Tuesday, June 22

दिव्य हिमाचल समूह ने मुख्यमंत्री कोविड फंड के लिए एक लाख रुपये

शिमला, 22जून(3 आईन्यूज) दिव्य हिमाचल समूह की ओर से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को मुख्यमंत्री कोविड फंड के लिए एक लाख रुपये का चैक भेंट किया। 
मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए दिव्य हिमाचल समूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का अंशदान संकट के समय गरीबों एवं जरूरतमंदों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दिव्य हिमाचल के विशेष संवाददाता शकील कुरैशी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

Monday, June 21

20 करोड़ से बनेगा थुरल अस्पताल: परमार

पालमपुर, 21 जून (3 आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष  विपिन परमार ने कहा कि सिविल अस्पताल  थुरल के अतिरिक्त भवन के निर्माण  के लिये 20 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गयी है और संस्थान बेहतर तथा आधुनिक स्वास्थ्य सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है।
  श्री परमार ने आज थुरल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और   टीकाकरण महाअभियान के अवसर पर कहा कि सिविल अस्पताल में लोगों की सुविधा के लिये  आधुनिक अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। 
    उन्होंने कहा कि कोविड वायरस से ग्रसित लोगों को राहत के लिये  प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डरोह, रझूँ, दरंग, फरेड, मरांडा, सुलाह, नानाओं तथा जेंद को एक-एक अतिरिक्त ऑक्सीजन कंसंट्रेटर तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र  चंबी, भदरोल, बलोटा, घराणा, सपडूहल, पुन्नर, बोदा, सलोह और घनेटा में भी ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाए गए हैं।
      

 

नवंबर तक 18 से ऊपर आयु के सभी लोगों के टीकाकरण की संभावना : परमार

पालमपुर, 21 जून (3 आईन्यूज) विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में नवंबर के अंत तक  18 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के सभी लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।श्री परमार  आज थुरल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और  18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लिये आयोजित  टीकाकरण महाअभियान का जायजा लेने के बाद बोल रहे थे।  उन्होंने स्वस्थ उपकेंद्र चांदड़ में भी टीकाकरण अभियान का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि दुनियां का सबसे बड़ा  टीकाकरण अभियान जिसमे 18 वर्ष से ऊपर आयु  वर्ग के  लोगों की निःशुल्क वैक्सीनेशन की जा रही है इस महाअभियान के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई के पात्र हैं।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन 1 लाख लोगों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसके लिए प्रदेश में 809 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
   उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल प्रबंधन के कारण प्रदेश टीकाकरण में  देश भर में शीर्ष पर है और जिला कांगड़ा के ही 6 लाख से अधिक लोगों का सफल टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि सोमवार मंगलवार और बुधवार को ज़िला के 159  टीकाकरण केंद्रों पर पर 18 से 44 वर्ष के लोगों की वैक्सीनेशन बिना किसी बुकिंग के आरम्भ किया गया है। जबकि गुरुवार , शुक्रवार तथा शनिवार को 45 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में प्रति दिन 25 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
 श्री परमार ने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की  भी बधाई दी और लोगों से स्वस्थ और निरोग रहने के लिये  योग को जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोविड-19 प्रतिरक्षा टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया

शिमला   , 21 जून (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज टाउन हाॅल शिमला से प्रदेश में कोविड-19 प्रतिरक्षा टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया।

   श्री ठाकुर ने इस अवसर पर इलैक्ट्राॅनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए  कहा कि प्रदेश में अब तक वैक्सीन की 27.45 लाख खुराकें लगाई जा चुकी है और प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खुराकें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के इस विशेष अभियान के अन्तर्गत 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को प्रतिदिन लगभग एक लाख खुराकें लगाई जाएंगी। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के दौरान इस आयु वर्ग के लगभग तीन लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।  

  लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले के पांगी क्षेत्र और शिमला जिला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार में शत-प्रतिशत जनसंख्या को कवर करने के लिए प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित करके आॅन-स्पाॅट सत्रों के माध्यम से 25 जून, 2021 तक वैक्सीन की कम से कम पहली खुराक लगाई जाएगी, जिसके लिए यदि आवश्यक हुआ तो रविवार और अन्य छुट्टियों के दिन भी आॅन-स्पाॅट टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए पंजीकरण की शर्त में छूट देने का भी निर्णय लिया है, लेकिन यह प्रक्रिया शहरी क्षेत्रों में लागू रहेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मौके पर ही टीकाकरण के लिए अपना पंजीकरण करवाने की सुविधा मिलेगी।

  

  

Sunday, June 20

राज्यपाल ने किया डाॅ. अविनाश राय खन्ना की पुस्तक का विमोचन

शिमला , 20 जून (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कल आज राजभवन में राष्ट्रीय रेड क्राॅस सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के राज्य प्रभारी डाॅ. अविनाश राय खन्ना द्वारा लिखित ‘माई एक्सपीरियंस डयूरिंग कोविड-19’ पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

पुस्तक में लेखक के कोविड काल के दौरान के अनुभवों और विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में लेखों के बारे में विवरण दिया है। उन्होंने पुस्तक में कोरोना योद्धाओं के प्रति सम्मान, कोविड महामारी से संघर्ष के प्रेरणादायक विचारों, अनुभवों व संवेदनशील समाधानों के साथ सांझा किया है। उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व स्तर के कोरोना योद्धा और महामारी से लड़ने वाले एक योग्य नेता के रूप स्वीकार किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा उनके नेतृत्व में कोरोना महामारी से निपटने के लिए ठोस प्रयास किए गए हैं। पुस्तक में उन्होंने कोविड-19 से उबरने के अपने अनुभवों को भी सांझा किया।

 डाॅ. अविनाश राय खन्ना पंजाब मानवाधिकार आयोग के सदस्य और राज्य सभा व लोक सभा के सांसद रह चुके हैं।

पर्वतारोही अमित कुमार नेगी ने की मुख्यमंत्री से भेंट

शिमला , 20 जून (3आईन्यूज)  माउंट एवरेस्ट पर्वतारोही अमित कुमार नेगी ने शनिवार  यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट कर एवरेस्ट अभियान के अनुभव उनसे सांझा किए।

  श्री ठाकुर ने अमित कुमार नेगी की सराहना करते हुए कहा कि यह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है कि प्रदेश के युवा इस प्रकार की कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिए निडर होकर आगे बढ़ रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
    अमित कुमार नेगी राज्य के जिला किन्नौर से सम्बन्ध रखते हैं और मई, 2021 में उन्होंने आईएमएफ माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की है। इससे पूर्व, उन्होंने एनसीसी से 30 मई से 6 जुलाई, 2012 के दौरान दियो-टिब्बा प्री-एवरेस्ट एक्सपीडिशन भी किया है। उन्हांेने माउंट त्रिशूल पर चढ़ाई करने के अलावा इस वर्ष 7 से 26 जनवरी के बीच एलपाइन क्लाइम्बिंग कैंप में भी भाग लिया।

 

 

शिमला बाईपास फोरलेन परियोजना के प्रस्तावित संरेखण पर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुति

शिमला , 20 जून (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के समक्ष कल शिमला बाईपास फोरलेनिंग परियोजना के अन्तर्गत कैथलीघाट से ढली सेक्शन में प्रस्तावित संरेखण (अलाइनमंेट) और शिमला स्मार्ट सिटी मिशन के तहत ढली टनल के समानान्तर हाईवे टनल के निर्माण के लिए एक प्रस्तुति दी गई।       

       कैथलीघाट से ढली सेक्शन तक पांच सुरंगों की आवश्यकता है। इस फोरलेन परियोजना में भट्टाकुफर से ढली के लिए वर्तमान में प्रस्तावित ट्विन टनल/वायोडक्ट्स शहरी क्षेत्र को पूरी तरह बाईपास करेगी और इससे वन क्षेत्र तथा ढांचे कम से कम प्रभावित होंगे।
        इस अवसर पर श्री  ठाकुर ने कहा कि इस प्रस्तावित फोरलेन बाईपास से क्षेत्र के निवासियों की जिन्दगी में नगण्य प्रभाव होना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संजौली बाईपास और शहर की सड़कों से सम्पर्क के लिए प्रस्तावित ट्विन टनल से शिमला नगर के लोगों को बेहतर सम्पर्क सुविधा मिलेगी । उन्होंने कहा कि सुरंगों के निर्माण से बड़ी मात्रा में मलबा निकलता है, इसलिए भूमि के बेहतर उपयोग के लिए डंपिंग स्थलों पर स्टेडियम जैसी सुविधाओं का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इन परियोजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लोग शीघ्र इनसे लाभान्वित हो सकें।

   उन्होंने कहा कि ढल्ली सुरंग 175 वर्ष से अधिक पुरानी है और इसकी डिजाइन की अवधि समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऊपरी शिमला क्षेत्र, मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिलों को जोड़ने के कारण यह सुरंग एक महत्वपूण है। सरकार ने इस सुरंग के साथ समानांतर सुरंग बनाने का निर्णय लिया है ताकि वाहनों का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि 55 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इस टू लेन सुरंग का निर्माण किया जाएगा और अगले साल अगस्त माह तक इसका कार्य पूरा हो जाएगा।

  

 


Saturday, June 19

पद्मश्री मिल्खा सिंह का निधन

चंडीगढ़, 19जून(3आईन्यूज) पूर्व ओलंपियन पद्मश्री मिल्खा सिंह का कल देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया।वह 91 वर्ष के थे। 
   गौरतलब है कि मिल्खा सिंह को 19 मई को कोरोना संक्रमित पाया गया था। उनकी पत्नी निर्मल कौर (85) की भी 13 जून को कोरोना से मौत हो गई  थी। 
  उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर गहरा दुःख व्यक्त किया है। 






Friday, June 18

6.60 लाख लोगों को दी जा रही है सामाजिक सुरक्षा पेंशनःजयराम ठाकुर

शिमला,18 जून(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है  कि राज्य सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के दो बच्चों को दी जाने वाली जन्मोत्तर अनुदान राशि को 12,000 रुपये से बढ़ाकर 21,000 रुपये किया है। 
    श्री ठाकुर ने कहा कि यह धनराशि जन्म के समय जन्मोत्तर अनुदान राशि और छात्रवृत्ति योजनाओं को युक्तिसंगत और एकीकृत कर सावधि जमा के रूप में दी जा रही है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी बीपीएल परिवारों की लड़कियों को उनकी शादी के समय 31,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ‘शगुन’ योजना भी शुरू की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी पात्र कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी प्रदान कर रही है। वर्तमान में 875 करोड़ रुपये व्यय कर 5.77 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 40,000 अतिरिक्त लाभार्थियों को कवर किया जाएगा।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 1500 रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से सरकार ने स्वर्ण जयंती नारी संबल योजना के तहत 65 से 69 वर्ष की आयु वर्ग की पात्र वृद्ध महिलाओं के लिए बिना किसी आय सीमा से सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लगभग 60,000 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6.60 लाख लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कवर किया जा रहा है, जिस पर प्रतिवर्ष 1050 करोड रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
 

वीरता में जमीनी विवाद के चलते पांच लोगों पर हमला, गांववासियों ने किया चक्का जाम

कांगडा, 18 जून(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में कांगडा जिला के वीरता गांववासियों ने आज चक्का जाम कर दिया। 
   प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के एक परिवार के सदस्यों ने जमीनी विवाद के चलते पांच लोगों पर तेजदार हथियार और लाठियों से हमला कर घायल कर दिया , जिसमें दो  व्यक्तियों को गंभीर हालत में  पीजीआई चंडीगढ़  रैफर किया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देने के बाद भी कारवाई न किये जाने के विरोध में आज चक्का जाम किया गया है। 
  कांगडा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे । उन्होंने कहा कि इस मामले में नौ आरोपियों को  गिरफ्तार कर लिया गया है ।

Wednesday, June 16

शिमला, 16 जून (3आईन्यूज)  एर्नेस्ट एण्ड यंग एलएलपी चण्डीगढ़ के पार्टनर-मार्केट्स एण्ड बिजनेस डवलप्मेंट के पारस अरोड़ा ने कम्पनी की ओर से आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को 25 चिकित्सा ग्रेड आॅक्सीजन कन्सन्ट्रेटर प्रदान किए।मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस परोपकारी कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद में यह सहायक सिद्ध होगा।उद्योग आयुक्त हंस राज शर्मानिदेशक शहरी विकास आबिद हुसैन सादिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

          .0.

Tuesday, June 15

तिब्बती सरकार की ओर से ठाकुर को एक पत्र भेंट किया

शिमला, 15 जून(3आईनयूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को  निर्वासन तिब्बती सरकार के मुख्य प्रतिनिधि अधिकारी तेनजिन नवांग ने निर्वासन में राष्ट्रपति तिब्बती सरकार की ओर से कल  यहां एक पत्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में, राष्ट्रपति ने परम पावन दलाई लामा और तिब्बती लोगों को घर से दूर घर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और उसके लोगों द्वारा प्रदान किए गए समर्थन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर कार्यालय सचिव, सीआरओ, शिमला त्सेरिंग छोजोम भी उपस्थित थे।

लीची और आम की नीलामी 17-18 को

हमीरपुर, 15 जून(3आईन्यूज) उद्यान विभाग ने बडियाना स्थित फल संतति एवं प्रदर्शन उद्यान में तैयार लीची की फसल और फल पौधशाला दियोट तथा फल पौधशाला दियोटसिद्ध की आम की फसल की नीलामी की तिथियां तय कर दी हैं।

  विभाग के उपनिदेशक डॉ. आरएल संधू ने बताया कि बडियाना में लीची की फसल की नीलामी 17 जून को सुबह 11 बजे की जाएगी। इसी दिन दोपहर एक बजे दियोट में आम की फसल की नीलामी होगी। फल पौधशाला दियोट सिद्ध में आम की फसल 18 जून को दोपहर 11 बजे नीलाम की जाएगी। उपनिदेशक ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यापारी या अन्य लोगों को लीची के लिए 500 रुपये और आम के लिए एक-एक हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। बोली में सफल न होने वाले व्यापारियों को यह धरोहर राशि नीलामी के तुरंत बाद वापस कर दी जाएगी। सफल बोलीदाता को फसल की आधी धनराशि मौके पर ही जमा करवानी होगी। अगर वह यह धनराशि जमा नहीं करवाता है तो उसकी अग्रिम धनराशि जब्त कर दी जाएगी। उसे नीलामी की राशि का एक प्रतिशत भाग मंडी समिति ऊना के सचिव के नाम जमा करवाना होगा। फल तोड़ते समय अगर पेड़ों को कोई नुक्सान पहुंचता है तो उसकी कीमत भी ठेकेदार से वसूल की जाएगी।
  बोली में भाग लेने के इच्छुक व्यापारी किसी भी दिन फसल का निरीक्षण कर सकते हैं। नीलामी से संबंधित सभी नियमों और शर्र्तों की जानकारी प्राप्त करने के लिए उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।