Friday, December 3

मुख्यमंत्री ने जे.पी. नड्डा को 61वें जन्मदिन पर बधाई दी

शिमला, 03 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके 61वें जन्मदिन पर दूरभाष के माध्यम से बधाई दी है।

   जय राम ठाकुर ने उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा को पार्टी को प्रेरक नेतृत्व प्रदान करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का सौभाग्य है कि हिमाचल का धरती पुत्र विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व कर रहा है।
 

गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार उलटी, 5मरे, एक गंभीर

गुरुग्राम, 03 दिसंबर(3आईन्यूज)हरियाणा में गुरुग्राम के 
सदराना गांव के पास आज सुबह एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर उलटने से  उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
  मृतकों की पहचान गुरुग्राम के सागर (24)जगबीर (38) जिवत (19),  प्रिंस (22)और नियाज खान (45)  के रूप में की गई है।घायल हार्दिक तिवारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
  पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर उनके परिवारों को सूचित कर दिया है। 
    






पंजाबी गायक सिद्दू मूसे वाला कांग्रेस में शामिल

चंडीगढ़, 03दिसंबर(3 आईन्यूज) पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला आज कांग्रेस में शामिल हो गये। 
     पंजाब के मुख्यमंत्री  चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की उपस्थिति में सिद्धू मूसे वाला कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए ।
    इस  मौके पर सिद्धू मूसे वाला ने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जिसमें आम लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
   मुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष ने सिद्धू मूसेवाला के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जाहिर की है। 

Thursday, December 2

सिरमौर में जीप खाई में गिरी, तीन मरे

सिरमौर.02दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल में सिरमौर जिला के पझौता में एक जीप के  खाई में गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई ।
   मृतकों की पहचान ठियोग के गांव खनार के 28 वर्षीय यशपाल(28) गांव बलग के संदीप (28) और  खजान सिंह सिरमौर के रुप में की गई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल भेजे  दिए  हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ठाकुर ने विधायक सुभाष ठाकुर की माता के निधन पर शोक व्यक्त किया

शिमला, 02दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बिलासपुर के विधायक सुभाष ठाकुर की माता श्रीमती तितली देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह 91 वर्ष की थीं।
    मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
 

ठाकुर ने रोटरी आश्रय का लोकार्पण किया

शिमला,  02दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आई.जी.एम.सी कैंसर अस्पताल के निकट रोटरी आश्रय (सराय भवन) का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण शिमला रोटरी चेरिटेबल ट्रस्ट और तुलसीराम भागीरथ राम मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट चंडीगढ़ द्वारा कैंसर रोगियों और उनके सहायकों की सुविधा के लिए किया गया है।
   इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रोटरी ट्रस्ट मानवता की सेवा में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सराय में दो और तीन बिस्तरों की सुविधा वाले 13 कमरे हैं तथा दस बिस्तरों की क्षमता वाले दो शयनकक्ष हैं। इस सराय में 50 लोगों की ठहरने तथा दो मंजिलों में लगभग 35 कारों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी कैंसर अस्पताल की संस्तुति पर रोगियों और उनके तिमारदारों को कमरे उपलब्ध करवाए जाएंगे।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सराय गैर-लाभकारी आधार पर संचालित की जाएगी और जरूरतमंद लोगों को बहुत कम दरों पर यह कमरे उपलब्ध करवाएं जाएंगे। उन्होंने रोटरी क्लब और अन्य संगठनों का इस परोपकारी कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा कैंसर मरीजों के सहायकों को आवश्यक राहत प्रदान करेगी।
    जय राम ठाकुर ने कहा कि रोटरी कलब, तुलसी राम भागीरथ राम मेमोरियल ट्रस्ट और एस.जे.वी.एन.एल. के सामूहिक प्रयास कैंसर मरीजों और उनके तिमारदारों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे।
   शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कैंसर मरीजों के लिए यह सुविधा आवश्यक राहत प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब प्रदेश में जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने वाले अग्रणी क्लबों में से एक है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत शिमला में बुक कैफे विकसित किया जाएगा जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को बैठने के लिए अलग से स्थान दिया जाएगा।
   नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल ने सराय भवन के निर्माण के लिए रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भवन के माध्यम से कैंसर मरीजों को आवश्यक सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के संकट काल में एस.जे.वी.एन.एल. ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
    एस.जे.वी.एन.एल की निदेशक और एस.जे.वी.एन.एल फाउंडेशन की अध्यक्ष गीता कपूर ने कहा कि व्यवसायिक सामाजिक दायित्व (सीएसआर) एस.जे.वी.एन.एल के महत्त्वपूर्ण सामाजिक घटकों में से एक हैं।
 इस परियोजना के अध्यक्ष वी.पी. कालटा ने कहा कि इस महत्त्वकांक्षी परियोजना की परिकल्पना वर्ष-2009 में की गई थी और अब इसे पूर्ण करने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण परियोजना के कार्य में विलम्ब हुआ है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब शिमला शहर के बुजुर्गों के लिए एक मनोरंजन केंद्र बनाना चाहता है।
 

हिपा ने किया विभागीय परीक्षाओं का परिणाम घोषित

शिमला, 02दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल  प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड के सचिव विकास भूषण ललित ने आज यहां बताया कि सत्र मई 2021 के लिए सितम्बर, 2021 में शिमला, मंडी व धर्मशाला में आयोजित विभागीय परीक्षा का परिणाम एक दिसम्बर, 2021 को घोषित कर दिया गया है। परिक्षार्थी अपना परिणाम देखने के लिए अपने पीएमआईएस अकाउंट में लाॅग इन कर सकते हैं।

     उन्होंने कहा कि जो परीक्षार्थी किसी भी विषय में 40 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने में असफल रहे हैं, वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आॅनलाईन प्रक्रिया के माध्यम से 21 दिन के भीतर आवेदन कर सकते हैं, जिसका लिंक पीएमआईएस अकाउंट में ही उपलब्ध है।

 

हिमाचल प्रदेश पुलिस राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित

शिमला, 02दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल  प्रदेश पुलिस द्वारा आज यहां ऐतिहासिक रिज मैदान में प्रेजिडेंट कलर अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। 
  इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर बतौर मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित किया। यह पुरस्कार पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने प्राप्त किया।
    राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह भारत का आठवां राज्य पुलिस बल है जिसे यह गौरव प्राप्त हुआ है।
    उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर पुरस्कार मिलना एक विशेष उपलब्धि है जो यह साबित करता है कि हिमाचल पुलिस प्रदर्शन, निपुणता, अखण्डता, मानव अधिकारों की सुरक्षा और अन्य मानकों के साथ मानवता की सेवा में उच्च स्थान रखती है।
   उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार प्रदेश पुलिस के कर्मियों के अथक योगदान के लिए प्रदान किया गया है जिन्होंने विश्वसनीय, व्यवसायिक और ईमानदारी से एक जन हितैषी के रूप में वर्षों अथक कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अवार्ड पुलिस कर्मियों को और बेहतर ढंग से जन सेवा के लिए प्रोत्साहित करेगा।  
    इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश पुलिस को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रेजिडेंशियल अवार्ड प्राप्त होेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह किसी भी पुलिस कर्मी के जीवन की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। हिमाचल प्रदेश पुलिस देश का आठवां पुलिस बल है जिसे प्रेजिडेंशियल अवार्ड प्राप्त हुआ है।
    पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि प्रेजिडेंटस कलर केवल एक पुरस्कार नहीं अपितु यह एक जिम्मेदारी भी है जिसे हिमाचल प्रदेश पुलिस को अब और अधिक ईमानदारी, दक्षता और अनुशासन के साथ निभाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस का प्रत्येक जवान देव भूमि हिमाचल प्रदेश की सुरक्षा और यहां शांति बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने राज्यपाल को प्रेजिडेंटस कलर पुरस्कार प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
 इससे पूर्व राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया।
 पुलिस बैंड द्वारा होलो स्क्वेयर व बैंड की धुनों की प्रस्तुति और रंगों से अभिषेक मुख्य आकर्षण रहा।
 

Wednesday, December 1

हमीरपुर शहर के कई क्षेत्रों में 2 को बंद रहेगी बिजली


हमीरपुर,01दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के विद्युत उपमंडल-2  में लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते 2  दिसंबर को बस स्टैंड, वार्ड नंबर-6, वार्ड नंबर-8, सत्या कंप्लेक्स, न्यू रोड और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 10 से सायं 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी।

     सहायक अभियंता अश्वनी कुमार पुरी ने इस दौरान इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

हिमाचल में आज से 16 दिसंबर तक लगेंगे विशेष कृत्रिम अंग फिटमेंट कैंप

 शिमला, एक दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में 
 1  से 16 दिसंबर तक विभिन्न क्षेत्रों शिमला, मंडी और कांगड़ा में विशेष कृत्रिम अंग फिटमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। 
  यह जानकारी देते हुए अधिकारिता अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम के अधिकारिता निदेशालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को सहायता और उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए विभाग द्वारा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के माध्यम से विशेष कृत्रिम अंग फिटमेंट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।  शिविरों का आयोजन कृत्रिम अंगों की आवश्यकता वाले व्यक्तियों के लिए किया जा रहा है।
   उन्होंने बताया कि शिमला के आरटीओ कार्यालय के निकट होटल फ्रीहिल में 1 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 9 बजे से 3 बजे तक किन्नौर और सिरमौर जिले के लोगों के लिए यह शिविर आयोजित किया जाएगा, जबकि 2 दिसंबर को जिला सोलन और कुल्लू (आनी, निरमंड तहसील) के लोगों के लिए और 3 दिसंबर, 2021 को जिला शिमला के लोगों के लिए इसी स्थान पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। शेष कार्य एवं समापन 4 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
   इसी प्रकार, जिला कांगड़ा के यात्री सदन में 7 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला चम्बा एवं हमीरपुर के लाभार्थियों के लिए, जिला ऊना के लाभार्थियों के लिये 8 व 9 दिसम्बर को, जिला कांगड़ा के लाभार्थियों के लिये 9 दिसम्बर 2021 को यह शिविर आयोजित किया जाएगा। शेष कार्य एवं समापन 10 दिसम्बर 2021 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जायेगा।  
    यह शिविर जिला मण्डी के व्यास सदन में 13 दिसम्बर, 2021 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला लाहौल स्पीति एवं कुल्लू (आनी एवं निरमंड तहसील को छोड़कर) के लाभार्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा और 14 दिसम्बर को बिलासपुर के व्यक्तियों के लिये, 15 दिसम्बर को मण्डी के लाभार्थियों के लिए तथा 16 दिसम्बर को शेष कार्य एवं समापन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जायेगा।
   प्रवक्ता ने कहा कि कृत्रिम अंग प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है और इच्छुक व्यक्ति संबंधित जिला कल्याण अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
 

Tuesday, November 30

कंगना रनौत को मिली जान से मारने की धमकी

शिमला,  30 नबंवर(3 आईन्यूज) बालीवुड फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने आज हिमाचल प्रदेश के जिला
के कुल्लू थाने में जान से मारने की धमकी मिलने की 
एफआईआर दर्ज कराई है। 
   पुलिस को दी शिकायत में कंगना ने बताया कि पंजाब के भटिंडा निवासी मनप्रीत सिंह ने 26 नवंबर को अपने फेसबुक अकांउट से एक पोस्ट शेयर करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। 
  पुलिस ने आईपीएस की धारा 295 ए, 505 2, 504, 506 व 509 में शिकायत दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

हिमाचल में वेरिएंट ओमिक्रॉन(कोरोना) पर अलर्ट जारी

शिमला,  30 नबंवर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन अलर्ट जारी किया गया है। 
   प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को
कहा है कि इस नए वेरिएंट पर लापरवाही न बरतें ।
   स्वस्थ्य विभाग ने कहा कि प्रदेश में अभी इसका कोई भी मामला नहीं आया है पर अब लोगों एहतियातन नए वेरिएंट से बचने के लिए अधिक सावधानी बरतनी होगी।

हमीरपुर में मतदाता सूचियों के लिए दावे या आक्षेप 6 दिसंबर तक

हमीरपुर,  30 नबंवर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश  के हमीरपुर में पंचायत आम चुनाव 2020-21 और उपचुनाव-2021 के बाद रिक्त हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों के पदों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है।
     उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) देबश्वेता बनिक ने बताया कि विकास खंड नादौन, बिझड़ी और सुजानपुर की इन ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के प्रारूप की प्रतियां आम जनता के निरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय के अलावा उक्त पंचायतों के कार्यालय, पंचायत समिति और जिला परिषद कार्यालय में उपलब्ध करवा दी गई हैं। देबश्वेता बनिक ने बताया कि इन मतदाता सूचियों के लिए अर्हक तिथि एक नवंबर 2021 रखी गई है यानि उक्त तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम भी इनमें शामिल किए जा सकते हैं।
 इन सूचियों में नाम शामिल करवाने के लिए दावे या किसी व्यक्ति का नाम हटाने संबंधी आक्षेप 6 दिसंबर तक संबंधित पुनर्निरीक्षण अधिकारी या खंड विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकते हैं। दावे या आक्षेप प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र इन्हीं अधिकारियों के पास निशुल्क उपलब्ध होंगे। देबश्वेता बनिक ने बताया कि 6 दिसंबर तक प्राप्त दावों या आक्षेपों का निपटारा 13 दिसंबर तक किया जाएगा। इनके संबंध में पुनर्निरीक्षण अधिकारी के निर्णय के खिलाफ 20 दिसंबर तक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपील की जा सकती है, जिसका निपटारा 24 दिसंबर तक कर दिया जाएगा। इसके बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां 27 दिसंबर को अंतिम रूप से प्रकाशित की जाएंगी।