि 50 वर्षों के हमारे घनिष्ठ संबंध इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से और अधिक प्रगाढ़ होंगे। बांग्लादेश और भारत फांउडेशन को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी सार्थक पहल के कारण दोनों देशों के मध्य रिश्ते और अधिक मजबूत हुए हैं। एक संयुक्त सभ्यता विरासत में बंधे होने के अलावा दोनों देश लोकतंत्र के समान मूल्यों को साझा करते हैं तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आशावान हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश ने पड़ोसी देशों के मधुर संबंधों की एक मिसाल कायम की है।

    राज्यपाल ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है। बांग्लादेश की आजादी के पश्चात हमने पाकिस्तान के युद्ध बन्दियों को सम्मानपूर्वक रिहा कर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि शिमला स्थित राजभवन बांग्लादेश के पीपल्स वार से भी जुड़ा है और उस गौरवशाली इतिहास को प्रस्तुत करता है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी और पाकिस्तान के राष्ट्रपति जुल्फीकार अली भुट्टो के मध्य वर्ष 1972 में ऐतिहासिक शिमला समझौता यहीं पर हस्ताक्षरित हुआ था।

   राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि शिमला का शांत वातावरण और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य सदैव उनकी मधुर स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने आशा जताई कि सभी सदस्य हिमाचल के आतिथ्य सत्कार से अवश्य आनंदित हुए होंगे और उनकी यात्रा सुखद रहेगी।

  इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

 इससे पूर्व इण्डिया फाउंडेशन के निदेशक कैप्टन आलोक बंसल ने भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों का स्वागत किया।

 

 

सिरमौर में आबकारी विभाग की अवैध शराब मामले में एक और बड़ी कार्रवाई, शराब फ़ैक्ट्री का लाइसेंस रद्द

सिरमौर , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  सिरमौर जिला में आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने नारीवाला, पांवटा साहिब स्थित शराब की एक फ़ैक्ट्री द्वारा की गई अनियमितताओं की जाँच में शराब बनाने, इसके रख-रख़ाव और ढुलाई से जुड़ी अनियमितताएं और ख़ामियां पाई गई।
     आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग यूनुस ने बताया कि जांच में यह भी पाया गया की उक्त बिवरेज़िज कम्पनी ने शराब की लगभग 900 पेटियों की बिना किसी वैध पास अथवा परमिट के ढुलाई की। इसके अतिरिक्त यह भी पाया गया कि उक्त कम्पनी द्वारा लाइसेंस के नियम एवं शर्तों की बार-बार उल्लंघना की गई है और इससे पहले भी उस पर भारी जुर्माना/दंडात्मक कार्रवाई हुई है।
 इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए विभाग ने उक्त शराब की फ़ैक्ट्री का लाइसेंस रद्द कर दिया है और फ़ैक्ट्री को सील करने के भी आदेश दे दिए हैं। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, डिस्टिलरीज रूल्ज़ और एचपी बांडिड वेयर हाउस रूल्ज़ के तहत की गई है।
 उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व आबकारी विभाग की नूरपुर टीम द्वारा भी पंजाब के साथ लगते सीमान्त क्षेत्र छन्नी वैली में अवैध शराब बनाने वालों पर संयुक्त कार्यवाही की गई थी। विभाग को इस क्षेत्र में अवैध शराब बनाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। सीमांत क्षेत्र होने के बावजूद विभाग ने इस क्षेत्र में कार्यवाही की और कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद लगभग 85000 लीटर कच्ची शराब नष्ट कर दी गई थी।
 उन्होंने बताया कि विभाग अवैध शराब बनाने वालों पर कड़ी कार्यवाही कर रहा है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
 

जय राम ठाकुर की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सामान्य

 

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की  स्वास्थ्य संबंधी सभी रिपोर्ट सामान्य हैं और वे संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में हैं तथा एक या दो दिनों के भीतर उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।

    यह जानकारी देते हुए आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती हैं, जहाँ पर सभी रिपोर्ट सामान्य हैं ।

  श्री ठाकुर ने भी ट्वीट कर बताया था कि में स्वास्थय कारणों के चलते एम्स दिल्ली में डॉक्टरों के देखरेख में हूँ ,चिंता की कोई बात नहीं है ।उन्होंने जनता का धन्यबाद करते हुआ कहा कि मुझे आपके मंगल सन्देश मिल रहे हैं । आपकी शुभकामनाओं और देवी -देवताओं के आशीर्वाद से जल्द स्वास्थ्य होकर आपकी और प्रदेश की सेवा में जुट जाऊंगा । 

शिमला :-राज्यपाल ने ब्रह्म कुमारी संस्थान में शिव ध्वजारोहण किया

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने भारतीय उच्च परम्पराओं के पालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि संगठन समाज में अच्छे विचारों और संस्कृति को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
 राज्यपाल  ने यह बात आज यहां शिमला के निकट पंथाघाटी में प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान में आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कही।
 उन्होंने कहा कि वर्तमान संदर्भ में संघ और संगठन की मजबूती ही एकमात्र बहुमूल्य अवधारणा है। यह हमारी शक्ति, धर्म और आस्था है।
 उन्होंने धर्म की अलग तरह से व्याख्या पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म का अर्थ आत्म अनुशासन है। धर्म को अपनाने से शासन और विचारों में अवगुण नहीं आते। उन्होंने उपस्थित लोगों और संगठनों से समृद्ध संस्कृति की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित करने का आह्वान किया ताकि समाज में अच्छी धारणा और संस्कृति स्थापित हो सके।
 
राज्यपाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का हमारे सांस्कृतिक जीवन में एक विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ने आध्यात्म को देश की आत्मा माना है, परन्तु हम संस्कृति के मूल विचारों को भूलकर पश्चिमी सभ्यता की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति और धर्म ने विश्व के किसी भी भाग को बलपूर्वक जीतने की कोशिश नहीं की, अपितु हम लोगों के दिल जीतने में विश्वास रखते हैं। प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान इस भावना को आत्मसात कर कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा किए गए कार्य अनुकरणीय हैं।
 इससे पूर्व, राज्यपाल ने संस्थान के परिसर में एक सेब का पौधा भी रोपित किया।
 इससे पूर्व, प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान पंथाघाटी की प्रमुख ब्रह्म कुमारी रजनी ने राज्यपाल को सम्मानित किया। ब्रह्म कुमारी सुनिता ने राज्यपाल का स्वागत किया।  
 पूर्व विधायक ब्रह्म कुमार हृदयराम ने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि विश्वभर के लगभग 140 देशों में प्रजापिता ब्रह्म कुमारी के 10 हजार से अधिक सेवा केन्द्रों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियमित विद्यार्थी आध्यात्मिक ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।
 इस अवसर पर कुमारी अर्शी दुल्टा ने नृत्य प्रस्तुत किया।
 

Saturday, February 19

सुजानपुर होली उत्सव की तैयारी शुरू, हथियारों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

सुजानपुर होली उत्सव की तैयारी शुरू,  हथियारों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
हमीरपुर 19 फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिला के सुजानपुर में 15 से 18 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 
      उत्सव के सुचारू संचालन के लिए जिला दंडाधिकारी देबश्वेता बनिक ने एक आदेश जारी करते हुए सुजानपुर के एसडीएम हरीश गज्जू को मेला अधिकारी नियुक्त किया है।
  एक अन्य आदेश जारी करते हुए जिला दंडाधिकारी ने नगर परिषद क्षेत्र सुजानपुर में 15 से 18 मार्च तक किसी भी तरह के हथियार, विस्फोटक सामग्री और लाठी इत्यादि लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी है। देबश्वेता बनिक ने बताया कि डयूटी पर तैनात पुलिस, गृहरक्षक और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

मुख्यमंत्री नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स दिल्ली में भर्ती

मुख्यमंत्री नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स दिल्ली में भर्ती

 शिमला, 19 फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चिकित्सकों की सलाह पर नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती किया गया है।
     यह जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि  मुख्यमंत्री पूर्णतया स्वस्थ हैं तथा केवल नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए ही एम्स में भर्ती हुए हैं और किसी भी तरह की चिन्ता की बात नहीं है।  
 

Friday, February 18

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने क्षेत्र के विकास के लिए रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया

 मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने क्षेत्र के विकास के लिए रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया

शिमला ,18फरवरी (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश के युवाओं से अपने क्षेत्र के विकास के लिए रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया है। 
     श्री ठाकुर ने आज शिमला से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सराज छात्र कल्याण संघ द्वारा राजकीय वल्लभ स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडी में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम शाश्वत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सम्मान और स्वाभिमान के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़कर ही जीवन के ध्येय को प्राप्त किया जा सकता है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में सराज क्षेत्र की 78 पंचायतों में सड़क सुविधा उपलब्ध है और क्षेत्र में 40 से अधिक बसों का परिचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सराज क्षेत्र के लोग देश व प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने सराज के युवाओं से अपनी संस्कृति के विकास व सांस्कृतिक मूल्यों के अनुसार जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
 उन्होंने वल्लभ स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडी में अध्ययन के दौरान अपनी मधुर स्मृतियां भी साझा की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए सराज छात्र कल्याण संघ की सराहना की। उन्होंने कहा कि सराज छात्र कल्याण संघ ने कोरोना संकटकाल के दौरान मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्त्वकांक्षी योजनाएं आरम्भ की हैं जिनमें अखंड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती, अटल आदर्श विद्यालय योजना, स्वर्ण जयंती सुपर 100 योजना, स्वर्ण जयंती ज्ञानोद्य कलस्टर श्रेष्ठ विद्यालय योजना सहित कई योजनाएं शामिल हैं। कोरोना काल के दौरान सरकारी विद्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की गई।
 उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। प्रदेश के गठन के बाद केवल शिमला में ही राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। वर्तमान प्रदेश सरकार के सार्थक प्रयासों से मंडी में दूसरा राज्य विश्वविद्यालय 1 अप्रैल, 2022 से कार्यशील हो जाएगा। इससे मंडी, कुल्लू, बिलासपुर जिला सहित प्रदेश के अन्य जिलों के छात्रों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
    मुख्यमंत्री ने सराज छात्र कल्याण संघ को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया

  राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया

 

शिमला ,18फरवरी (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज राजभवन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला का कैलेंडर और डायरी जारी की।
    राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
   इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रकाशनों विशेष तौर पर कॉफी टेबल बुक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें विश्वविद्यालय द्वारा पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों का संकलन किया गया है जो पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
   हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सिकन्दर कुमार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सदस्य नागेश ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 


जुब्बल में पार्किंग के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये मंज़ूर किए:सुरेश भारद्वाज

शिमला ,18फरवरी (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जुब्बल में पार्किंग के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये मंज़ूर  किए हैं 

     श्री भारद्वाज ने  बताया कि प्रदेश के विकास में शहरी विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। शहरों में बेहतर सड़क सुविधा के दृष्टिगत वाहनों की संख्या बढ़ने से पार्किंग की सुविधा बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। इस सन्दर्भ में नगर पंचायत जुब्बल में पार्किंग के निर्माण के लिए जुब्बल-कोटखाई के पूर्व विधायक दिवंगत नरेन्द्र बरागटा की मांग पर सरकार द्वारा पहले ही एक करोड़ रुपये जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग के लिए आज दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि  मंज़ूर  की गई है।

    उन्होंने कहा कि जुब्बल के लोगों की पार्किंग की मांग को लेकर प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार इस पार्किंग के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग से क्षेत्र के लोगों को पार्किंग की सुविधा प्रदान होगी तथा यह पार्किंग दिवंगत नरेन्द्र बरागटा को श्रद्धांजलि होगी।