Thursday, December 16

ठाकुर ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा अर्चना की

ऊना, 16दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऊना जिला के माता चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा अर्चना की और राज्य की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
 उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी।
 चिंतपूर्णी में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकारों ने राज्य की वित्तीय स्थिति को पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दिया, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकारों के वित्तीय अव्यवस्था के कारण सरकार को ऋण लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही चिंतपूर्णी में एक मंदिर अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
 ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक बलबीर सिंह और राजेश ठाकुर, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, पूर्व विधायक नवीन धीमान, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
 इससे पूर्व, मुख्यमंत्री का गोंदपुर बनेहड़ा हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मंडी में जाली अकाउंट बनाकर महिलाओं को अश्लील मैसेजने वाला गिरफ्तार

मंडी. 16दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश की मंडी जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर जाली अकाउंट बनाकर महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजने वाले मजनू को गिरफ्तार किया है। 
मंडी पुलिस अधीक्षक विवेक चैहल ने इसकी पुष्टि की है।
आरोपी की पहचान तरनतारन के राजवीर सिंह ( 21) के रूप में हुई है।
  मंडी पुलिस ने आरोपी को जाल बिछाकर आज गिरफ्तार किया। मंडी की एक महिला नेआरोपी के खिलाफ  जब अश्लील मैसेजने की सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। 
पुलिस ने पीडिता के माध्यम से युवक को मंडी बुलाया। जैसे ही वह मंडी पहुंचा तो पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। 

 



Wednesday, December 15

हिमाचल सदन नई दिल्ली और हिमाचल भवन चंडीगढ़ में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ खोले गए

शिमला, 15 दिसंबर (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए नई दिल्ली, चंडीगढ़ और निकटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले प्रदेशवासियों के लिए हिमाचल सदन, नई दिल्ली और हिमाचल भवन चंडीगढ़ में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ (सीएम विंडो) खोले गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि शिकायत दर्ज करने के लिए हिमाचल सदन नई दिल्ली में स्थापित शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में दूरभाष नम्बर 011-21610380 और हिमाचल भवन चंडीगढ़, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में दूरभाष नम्बर 0172-2637504 के माध्यम से सम्पर्क किया जा सकता है। इन शिकायत निवारण प्रकोष्ठों में शिकायत अथवा सुझाव देने के लिए ड्राॅप बाॅक्स भी लगाए गए हैं।
 उन्होंने बताया कि हिमाचल के लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान एवं सुझावों पर समय सीमा के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
 

ठाकुर ने ग्रुप कैप्टन वरुण गांधी के निधन पर शोक व्यक्त किया

शिमला,  15 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शौर्य चक्र से सम्मानित  ग्रुप कैप्टन वरुण गांधी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 
  गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना का तमिलनाडु के कुन्नूर में  हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था , जिसमें   चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ  बिपिन रावत सहित  उनकी पत्नी मधुलिका सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी ,जबकि वरुण गांधी गंभीर रूप से घायल हो गये थे और बंगलौर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जहां पर आज उनका निधन हो गया। 
     श्री ठाकुर ने अपने शोक संदेश में कहा कि  वरूण गांधी ने पूरी निष्ठा और वीरता से देश की सेवा की है ,जिसे भुलाया नहीं जा सकता। 
   उन्होने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की प्रार्थना की। 

कांगडा का खरड में लापता युवक घर पहुंचा, परिजन ढूंढने खरड पहुंचे



 मोहाली /कांगडा, 15 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  कांगडा जिला के  सकोट गांव का लापता युवक कल रात वापस अपने गांव पहुंच गया। 
    गौरतलब है कि प्रवीण कुमार उर्फ छोटू(33)  अपने गांव  की  एक बारात  में खरड़(मोहाली) में  एल आईसी कालोनी पहुंचा था और रविवार यहीं पर रह गया था। छोटू मानसिक रुप से सशक्त नहीं है ,उसके परिजन सोमवार को उसे तलाशने खरड पहुंचे थे। खरड  में पुलिस थाना  में गुमशुदा होने की रिपोर्ट लिखाई और खरड के आसपास उसे  तलाश किया, लेकिन कल रात छोटू किसी  तरह घर पहुंच गया। 
   छोटू ने परिजनों को बताया कि  उसके पास पैसे नहीं थे, पर वह एक बस में बैठ गया, पर जब कंडक्टर ने टिकट के  लिए पूछा तो वह  जबाव नहीं दे पाया और रास्ते में उतर गया, कहां यह उसको भी पता नहीं। उसके बाद वह रात किसी मंदिर में रुक गया। अगले दिन एक ट्रक वालों से बातचीत हुई जो कि हिमाचली थे,उन्होने छोटू को खाना खिलाया और ऊना पहुंचाया और  कुछ पैसे दिए। फिर वह किसी तरह घर पहुंचा।
   परिजनों ने छोटू की मदद करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

ठाकुर ने काशी विश्वनाथ मंदिर में शीश नवाया और वाराणसी में पूजा-अर्चना की।

शिमला, 15 दिसंबर(3 आईन्यूज)  हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल काशी विश्वनाथ मंदिर में शीश नवाया और वाराणसी में पूजा-अर्चना की।
 मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मंदिर परिसर का अवलोकन किया और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों से बातचीत की।
 उन्होंने भगवान काल भैरव मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
 

ठाकुर ने वाराणसी में मुख्यमंत्रियों के काॅन्क्लेव में भाग लिया

शिमला,  15 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल वाराणसी में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के काॅन्क्लेव में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काॅन्क्लेव की अध्यक्षता की। उन्होंने राज्यों द्वारा केन्द्र प्रायोजित विभिन्न प्रमुख कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की।
     श्री ठाकुर ने शून्य बजट प्राकृतिक खेती पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और राज्य सरकार किसानों की आय को कई गुणा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों जैसे गोमूत्र, गोबर और अन्य स्थानीय उर्वरकों का प्रयोग कर उगाए गए कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है।
   उन्होने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य प्राकृतिक खेती की श्रेष्ठ पद्धति को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ प्रयास कर रहा है और किसानों को इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। राज्य में वर्ष 2018 में सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए 153643 किसानों को प्रशिक्षित किया गया है और वर्तमान में 9192 हेक्टेयर भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही है।
 उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की आय में 63.6 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। फसल विविधिकरण को बढ़ावा मिला है क्योंकि किसान कम से कम नौ फसलें एक साथ उगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शून्य बजट प्राकृतिक खेती करने से उत्पादन और किसानों की आय में भी में वृद्धि हुई है।
 जय राम ठाकुर ने राज्य में केन्द्र व राज्य की योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की उन्नति व जनकल्याण के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।
 काॅन्क्लेव में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया।
 

Tuesday, December 14

मंडी में एक व्यक्ति का शव नाले से बरामद

मंडी.14दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला  के  बखलाड़ गांव में  पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। 
    मृतक की पहचान  के पदम सिंह(45) के रूप में की गई है। मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने घटना  की पुष्टि की है। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार पदम सिंह शिक्षा विभाग में क्लर्क था। वह पिछले दिन कहीं गया हुआ था और घर नहीं लौटा था। स्थानीय लोगों ने सुबह पदम का शव गांव के नाले के पास देखा। 
   घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।  मृतक के चेहरे पर चोट के गंभीर घाव थे।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामले की 
जांच शुरु कर दी है। 



Monday, December 13

चंडीगढ़ की हरनाज संधू बनी मिस यूनिवर्स 2021

चंडीगढ़, 13 दिसंबर(3 आईन्यूज)मिस यूनिवर्स 2021 प्रतियोगिता में 80 देशों को हराकर भारत की हरनाज संधू (21)ने मिस यूनिवर्स  का ताज जीत लिया है।
 चंडीगढ़ की मॉडल और ऐक्टर हरनाज संधू ने  70वें मिस यूनिवर्स  प्रतियोगिता में 80 देशों की सुंदरियों को हराकर ब्रह्मांड सुंदरी होने का गौरव हासिल किया है।
    गौरतलब है कि  सुष्मिता सेन (1994)और लारा दत्ता(2000) के बाद मिस यूनिवर्स बनने वाली 
हरनाज संधू तीसरी भारतीय है।
  हरनाज संधू ने लोक प्रशासन में मास्टर्स कर रही हैं। इसके अलावा तैराकी, घुड़सवारी, एक्टिंग, डांस आदि में पारंगत हैं। हरनाज ने पंजाबी फिल्मों में अपना डेब्यू भी किया है और वो पहले ही दो पंजाबी फिल्मों पाऊ बारां’ और ‘बाई जी कुट्टंगे’ की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। 
   हरनाज ने सबसे पहले 2017 में मिस चंडीगढ़ का खिताब जीता । इसके बाद मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया का खिताब जीता। इन दो प्रतियोगिताओं में जीतने के बाद हरनाज़ ने 2019 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और वो बहुत मेहनत के साथ टॉप में पहुंची। 
     

Sunday, December 12

गुज्जर समुदाय के कल्याण के लिए कई योजनाएं की जा रहीं कार्यान्वितः ठाकुर

धर्मशाला, 12दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  पशुपालन विभाग को गुज्जर समुदाय को मवेशियों की बेहतर नस्ल और नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक उपलब्ध करने के निर्देश दिए
 हैं। 
   श्री ठाकुर  ने आज धर्मशाला में गुज्जर कल्याण बोर्ड की 21वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार गुज्जर समुदाय के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।
 उन्होने  कहा कि मुख्य रूप से पशुपालन और दुग्ध उत्पादन व्यवसाय से जुड़े होने के कारण गुज्जर समुदाय को नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि उनकी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने पशुपालन विभाग को गुज्जर समुदाय को बेहतर नस्ल के मवेशी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि वे अपने पशुओं से बेहतर आय प्राप्त कर सकें।
   श्री ठाकुर ने गुज्जर समुदाय के सदस्यों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में समुदाय को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में तत्काल कदम उठाने के भी निर्देश दिए ताकि इस समुदाय के बच्चे आधुनिक शिक्षा से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि इस समुदाय के बच्चों को शिक्षा देना जरूरी है ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2003 में जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे, तब राज्य सरकार ने गुज्जर समुदाय को जनजातीय दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि इसके द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि गुज्जर समुदाय को विकास और प्रगति के लिए पर्याप्त अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से ही जनजातीय क्षेत्र के लोगों की स्थिति अन्य सभी राज्यों से बेहतर है।
 

प्रदेश सरकार गद्दी समुदाय के कल्याण के लिए कृतसंकल्पः जय राम ठाकुर

धर्मशाला, 12 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला में प्रदेश गद्दी कल्याण बोर्ड की 18वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कि पुलिस  विभाग को गद्दी समुदाय की भेड़ों और बकरियों की चोरी रोकने तथा अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।        श्री ठाकुर ने कहा  कि राज्य पुलिस ने इस विषय पर मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी जारी की है, जिसके अनुसार समुदाय के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी तय की गई है।
उन्होंने कहा कि गद्दी कल्याण बोर्ड में गद्दी समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र से गद्दी समुदाय के सदस्यों को मनोनीत किया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण परिवेश से सम्बन्ध रखते हैं और भेड़पालकों की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उनका गद्दी समुदाय से विशेष लगाव है और उन्हें भी इस समुदाय का विशेष प्रेम और सम्मान मिला है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और महामारी के कारण गद्दी समुदाय को उनकी भेड़ तथा बकरियों के नुकसान का मुआवजा अविलम्ब मुहैया करवाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गद्दी समुदाय की भेड़ और बकरियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि उनके झुंड को विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैठक में उठाए गए जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थान खोलने और स्तरोन्नत करने सम्बन्धी मुद्दों की अलग से निगरानी करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके द्वारा जारी किए गए चराई परमिट किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित न किये जाएं। इस प्रकार के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
 
जय राम ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कारण ही वर्ष 2003 में गद्दी समुदाय को यह विशेष जनजातीय का दर्जा दिया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी गद्दी समुदाय को पहले की तरह जनजातीय का दर्जा मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 के बाद पंजाब से विलय होने वाले क्षेत्रों के गद्दी समुदाय को जनजातीय का दर्जा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्र के लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग में पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्रदान करने पर विचार करेगी ताकि अनुसूचित जनजाति की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि गैर-जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय लोगों के लिए बजट का पर्याप्त प्रावधान करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
 उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा गैर-जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय लोगों के विकास के लिए पिछले तीन वर्षों के दौरान 46 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त करने में सफलता मिली है। पिछली सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान केवल 33 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प और हथकरघा निगम को 2.40 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। उन्होंने गद्दी समुदाय का विकास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को योजनाएं बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग गद्दी समुदाय को नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक उपलब्ध करवाकर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करें।
 इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री डाॅ. राम लाल मारकंडा ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण बोर्ड की बैठक लंबे समय से लम्बित थी।
 

मुंडी खरड में कांगडा से बारात में आया युवक लापता

 मोहाली /कांगडा, 12 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  कांगडा जिला से मुंडी खरड़ एल आईसी कालोनी मोहाली में आई बारात में एक बाराती लापता हो गया है।
    ज्ञातव है कि कांगडा जिला के सकोट से एक बारात एल आईसी  कालोनी मुंडी खरड निज्जर चौक  मोहाली  में  आई थी,  बारात में  एक युवक प्रवीण कुमार उर्फ छोटू  लापता हो गया।  छोटू मानसिक रुप से कमजोर है। युवक जब शादी में गया था तो यही कपडे पहने हुए थे जो फोटो में पहने हैं।  
   किसी को भी अगर इसके बारे में कोई जानकारी मिले तो इस नंबर पर सूचित करें। 
9816252079,

मंडी में कार खाई में गिरी,दो की मौत

  मंडी, 12 दिसंबर (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में  आज एक कार के  खाई में गिरने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
    पुलिस के अनुसार मंडी जिला के कोटली उपमंडल के लागधार पंचायत में बारात की धुंध होने के कारण खाई में गिर गई,जिसमें दूल्हे के नाना की मौत हो गई। 
   घायलों को उपचार के लिए मंडी अस्पताल में  भर्ती कराया गया है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है।