Sunday, December 19

ठाकुर ने मण्डी में मेरी ब्यास जीवन की आस समारोह में आयोजित ब्यास आरती में भाग लिया

मंडी,19दिसंबर( 3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल मण्डी में मेरी ब्यास जीवन की आस समारोह में आयोजित ब्यास आरती में भाग लिया। राज्य जल शक्ति विभाग द्वारा नदी उत्सव-आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत यह आयोजन किया गया।
 इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने एकादश रूद्र मंदिर में पूजा-अर्जना की।उन्होंने ब्यास नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ भी दिलाई।
 स्थानीय पाठशाला के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
 इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर एवं इन्द्र सिंह गांधी, वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र धर्माणी, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, खुशाल ठाकुर, उपायुक्त अरिंदम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। 

ज्वाली के गाँव भलाड के शहीद का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार


काँगड़ा ,19 दिसंबर (3आई न्यूज़ )  हिमाचल प्रदेश के काँगड़ा जिला के उपमंडल जवाली की ग्राम पंचायत भलाड का एक जवान  ओंकार सिंह(51)कल अमृतसर के तरनतारन में पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में शहीद हो गया।

    ओंकार सिंह अमृतसर तरनतारन में 103 बीएसएफ बटालियन में तैनात था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गए है।

   शहीद की देह आज  तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंची और पुरे सम्मान के साथ पैतृक श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

 विधायक अर्जुन ठाकुर, थाना प्रभारी सुरिंद्र सिंह, पंचायत प्रधान मंगल सिंह तथा समाजसेवी अंशु चौधरी और  सैकड़ों लोगों ने शहीद को  श्रद्धासुमन अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।  

 

हमारी भावी पीढि़यों को अपनी संस्कृति, संस्कारों, सभ्यता व जीवन मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले:जयराम ठाकुर

शिमला,  19दिसंबर (3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के   मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज  यहां अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय शिक्षक सम्मान समारोह ‘‘शिक्षा भूषण’’ के दौरान अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा व शिक्षण की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें हमारी भावी पीढि़यों को अपनी संस्कृति, संस्कारों, सभ्यता व जीवन मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले। 
  श्री ठाकुर यह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता एवं समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को चरित्रवान बनाते हैं जो आदर्श नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन के लिए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की सराहना करते हुए कहा कि महासंघ शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक मूल्यों और संस्कारों को संजो कर फिर से विश्व गुरु के अपने स्वरूप को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
   उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के विद्यार्थियों को प्रारंभिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में अनेक कारगर कदम उठाए हैं। प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवोन्मेषी प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है। राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अनेक महत्वकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं और आज हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में सबसे विकसित राज्यों में से एक है।
  इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और धार्मिक गुरु ज्ञानानंद महाराज ने संयुक्त रूप से तीन शिक्षाविदों प्रो. कपिल कपूर, डाॅ. बद्री प्रसाद पंचोली और रेनु दांडेकर को शिक्षा भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
 इससे पहले, मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकासात्मक योजनाओं व कार्यक्रमों पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
 इस अवसर पर भागवत गीता पर अपने शोध के लिए प्रतिष्ठित ज्ञानानंद महाराज ने सभी से आध्यात्मिक और नैतिक विकास के लिए वर्तमान में जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का प्रायोजन राष्ट्रहित में होना चाहिए।
 

Saturday, December 18

वीरेंद्र कंवर का काम दमदार, कुटलैहड़ में 163 करोड़ खर्च कर बिछा सड़कों का जाल

 ऊना, 18 दिसंबर(3 आईन्यूज) पिछले चार वर्षों में कुटलैहड़ विस क्षेत्र में सड़कों का बहुत बड़ा जाल बिछा है। जहां नई सड़कें बनाकर तैयार की गई हैं, वहीं पुरानी सड़कों को चौड़ा व बेहतर बनाने का कार्य भी किया गया है।
कुटलैहड़ में गत 4 साल में 163.66 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि सिर्फ और सिर्फ सड़क सुविधा के सुधार में लगाई गई है। एनएच, नाबार्ड तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं से हर गांव तक सड़क पहुंची है, जिससे क्षेत्र के निवासियों को एक बहुत बड़ी सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुटलैहड़ विस क्षेत्र के लिए पिछले चार वर्षो में 95.75 करोड़ रुपए की लागत की 11 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 10 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। 
मुख्य रूप से ऊना-धमांदरी सड़क का 17.02 करोड़ रुपए से सुधार किया गया है। पिपलू-रछोह सड़क 12.42 करोड़ की लागत से बनकर तैयार है, साथ ही 11.90 करोड़ की लागत से बौल-मदनपुर-जोगीपंगा-लमलैहड़ी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त 10.92 करोड़ की लागत से ऊना-बरेड़ा सड़क भी बनकर तैयार है। लोक निर्माण विभाग ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ही 7.64 करोड़ खर्च कर जोल-कृष्णा नगर सड़क, 2.40 करोड़ से रितसतरूखा सड़क, 5.48 करोड़ से हटली-खड़ोल सड़क, 9.57 करोड़ की लागत से हरोट तथा 5.08 करोड़ रुपए की लागत से कुरियाला झलेड़ा सड़क का सुधार किया गया है। इसके अलावा 8.58 करोड़ की लागत से बौल-तलेहड़ा-सनहाल सड़क तथा 4.69 करोड़ से ऊना टक्का से अप्पर कोटला कलां का सुधार किया जा रहा है। 
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बंगाणा, शशि धीमान कहते हैं "विभाग क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सड़क सुविधा प्रदान करने की दिशा में काम कर रहा है। बंगाणा डिवीजन के तहत 100 से अधिक की आबादी वाले सभी गांवों तक सड़क सुविधा पहुंचाई जा चुकी है। जहां सड़क की सुविधा अब तक नहीं है, वहां स्थानीय निवासी सहयोग करें तो विभाग उनके लिए भी सड़क का निर्माण करेगा। विभाग के पास सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं है।"
पीडब्ल्यूडी विभाग नाबार्ड से कुटलैहड़ को मिली 36.46 करोड़ रुपए की 6 सड़कें बनाने के लिए भी प्रत्यनशील है। इन प्रस्तावित 6 सड़कों में से 5 पर विभाग ने कार्य आरंभ कर दिया है, जबकि एक सड़क के लिए जल्द ही टैंडर कर दिए जाएंगे। 10.32 करोड़ रुपए की लागत से जोल-कैंथ सड़क, 8.98 करोड़ रुपए की लागत से वर्षा शालिका से गैहरा गांव सड़क, 4.51 करोड़ से हरिजन बस्ती बरनोह से डंगोली स्कूल सड़क, 4.58 करोड़ की लागत से भट्टियां वाया लोअर दोबड़ सड़क, 3.92 करोड़ से मलांगड़ वाया डुघर सड़क तथा 4.13 करोड़ रुपए से अप्पर थाना-कुट चतेहड़ सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त घंडावल से झलेड़ा सड़क तक सुधार कार्यों के लिए 1.05 करोड़ तथा लठियाणी से जलग्रां तक सुधार के लिए 26 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। कुटलैहड़ विस क्षेत्र में 11.18 करोड़ रुपए खर्च कर सड़कों का सृदृढ़ीकरण किया गया है, जिसके तहत सड़कों को पक्का किया गया, नालियां बनाई गई और मुरम्मत का कार्य किया गया है।
कुटलैहड़ के प्रवेश द्वार पीरनिगाह क्षेत्र से निकलने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग मदनपुर-बीहड़ू सड़क का सुधार 20.27 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। जबकि लठियाणी-मंदली पुल की अलाइनमेंट तय हो चुकी है। 

हमीरपुर शहर के कई क्षेत्रों में कल बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 18 दिसंबर(3आईन्यूज) विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर में लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते 19 दिसंबर को  वार्ड नंबर-2, वार्ड नंबर-6, वार्ड नंबर-7, सोहारू कंप्लैक्स, गांधी चौक तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 10 से सायं 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी। 

सहायक अभियंता अश्वनी कुमार पुरी ने इस दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।


सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में ऊना विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने ठाकुर से भेंट की

 शिमला, 18 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से आज यहां छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में ऊना विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

 

प्रगति और प्रकृति के बीच तालमेल बनाकर ही जलवायु परिर्वतन की चुनौतियों से निपटा जा सकता है:ठाकुर

शिमला,  18 दिसंबर (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रगति और प्रकृति के  बीच सामंजस्य बनाकर ही जलवायु परिर्वतन से सम्बन्धित चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है। यह बात मुख्यमंत्री ने आज यहां पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित सुदृढ़ हिमालय सुरक्षित भारत, जलवायु परिवर्तन सम्मेलन-2021 की अध्यक्षता करते हुए कही।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पारिस्थितिकी तंत्र पर विपरित प्रभाव पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए हमें जमीनी स्तर पर ठोस उपाय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने, कृषि उत्पादन बढ़ाने, सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार, आर्थिक सुरक्षा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे जैसे पर्यावरणीय स्थिरता, जलवायु परिर्वतन अनुकुलन और दीर्घकालिक सामुदायिक सशक्तिकरण पर ध्यान केन्द्रित कर रही है।
   जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य में सत्त विकास और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। ग्लोबल वार्मिंग के कारण ग्लेशियर तेजी से पिघलते हैं। वातावरण में कार्बनडाइआॅक्साइड के स्तर को कम करने के लिए प्रदेश सरकार हरित ईंधन जैसे जल विद्युत और सौर उर्जा के प्रयोग पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश जल विद्युत संसाधनों में बहुत समृद्ध है और भारत की कुल क्षमता का लगभग 25 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश में है। राज्य की कुल जल विद्युत क्षमता में से अभी तक 10,519 मेगावाट का दोहन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए प्रदेश में शीघ्र ही राज्य स्वच्छ ईंधन नीति लाई जाएगी।
   जय राम ठाकुर ने कहा कि जलवायु परिर्वतन की समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। हमें सार्थक ग्लोबल वार्मिंग कानून का समर्थन करना होगा तथा बिजली संयंत्रों की ऊर्जा दक्षता में सुधार के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा स्रतों का उपयोग भी बढ़ाना होगा।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आॅनलाइन माध्यम से डिजिटल जलवायु परिर्वतन सन्दर्भ केन्द्र का शिलान्यास भी किया। भारत में जर्मनी के राजदूत वाल्टर जे. लीनेयर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण विश्व में कई तरह की प्राकृतिक आपदाएं आ रही हैं। इस समस्या से निपटने के लिए सभी को प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने सम्मेलन के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक इस मुददे पर गम्भीरता से विचार करेंगे।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीसी एवं डीआरआर पर नाॅलेज नेटवर्क के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर राज्य कार्य योजना भाग-2 और हिमाचल प्रदेश में सीएएफआरआई कार्यक्रम भी लाॅंच किया।
 स्टूडेंट एजुकेशनल एण्ड कल्चरल मूमेंट आॅफ लद्दाख के अध्यक्ष सोनम वांगचुक ने हिमाचल प्रदेश द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए महत्वाकांक्षी उपायों की सराहना की। उन्होंने जलवायु साक्षरता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आपदाओं को रोकने के लिए समय पर सार्थक कदम उठाए जाने चाहिए। शैक्षणिक शोध संस्थानों में स्थानीय क्षेत्रों से सम्बन्धित चुनौतियों का अध्ययन किया जाना चाहिए।
 राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के महानिदेशक कमल किशोर ने कहा कि हर क्षेत्र की आपदा प्रबन्धन योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने सभी राज्यों में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के गठन की आवश्यकता पर बल दिया।
  वरिष्ठ सलाहकार विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार डाॅ. अखिलेश गुप्ता ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग विश्वभर में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने बहु जोखिम चेतावनी प्रणाली तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
 अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रबोध सक्सेना ने मुख्यमंत्री और सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और सम्मेलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 
निदेशक पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सुदेश कुमार मोकटा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
 

Friday, December 17

मंडी में कार नाले में गिरी, महिला की मौत

मंडी.17 दिसंबर(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैगल के पास एक कल एक कार के बेकावू होकर नाले में गिरने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हो गये। 
मृतका की पहचान द्रुमति देवी (55)के रूप में हुई है।
शव पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। घायलों को जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
   पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बल्ह क्षेत्र के बुराहली गांव के लोग  कार से पधर गए थे और वापसी में कार नाले में जा गिरी, जिसमें  महिला की मौत हो गई जबकि उसका बेटा, बहू और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।








सिरमौर के शिलाई से दो लड़कियां लापता

 सिरमौर, 17 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के गांंव देवलाह की  दो नाबालिग लड़कियां  संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौंवीं कक्षा की दोनों छात्रायें 13 दिसम्बर की सुबह दोनों अपने गांव से शिलाई के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोनहाट गई थीं लेकिन जब शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनो़ ने स्कूल में पूछताछ की लेकिन पता चला कि दोनों छात्राएं सोमवार को स्कूल भी नहीं पहुंची ।परिजनों ने  रोनहाट पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। 
पांंवटा साहिब के पुलिस उपाधीक्षक वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों कि शिकायत पर गमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है। 


 

दो कारों की टक्कर में चार लोगों की मौत

मोहाली, 17 दिसंबर (3आईन्यूज) पंजाब में  मोहाली के डेराबस्सी थाने के गांव जनेतपुर के पास डेराबस्सी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल रात एक कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही कार से जा टकराई जिसमें एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि  तीन अन्य घायल हो गये। 
    दुर्घटना में हरजीत कौर धामी (56), पुत्रवधू शरनजीत कौर धामी (33) और  अजैब सिंह 4 माह और गौरव पानीपत (हरियाणा) की मौत हो गई।घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
 प्राप्त  जानकारी के घायल दविंदर सिंह धामी ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार सहित फरीदाबाद से मोहाली लौट रहा था रास्ते में  चंडीगढ़ की ओर से आ रही कार डिवाइडर तोडक़र उनकी कार से टकराई ।
 डेराबस्सी पुलिस ने दुर्घटना स्थल से फरार  कार चालक हितीक भल्ला पानीपत  के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।
      
      

Thursday, December 16

ठाकुर ने प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया

शिमला,16 दिसंबर (3आईन्यूज)   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के सरदार पटेल सभागार, अमूल, आन्नद में प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी शिमला से इस सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। 
 प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर किसानों का आहवान किया कि वे अपनी कृषि पैदावार को बढ़ाने तथा अपनी आय को दोगुना करने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाएं। उन्होंने कहा कि यद्यपि देश की हरितक्रान्ति में उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका को नकारा नहीं जा सकता, परन्तु कीटनाशकों तथा आयातीत उर्वरकों से स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान एवं बढ़ती लागत के लिए यह अनिर्वाय है कि किसान कोई वैकल्पिक तकनीक अपनाए।
 इसके उपरान्त, पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत से मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में अपने पहले ही बजट में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना आरम्भ की तथा इस योजना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गत लगभग चार वर्षों में प्रदेश में लगभग  1.54 लाख किसान परिवारों ने 9200 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती को अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इस योजना के तहत 1.50 लाख किसानों को जोड़कर 12000 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती की आधार भारतीय नस्ल की गाय की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 25000 तक तथा पांच हजार रुपये यातायात शुल्क के तौर पर दे रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के अन्तर्गत विगत साढ़े तीन वर्षों में लगभग 46.18 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।  
 

मुख्यमंत्री ने सीसीटीएनएस के कार्यान्वयन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुलिस महानिदेशक और उनकी टीम को बधाई दी

शिमला, 16 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (सीसीटीएनएस) के कार्यान्वयन में देश के पहाड़ी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और उनकी टीम को बधाई दी है। राष्ट्रीय अपराध रिकाॅर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी), नई दिल्ली में आज आॅनलाइन प्लेटफाॅर्म के माध्यम से गुड प्रेक्टिसिज इन क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) और इंटरआॅपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) विषय पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन में सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सीसीटीएनएस के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश पुलिस के शानदार प्रदर्शन से इस तकनीक का दैनिक कार्यों में और अधिक कुशलता से प्रयोग करने के लिए पुलिस का मनोबल बढ़ेगा।  
 यह पहाड़ी राज्यों के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है और दस पहाड़ी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए हिमाचल प्रदेश को लगातार दूसरे वर्ष इस उपलब्धि से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार को तय करने के लिए हार्डवेयर/साॅफ्टवेयर परिनियोजन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, डेटा माइग्रेशन, क्षमता निर्माण जैसे 22 अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए गए हैं।
 

राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया

शिमला,  16 दिसंबर(3  आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर आज राजभवन शिमला से वर्चुअल माध्यम से गुजरात के सरदार पटेल सभागार, अमूल, आनंद में आयोजित राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काॅन्क्लेव को संबोधित किया।
 इस अवसर पर प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को राजभवन में आमंत्रित किया गया था। इन किसानों ने भी राज्यपाल के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती वाला राज्य बनने की दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने परामर्श दिया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाएंगे और अमृत महोत्सव के अवसर पर हम हर पंचायत के कम से कम एक गांव को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करेंगे।
 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कई बार हिमाचल प्रदेश का उल्लेख किया है क्योंकि प्राकृतिक खेती की शुरुआत सबसे पहले हिमाचल से हुई थी, इसलिए प्राकृतिक खेती को अपनाने में सफलता प्राप्त करने के लिए हमें दृढ़ प्रयास करने चाहिए ताकि वर्ष 2022 तक हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक खेती अपनाने वाले राज्य के रूप में जाना जाए।
 राज्यपाल ने किसानों से भी बातचीत की और किसानों ने प्राकृतिक खेती के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
 इससे पूर्व राज्यपाल के सचिव प्रियतु मंडल ने किसानों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।
 परियोजना निदेशक, सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती राकेश कंवर ने राज्यपाल का स्वागत किया और हिमाचल प्रदेश में कृषि पद्धति की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत करवाया और उन्हें इस दिशा में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी।