Tuesday, March 1

यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों की सकुशल वापसी के लिए सरकार प्रयासरत: ठाकुर

शिमला,एक मार्च (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है।
     श्री  ठाकुर ने कल शिमला से रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों और उनके माता-पिता तथा यूक्रेन से भारत लौटे विद्यार्थियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बातचीत की।उन्होने यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों को यूक्रेन में भारतीय दूतावास के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि छात्र दूतावास के अधिकारियों और अपने-अपने संस्थानों के प्रबंधन से परामर्श के बाद  ही स्थान छोडे़। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और उनकी सकुशल वापसी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
      श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार सेे लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार स्थिति से पूरी तरह अवगत है और सुरक्षित वापसी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए यूक्रेन के विभिन्न पड़ोसी देशों में चार केंद्रीय मंत्रियों को तैनात किया है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में फंसे लोगों से समुचित समन्वय के लिए राज्य सरकार ने एक हेल्पलाइन भी स्थापित की है। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन पर अब तक 218 लोगों ने पंजीकरण करवाया है और अब तक हिमाचल प्रदेश के 102 विद्यार्थी भारत पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 317 विद्यार्थी अभी भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र को सकुशल घर वापिस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
   उन्होने यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों के माता-पिता से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी स्थिति की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भारत आने वाले सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क घर लाने के लिए व्यवस्था की है।
   मुख्यमंत्री ने यूक्रेन से सुरक्षित वापिस लौटे विद्यार्थियों का भी स्वागत किया।
 

 

ठाकुर ने नाचन में धनोटू पुलिस थाने का लोकार्पण किया

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई भी दी
मंडी,एक मार्च (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र के धनोटू में पुलिस थाने का लोकार्पण किया।
    श्री ठाकुर ने  शिमला से वर्चुअल माध्यम से क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुलिस थाना सुंदरनगर, गोहर, नेर चौक, जंजहैली और मनाली के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर बेहतर यातायात प्रबंधन की सुविधा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह पुलिस थाना क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में बहुत सहायक सिद्ध होगा।
    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नाचन क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। धनोटू में खण्ड विकास कार्यालय खोला गया है और विकास खंड के अंतर्गत आने वाली 32 पंचायतें इससे लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए गोहर और धनोटू में दो खण्ड विकास कार्यालय कार्य कर रहे हैं।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि धनोटू में लोक निर्माण विभाग का विश्राम गृह भी बन रहा है और क्षेत्र में सड़कों के बेहतर और उचित निर्माण और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए धनोटू में लोक निर्माण उपमंडल खोला गया है। उन्होंने कहा कि धनोटू-रोहंगलू सड़क के उन्नयन कार्य पर 18.66 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक भी अपने क्षेत्र के विकास को लेकर चिंतित हैं जो एक समर्पित निर्वाचित प्रतिनिधि की निशानी है।
    श्री ठाकुर ने कहा कि गोहर में 45.57 करोड़ रुपये से अटल आदर्श विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और चैल चौक और आसपास के गांवों के लिए 30.74 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 8.53 करोड़ रुपये की राशि व्यय कर चैल-मावी सेरी सड़क के उन्नयन का कार्य भी प्रगति पर है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि धनोटू थाने के भवन के निर्माण के लिए बजट का पर्याप्त प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 135 पुलिस थाने हैं और 30 करोड़ रुपये व्यय कर 15 नए थानों के भवनों के निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस देश के सबसे अनुशासित पुलिस बल में से एक है और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस कलर टी.वी. के हुनरबाज कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाकर संगीत जगत में अपना नाम रोशन रही है।
  उन्होने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है और प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई नीतियों और कार्यक्रमों से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है।
    मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए नाबार्ड के तहत चंबी से भूर तक मल निकासी योजना के कार्य को शीघ्र ही शुरू करने की घोषणा की।  उन्होंने नए खुले पुलिस स्टेशन के लिए शीघ्र ही एक वाहन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।
     उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई भी दी। 
नाचन के विधायक विनोद कुमार ने इस थाने को क्षेत्र के लोगों को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में पिछले लगभग चार वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 20 शिक्षण संस्थानों के स्तरोन्नयन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त दिया। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को भी विस्तारपूर्वक बताया।
   पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि यह थाना क्षेत्र के लोगों को बेहतर पुलिस सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करेगा।
    मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, सहित अन्य गणमान्य लोग शिमला से तथा डीआईजी मंडी मधुसूदन, लेख राज राणा, सोहन सिंह ठाकुर, नरेंद्र भंडारी इस अवसर पर धनोटू में उपस्थित थे।

Saturday, February 26

जीरकपुर में ट्रक ने युवक को कुचला :मौत

मोहाली, 26फरवरी (3आईन्यूज) पंजाब में मोहाली जिला के जीरकपुर के मुख्य मार्ग के पास शुक्रवार सुबह एक ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। 
   मृतक  की पहचान मोहाली के सुमितपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया  ।
 पुलिस ने फरार  ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

Thursday, February 24

जयराम ठाकुर ने पुलिस विभाग को पुरस्कार जीतने पर बधाई दी

 शिमला, 24फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश पुलिस को एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित डिजिटल टेक्नोलॉजी सभा एक्सीलेंस अवार्ड 2022 प्राप्त करने पर बधाई दी है।       
       पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के मार्गदर्शन में प्रदेश पुलिस की थर्ड आई परियोजना को बिग डेटा/एनालिटिक्स श्रेणी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।
 


  

Wednesday, February 23

जयराम ठाकुर एम्स से शिमला पहुंचे

 शिमला, 23फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली से छुट्टी मिलने के बाद कल शिमला पहुंचे। 
    श्री ठाकुर गत शुक्रवार से नियमित जांच के लिए एम्स में भर्ती थे। शिमला पहुंचने पर अन्नाडेल में मुख्यमंत्री की अगवानी करने के लिए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, सक्षम गुड़िया बोर्ड का उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता, गौ-सेवा आयोग के अध्यक्ष अशोक शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद राजबली, कृषि उत्पाद विपणन समिति शिमला-किन्नौर के अध्यक्ष नरेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित थे।
    इस अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करने के लिए प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया।
 





  

ऊना में कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद उलटी, एक गंभीर

 ऊना, 23फरवरी (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश में  ऊना जिला के  अंबोटा क्षेत्र में सोमवार एक कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद एक मकान की  दीवार को तोडने के बाद उलट गई।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बारात की कार होशियारपुर से वापस गणु मंदवाड़ा गांव लौट रही थी रास्ते में कार चालक को  नींद की झपकी आ गई और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार व्यक्ति की हालत नाजुक है, जबकि कार चालक और तीन महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं। 
   घायल को उसके परिजनों ने गंभीर हालत में 
होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने इस हादसे की पुष्टि की है।
गगरेट पुलिस ने  मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tuesday, February 22

ऊना के टाहलीवाल में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, छह मजदूरों की झुलसकर मौत, एक दर्जन से ज्यादा गंभीर घायल

ऊना,22फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के गुरपाला में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से छह महिलाओं की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि  एक दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। 
    मृतकों में दो महिलाएं मां -बेटी उत्तर प्रदेश की है। 
 हरौली पुलिस उपाधीक्षक अनिल पटियाल ने दुर्घटना की पुष्टि की है। 
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया है। 
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Monday, February 21

जयराम ठाकुर को एम्स से शीघ्र छुट्टी मिलने की संभावना

 शिमला, 21फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शीघ्र एम्स दिल्ली से 
छुट्टी मिलने की संभावना है।
  यह जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स, नई दिल्ली में भर्ती मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य रिपोर्ट सामान्य है और उन्हें शीघ्र ही एम्स से छुट्टी मिलने की संभावना है।
 

राज्यपाल ने राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता श्रिया लोहिया को किया सम्मानित

शिमला, 21फरवरी (3आईन्यूज  )हिमाचल प्रदेश के 

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से आज राजभवन में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित मण्डी जिले के सुंदरनगर उप-मंडल की निवासी कुमारी श्रिया लोहिया ने भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कुमारी श्रिया को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
    राज्यपाल ने कुमारी श्रिया द्वारा मोटरस्पोर्ट्स कार्टिंग रेसर के तौर पर  राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रेसिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। वह अन्य नवोदित खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Sunday, February 20

राजभवन में भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गत सायं राजभवन में भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर भारत के विदेश राज्य मंत्री राजकुमार राजन सिंह और बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद शहरयार आलम सहित दोनों देशों के गणमान्य व्यक्ति  उपस्थित थे।

    बांग्लादेश व भारत के संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत और बांग्लादेश संस्था ने संयुक्त रूप से 10वीं मैत्री संवाद का आयोजन किया।

   राज्यपाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और बांग्लादेश के सौहार्दपूर्ण रिश्तों का यह एक स्वर्णिम दौर है। उन्होंने कहा कि 50 वर्षों के हमारे घनिष्ठ संबंध इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से और अधिक प्रगाढ़ होंगे। बांग्लादेश और भारत फांउडेशन को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी सार्थक पहल के कारण दोनों देशों के मध्य रिश्ते और अधिक मजबूत हुए हैं। एक संयुक्त सभ्यता विरासत में बंधे होने के अलावा दोनों देश लोकतंत्र के समान मूल्यों को साझा करते हैं तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आशावान हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश ने पड़ोसी देशों के मधुर संबंधों की एक मिसाल कायम की है।

    राज्यपाल ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है। बांग्लादेश की आजादी के पश्चात हमने पाकिस्तान के युद्ध बन्दियों को सम्मानपूर्वक रिहा कर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि शिमला स्थित राजभवन बांग्लादेश के पीपल्स वार से भी जुड़ा है और उस गौरवशाली इतिहास को प्रस्तुत करता है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी और पाकिस्तान के राष्ट्रपति जुल्फीकार अली भुट्टो के मध्य वर्ष 1972 में ऐतिहासिक शिमला समझौता यहीं पर हस्ताक्षरित हुआ था।

   राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि शिमला का शांत वातावरण और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य सदैव उनकी मधुर स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने आशा जताई कि सभी सदस्य हिमाचल के आतिथ्य सत्कार से अवश्य आनंदित हुए होंगे और उनकी यात्रा सुखद रहेगी।

  इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

 इससे पूर्व इण्डिया फाउंडेशन के निदेशक कैप्टन आलोक बंसल ने भारत एवं बांग्लादेश फाउंडेशन के सदस्यों का स्वागत किया।

 

 

सिरमौर में आबकारी विभाग की अवैध शराब मामले में एक और बड़ी कार्रवाई, शराब फ़ैक्ट्री का लाइसेंस रद्द

सिरमौर , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  सिरमौर जिला में आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने नारीवाला, पांवटा साहिब स्थित शराब की एक फ़ैक्ट्री द्वारा की गई अनियमितताओं की जाँच में शराब बनाने, इसके रख-रख़ाव और ढुलाई से जुड़ी अनियमितताएं और ख़ामियां पाई गई।
     आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग यूनुस ने बताया कि जांच में यह भी पाया गया की उक्त बिवरेज़िज कम्पनी ने शराब की लगभग 900 पेटियों की बिना किसी वैध पास अथवा परमिट के ढुलाई की। इसके अतिरिक्त यह भी पाया गया कि उक्त कम्पनी द्वारा लाइसेंस के नियम एवं शर्तों की बार-बार उल्लंघना की गई है और इससे पहले भी उस पर भारी जुर्माना/दंडात्मक कार्रवाई हुई है।
 इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए विभाग ने उक्त शराब की फ़ैक्ट्री का लाइसेंस रद्द कर दिया है और फ़ैक्ट्री को सील करने के भी आदेश दे दिए हैं। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, डिस्टिलरीज रूल्ज़ और एचपी बांडिड वेयर हाउस रूल्ज़ के तहत की गई है।
 उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व आबकारी विभाग की नूरपुर टीम द्वारा भी पंजाब के साथ लगते सीमान्त क्षेत्र छन्नी वैली में अवैध शराब बनाने वालों पर संयुक्त कार्यवाही की गई थी। विभाग को इस क्षेत्र में अवैध शराब बनाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। सीमांत क्षेत्र होने के बावजूद विभाग ने इस क्षेत्र में कार्यवाही की और कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद लगभग 85000 लीटर कच्ची शराब नष्ट कर दी गई थी।
 उन्होंने बताया कि विभाग अवैध शराब बनाने वालों पर कड़ी कार्यवाही कर रहा है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
 

जय राम ठाकुर की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सामान्य

 

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की  स्वास्थ्य संबंधी सभी रिपोर्ट सामान्य हैं और वे संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में हैं तथा एक या दो दिनों के भीतर उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।

    यह जानकारी देते हुए आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती हैं, जहाँ पर सभी रिपोर्ट सामान्य हैं ।

  श्री ठाकुर ने भी ट्वीट कर बताया था कि में स्वास्थय कारणों के चलते एम्स दिल्ली में डॉक्टरों के देखरेख में हूँ ,चिंता की कोई बात नहीं है ।उन्होंने जनता का धन्यबाद करते हुआ कहा कि मुझे आपके मंगल सन्देश मिल रहे हैं । आपकी शुभकामनाओं और देवी -देवताओं के आशीर्वाद से जल्द स्वास्थ्य होकर आपकी और प्रदेश की सेवा में जुट जाऊंगा । 

शिमला :-राज्यपाल ने ब्रह्म कुमारी संस्थान में शिव ध्वजारोहण किया

शिमला , 20फरवरी (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने भारतीय उच्च परम्पराओं के पालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि संगठन समाज में अच्छे विचारों और संस्कृति को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
 राज्यपाल  ने यह बात आज यहां शिमला के निकट पंथाघाटी में प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान में आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कही।
 उन्होंने कहा कि वर्तमान संदर्भ में संघ और संगठन की मजबूती ही एकमात्र बहुमूल्य अवधारणा है। यह हमारी शक्ति, धर्म और आस्था है।
 उन्होंने धर्म की अलग तरह से व्याख्या पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म का अर्थ आत्म अनुशासन है। धर्म को अपनाने से शासन और विचारों में अवगुण नहीं आते। उन्होंने उपस्थित लोगों और संगठनों से समृद्ध संस्कृति की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित करने का आह्वान किया ताकि समाज में अच्छी धारणा और संस्कृति स्थापित हो सके।
 
राज्यपाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का हमारे सांस्कृतिक जीवन में एक विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ने आध्यात्म को देश की आत्मा माना है, परन्तु हम संस्कृति के मूल विचारों को भूलकर पश्चिमी सभ्यता की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति और धर्म ने विश्व के किसी भी भाग को बलपूर्वक जीतने की कोशिश नहीं की, अपितु हम लोगों के दिल जीतने में विश्वास रखते हैं। प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान इस भावना को आत्मसात कर कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा किए गए कार्य अनुकरणीय हैं।
 इससे पूर्व, राज्यपाल ने संस्थान के परिसर में एक सेब का पौधा भी रोपित किया।
 इससे पूर्व, प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय संस्थान पंथाघाटी की प्रमुख ब्रह्म कुमारी रजनी ने राज्यपाल को सम्मानित किया। ब्रह्म कुमारी सुनिता ने राज्यपाल का स्वागत किया।  
 पूर्व विधायक ब्रह्म कुमार हृदयराम ने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि विश्वभर के लगभग 140 देशों में प्रजापिता ब्रह्म कुमारी के 10 हजार से अधिक सेवा केन्द्रों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियमित विद्यार्थी आध्यात्मिक ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।
 इस अवसर पर कुमारी अर्शी दुल्टा ने नृत्य प्रस्तुत किया।