Wednesday, December 29

शिमला-धर्मशाला हेली टैक्सी सेवाओं की दरें कम करने के निर्देश :ठाकुर

शिमला,  नदिल्मुली/ 29 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में सरकार के उपक्रम पवन हंस लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक संजीव राजदान के साथ एक बैठक में राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए शिमला-धर्मशाला हेली टैक्सी सेवाओं की दरें कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिमला-धर्मशाला के लिए सीधी उड़ान आरम्भ करने के निर्देश भी दिए।
 मुख्यमंत्री ने प्रबन्ध निदेशक को शिमला से मनाली के लिए हेली टैक्सी सेवाएं शीघ्र आरम्भ करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों और पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। हेली टैक्सी सेवाओं को सुदृढ़ करने से प्रदेश में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।
 
संजीव राजदान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि शिमला-धर्मशाला हेली टैक्सी की दरें शीघ्र ही कम की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पवन हंस द्वारा शिमला से मनाली के लिए उड़ानें आरम्भ करने के लिए पूर्ण प्रयास किए जाएंगे। मनाली में हैलीपैड को उपयोग करने का मामला रक्षा मंत्रालय के साथ उठाया गया है और मंत्रालय से स्वीकृति प्राप्त होते ही शिमला से मनाली के लिए उड़ानें आरम्भ कर दी जाएंगी। भारत सरकार के साथ यह मामला प्रभावी रूप से उठाया जा रहा है।
 

Tuesday, December 28

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए पांच पुल समर्पित करने पर रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया

शिमला,  28दिसंबर (3आईन्यूज) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम द्वारा देश् के चार राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 27 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बी.आर.ओ.) द्वारा किया गया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर इस कार्यक्रम में शिमला से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं को समर्पित करने के लिए रक्षा मंत्री और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश और मजबूत हुआ है और आज देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं। देश की सीमाओं तक सम्पर्क सुविधा बढ़ी है और आधारभूत संरचना का भी विकास हो रहा है।
 उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया गया है उनमें से पांच पुल हिमाचल प्रदेश में निर्मित किए गए हैं। मनाली-सरचू सड़क मार्ग पर बने कोठी-1 पुल, कोठी-2 पुल, कमांडर पुल और पातसियो पुल तथा पोवारी-पूह सड़क पर बने काशंग पुल देश की सुरक्षा में अहम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि लेह के लिए वैकल्पिक मार्ग पर बने ये पुल जम्मू और कश्मीर तथा लेह में तैनात हमारे सैनिकों के लिए बहुत मददगार सिद्ध होंगे।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुलों का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। इनसे लाहौल स्पीति के केलांग सहित लेह-लद्दाख के वासियों के बीच आर्थिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। अब यहां से न सिर्फ भारी सैन्य वाहन सुगमता से गुजर सकेंगे बल्कि स्थानीय जनता भी लाभान्वित होगी। यहां से सेब, आलू, मटर, बादाम और अन्य फसलें बाहर ले जाने में सुविधा होगी। ये पुल किन्नौर जिले की आर्थिकी को बढ़ाने में भी अहम योगदान देंगे।
 मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बीआरओ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीआरओ ने इस वर्ष आधारभूत ढांचे से जुड़ी 102 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का कार्य पूरा कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और सुदूर क्षेत्रों में लोगों का जीवन सरल बनाने और इन क्षेत्रों की आर्थिकी में सुधार करने में बी.आर.ओ. का अहम योगदान है।

मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए युवा उद्यमियों को सम्मानित किया

शिमला,28  दिसंबर(3 आईन्यूज )  हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला द्वारा आयोजित यंग एचीवर्स अवार्ड समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान परिदृश्य में मीडिया का महत्व एवं भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ग्रुप अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों का भी बखूबी निर्वहन कर रहा है।
 
उन्होंने कहा कि समाज के लिए विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका बहुत अहम है। प्रखर पत्रकारिता से न केवल राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलती है बल्कि बौद्धिक चिंतन को भी बढ़ावा मिलता है। जय राम ठाकुर ने कहा कि सम्मान किसी भी व्यक्ति का हौसला बढ़ाता है और इससे अन्य लोगों को भी अपने ध्येय की ओर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। आज युवा प्रगतिशील सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और रोजगार तलाशने के बजाय अपना स्वयं का उद्यम स्थापित करने की भावना से मेहनत कर रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं। युवा उद्यमिता को बढ़ाने में वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं और यह योजना बहुत लोकप्रिय हुई है। योजना के अंतर्गत 860 करोड़ रुपए के निवेश की 4862 परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं। इनमें लगभग 430 करोड़ रुपए निवेश की 2593 इकाइयां स्थापित हुई हैं और 7216 लोगों को घर-द्वार के समीप ही रोजगार मिला है।
 
उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्योग शुरू करने के लिए अनुकूल वातावरण मिले और उनकी उद्यमिता की जरूरतें भी रेखांकित हों, इसके लिए मुख्यमंत्री स्टार्टअप योजना भी चलाई जा रही है। प्रदेश के युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षुओं को एक वर्ष तक 25 हजार रुपये प्रति माह आजीविका भत्ता और इनक्यूबेशन केंद्रों को तीन वर्षों के लिए 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत 11.35 करोड़ रुपये व्यय कर 191 स्टार्टअप और इंक्यूबेशन केंद्रों को लाभ प्रदान किया गया है। प्रदेश सरकार ने हिम स्टार्ट अप योजना के तहत 10 करोड़ करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया है।
 
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बागवानी और कृषि क्षेत्रों में भी कई योजनाएं चलाई हैं जो युवाओं को एक सफल किसान बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवा उद्यमियों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। अमर उजाला के राज्य संपादक राकेश भट्ट ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और यंग अचीवर्स अवार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्प, इच्छाशक्ति और मेहनत से जनकल्याण की राह पर आगे बढ़ रही है। प्रदेश में निवेश आकर्षित करने में राज्य सरकार के प्रयास फलीभूत हुए हैं और इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।
 

ठाकुर ने गिरिराज साप्ताहिक के कैलेंडर का विमोचन किया

शिमला,  28दिसंबर (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के साप्ताहिक समाचार पत्र गिरिराज के वर्ष 2022 के कैलेंडर का विमोचन किया।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिराज साप्ताहिक प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि गिरिराज साप्ताहिक तथ्यों पर आधारित सूचनाओं का सबसे विश्वसनीय माध्यम है।
 

Monday, December 27

राज्यपाल ने आदर्श नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र का दौरा किया

 मंडी, 27दिसंबर(3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के 
 राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज मण्डी में आदर्श नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र का दौरा किया। इस केन्द्र का संचालन क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की और वहां प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
 राज्यपाल ने प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक भी की और अधिकारियों को  इस केन्द्र में टेनिस, चैस, योगा और मैडिटेशन इत्यादि इन्डोर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा।
 उन्होंने उपचाराधीन लोगों के पुनर्वास के लिए एक योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
 मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. देविन्दर ने केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
 

हिमाचल -मोदी -मंडी रैली 11,581 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं राज्य को समर्पित कीं

मंडी, 27दिसंबर (3आईन्यूज )प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्तमान राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल के पूरा होने के अवसर पर आज मण्डी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से राज्य के लिए लगभग 11,581 करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
   प्रधानमंत्री ने मण्डी से वर्चुअल माध्यम से हिमाचल प्रदेश पावर काॅरपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) द्वारा 2082 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 111 मेगावाट क्षमता की सावड़ा कुड्डू जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया। शिमला जिले में पब्बर नदी पर प्रसिद्ध हाटकोटी मंदिर के समीप निर्मित इस परियोजना से प्रतिवर्ष 386 करोड़ यूनिट विद्युत उत्पादन होगा और एचपीपीसीएल के माध्यम से राज्य को लगभग 120 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने सिरमौर जिले में गिरी नदी पर 7000 करोड़ रुपये के रेणुका जी बांध और हमीरपुर व कांगड़ा जिले में ब्यास नदी पर बनने वाले भारत सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम 66 मेगावाट क्षमता की धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी। सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित की जा रही इस परियोजना को 688 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने शिमला और कुल्लू जिलों में सतलुज नदी पर 1811 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 210 मेगावाट क्षमता की लुहरी स्टेज-1 जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास भी किया।
 
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ उनके भावनात्मक संबंध हैं। उन्होंने राज्य सरकार को चार साल का महत्वपूर्ण कार्यकाल पूर्ण करने के लिए भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस डबल इंजन सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि महामारी के दौरान भी विकास की गति निर्बाध रूप से चलती रहे। उन्होंने कोविड-19 महामारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में शत-प्रतिशत पात्र आबादी का टीकाकरण राज्य सरकार के समर्पित और प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य को वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एम्स, अटल टनल और चार चिकित्सा महाविद्यालय प्राप्त हुए हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लोगों के लिए जीवन की सुगमता सबसे प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है और इसमें बिजली बहुत बड़ी भूमिका निभाती है। आज शुरू की गई जल-विद्युत परियोजनाएं पर्यावरण के अनुकूल विकास के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गिरी नदी पर बन रही श्री रेणुकाजी बांध परियोजना जब पूरी हो जाएगी तो एक बड़े क्षेत्र को इससे सीधा लाभ होगा। इस प्रोजेक्ट से जो भी आय होगी उसका भी एक बड़ा हिस्सा यहीं के विकास पर खर्च होगा।
 

प्रधानमंत्री ने नए भारत की बदली हुई कार्यशैली को दोहराया। पर्यावरण लक्ष्यों से जुड़े कार्यों की रफ्तार पर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने 2016 में ये लक्ष्य रखा था कि वो साल 2030 तक, अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 40 प्रतिशत, गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों से पूरा करेगा। आज हर भारतीय को इसका गर्व होगा कि भारत ने अपना ये लक्ष्य, इस साल नवंबर में ही प्राप्त कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश जिस प्रकार से पर्यावरण को बचाते हुए विकास को गति दे रहा है, उसकी विश्वभर में प्रशंसा हो रही है। सोलर पावर से लेकर हाइड्रो पावर तक, पवन ऊर्जा से लेकर ग्रीन हाइड्रोजन तक, देश रिन्यूएबल एनर्जी के हर संसाधन को पूरी तरह इस्तेमाल करने के लिए निरंतर काम कर रहा है।
 
प्रधानमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन के विषय पर कहा कि पहाड़ों को प्लास्टिक की वजह से जो नुकसान हो रहा है, हमारी सरकार उसे लेकर भी सतर्क है। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ देशव्यापी अभियान के साथ ही हमारी सरकार, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट पर भी काम कर रही है। व्यवहार में बदलाव की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री मोदी ने कहा कि हिमाचल को स्वच्छ रखने में प्लास्टिक और अन्य कचरे से मुक्त रखने में पर्यटकों का भी दायित्व बहुत बड़ा है। इधर-उधर फैला प्लास्टिक, नदियों में जाता प्लास्टिक, हिमाचल को जो नुकसान पहुंचा रहा है, उसे रोकने के लिए हमें मिलकर प्रयास करना होगा।
 
प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में दवा क्षेत्र के विकास की सराहना करते हुए कहा कि यदि भारत को आज दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, तो इसके पीछे हिमाचल की बहुत बड़ी ताकत है। कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान हिमाचल प्रदेश ने ना सिर्फ दूसरे राज्यों, बल्कि दूसरे देशों की भी मदद की है।
 
राज्य के शानदार प्रदर्शन के बारे में चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल ने अपनी पूरी वयस्क जनसंख्या को वैक्सीन देने में सबसे बाजी मार ली। यहां जो सरकार में हैं, वो राजनीतिक स्वार्थ में डूबे नहीं बल्कि उन्होंने पूरा ध्यान, हिमाचल के एक-एक नागरिक को वैक्सीन कैसे मिले, इसमें लगाया है।
 
इससे पूर्व, प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल का दौरा किया और प्रदर्शनी में गहरी रूची दिखाई।
 मण्डी में 28,197 करोड़ रुपये की 287 निवेश परियोजनाओं की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मण्डी में हिमाचल प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्ज़ मीट की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की भी अध्यक्षता की। इस आयोजन में 28,197 करोड़ रुपये लागत की 287 निवेश योग्य परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के साथ-साथ लगभग एक लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की सम्भावना है।
 मेगा परियोजनाओं में एसजेवीएनएल द्वारा 6,700 करोड़ रुपये की लागत की रेणुकाजी बांध परियोजना, मैसर्ज़ एसएमपीपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2,000 करोड़ रुपये लागत का राज्य का पहला डिफेंस पार्क, मैसजऱ् किनवन प्राइवेट लिमिटिड द्वारा 850 करोड़ रुपये लागत की एपीआई इकाई, मैसजऱ् इंडो फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड द्वारा 510 करोड़ रुपये लागत से राज्य का पहला डिफेंस पार्क शामिल हैं। इसके अलावा, उद्योग और ऊर्जा के साथ-साथ पर्यटन, स्वास्थ्य, आयुर्वेद आदि क्षेत्रों से सम्बन्धित परियोजनाएं भी धरातल पर उतारी गईं।
 उन्होंने इस अवसर पर राज्य की स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति का अनावरण भी किया।
 
प्रधानमंत्री ने वर्तमान राज्य सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित ‘सेवा और सिद्धि के, 4 साल समृद्धि के’ काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। यह काॅफी टेबल बुक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा तैयार की गई है। इस अवसर पर वर्तमान राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर आधारित विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
 
मुख्यमंत्री ने शाॅल, हिमाचली टोपी और त्रिशूल भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
 इससे पूर्व, मण्डी के कंगनीधार हैलीपैड पर प्रधानमंत्री के आगमन पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्यांे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने छोटी काशी मण्डी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह प्राप्त है और वह राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भी प्रधानमंत्री के साथ विशेष नाता है और यह राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस छोटी काशी को धार्मिक पर्यटन के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मंडी के कंगनीधार में 183 करोड़ रुपये की लागत से शिवधाम का निर्माण किया जा रहा है।
 


 



Sunday, December 26

पिंजौर में ओमिक्रॉन का एक मामला

पंचकूला, 26 दिसंबर (3आईन्यूज) हरियाणा में  पंचकूला के  पिंजौर में ओमिक्रॉन का एक मामला सामने आया है। 
   संक्रमित युवती विदेश से पंचकूला लौटी थी। पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ मुक्ता कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की युवती को आइसोलेशन में रखा गया है ।
 उन्होने कहा कि युवती के संपर्क में आए लोगों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गए  हैं। 

मंडी में ओमिक्रॉन का मामला सामने आया

मंडी, 29 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में  की एक महिला(45), ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाई गई है।
    यह महिला कनाडा से मंडी लौटी थी। उसे घर में ही आइसोलेट किया गया है। 
 गौरतलब  है  कि  यह महिला 3 दिसंबर को कनाडा से मंडी पहुंची थी। उसे कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।  18 दिसंबर को महिला के सैंपल दिल्ली भेजे गए थे जिसमें 26 दिसंबर रिपोर्ट में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई ।
स्वास्थ्य विभाग ने हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट के एक मामले की पुष्टि की है।




घुमारंवीं में महिला प्रधान ने पंचायत सचिव के खिलाफ दर्ज कराया यौन उत्पीड़न का मामला

बिलासपुर, 26 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला की थाना घुमारवीं के अंतर्गत की एक ग्राम पंचायत में महिला प्रधान ने पंचायत सचिव के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया  है।
पुलिस को दी शिकायत में  पीड़िता ने बताया  कि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिए  सचिव को बार-बार कहा गया लेकिन वह इन्हें लंबित करता रहा। इसके  बाद आरोपी ने पीड़िता को यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा।        
    पीडिता ने इसकी शिकायत उसने डीसी बिलासपुर तथा बीडीओ घुमारवीं को दी ,लेकिन आरोपी  के खिलाफ कोई भी कारवाई नहीं हुई।
 घुमारवीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। लिया गया है। 

Saturday, December 25

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

शिमला,  25दिसंबर(3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती पर आज रिज शिमला स्थित  उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन के प्रवर्तक थे। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री बने तो कई वर्षों बाद देशवासियों ने स्वराज का रूपांतरण सुराज में होते देखा।  
 उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से हम जन भागीदारी और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भारत को मजबूत बनाने और विकसित करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया था। राष्ट्र के लिए उनके बहुमूल्य योगदान को लोग हमेशा याद रखेंगे।   
 मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक ख्याति प्राप्त दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने नेतृत्व के उच्चतम मूल्य स्थापित किए और भविष्य में भी देश के विकास के लिए उनके योगदान को याद रखा जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी एक उत्कृष्ट वक्ता थे, उनमें श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देने की क्षमता थी।
 उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी के लिए देश सर्वप्रथम था इसलिए वह देशवासियों द्वारा सच्चे राजनीतिज्ञ के रूप में जाने जाते हैं। उनके विचार और देश की प्रगति के लिए उनका समर्पण हमंे सदैव राष्ट्र सेवा के लिए शक्ति देता रहेगा।
 
 

शिखर सामयिक पत्रिका का विमोचन

शिमला,25 दिसंबर(3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के   मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रसिद्ध लेखक और कवि डाॅ. इंद्र सिंह ठाकुर द्वारा विचार अटल के आर-पार शीर्षक से सम्पादित अंतरराष्ट्रीय शोध की अर्धवार्षिक पत्रिका शिखर सामयिक के विशेषांक का विमोचन किया।
 मुख्यमंत्री ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पत्रिका में लोगों को महान राजनीतिज्ञ, नेता, विचारक, कवि और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन की झलक मिलेगी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन मूल्यों से प्रेरणा पाकर लोग प्रगति के पथ पर अग्रसर होंगे।
 

ठाकुर ने सरकारी कैलेंडर-2022 जारी किया।

शिमला, 25दिसंबर(3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के   मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां सरकारी कैलेंडर-2022 जारी किया। इस कैलेंडर का प्रकाशन हिमाचल प्रदेश मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग द्वारा किया गया है।
 मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग की नियंत्रक प्रभा राजीव, सहायक नियंत्रक ऊमा शंकर, ईश्वर दास, कुलदीप चन्द और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 

राज्यपाल ने लक्ष्मी नारायण मंदिर कुसुम्पटी में पूजा-अर्चना की

शिमला, 25दिसंबर (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज हिमाचल प्रदेश आरोग्य भारती द्वारा शिमला के उपनगर कुसुम्पटी में तुलसी पूजा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने गरीब लोगों को राज्य रेडक्रॉस द्वारा उपलब्ध करवाए गए कंबल वितरित किए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि तुलसी का पौधा हर घर में बांटे जाने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने चाहिए। तुलसी का पूजन हमारी संस्कृति की उच्च परम्परा हैं और यह पौधा स्वास्थ्य की दृष्टि से भी जीवनदायनी माना गया है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस हमेशा से गरीब और पीड़ित मानवता की सेवा में तत्पर रहता है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है और यहां रहने वाले लोग देव स्वरूप मानव हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने मुझे अल्पावधि में ही बहुत स्नेह दिया और यह उन्हें अधिक कार्य करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के सहयोग से समाज सेवा के कार्यों को और बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

इस अवसर पर आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित ने राज्यपाल को सम्मानित किया तथा कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।