Sunday, January 30

हिमाचल:बिजली बिलों में छूट संबंधी प्रदेश सरकार के निर्णय से लाभान्वित होंगे 11 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता

शिमला, 30जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने  अपने उपभोक्ताओं को सुनिश्चित विद्युत आपूर्ति देने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों अनुसार कई प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

विद्युत विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में सोलन में आयोजित राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व समारोह के दौरान विद्युत क्षेत्र में विभिन्न वर्गों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा घरेलू व कृषि विद्युत उपभोक्ताओं के लिए विद्युत बिलों में छूट प्रदान करने की घोषणा कर राहत प्रदान की गई है। राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार वे सभी उपभोक्ता जिनकी बिजली की खपत 60 यूनिट प्रतिमाह है और जिन्हें एक रुपये प्रति यूनिट बिजली का बिल देना पड़ता था, अब उनसे किसी तरह का पैसा नहीं लिया जाएगा। इसमें फिक्स्ड चार्जेस और मीटर रेंट की भी पूरी तरह से छूट रहेगी। इसके साथ ही जिन घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की खपत 125 यूनिट तक है और इन्हें वर्तमान में सरकार द्वारा पहले से ही अनुदान युक्त दर पर एक रुपए 55 पैसे प्रति यूनिट देना पड़ता है, इसमें सरकार ने 55 पैसे की और छूट प्रदान की है। अब इस राहत से इन्हें केवल एक रुपये प्रति यूनिट ही देना होगा।
   उन्होंने बताया कि इस तरह 60 यूनिट तक आने वाले वर्ग में लगभग 4 लाख से अधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं और 60 यूनिट से आगे 125 यूनिट तक आने वाले लगभग 7 लाख से अधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार इस छूट का लाभ प्रदेश के लगभग 11 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
    उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यह विशेष रियायतें घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मार्च, 2022 से और कृषि उपभोक्ताओं के लिए अप्रैल, 2022 से दी जाएंगी।
    दूसरी ओर किसानों को राहत देने के लिए भी बिजली की वर्तमान अनुदान युक्त दरों को 50 पैसे से घटाकर 30 पैसे कर दिया गया है।
    प्रवक्ता ने कहा कि क्योंकि यह सभी राहतें राज्य सरकार की ओर से हैं और इसलिए राज्य सरकार की ओर से इन राहतों की एवज में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड को लगभग 90 करोड़ रुपये सालाना भुगतान किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि यह सभी राहतें प्रदेश की जनता के हित में हैं। इन राहत और सुविधाओं की घोषणा इसलिए भी की जा रही है कि कोरोना के कठिन समय में पहले भी और अब भी कुछ वर्ग के लोग कई कारणों से विद्युत बिल देय नहीं कर पाए थे। उनकी विशेष सहायता के लिए भी सरकार ने यह कदम उठाया है और इन सुविधाओं को आगे भी जारी रखा जाएगा।

Friday, January 28

ठाकुर ने सीसीटीएनएस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए पुलिस विभाग को बधाई दी

शिमला,  28जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में लगातार दूसरे वर्ष हिमाचल प्रदेश पुलिस को क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एण्ड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने पर पुलिस विभाग को बधाई दी है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि सीसीटीएनएस पुलिस थानों की कार्य प्रणाली की रीढ़ है और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक संजय कुंडु के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपराधों की निगरानी एवं नियंत्रण में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का सर्वोत्कृष्ट उपयोग सुनिश्चित किया है। साथ ही प्रभावी पुलिस कार्य प्रणाली के दृष्टिगत राज्य मेें कई जन मित्र योजनाओं की भी पहल की ।

हिमकोफैड के नवनियुक्त अध्यक्ष ने जयराम ठाकुर से भेंट की

शिमला, 28जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) के नवनियुक्त अध्यक्ष कौल सिंह नेगी ने भेंट की और बतौर अध्यक्ष उनकी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
   श्री ठाकुर ने  बतौर अध्यक्ष उनके बेहतर कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
 कौल सिंह नेगी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री तथा आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एवं चेरीटेबल सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं।
 इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता, कौशल विकास निगम के राज्य समन्वयक नवीन शर्मा, भाजपा महासू जिला के अध्यक्ष अजय श्याम, ग्राम पंचायत जाहू के प्रधान गौरव, भाजपा नेता ललित ठाकुर व कुलदीप सुमन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
 

ठाकुर ने नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की।

 शिमला, 28जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केन्द्रीय मंत्री से राज्य में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में कार्य शीघ्र आरम्भ करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत किस्त जल्द जारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को शिक्षा के क्षेत्र में संचालित की जा रही अन्य योजनाओं की प्रगति से भी अवगत करवाया।
 केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सीपीडब्ल्यूडी एक मास्टर प्लान तैयार करेगा और केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों जद्रांगल और देहरा में मार्च के अंत तक कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
 इस अवसर पर प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील कुमार सिंगला भी उपस्थित थे।
 

कांगडा :जयसिंहपुर में शराबी ने हथौड़ा मारकर पत्नी की हत्या की

कांगडा :जयसिंहपुर में शराबी ने हथौड़ा मारकर पत्नी की हत्या की 
कांगडा,28 जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में कांगडा जिला के जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत बरडा़म गांव में  एक शराबी ने अपनी  पत्नी की  हथौड़ा  मारकर हत्या कर दी। 
   प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दार्जलिंग निवासी विजय लामा (35) बरडाम में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह अकसर शराब पीकर पत्नी इंदिरा (29) से  मारपीट करता था। बुधवार देर रात आरोपी ने शराब पीकर अपनी पत्नी की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। 
 पुलिस उपाध्यक्ष बीडी भाटिया ने घटना की पुष्टि की है।
    लंबागांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने घटनास्थल से हथौड़ा भी बरामद किया है। 

Thursday, January 27

ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री से रेल लाईन के विस्तार के मामले पर चर्चा की

शिमला/नदि ,27जनवरी (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बैठक की। बैठक में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।
     मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय रेल मंत्री से राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन के कार्य को गति देने के लिए हर प्रयास कर रही ताकि इसे शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस रेलवे लाईन के कार्य में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि इस लाईन का लेह तक विस्तार करना सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने अवगत करवाया कि इस लाईन का पूर्ण सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और इस मामले में आगामी कार्यवाही का आग्रह किया।
   उन्होने बद्दी-चंडीगढ़ रेल लाईन पर शीघ्र कार्य आरम्भ करने का भी आग्रह किया और बताया कि हिमाचल प्रदेश की ओर से भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जा चुका है। यह बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जुड़ने और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने बद्दी की ओर से कार्य शुरू करने का आग्रह किया क्योंकि यहां सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने जगाधरी-पांवटा साहिब रेल लाईन के सर्वेक्षण का भी आग्रह किया जो कि काला अम्ब औद्योगिक क्षेत्र को बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जोड़ने में सहायक होगा।
    उन्होंने रेल मंत्री से कालका-शिमला रेल ट्रैक को स्तरोन्नत करने का आग्रह किया क्यांेकि इस रेल की गति बहुत धीमी है। उन्होंने कहा कि  रेल में नए कोच जोड़े जाने चाहिए, क्योंकि मौजूदा कोच बहुत पुराने हैं।
 उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की विरासत को प्रदर्शित हुए अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के दृष्टिगत कालका-शिमला रूट पर स्टेट-आॅफ आर्ट रेल शुरू करने का सुझाव दिया।
  उन्होंने जोगिन्द्रनगर और ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के बारे में भी चर्चा की।
    केन्द्रीय रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन को शीघ्र पूरा करने के लिए राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्टेट-आफ आर्ट ट्रेन को पी.पी.पी. मोड पर आरम्भ करने का प्रस्ताव भेजने को भी कहा। उन्होंने कहा कि राज्य की मांगों को पूरा करने के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय शीघ्र ही ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के लिए राज्य को प्रस्ताव भेजेगा।
 बैठक में अनुराग सिंह ठाकुर ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए और ऊना हमीरपुर रेल लाईन पर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया।
 मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील कुमार सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।
 

ठाकुर ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से भेंट की

शिमला/ नदि, 27जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल. मंडाविया से भेंट की।
     मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिक्रिया समय कम करने के लिए 50 एम्बुलेंस स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को राज्य में आशा कार्यकर्ताओं की कमी के बारे में अवगत करवाया और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के तहत 58 आशा कार्यकताओं तथा राज्य के शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में और गुणवत्ता लाने के लिए गैर एनयूएचएम घटक के तहत 176 आशा कार्यकर्ताओं के पद स्वीकृत करने का आग्रह किया।
     जय राम ठाकुर ने राज्य को बल्क ड्रग पार्क प्रदान करने का भी आग्रह किया, जिससे औद्योगिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
  केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी राज्य के विभिन्न मुद्दों पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
 

नालागढ़ में मोटरसाइकिल बस से टकराई, दो युवकों की मौत


नालागढ़ में मोटरसाइकिल बस से  टकराई, दो युवकों की मौत 
सोलन,  27जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में सोलन जिला के नालागढ़ आज में  एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की बस से टक्कर हो गई  जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। 
   मृतकों की पहचान शाहपुर कांगडा के विक्रांत (28) और सुंदरनगर के संजय (27) के रूप में की गई है।
   पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों युवक मानपुरा में निजी कंपनी में काम करते थे। 
    सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

  

पानीपत में बस- ट्रक की टक्कर, एक यात्री की मौत

पानीपत में बस- ट्रक की टक्कर, एक यात्री की मौत  
पानीपत.27 जनवरी(3आईन्यूज )हरियाणा में पानीपत 
जिला के शाहपुर गांव के पास आज सुबह ट्रक और बस की टक्‍कर में एक यात्री की मौत हो गई जबकि अन्य सवारियां घायल हो गई। 
  प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा रोडवेज़ की बस करीब 45  सवारियां लेकर रोहतक से चंडीगढ़ जा रही थी। रास्ते में  ट्रक को ओवरटेक करते समय यह दुर्घटना हो गई। राहगीरों ने सात घायलों को निकट के  अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर एक की मौत हो गई जबकि चार लोगों की गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक भेजा गया है। 
   पुलिस ने मौके पर पहुंच कर  जांच शुरु  कर दी है। 

Wednesday, January 26

ठाकुर ने पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित विभूतियों को बधाई दी

शिमला,  26जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने विद्यानन्द सरैक और ललिता वकील को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित करने पर बधाई दी है।
   श्री ठाकुर ने अपने शुभकामना संदेश में  कहा कि राज्य की यह दोनों विभूतियां चैथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिए चयनित हुई हैं और इन दोनों का ही अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्बा से संबंध रखने वाली ललिता वकील गत 50 वर्षों से चम्बा रूमाल के उन्नयन में जुटी हुई हैं और यह सम्मान न केवल उन्हें बल्कि चम्बा जिला की पारम्परिक चम्बा रूमाल कला को भी एक नई पहचान देगा।
   उन्होने कहा कि विद्यानन्द सरैक विभिन्न विधाओं में पारंगत विभूति हैं जो पिछले पांच दशकों से पहाड़ी संस्कृति को संरक्षित और प्रचलित करने में अपना योगदान देते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यानन्द सरैक ने अनेक लोकगीत, नाटियां और लोक साहित्य की रचना की है।
मुख्यमंत्री ने दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से पुरस्कृत करने पर बधाई दी है। उन्होंने बेहतरीन सेवाओं के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित चार अन्य पुलिस अधिकारियों जिनमें पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रंजना चैहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार शर्मा, निरीक्षक लक्ष्मण कुमार और सहायक उप निरीक्षक जगदीश चन्द को भी बधाई दी। 

हिमाचल में 73वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया

शिमला,  26जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
   राज्यपाल ने इस अवसर पर परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर 2 नागा रेजिमेंट जतोग के कैप्टन गुरदेव सिंह के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी डाॅ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
   मार्च पास्ट में सेना, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, राज्य पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन सेवाएं और हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबन्धन, पूर्व सैनिक, एन.सी.सी. व एन.एस.एस. इत्यादि के कैडेट्स शामिल थे।
  गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। नागा रेजिमेंट की ओर से प्रस्तुत ड्रिल भी सराहनीय रही।
  बर्फबारी और खराब मौसम के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शिमला के गेयटी थियेटर में किया गया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने कोविड महामारी से संबंधित एक जागरूकता कार्यक्रम और लघु नाटिका प्रस्तुत की। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (पंजाब) के कलाकारों ने भांगड़ा और जिन्दुआ की प्रस्तुती दी, जोकि सभी के आकर्षण का केन्द्र रही।
ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकियों को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। नगर निगम शिमला को दूसरा और शिक्षा विभाग की झांकी को तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान किए।
राज्यपाल ने सरकारी क्षेत्र में महात्मा गांधी स्वास्थ्य सेवा संस्थान खनेरी रामपुर को तथा लाॅयन रियोन डायलेसिस एवं हेल्थ केयर सेंटर न्यू शिमला को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बेहतर संचालन के लिए सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी जिलों में भी आज 73वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास से किया गया। जिला मुख्यालयों में मुख्यातिथियों द्वारा तिरंगा फहराया गया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों तथा स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।  

पावंटा साहिब :शिकार करने गए, खुद शिकार हुए

पावंटा साहिब :शिकार करने गए, खुद शिकार हुए

सिरमौर,26 जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत सैंनवाला में अल देर रात शिकार पर गए शिकारियों में  से एक ने  अपने ही  साथियों पर गोलियां दाग दी जिसमें  एक की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। 
   मृतक  की पहचान रामेश्वर के रूप में हुई है । घायल व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया है ।
   पुलिस उपाध्यक्ष  वीर बहादुर भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात तीन लोग शिकार करने गए हुए थे।तभी उनमें से एक ने जानवर समझ कर गोलियां चला दीं।
 पुलिस ने  आरोपी जगन्नाथ को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दाड़लाघाट में बेकाबू एचआरटीसी बस बिल्डिंग से टकराई ,23 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

सोलन,26जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में सोलन  जिला के दाड़लाघाट पंचायत के धुंदन में कल हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर एक भवन से जा टकराई जिसमें  23 यात्री घायल हो गए। हुए, जिनमें से 5 लोगों को स्वास्थ्य केंद्र अर्की रैफर किया गया।
     प्राप्त जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की  बस 
जिसमें 30 यात्री सवार थे, सोलन से चिंतपूर्णी जा रही थी। रास्ते में बस की रफ्तार तेज होने के कारण  चालक ने बस से  नियंत्रण खो दिया और बस एक बिल्डिंग से टकरा गई। 
   घायलों को धुंदन के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से 5 लोगों को गंभीर हालत में अर्की के स्वास्थ्य केंद्र रैफर किया गया है 
दाड़लाघाट पुलिस उपाध्यक्ष प्रताप सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।