Friday, March 25

ठाकुर ने डॉ. सिकंदर कुमार को प्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने जाने पर बधाई दी

शिमला, 25 मार्च (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने डॉ. सिकंदर कुमार को सर्वसम्मति से प्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने जाने पर बधाई दी है।
   मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. सिकंदर कुमार इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, समर्पण के साथ निभायेंगे और प्रदेश से जुड़े मामलों को संसद के उच्च सदन में प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे।
 
                                               

ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों के रख-रखाव की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए

शिमला, 25 मार्च (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में कल शिमला से लोक निर्माण विभाग की  वर्चुअल बैठक से सड़कों की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए अधिकारियों विशेषकर मुख्य अभियन्ताओं तथा अधीक्षण अभियन्ताओं को नियमित रूप से फील्ड का दौरा कर प्रदेश की सड़कों के रख-रखाव की प्रगति की समीक्षा के निर्देश दिए।
   श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्य अभियन्ता अपने जोन में हो रहे सड़कों के रख-रखाव की प्रगति की निरंतर निगरानी कर उच्च अधिकारियों को समय-समय पर इस सम्बन्ध में सूचित करते रहें। उन्होंने कहा कि सड़कों को पक्का करने के कार्यों की निविदाओं में किसी भी प्रकार के विलम्ब को गम्भीरता से लिया जाएगा तथा इसके दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जिससे यात्रियों को असुविधा न हो।
    जय राम ठाकुर ने सड़कों को प्रदेश की जीवन रेखाओं की संज्ञा देते हुए कहा कि पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रदेश में आवागमन के सीमित साधन हैं, जिसके दृष्टिगत प्रदेश सरकार सड़क निर्माण तथा इसके रख-रखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर नवीनीकरण, पैचवर्क और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नाबार्ड और अन्य सड़कों की टारिंग करके सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए गम्भीर प्रयास करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को सुविधा मिल सकें।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने राज्य और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों के लिए निर्धारित लक्ष्यों में से वार्षिक रख-रखाव योजना 2021-22 के अन्तर्गत 75 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल कर लिया है, जिस पर 228 करोड़ रुपये खर्च कर 1798 किलोमीटर सड़कों पर कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों के रख-रखाव और अन्य संबंद्ध गतिविधियों के लिए वार्षिक रख-रखाव योजना 2022-23 के अन्तर्गत 1950.59 किलोमीटर सड़कों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
    जय राम ठाकुर ने कहा कि बिटुमिन गतिविधियों के लिए राज्य में 131 संयंत्र हैं, जिनमें से 63 संयंत्रों ने कार्य करना शुरू कर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को शेष संयंत्रों को शीघ्र अति शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
 

ऊना में फायरिंग, महिला की मौत

ऊना, 25 मार्च (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के दौलतपुर चौक के सुरंगद्वारी के पास आज एक मोटरसाइकिल पर की गई गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गयी है, जबकि एक युवक  घायल हो गया । 
   मृतका की पहचान रक्षा देवी के रुप में की गई है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव टेंटपला (होशियारपुर)  निवासी रजनीश अपनी मौसी के साथ मोटरसाइकिल से 
दौलतपुर चौंक आ रहा था। रास्ते में एक सुनसान जगह पर रजनीश के भतीजे ने उन पर गोलाबारी कर दी, जिसमें उसकी मौसी की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में रजनीश के बाजू में गोली लगी। 
     रजनीश को ऊना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
   पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और मामले  की जांच शुरू कर दी है। 

Thursday, March 24

ठाकुर ने पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखण्ड पुनः मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी

   
देहरादून  , 24 मार्च ( 3आई न्यूज़)  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम  ठाकुर  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में दूसरी बार पदभार ग्रहण किया।
 जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि पुष्कर सिंह धामी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
 मुख्यमंत्री आज देहरादून में व्यक्तिगत रूप से पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे।

Wednesday, March 23

ठाकुर ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

 


नालागढ़  , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़)  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जी के शहीदी दिवस पर नालागढ़ स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

 इस अवसर पर शहीद जवानों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया ।


इस मोके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि  महान स्वतंत्रता सेनानी का   राष्ट्र उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के अमर प्रतीक तीनों महान स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान हमें राष्ट्र की सेवा और एकता के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।



मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां अब 31 मार्च तक

  
हमीरपुर , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़)  हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिला के उप प्रभागीय न्यायाधीश  एवं  निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ चिरंजी लाल चौहान ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तीन अलग-अलग वर्गों के लिए आयोजित की जा रही है प्रश्नोत्तरी नारा लेखन, गीत, वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियों की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 मार्च कर दी गई है। पहले यह तिथि 15 मार्च थी।
  श्री चौहान ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम स्वीप यानि सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता के तहत आयोजित की जाने वाली इन प्रतियोगिताओं का थीम मेरा वोट है मेरा भविष्य:एक वोट की ताकत रखा गया है। प्रश्नोत्तरी में सीधे ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भाग लिया जा सकता है,जबकि अन्य चार स्पर्धाओं की प्रविष्टियां अब 31 मार्च तक ईमेल के माध्यम से आयोग को भेजी जा सकती हैं।
   उन्होंने बताया कि गीत, वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिता में तीन वर्ग-संस्थागत, पेशेवर और शौकिया वर्ग होंगे। संस्थागत वर्ग में सभी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। पेशेवर वर्ग में गीत-संगीत,वीडियो मेकिंग और पोस्टर मेकिंग में कार्य कर रहे प्रोफेशनल्स या कलाकार भाग ले सकते हैं,जबकि शौकिया वर्ग में ऐसे आम लोगों को रखा गया है जोकि गीत, वीडियो और पोस्टर मेकिंग का शौक रखते हैं। गीत, वीडियो और पोस्टर किसी भी भारतीय भाषा में बनाए जा सकते हैं। गीत 3 मिनट से अधिक और वीडियो एक मिनट से अधिक नहीं होने चाहिए।
   संस्थागत वर्ग की गीत प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय 50 हजार, तृतीय 30 हजार और विशेष पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये की राशि रखी गई है। इसी प्रकार पेशेवर और शौकिया वर्ग में भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। नारा लेखन और प्रश्नोत्तरी के विजेताओं के लिए भी नकद पुरस्कार रखे गए हैं। उक्त प्रतियोगिताओं से संबंधित जानकारी भारत निवाज़्चन आयोग की वेबसाइट ईसीआई स्वीप डॉट एनआईसी डॉट इन पर उपलब्ध करवाई गई है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए सीधे इस वेबसाइट पर पंजीकरण करवाया जा सकता है। जबकि,अन्य प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां 31 मार्च तक ईमेेल आईडी वोटर-कंटेस्ट एट रेट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पर भेजी जा सकती हैं।

शिमला शहर में ठोस अपशिष्ट के परिवहन के लिए 15 वाहनों को हरी झण्डी


शिमला , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  शिमला शहर के ठोस अपशिष्ट के परिवहन के लिए शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत खरीदे गए 15 वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
     इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से कचरे को निष्पादन क्षेत्र तक ले जाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला को 34 वाहनों में से 15 वाहन प्राप्त हो गए हैं और शीघ्र ही शेष वाहन भी मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि कचरे के कुशल प्रबन्धन और ट्रैकिंग के लिए इन वाहनों में जीपीएस की सुविधा भी है।
 उन्होंने कहा कि यह वाहन 5.44 करोड़ रुपये की लागत से खरीदें गए हैं। इन वाहनों को नगर निगम शिमला के विभिन्न वार्डों में तैनात किया जाएगा।उन्होंने  कहा कि कचरा संग्रहण वाहनों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में एकत्रित किया जाएगा। प्रत्येक वाहन में एक अलग से संग्रहण टैंक भी लगाया गया है।
 इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक सुरेन्द्र शौरी, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौण्डल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षदगण, नगर निगम शिमला के आयुक्त आशीष कोहली भी उपस्थित थे।
 

समाज में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी ,ठाकुर


शिमला , 23( 3आई न्यूज़)  मार्च हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि हमारे समाज में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी है और एक सशक्त और जीवंत समाज के निर्माण में महिलाएं महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 
     श्री ठाकुर ने कल  ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह मनस्वी को संबोधित करते हुए   कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने इस संक्रमण के प्रसार को रोकने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और 53 लाख मास्क तैयार कर निःशुल्क लोगों को वितरित किए गए।
    उन्होंने कहा कि पंचायती राज मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और यह सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिला कल्याण और सशक्तिकरण के लिए समर्पित सभी योजनाओं का विवरण प्रदान करती हुई एक अलग जेंडर बजट स्टेटमेंट प्रस्तुत की गई।  
     मुख्यमंत्री ने आईटी प्रमुख वर्षा ठाकुर द्वारा प्रकाशित पत्रिका तेजस्वनी का विमोचन भी किया।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
 
  
  
 

हिमाचल सरकार वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति सचेत ,ठाकुर

 

शिमला , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़)   हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति सचेत हैं जिसके लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। 

     श्री ठाकुर ने कल  राज्य वन्यप्राणी बोर्ड की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संबद्ध विभागों में समन्वय सुनिश्चित कर सभी विकासात्मक परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी परियोजनाओं की भी योजना बनाई जानी चाहिए जिन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि मेगा वाइल्ड लाइफ प्रोजेक्टस तैयार करने का भी प्रयास किया जाना चाहिए, जिन्हें केंद्रीय वित्त पोषण के लिए भेजा किया जा सके।
     उन्होंने  कहा कि वन्य जीवों का संरक्षण महत्त्वपूर्ण है, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वन्यप्राणी क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न मामलों के विकास कार्य बाधित न हों। उन्होंने अधिकारियों को थुनाग-पजूत-लंबासफर-चिलमगढ़-शिकारीदेवी से प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दुर्लभ हिमालयी प्रजातियों के पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाए जाने पर भी बल दिया।
    बैठक में मैसर्स प्रीमियर अल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कांगड़ा जिले के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में ग्रेन बेसड डिस्टिलरी और सह-उत्पादन बिजली संयंत्र के विस्तार के मामले को राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित संस्तुत करने का भी निर्णय लिया गया।
    बोर्ड ने रकछम-छितकुल वन्यप्राणी अभयारण्य के भीतर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा नगासति में हेलीपैड के निर्माण के लिए 0.0375 हेक्टेयर वन भूमि के डाइवर्जन  और  इसे राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित करने की मंजूरी दी ।

 


 

Sunday, March 20

5000 नौकरी का नोटिफिकेशन 25 दिनों के भीतर जारी कर देंगे - भगवंत मान

   नौकरी के लिए किसी की सिफारिश न करें, इससे योग्य लोगों का हक छीनता है - भगवंत मान

चंडीगढ़   , 20मार्च (3आई न्यूज़ )   पंजाब में आम आदमी पार्टी(आप) सरकार की कैबिनेट विस्तार के बाद रविवार को आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं पार्टी के पंजाब में सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने पंजाब के अपने सभी विधायकों के साथ मीटिंग की। 

      श्री केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग में शामिल हुए और विधायकों को संबोधित कर पार्टी के उद्देश्य व काम करने के तौर-तरीके बताए। आप विधायकों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि चार राज्यों में चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने जनता का काम करना तो दूर, अभी तक अपने नए मुख्यमंत्री भी नहीं बना पायी है। हमारे भगवंत मान साहब मुख्यमंत्री भी बन गए और लोगों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले भी किए हैं। मान साहब ने पिछले तीन दिनों में पंजाब की जनता के लिए जबर्दस्त काम किया है। अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में ही पंजाब के युवाओं के लिए 25000 सरकारी नौकरी की घोषणा की है, इससे लोगों में अच्छाई की उम्मीद जगी है। 
      उन्होंने कहा सभी विधायकों और मंत्रियों को बधाई नहीं, शुभकामनाएं दे रहा हूं, ताकि वे पूरी लगन-मेहनत से जनता की सेवा कर सके और उनकी उम्मीदों पर खड़ा उतर सकें। मंत्रिमंडल विस्तार में कई वरिष्ठ विधायकों के मंत्री नहीं बनने पर केजरीवाल ने कहा कि जो भी विधायक मंत्री नहीं बन पाए हैं वे अपने आपको कम न समझें। वे सब मेरे लिए खास हैं। पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी के 92  हीरे को जीताकर विधानसभा भेजा है। पद के लालच में न पड़ें। अपने क्षेत्र की जनता के लिए इतना अच्छा काम करें कि जनता खुद आपको प्यार और प्रतिष्ठा दे। 
     

श्री केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सभी विधायकों-मंत्रियों को एक टीम की तरह काम करना है। मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों को काम का टारगेट देंगे। सभी को उसे पूरा करना होगा। अगर कोई मंत्री बार-बार अपने टारगेट पूरा करने में नाकाम रहता है, तो वे बदले जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि सभी विधायक चंडीगढ़ में रहने के बजाए अपने हलके के आप कार्यकर्ताओं-नेताओं के साथ पिंडों और मोहल्लों में जाएं। लोगों की समस्याएं सुने और उनका काम करें। मैं बड़े भाई के रुप में आपके साथ खड़ा हूं और हमेशा गाईड करता रहूंगा।   सभी विधायकों-मंत्रियों को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि हमारे लिए सबसे ज्यादा जरूरी चीज है ईमानदारी से काम करना। मैं सब कुछ बर्दाश्त कर लूंगा, लेकिन जनता के पैसे की चोरी और बेईमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करुंगा। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमें ऐतिहासिक बहुमत काम करने के लिए दिया है, पैसा कमाने के लिए नहीं। कांग्रेस-अकाली नेताओं की चोरी और भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने हमें चुना है। हमें ऐसा काम करना है कि लोग हमेशा हमें चुने। ऐसा बिल्कुल नहीं करना है जिससे जनता परेशान हो। 

   केजरीवाल ने विधायकों से पुलिस-पदाधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि लोगों का काम करवाने के लिए डीसी दफ्तर जरूर जाएं, लेकिन ट्रांसफर-पोस्टिंग के काम के लिए नहीं। अगर किसी ने भी ऐसा किया तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई अधिकारी काम नहीं करता है, या आपकी बात नहीं सुनता है तो उसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दें। मुख्यमंत्री उसपर कार्रवाई करेंगे या ट्रांसफर करेंगे। पिछली सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिग के माध्यम से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था। हमें उसे खत्म कर सिस्टम को सही बनाना है। अगर कोई विधायक-मंत्री ने अपना टारगेट पूरा नहीं किया तो उसे पूरा करने के लिए और मौका देंगे, लेकिन अगर भ्रष्टाचार किया तो कोई मौका नहीं देंगे।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने हमें जो प्रचंड बहुमत दिया है उसका उपयोग हमें लोगों की भलाई के लिए करना है। हमें लोगों ने काम करने के लिए चुना है। पंजाब के लोग कांग्रेस-अकाली-भाजपा के भ्रष्टाचार और माफिया शासन से तंग आ चुके थे। इसीलिए रिवाईती पार्टियों के बड़े-बड़े दिग्गजों को लोगों ने हरा दिया और हमारे साधारण उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताया। हमें इस जीत के मायने समझ कर लोगों के लिए काम करना है और पंजाब को तरक्की के रास्ते पर ले जाना है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें अपने दुख-दर्द दूर करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया है और हरे रंग की कलम सौंपी है। हमने पहले दिन ही उस हरे रंग की कलम का इस्तेमाल बेरोजगार नौजवानों की तकलीफ दूर करने के लिए किया है। आगे भी इस कलम का इस्तेमाल लोगों की रोजी-रोटी और सुख-सुविधा के लिए करेंगे। अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में जो 25000 सरकारी नौकरी की घोषणा हमने की है, उसका नोटिफिकेशन 25 दिनों के भीतर जारी कर देंगे। मान ने सभी विधायकों से अपील करते हुए कहा कि नौकरी के लिए किसी की भी गलत सिफारिश न करें, इससे योग्य नौजवानों का हक छीनता है। हो सकता है ऐसे हजारों योग्य लोग होंगे जिनकी पहुंच आप तक नहीं हो, लेकिन वे नौकरी की योग्यता रखते हों। इसलिए सही के लिए सिफारिश करें, गलत के लिए नहीं। हमारी सरकार लोगों का हक दिलाने के लिए बनी है, हक छीनने के लिए नहीं। 

   श्री मान  ने विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली में आप विधायकों के काम का सर्वे कराया जाता है। जिन विधायकों की सर्वे रिपोर्ट निगेटिव आती है, उन सबकी टिकट काट दी जाती है। 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐसे 22 विधायकों की टिकट काट दी गई। पंजाब के विधायकों के काम का भी सर्वे कराए जाएंगे। इसलिए सभी विधायक अपने हलके में एक स्थायी कार्यालय खोलें और वहां मौजूद रहें। लोगों की समस्याएं सुनें और समय पर उसका समाधान करने की कोशिश करें। मिलने के लिए जो समय लोगों को दें, हर हाल में उस समय पर वहां मौजूद रहें। खुद के समय की कीमत समझें और लोगों के समय की भी कद्र करें। अगर अगली बार अपनी सीट पक्की करनी है तो लोगों के काम पक्के करने होंगे। हमेशा क्षेत्र में रहना होगा और लोगों की समस्याएं सुननी होंगी। 

  

काँगड़ा :- खिलाडी खेल भावना को बनाये रखते हुए अपना सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करें-राज्यपाल

 


 
शिमला,20मार्च(3आई न्यूज़ )   हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे खेल भावना को बनाये रखते हुए अपना सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

    राज्यपाल आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय के समीप डीवाईएसएस स्टेडियम में आयोजित की जा रही अखिल भारतीय अन्तर-विश्वविद्यालय महिला नेटबॉल प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
    इस अवसर पर श्री  आर्लेकर ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने खेलों के विकास में अपना सराहनीय योगदान दिया है। पहले हम खेलों में केवल भाग लेने की सोचते थे, लेकिन आज जीत की सोच के साथ आगे आते हैं और यह एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि यह भावना खिलाड़ियों में हमेशा रहनी चाहिए।उन्होंने कहा कि साथ चलना अच्छी शुरुआत है और मिल कर कार्य करने से सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का वातावरण मुझे घर का एहसास करवाता है और यहां के लोगों का आतिथ्य-सत्कार सभी को प्रभावित करता है।

इससे पहले, राज्यपाल ने देश भर से आईं 43 विश्वविद्यालयों की 600 से अधिक खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।

     इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी बंसल ने राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की घोषणा करने के लिए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य एवं खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय मूल्य आधारित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में प्रमुख भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा हमारा आदर्श युवाओं में कौशल को प्रोत्साहन देते हुए इसे और निखारना है। उन्होंने नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के लिए राज्यपाल का आभार भी व्यक्त किया।


 

सिलाई अध्यापिकाओं की सेवाओं को नियमित करने के लिए गठित होगी समितिः मुख्यमंत्री


शिमला  , 20मार्च (3आई न्यूज़)   हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि सिलाई अध्यापिकाओं का पदनाम पुनः नामित करने और उनकी सेवाओं को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के संबंध में एक समिति का गठन किया जाएगा।
     श्री ठाकुर  ने आज शिमला के ओक ओवर में  सिलाई अध्यापिकाओं के एक प्रतिनिधिमंडल को सम्बोधित किया । सिलाई अध्यापिकाओं का यह प्रतिनिधिमंडल भारतीय मंजदूर संघ के अध्यक्ष मदन राणा की अध्यक्षता में सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में प्रतिमाह 900 रुपये की बढ़ौतरी किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार करने पहुंचा था । मुख्यमंत्री ने कहा कि  राज्य सरकार कर्मचारियों, सहित विभिन्न विभागों के पैरा वर्कर्ज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि पंचायत सचिवों की 20 प्रतिशत सीटें सिलाई अध्यापिकाओं से भरी जाएं और इसकी अधिसूचना शीघ्र जारी की जाएगी।
     उन्होंने  कहा कि सरकार हर स्तर पर महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल, शगुन योजना आदि इस दिशा में शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में पहली बार जेंडर बजटिंग घटक प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर और मिड-डे मील वर्कर के मानदेय में वृद्धि की गई है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिमाह 900 रुपये की वृद्धि के साथ सिलाई अध्यापिकाओं को अब 7950 रुपये प्रतिमाह मानदेय के रूप में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में कुल 1650 रुपये बढ़ौतरी की गई है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी में 50 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ीदारों को अब प्रतिमाह 1500 रुपये अधिक मिलेंगे।

जोगिन्दरनगर: स्यूरी गाँव में एक कार खाई में गिरी , एक युवक की मौत , पांच घायल

 मंडी , 20मार्च (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश में  मंडी जिला के जोगिन्दरनगर के पास स्यूरी गाँव में कल देर रात एक कार के  खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई  जबकि तीन अन्य  घायल हो गए।
  मृतक की पहचान  मुल्थान उपमंडल (काँगड़ा )के मयोट गाँव  के  लक्की के रूप  में हुयी है ।
   प्राप्त  जानकारी के ये हादसा उस समय हुआ जब एक कार में मयोट गाँव के छह युवक घूमने आये हुए थे वापसी में कार बेकाबू होकर खायी में गिर गयी ।घायलों को जोगिन्दरनगर अस्पताल ले जाया गया ,जहाँ लक्की की मौत हो गयी ।
    पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।