Friday, September 18

9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक संस्थानों को मंजूरी

शिमला ,18 सितंबर(3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के मंत्रिमण्डल ने आज केन्द्रीय गृह मंत्रालय और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रदेश में कन्टेन्मेंट जोन से बाहर 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक संस्थानों को मंज़ूरी दी है । 


मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक आयोजित हुई, जिसमें  शैक्षणिक संस्थानों को 50 प्रतिशत शिक्षकों और गैर- शिक्षक कर्मचारियों के साथ 21 सितम्बर, से खोलने की मंज़ूरी दी गयी है। इसके लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों अथवा संरक्षकों की सहमति अनिवार्य होगी।
   मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के थुनाग स्थित राजकीय वानिकी एवं बागवानी महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2020-21 से वानिकी विषय में बीएससी (आनर्ज) शुरू करने को भी मंज़ूरी दी ।

  

एससी-एसटी विकास निगम की योजना के लिए 20 अक्तूबर तक करें आवेदन

हमीरपुर,17 सितंबर(3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम ने अनुसूचित जाति के गरीब युवक-युवतियों के लिए मोटर मैकेनिक, ड्राईविंग, वैल्डर, मोटर वाइंडिंग, इलेक्ट्रीशियन, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर आपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयर जैसे तकनीकी कोर्स करने या फिर कंटिंग-टेलरिंग, बाल काटने, जूते बनाने, बांस की कारीगरी, खड्डी और अन्य पारंपरिक व्यावसायिक कार्यों के प्रशिक्षण के लिए योजना शुरू की है ।

एससी-एसटी विकास निगम के जिला प्रबंधक देशराज भारद्वाज ने बताया कि इच्छुक युवक-युवतियां 20 अक्तूबर तक किसी भी कार्यदिवस को सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित जिला प्रबंधक कार्यालय हमीरपुर में आवेदन जमा करा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आईआरडीपी प्रमाण पत्र या 35 हजार रुपये से कम वार्षिक आय का प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योता के प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न किए जाने अनिवार्य हैं। अधिक जानकारी के लिए निगम के जिला प्रबंधक कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222402 पर संपर्क किया जा सकता है।  दलित वर्ग व्यावसायिक प्रशिक्षण योजना के तहत गरीब युवक-युवतियां न केवल तकनीकी प्रशिक्षण मुफ्त प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें 500 रुपये मासिक वजीफा भी मिलेगा। प्रशिक्षण की फीस भी निगम अदा करेगी। 
     उन्होंने बताया कि सालाना 35 हजार रुपये से कम आय वाले अनुसूचित जाति परिवार के युवक-युवतियां इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कंप्यूटर कोर्स के लिए आवेदक कम से कम बारहवीं पास होना चाहिए, जबकि अन्य सभी प्रशिक्षण कोर्सों के लिए दसवीं पास युवक-युवतियां भी आवेदन कर सकती हैं।


नीम ट्रेनी के लिए 21 सितम्बर को चंबा में होगा केंपस इंटरव्यू

चंबा, 18सितंबर(3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के चम्बा में 21 सितम्बर को रंग महल में जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय में नीम ट्रेनी के 300 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू को सनराइज प्लेसमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बद्दी स्थित लिवगार्ड बैटरीज प्राइवेट लिमिटेड में नीम ट्रेनी के पदों पर नियुक्ति के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कैंपस इंटरव्यू  में केवल युवक उम्मीदवार ही भाग ले सकेंगे। शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं,आईटीआई डिप्लोमा और स्नातक रखी गई है। जबकि आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कंपनी द्वारा चयनित ट्रेनी को 8400 रुपए से लेकर 14000 रुपए का मानदेय प्रतिमाह दिया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के इच्छुक युवाओं से आग्रह भी किया है कि वे कोविड-19 के तहत जारी दिशा निर्देशों का पूरा पालन करें। केंपस इंटरव्यू में भाग लेने वाले को अपनी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्रों के अलावा पासपोर्ट आकार का फोटो, रोजगार कार्यालय प्रमाण पत्र, आधार और बायोडाटा साथ लाना होगा। केंपस इंटरव्यू के लिए सुबह 10 बजे निर्धारित जगह पर पहुंचना  होगा।

सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कर्मचारियों ने वीना शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया

शिमला ,18 सितम्बर (3आईन्यूज़ )  सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन तथा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाल ही में विभाग से संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त संजय शर्मा की धर्मपत्नी वीना शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।वीना शर्मा का निधन वीरवार सायं दिल्ली के एक निजी अस्पताल में हुआ, जहां वह पिछले कुछ दिनों से उपचाराधीन थीं।
    विभाग के सभी कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उनका अंतिम संस्कार शिमला के कनलोग शमशानघाट में आज प्रातः 11 बजे होगा।  

Thursday, September 17

चंडीगढ़ में कोरोना के3088 मामले सक्रिय

चंडीगढ़ ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ ) केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आज कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3088 हो गयी है ।


 चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 57679 नमूनों की जाँच की गयी है जिसमें से 48088की रिपोर्ट नकारात्मक आई और  9256 कोरोना संक्रमित पाए गए ,जिसमें से 6062 ठीक हुए ,335 सेम्पल रिजेक्ट हुए और 152 की रिपोर्ट आना बाकी है जबकि 106 लोगों की मौत हो चुकी है ।  प्रदेश में 31869 लोगों को घर संगरोध किया गया जिसमें से 25117 ने निर्धारित अवधि पूरी कर ली है ।  


हरियाणा में कोरोना से 24 मरीज़ों ने दम तोडा ,2457 नए मामले

चंडीगढ़, 17 सितम्बर(3आईन्यूज़) हरियाणा में आज कोरोना से संक्रमित 24 मरीज़ों ने दम तोड़ दिया ,जिसमें हिसार से 4 ,करनाल -कुरुक्षेत्र से 3 -3 , फरीदाबाद,,अम्बाला ,यमुनानगर,सिरसा और फतेहाबाद से क्रमश 2-2 , पचकूला ,नूह और पानीपत से क्रमश एक -एक शामिल हैं ।  इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1069 हो गयी है । 


  हरियाणा स्वास्थ्य विभाग से जारी बुलिटिन के अनुसार आज राज्य में कोरोना से संक्रमित 2457 नए मामले आये और 2753 मरीज़ ठीक भी हुए हैं और 21014 मामले सक्रिय हैं , जिसमें से 313 मरीज़ ऑक्सीजन और 61वेंटीलेटर पर हैं ।   आज फरीदाबाद से  282नए मामले आये [278] मरीज़ ठीक हए , गुरुग्राम से  394 नए [328] ठीक , सोनीपत से 271 नए  [166] , रेवाड़ी  से 39 नए [81], अम्बाला से 160  नए[169] ,रोहतक से 50 नए  [97] , पानीपत से 159नए [335] ,करनाल से 177 नए  [332], हिसार से  113 नए [66] ,पलवल से 52 नए [20], पंचकूला से 112 नए [168] ,महिन्दरगढ़ से 80नए [49], झज्जर से 27 नए [149] ,भिवानी से 59 नए [29], कुरुक्षेत्र से 142 नए [179] , नूह से 14  नए,  सिरसा से  82 नए[119] , यमुनानगर से 72 नए [100] , फतेहाबाद से 13 नए  , कैथल से  49 नए [78] , जींद से  64 नए और चरखीदादरी  से 49  नए मामले आये और 18  मरीज़ ठीक हुए हैं ।   

पंजाब में आज कोरोना के 2896नए मामले,2248 मरीज़ ठीक हुये ,सक्रिय 21568

चंडीगढ़, 17 सितम्बर(3आईन्यूज़ )पंजाब में आज कोरोना से संक्रमित 2896 नए मामले आये और 2248 मरीज़ ठीक हुए हैं ।

पंजाब स्वास्थ्य विभाग से जारी बुलिटीन के अनुसार आज लुधियाना से 513 नए मामले आये (68) ठीक हुए ,जालंधर 357 नए और [208] ठीक ,पटियाला से 294 नए (155)ठीक ,अमृतसर से  181नए (320) ठीक , एसएएस नगर से 284नए  (456) ठीक हुए ,गुरदासपुर से 134नए (4 ) ठीक  ,बठिंडा से 222नए (58) ठीक , होशियारपुर से नए 48  मामले (306 ) ठीक ,संगरूर 65 नए (42)ठीक , फिरोज़पुर से 96नए (50 )  ठीक ,पठानकोट से 63 नए (138)ठीक , कपूरथला 133 नए मामले (58 ) ठीक , फरीदकोट 68 नए (114)ठीक , मोगा 11 नए और (76 )ठीक  , मुक्तसर 77 नए (45) ठीक, बरनाला 39 नए (27) ठीक ,फाजि़ल्का  69 नए (28) ठीक , फतेहगढ़  42 नए (27) ठीक , रोपड़ 59 नए (27) ठीक , तरन तारन 44 नए (5 ) ठीक , मानसा 41नए (10) ठीक , और  एसबीएस नगर से  56 नए  मामले आये और (26 )मरीज़ ठीक हुए हैं ।  गौरतलब है कि प्रदेश में 90032 कोरोना संक्रमित पाए गए जिसमें से 65818 मरीज़ ठीक हो चुके है और 21568 सक्रिय मामले हैं । 


पंजाब में आज कोरोना के 57 मरीजों ने तोडा दम

चंडीगढ़ ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ ) पंजाब में आज कोरोना के 57 मरीजों ने दम तोड़ दिया ,जिसमें लुधियाना  से 12 , जालंधर  9  ,पटियाला से 7 , फतेहगढ़ -से 6 ,पठानकोट 4 ,संगरूर -अमृतसर -फ़िरोज़पुर से 3 -3, गुरदासपुर , होशियारपुर ,बठिंडा ,मोगा और फाजिल्का से क्रमश 2 -2  शामिल हैं ।


   पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या 2646हो गयी है । राज्य के अस्पतालों में 489 मरीज़ ऑक्सीजन और 88 वेंटीलेटर पर हैं ।  


हमीरपुर में भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों के बैचवाइज टीजीटी साक्षात्कार 28 से 30 सितंबर तक

हमीरपुर,17 सितंबर(3आईन्यूज़ )हमीरपुर जिला में भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित उम्मीदवारों के  टीजीटी कला, टीजीटी नॉन मेडिकल और टीजीटी मेडिकल की बैचवाइज भर्ती के तहत साक्षात्कार 28, 29 और 30 सितंबर को होंगे ,जिसके लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा पास उम्मीदवार ही पात्र हैं।


प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने बताया कि 28 सितंबर को टीजीटी कला, 29 को टीजीटी नॉन मेडिकल और 30 सितंबर को टीजीटी मेडिकल के साक्षात्कार लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार कार्यालयों से प्राप्त सूचियों के अनुसार साक्षात्कार के लिए सभी पात्र उम्मीदवारों को पत्र भेज दिए गए हैं। इनकी सूची प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की वैबसाइट डीडीईईएचएमआर डॉट ओआरजी डॉट इन पर भी उपलब्ध करवा दी गई है।  इसी वैबसाइट पर बायोडाटा फार्म भी अपलोड किया गया है। पात्र उम्मीदवारों को यह बायोडाटा फार्म डाउनलोड करके भरना होगा।टीजीटी कला के भूतपूर्व सैनिक आश्रित सामान्य वर्ग के पदों के लिए वर्ष 2003 के बैच तक, एससी वर्ग में 2006 और एसटी वर्ग में 2011 के बैच तक के उम्मीदवारों को बुलाया गया है। 
    इसी प्रकार नॉन मेडिकल के भूतपूर्व सैनिक आश्रित सामान्य वर्ग के पदों के लिए वर्ष 2004 के बैच तक, ओबीसी वर्ग में 2006, एससी में 2018 और एसटी में वर्ष 2019 के बैच तक कॉल लैटर भेजे गए हैं ।टीजीटी मेडिकल के भूतपूर्व सैनिक आश्रित सामान्य वर्ग के पदों के लिए वर्ष 2009 के बैच तक, एससी में 2017 और एसटी में वर्ष 2019 के बैच तक के उम्मीदवार बुलाए गए हैं । अधिक जानकारी के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222749 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

दड़ूही में तकनीकी विवि में वैब स्टूडियो और डाटा सेंटर का उदघाटन करेंगे डॉ. मारकंडा

 हमीरपुर ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  तकनीकी शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और जनजातीय विकास मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा 19 सितंबर को हमीरपुर के निकट दड़ूही में स्थित तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक वैब स्टूडियो और डाटा सेंटर का उदघाटन करेंगे।

प्रवास कार्यक्रम के अनुसार डॉ. राम लाल मारकंडा 19 सितंबर को सुबह साढे दस बजे हमीरपुर पहुंचेंगे और उसके तुरंत बाद 11 बजे तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले उदघाटन समारोह में भाग लेंगे।तकनीकी शिक्षा गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे अत्याधुनिक वैब स्टूडियो और डाटा सेंटर के उदघाटन के बाद डॉ. मारकंडा करीब 3 बजे तकनीकी विश्वविद्यालय के सभागार में बहुतकनीकी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक भी करेंगे। इसी दिन शाम को वह मंडी रवाना हो जाएंगे।


ग्राम पंचायतों और नगरपालिकाकाओं की विशेष बैठक 21 सितम्बर को

शिमला ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश  निर्वाचन आयोग ने राज्य की लगभग 2800 ग्राम  पंचायतों और 45 नगरपालिकाओं में अपडेशन का कार्य पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है जिन्हें अभी तक पुनर्गठन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया था।

आयोग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि 21 सितम्बर को पूरे प्रदेश में ग्राम पंचायतों और नगरपालिकाओं की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों की मतदाता सूची के प्रारूप की पूर्वावलोकन की काॅपी प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियम प्रारूप की सटीकता को सुनिश्चित करने के लिए प्रारूप की प्रति की जांच संबंधित पदाधिकारी करेंगे।
   उन्होंने कहा कि यदि इसमें कोई कमी पाई जाती है तो उसका उल्लेख बैठक की कार्यवाही में किया जाएगा तथा उसे आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ठीक किया जाएगा।  आयोग ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को सभी ग्राम पंचायतों और नगरपालिकाओं जो पुनर्गठन प्रक्रिया में शामिल नहीं हैं, को 21 सितम्बर को आयोजित बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के नवनियुक्त निदेशकों ने मुख्यमंत्री से भेंट की

शिमला ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से आज यहां ओक ओवर में जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के निदेशक पद के लिए हाल ही में हुए चुनावों में निर्वाचित भाजपा समर्थित प्रत्याशी योगेश भारतीय, विजय ठाकुर, संजीव कौशल, लाज किशोर, बुध राम, विनोद कुमार और किरण कौशल ने भेंट की।

श्री ठाकुर ने बैंक के नवनियुक्त निदेशकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने कार्यकाल के दौरान बैंक को सफलता की नई ऊंचाईयों पर पहुंचाएंगे। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल भी अन्य सहित इस अवसर पर उपस्थित थे।

ठाकुर ने नालागढ़ में स्वच्छता कैफे का शुभारम्भ किया

शिमला ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिला के नालागढ़ में स्वच्छता कैफे का शिमला से आनलाइन उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ग्रामीण विकास विभाग ने एक अनूठी प्रयोगात्मक पहल के अन्तर्गत जिला सोलन के नालागढ़ में स्वच्छता कैफे खोला है, जिसका संचालन लक्ष्मी एवं दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। इस कैफे का मुख्य आकर्षण परम्परागत भोजन जैसे मक्की की रोटी व सरसों का साग है।        श्री ठाकुर ने कहा कि पोलिथीन एवं एकल प्रयोग प्लास्टिक उन्मूलन के लिए प्रदेश सरकार ने बाय बैक पाॅलिसी शुरू की है, जिसके अंतर्गत लोगों को एकल प्रयोग प्लास्टिक के बदले खाना या अन्य खाद्य पदार्थ देने का प्रावधान किया गया है। स्वच्छता कैफे के भवन में ही ‘हिम ईरा’ दुकान भी खोली गई है, जिसमें विभिन्न समूहों द्वारा तैयार उत्पाद व औषधीय पौधों, गिलोय, पुदीना, नीम की पत्तियों का पाउडर, खजूर के पौधों से झाड़ू, टोकरियां एवं घर की गेहूं से बना सीरा, दालें, मसाले, सब्जियां आदि उचित मूल्यों पर बेची जाएंगी। इसके माध्यम से क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध होंगे।
    उन्होंने कहा कि राज्य में स्वच्छता पर विशेष बल दिया है तथा इसके अतिरिक्त रोजगार के अवसर प्रदान करने को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जिला शिमला के कुफरी में भी स्वच्छता पार्क खोला जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वच्छता कैफे खोलने के प्रस्तावों पर ग्रामीण विकास विभाग विचार कर रहा है।   
     ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस योजना की परिकल्पना राज्य को पोलिथीन मुक्त और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से की है, इसके अतिरिक्त स्वच्छता को प्रोत्साहन मिलने सेे युवाओं को रोजगार के अवसर और महिला सशक्तिकरण में सहायता मिलेगी।