Friday, December 17

दो कारों की टक्कर में चार लोगों की मौत

मोहाली, 17 दिसंबर (3आईन्यूज) पंजाब में  मोहाली के डेराबस्सी थाने के गांव जनेतपुर के पास डेराबस्सी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल रात एक कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही कार से जा टकराई जिसमें एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि  तीन अन्य घायल हो गये। 
    दुर्घटना में हरजीत कौर धामी (56), पुत्रवधू शरनजीत कौर धामी (33) और  अजैब सिंह 4 माह और गौरव पानीपत (हरियाणा) की मौत हो गई।घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
 प्राप्त  जानकारी के घायल दविंदर सिंह धामी ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार सहित फरीदाबाद से मोहाली लौट रहा था रास्ते में  चंडीगढ़ की ओर से आ रही कार डिवाइडर तोडक़र उनकी कार से टकराई ।
 डेराबस्सी पुलिस ने दुर्घटना स्थल से फरार  कार चालक हितीक भल्ला पानीपत  के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।
      
      

Thursday, December 16

ठाकुर ने प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया

शिमला,16 दिसंबर (3आईन्यूज)   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के सरदार पटेल सभागार, अमूल, आन्नद में प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी शिमला से इस सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। 
 प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर किसानों का आहवान किया कि वे अपनी कृषि पैदावार को बढ़ाने तथा अपनी आय को दोगुना करने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाएं। उन्होंने कहा कि यद्यपि देश की हरितक्रान्ति में उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका को नकारा नहीं जा सकता, परन्तु कीटनाशकों तथा आयातीत उर्वरकों से स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान एवं बढ़ती लागत के लिए यह अनिर्वाय है कि किसान कोई वैकल्पिक तकनीक अपनाए।
 इसके उपरान्त, पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत से मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में अपने पहले ही बजट में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना आरम्भ की तथा इस योजना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गत लगभग चार वर्षों में प्रदेश में लगभग  1.54 लाख किसान परिवारों ने 9200 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती को अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इस योजना के तहत 1.50 लाख किसानों को जोड़कर 12000 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती की आधार भारतीय नस्ल की गाय की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 25000 तक तथा पांच हजार रुपये यातायात शुल्क के तौर पर दे रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के अन्तर्गत विगत साढ़े तीन वर्षों में लगभग 46.18 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।  
 

मुख्यमंत्री ने सीसीटीएनएस के कार्यान्वयन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुलिस महानिदेशक और उनकी टीम को बधाई दी

शिमला, 16 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (सीसीटीएनएस) के कार्यान्वयन में देश के पहाड़ी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और उनकी टीम को बधाई दी है। राष्ट्रीय अपराध रिकाॅर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी), नई दिल्ली में आज आॅनलाइन प्लेटफाॅर्म के माध्यम से गुड प्रेक्टिसिज इन क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) और इंटरआॅपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) विषय पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन में सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सीसीटीएनएस के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश पुलिस के शानदार प्रदर्शन से इस तकनीक का दैनिक कार्यों में और अधिक कुशलता से प्रयोग करने के लिए पुलिस का मनोबल बढ़ेगा।  
 यह पहाड़ी राज्यों के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है और दस पहाड़ी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए हिमाचल प्रदेश को लगातार दूसरे वर्ष इस उपलब्धि से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार को तय करने के लिए हार्डवेयर/साॅफ्टवेयर परिनियोजन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, डेटा माइग्रेशन, क्षमता निर्माण जैसे 22 अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए गए हैं।
 

राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया

शिमला,  16 दिसंबर(3  आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर आज राजभवन शिमला से वर्चुअल माध्यम से गुजरात के सरदार पटेल सभागार, अमूल, आनंद में आयोजित राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काॅन्क्लेव को संबोधित किया।
 इस अवसर पर प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को राजभवन में आमंत्रित किया गया था। इन किसानों ने भी राज्यपाल के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती वाला राज्य बनने की दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने परामर्श दिया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाएंगे और अमृत महोत्सव के अवसर पर हम हर पंचायत के कम से कम एक गांव को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करेंगे।
 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कई बार हिमाचल प्रदेश का उल्लेख किया है क्योंकि प्राकृतिक खेती की शुरुआत सबसे पहले हिमाचल से हुई थी, इसलिए प्राकृतिक खेती को अपनाने में सफलता प्राप्त करने के लिए हमें दृढ़ प्रयास करने चाहिए ताकि वर्ष 2022 तक हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक खेती अपनाने वाले राज्य के रूप में जाना जाए।
 राज्यपाल ने किसानों से भी बातचीत की और किसानों ने प्राकृतिक खेती के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
 इससे पूर्व राज्यपाल के सचिव प्रियतु मंडल ने किसानों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।
 परियोजना निदेशक, सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती राकेश कंवर ने राज्यपाल का स्वागत किया और हिमाचल प्रदेश में कृषि पद्धति की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत करवाया और उन्हें इस दिशा में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी।
 

ठाकुर ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा अर्चना की

ऊना, 16दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऊना जिला के माता चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा अर्चना की और राज्य की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
 उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी।
 चिंतपूर्णी में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकारों ने राज्य की वित्तीय स्थिति को पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दिया, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकारों के वित्तीय अव्यवस्था के कारण सरकार को ऋण लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही चिंतपूर्णी में एक मंदिर अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
 ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक बलबीर सिंह और राजेश ठाकुर, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, पूर्व विधायक नवीन धीमान, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
 इससे पूर्व, मुख्यमंत्री का गोंदपुर बनेहड़ा हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मंडी में जाली अकाउंट बनाकर महिलाओं को अश्लील मैसेजने वाला गिरफ्तार

मंडी. 16दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश की मंडी जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर जाली अकाउंट बनाकर महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजने वाले मजनू को गिरफ्तार किया है। 
मंडी पुलिस अधीक्षक विवेक चैहल ने इसकी पुष्टि की है।
आरोपी की पहचान तरनतारन के राजवीर सिंह ( 21) के रूप में हुई है।
  मंडी पुलिस ने आरोपी को जाल बिछाकर आज गिरफ्तार किया। मंडी की एक महिला नेआरोपी के खिलाफ  जब अश्लील मैसेजने की सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। 
पुलिस ने पीडिता के माध्यम से युवक को मंडी बुलाया। जैसे ही वह मंडी पहुंचा तो पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। 

 



Wednesday, December 15

हिमाचल सदन नई दिल्ली और हिमाचल भवन चंडीगढ़ में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ खोले गए

शिमला, 15 दिसंबर (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए नई दिल्ली, चंडीगढ़ और निकटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले प्रदेशवासियों के लिए हिमाचल सदन, नई दिल्ली और हिमाचल भवन चंडीगढ़ में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ (सीएम विंडो) खोले गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि शिकायत दर्ज करने के लिए हिमाचल सदन नई दिल्ली में स्थापित शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में दूरभाष नम्बर 011-21610380 और हिमाचल भवन चंडीगढ़, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में दूरभाष नम्बर 0172-2637504 के माध्यम से सम्पर्क किया जा सकता है। इन शिकायत निवारण प्रकोष्ठों में शिकायत अथवा सुझाव देने के लिए ड्राॅप बाॅक्स भी लगाए गए हैं।
 उन्होंने बताया कि हिमाचल के लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान एवं सुझावों पर समय सीमा के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
 

ठाकुर ने ग्रुप कैप्टन वरुण गांधी के निधन पर शोक व्यक्त किया

शिमला,  15 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शौर्य चक्र से सम्मानित  ग्रुप कैप्टन वरुण गांधी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 
  गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना का तमिलनाडु के कुन्नूर में  हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था , जिसमें   चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ  बिपिन रावत सहित  उनकी पत्नी मधुलिका सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी ,जबकि वरुण गांधी गंभीर रूप से घायल हो गये थे और बंगलौर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जहां पर आज उनका निधन हो गया। 
     श्री ठाकुर ने अपने शोक संदेश में कहा कि  वरूण गांधी ने पूरी निष्ठा और वीरता से देश की सेवा की है ,जिसे भुलाया नहीं जा सकता। 
   उन्होने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की प्रार्थना की। 

कांगडा का खरड में लापता युवक घर पहुंचा, परिजन ढूंढने खरड पहुंचे



 मोहाली /कांगडा, 15 दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  कांगडा जिला के  सकोट गांव का लापता युवक कल रात वापस अपने गांव पहुंच गया। 
    गौरतलब है कि प्रवीण कुमार उर्फ छोटू(33)  अपने गांव  की  एक बारात  में खरड़(मोहाली) में  एल आईसी कालोनी पहुंचा था और रविवार यहीं पर रह गया था। छोटू मानसिक रुप से सशक्त नहीं है ,उसके परिजन सोमवार को उसे तलाशने खरड पहुंचे थे। खरड  में पुलिस थाना  में गुमशुदा होने की रिपोर्ट लिखाई और खरड के आसपास उसे  तलाश किया, लेकिन कल रात छोटू किसी  तरह घर पहुंच गया। 
   छोटू ने परिजनों को बताया कि  उसके पास पैसे नहीं थे, पर वह एक बस में बैठ गया, पर जब कंडक्टर ने टिकट के  लिए पूछा तो वह  जबाव नहीं दे पाया और रास्ते में उतर गया, कहां यह उसको भी पता नहीं। उसके बाद वह रात किसी मंदिर में रुक गया। अगले दिन एक ट्रक वालों से बातचीत हुई जो कि हिमाचली थे,उन्होने छोटू को खाना खिलाया और ऊना पहुंचाया और  कुछ पैसे दिए। फिर वह किसी तरह घर पहुंचा।
   परिजनों ने छोटू की मदद करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

ठाकुर ने काशी विश्वनाथ मंदिर में शीश नवाया और वाराणसी में पूजा-अर्चना की।

शिमला, 15 दिसंबर(3 आईन्यूज)  हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल काशी विश्वनाथ मंदिर में शीश नवाया और वाराणसी में पूजा-अर्चना की।
 मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मंदिर परिसर का अवलोकन किया और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों से बातचीत की।
 उन्होंने भगवान काल भैरव मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
 

ठाकुर ने वाराणसी में मुख्यमंत्रियों के काॅन्क्लेव में भाग लिया

शिमला,  15 दिसंबर (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल वाराणसी में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के काॅन्क्लेव में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काॅन्क्लेव की अध्यक्षता की। उन्होंने राज्यों द्वारा केन्द्र प्रायोजित विभिन्न प्रमुख कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की।
     श्री ठाकुर ने शून्य बजट प्राकृतिक खेती पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और राज्य सरकार किसानों की आय को कई गुणा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों जैसे गोमूत्र, गोबर और अन्य स्थानीय उर्वरकों का प्रयोग कर उगाए गए कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है।
   उन्होने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य प्राकृतिक खेती की श्रेष्ठ पद्धति को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ प्रयास कर रहा है और किसानों को इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। राज्य में वर्ष 2018 में सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए 153643 किसानों को प्रशिक्षित किया गया है और वर्तमान में 9192 हेक्टेयर भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही है।
 उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की आय में 63.6 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। फसल विविधिकरण को बढ़ावा मिला है क्योंकि किसान कम से कम नौ फसलें एक साथ उगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शून्य बजट प्राकृतिक खेती करने से उत्पादन और किसानों की आय में भी में वृद्धि हुई है।
 जय राम ठाकुर ने राज्य में केन्द्र व राज्य की योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की उन्नति व जनकल्याण के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।
 काॅन्क्लेव में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया।
 

Tuesday, December 14

मंडी में एक व्यक्ति का शव नाले से बरामद

मंडी.14दिसंबर(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला  के  बखलाड़ गांव में  पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। 
    मृतक की पहचान  के पदम सिंह(45) के रूप में की गई है। मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने घटना  की पुष्टि की है। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार पदम सिंह शिक्षा विभाग में क्लर्क था। वह पिछले दिन कहीं गया हुआ था और घर नहीं लौटा था। स्थानीय लोगों ने सुबह पदम का शव गांव के नाले के पास देखा। 
   घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।  मृतक के चेहरे पर चोट के गंभीर घाव थे।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामले की 
जांच शुरु कर दी है। 



Monday, December 13

चंडीगढ़ की हरनाज संधू बनी मिस यूनिवर्स 2021

चंडीगढ़, 13 दिसंबर(3 आईन्यूज)मिस यूनिवर्स 2021 प्रतियोगिता में 80 देशों को हराकर भारत की हरनाज संधू (21)ने मिस यूनिवर्स  का ताज जीत लिया है।
 चंडीगढ़ की मॉडल और ऐक्टर हरनाज संधू ने  70वें मिस यूनिवर्स  प्रतियोगिता में 80 देशों की सुंदरियों को हराकर ब्रह्मांड सुंदरी होने का गौरव हासिल किया है।
    गौरतलब है कि  सुष्मिता सेन (1994)और लारा दत्ता(2000) के बाद मिस यूनिवर्स बनने वाली 
हरनाज संधू तीसरी भारतीय है।
  हरनाज संधू ने लोक प्रशासन में मास्टर्स कर रही हैं। इसके अलावा तैराकी, घुड़सवारी, एक्टिंग, डांस आदि में पारंगत हैं। हरनाज ने पंजाबी फिल्मों में अपना डेब्यू भी किया है और वो पहले ही दो पंजाबी फिल्मों पाऊ बारां’ और ‘बाई जी कुट्टंगे’ की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। 
   हरनाज ने सबसे पहले 2017 में मिस चंडीगढ़ का खिताब जीता । इसके बाद मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया का खिताब जीता। इन दो प्रतियोगिताओं में जीतने के बाद हरनाज़ ने 2019 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और वो बहुत मेहनत के साथ टॉप में पहुंची।