Wednesday, January 26

ठियोग में कार खाई में गिरी, दो युवकों की मौत

ठियोग में कार खाई में गिरी, दो युवकों की मौत 
शिमला ,26 जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में शिमला जिला के ठियोग के कराना में गौरी नाला के पास कल देर रात एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो  युवकों की मौत हो गई। 
ठियोग पुलिस उपाध्यक्ष लखबीर सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। 
     मृतकों की पहचान गवास गांव के हिमांशु( 28 ) और मनीष (25) के रूप में की गई है।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tuesday, January 25

पालमपुर में अवैध शराब की नौ हजार पेटियां बरामद, हमीरपुर में बार का लाईसेंस रद्द

 

 शिमला , 25जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के राज्य कर व आबकारी विभाग द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने वालों के विरुद्ध उपयुक्त कार्रवाई की जा रही है। विभाग के अधिकारियों द्वारा अलग-अलग दल गठित कर शराब की खुदरा बिक्री दुकानों व थोक बिक्री के गोदामों का निरीक्षण किया जा रहा है। यह कार्रवाई राज्य के सभी जिलों में जारी है।

   आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी यूनुस ने बताया कि दिनांक 24 व 25 जनवरी को जिला कांगड़ा की पालमपुर तहसील के राजपुर टांडा में अंग्रेजी शराब के थोक विक्रेता एल-1 के गोदाम का निरीक्षण किया गया, जिसमें लाइसेंसी द्वारा लाइसेंस में वर्णित शर्तों के अनुरूप रिकाॅर्ड नहीं रखा जा रहा था। निरीक्षण के दौरान अंग्रेजी शराब के स्टाॅक में अंतर पाया गया है। विभाग द्वारा इस संबंध में लाईसेंसी के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।

 इसके अतिरिक्त राजपुर टांडा में ही देसी शराब के थोक गोदाम एल-13 का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें लगभग 7000 पेटियां अधिक पाई गई। ये पेटियां जोगिंदरनगर स्थित बाॅटलिंग प्लांट में निर्मित की गई थी। इस गोदाम को भी विभाग द्वारा सील कर उक्त लाइसेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

 उन्होंने कहा कि विभागीय दल द्वारा राजपुर टांडा में ही एक देसी शराब का अवैध गोदाम पकड़ा है। इसमें 1656 पेटी प्योर संतरा है, जो जोगिंदरनगर स्थित बाॅटलिंग प्लांट में निर्मित है। विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में आबकारी अधिनियम की धारा 39 के अंतर्गत एफ.आई.आर दर्ज की गई है। इन दोनों मामलों में बिना एक्साइज ड्यूटी के भुगतान वाली देसी शराब पकड़ी गई है। 

 यूनुस ने बताया कि 21 जनवरी, 2022 को हमीरपुर पुलिस द्वारा हमीरपुर के जिस होटल के कमरे से अवैध शराब वी.आर.वी फूल्स की 8 पेटियां पकड़ी गई थी, विभागीय अधिकारियों द्वारा आज उस होटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाइसेंसी द्वारा लाइसेंस में वर्णित शर्तों के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा होटल के बार में रखी विभिन्न ब्रांड की शराब का निरीक्षण किया और लाईसेंस के साथ मिलान किया। इसमें पाया गया कि बार में विभिन्न अंग्रेजी शराब के ब्रांड की 16 बोतलें नोट फाॅर सेल इन हिमाचल हंै। इसके अतिरिक्त 2000 मिलीलीटर की तीन बोतलें अलग-अलग ब्रांड की भी मिली हैं। विभाग द्वारा बार को सील कर लाइसेंस का भी निलंबन कर दिया गया है।

 उन्होंने कहा कि टीम द्वारा जिला कांगड़ा के पालमपुर तहसील की खुदरा शराब की दुकानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। मंडी के जोगिंदरनगर स्थित गलु में बाॅटलिंग प्लांट का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इसमें दोषी अधिकारी के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई है।

 


ठाकुर ने कर्मचारियों को 31 प्रतिशत डीए और 60 यूनिट तक मुफ्त बिजली की घोषणा की

 सोलन,25 जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 52वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में पूरे उत्साह व उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, भारतीय रिजर्व बटालियन जंगलबैरी, गृह रक्षक, एनसीसी बालिका की टुकड़ियों की सलामी ली।
     परेड का नेतृत्व प्रोबेशनर उप-पुलिस अधीक्षक प्रणव चैहान ने किया।
 इस अवसर पर प्रदेशवासियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने हाल ही में राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए नया वेतनमान लागू किया है जिससे 2.25 लाख कर्मचारियों को 6000 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ श्रेणियों के नए वेतनमान में विसंगतियांे को लेकर मामला उठाया गया है। उन्होंने घोषणा की कि कर्मचारियों को पहले दिए गए दो विकल्पों के अतिरिक्त तीसरा विकल्प भी दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के पेंशनरों को पंजाब वेतनमान के अनुसार नए वेतनमान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश सरकार के 1.75 लाख पेंशनधारकों को 2000 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ प्रदान होगा। उन्होंने प्रदेश के कर्मचारियों को केन्द्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर 31 प्रतिशत मंहगांई भत्ता देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के कर्मचारियों को 500 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ होगा।
    मुख्यमंत्री ने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और पेंशन का लाभ लेने के लिए वार्षिक आय सीमा को मौजूदा 35000 रुपये से बढ़ाकर 50000 रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उच्च वेतनमान के लिए पात्र सभी कांस्टेबलों को तुरन्त प्रभाव से उच्च वेतनमान का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2015 के बाद नियुक्त कांस्टेबल अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों की तर्ज पर उच्च वेतनमान के लिए पात्र होंगे।
    मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रतिमाह 60 यूनिट विद्युत खपत पर प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं से कोई विद्युत शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे उनकी विद्युत खपत प्रति यूनिट शून्य मानी जाएगी। इसके अतिरिक्त 125 यूनिट विद्युत खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं से प्रति यूनिट एक रुपया विद्युत शुल्क लिया जाएगा। इससे 11 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। सरकार यह राहत प्रदान करने के लिए 60 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय वहन करेगी। उन्होंने प्रदेश के किसानों को राहत प्रदान करने के लिए विद्युत शुल्क 50 पैसे से घटाकर 30 पैसे प्रति यूनिट करने की घोषणा की। यह लाभ अप्रैल, 2022 से प्रदान किया जाएगा।
   उन्होने इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयन्ती वर्ष पर आयोजित कार्यक्रमों के समापन समारोह के रूप में भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखने के लिए हिमाचल निर्माता और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डा. वाई.एस. परमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की सरहदों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
   

Monday, January 24

हिमाचल में सजा काट रहे बन्दियों को अच्छे आचरण पर 26 जनवरी को विशेष मुआफी की घोषणा

   शिमला, 24जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी  गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य के विभिन्न कारागारों में सजा काट रहे बन्दियों को उनके अच्छे आचरण एवं व्यवहार पर विशेष मुआफी की घोषणा की है, जिसके तहत विशेष मुआफी 7 दिन से लेकर 45 दिन तक दी गई है।

  यह जानकारी देते हुए आज यहां प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि सरकार द्वारा दी गई मुआफी से राज्य के विभिन्न कारागारों के 345 बन्दी लाभान्वित होंगे, जिनमें से 2 बन्दी सजा पूरी होने पर 26 जनवरी, 2022 को तत्काल रिहा हो जाएंगे।

 

ठाकुर ने मंडयाली लुड्डी तुड़का गीत जारी किया

मंडयाली लुड्डी तुड़का गीत जारी 
 शिमला, 23जनवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  आज राजपूत सुरेश ठाकुर द्वारा गाया गया पारंपरिक गीत मंडयाली लुड्डी तुड़का, जारी किया।
    श्री ठाकुर ने गायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पारंपरिक गीत प्रदेश और विशेष तौर पर मंडी जिला की प्राचीन परंपराओं को पुनः प्रचलित करने में अपनी भूमिका निभाएगा।
  इस गीत को नवीन नेगी और राजेश गंधर्व ने संगीतबद्ध किया है।
 

ठाकुर ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित श्रिया लोहिया को बधाई दी

ठाकुर ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित श्रिया लोहिया को बधाई दी
शिमला ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी जिला के सुन्दरनगर के महादेव क्षेत्र की  श्रिया लोहिया (13)को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी है। 
   उन्हें खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए यह पुरस्कार दिया गया  है।
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर वर्चुअल माध्यम से ब्लाॅक चेन तकनीक का उपयोग करते हुए यह पुरस्कार उन्हें प्रदान किया और पुरस्कार की राशि विजेता के बैंक खाते में प्रेषित की गई है। पुरस्कार के रूप में उन्हें एक लाख रुपये की राशि और प्रमाण पत्र दिया गया।
 श्रिया एक व्यवसायिक युवा कार्टिंग धावक हैं और राष्ट्रीय कार्टिंग चैंपियनशिप सहित विदेशों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं।
 


 

कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने अलसाहन से किया संपर्क से समर्थन यात्रा का शुभारंभ

कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने अलसाहन से किया संपर्क से समर्थन यात्रा का शुभारंभ
ऊना ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने रविवार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भ्यांम्बी स्थित भीमाकाली मदिर में पूजा अर्चना करके और गुग्गा जाहर वीर मंदिर, अलसाहन में माथा टेक कर संपर्क से समर्थन यात्रा का शुभारंभ किया। 
    इस दौरान उन्होंने लगभग 4.13 करोड़ से अप्पर थाना से कुट, चराड़ा, भ्यांम्बी, हरिजन बस्ती अलसाहन तक निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग और अलसाहन में 15 लाख से बनने वाली पंचवटी वाटिका का भूमिपूजन भी किया। अलसाहन से शुरु हुई यात्रा का आज पिपलू मे ठहराव हुआ।
     इस मौके पर अलसाहन में जनसभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि संपर्क से समर्थन यात्रा का मुख्य उद्देश्य कुटलैहड़ विधानसभा क्षत्र में गत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। उन्हांेने बताया कि विगत चार वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र मे विभिन्न विकास परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन से कुटलैहड़ विस विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ वासियों की सुविधा के लिए बंगाणा में फायर स्टेशन व उपरोजगार कार्यालय का शुभारंभ किया गया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिपलु व बुधान में विज्ञान की कक्षाएं और बंगाणा काॅलेज में एमए इंग्लिश व हिन्दी और एमकाॅम की कक्षाएं आरंभ होने से विद्यार्थियों को काफी लाभ हुआ है। इसके अलावा कोठी गैहरा में 50 करोड़ रूपये से अटल आदर्श विद्यालय बनाया जा रहा है।
    वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि बंगाणा में 19.52 करोड़ से मिनी सचिवालय और 10 करोड़ सेे बीडीओ कार्यालय के निर्माणाधीन भवनों का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सिविल अस्पताल बंगाणा व सीएचसी थानाकलां को अपग्रेड कर 50 बेड का किया गया है। सीएचसी थानाकलां को 24 घंटे क्रियाशील किया गया है। हेल्थ सब सेंटर हरोट तथा डीहर में स्वीकृत किए गए हैं। पीएचसी चमायड़ी शुरू हो गई जबकि पीएचसी थानाकलां में 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को जल जीवन मिशन के तहत 50 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं जबकि 15 करोड़ रुपए की लागत से कोहडरा-तूतडू पेयजल योजना का निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है, जिससे पानी की समस्या समाप्त होगी। इसके अलावा 11 करोड़ की लागत से रामगढ़धार पेयजल योजना पूर्ण होने की ओर अग्रसर है और क्षेत्र में वर्षा जल संग्रहण के लिए दो परियोजनाएं स्वीकृत की गई है। समूर व सनाहल में 16.38 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले डैम का कार्य शुरू किया जा चुका है। इसके अलावा डीहर, चरोली, चंबोआ व धनेत में सिंचाई योजना के लिए 5.38 करोड़ रूपए की योजना पर भी कार्य शुरू हो चुका है।


 

हिमाचल में 31 जनवरी तक शिक्षण संस्थान बंद

हिमाचल में 31 जनवरी तक शिक्षण संस्थान बंद
शिमला ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में  सभी शिक्षण संस्थानों को 31 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय किया गया है। 
  यह जानकारी आज यहां राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्‍ठ की ओर से जारी अधिसूचना में दी गई है।
  इस दौरान शिक्षण संस्थानों में आनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। 
गौरतलब है कि इससे पहले 26 जनवरी तक शिक्षण संस्थान  बंद करने के निर्देश जारी किए गए थे। 


 

सिरमौर में कार खाई में गिरी, पूर्व प्रधान की मौत

सिरमौर में कार खाई में गिरी, पूर्व प्रधान  की  मौत 
सिरमौर ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी टिपरा गांव के पास एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 
   मृतक की पहचान पंचायत पूर्व प्रधान वीर सिंह के रूप में की गई है। संगड़ाह उप पुलिस अधीक्षक शक्ति सिंह ने हादसे  की पुष्टि की है।जिला प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 20 हजार की फौरी राहत दी है। 
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

हमीरपुर की नैन्सी बनी प्रदेश की पहली महिला एंबुलेंस चालक

हमीरपुर की नैन्सी बनी प्रदेश की पहली महिला 
एंबुलेंस चालक  

कांगडा ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की लड़की प्रदेश की पहली महिला 
एंबुलेंस चालक बनी है। 
    कांगड़ा के एम्बुलेंस जिला प्रभारी इशान राणा ने कहा कि नैन्सी कटनौरिया(22) को  एंबुलेंस चालक की नियुक्ति की गई है। नैन्सी का भी सपना था की वो एक कुशल चालक बने। उन्होने नैन्सी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी  हैं। 


मुकेरियां:बारात की कार रेलिंग से टकराई,तीन मरे, एक गंभीर

मुकेरियां ,24जनवरी (3आईन्यूज) पंजाब के होशियार पुर  जिला में  जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर  जंदवाल कस्बे के पास कल एक कार के सड़क के किनारे रेलिंग से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार पठानकोट के पास नौशेरा गांव से एक बारात मुकेरियां के एक पैलेस में आई थी।
 वापसी में जंवाल के पास एक कार सड़क के किनारे लोहे की रेलिंग से टकरा गई,जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई एक गंभीर घायल हो गया जबकि कार चालक सकुशल है। घायल को मुकेरियां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मृतकों की पहचान राजविंदर सिंह (48)नवजोत सिंह (16)  और जशनप्रीत (17) के रूप में हुई है।
   पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Sunday, January 23

मोदी ने सामान्य सेवा केन्द्रों का दायरा बढ़ाने के लिए चम्बा जिला की सराहना की

 शिमला, 23जनवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने चम्बा जिले की सराहना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न आकांक्षी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ संवाद किया।
 प्रधानमंत्री ने इन जिलों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बातचीत की और उन्हें सभी हितधारकों के साथ मिलकर जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा मिशन मोड में योजनाओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
 प्रधानमंत्री ने जिले के लोगों की सुविधा के लिए सामान्य सेवा केन्द्रों का दायरा बढ़ाने में प्रदेश के चंबा जिले की उपलब्धि की भी सराहना की।
 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर वर्चुअल माध्यम से शिमला से बैठक में शामिल हुए।
 मुख्यमंत्री ने राज्य के चंबा जिले द्वारा सामान्य सेवा केन्द्रों के दायरे को लगभग 67 प्रतिशत से बढ़ाकर 97 प्रतिशत से अधिक करने की उपलब्धि की सराहना करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनवरी 2018 में देश के लिए आकांक्षी जिला कार्यक्रम की शुरुआत की थी और इस योजना के अन्तर्गत चंबा जिले का भी चयन किया गया था। नीति आयोग ने स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेश और कौशल विकास तथा बुनियादी अधोसंरचना जैसे समग्र मानकों के आधार पर कुल 112 आकांक्षी जिलों को चयन किया गया था, जिनका मानव विकास सूचकांक पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देेश्य अनिवार्य रूप से सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर हासिल करना है, जिससे राष्ट्र की प्रगति हो सके।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि इस कार्यक्रम के कार्यान्वित होने के उपरांत चंबा जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि मार्च, 2019 में जिले को स्वास्थ्य और पोषण में द्वितीय स्थान पर, नवम्बर, 2020 में बुनियादी अधोसंरचना में सर्वश्रेष्ठ जिलों में और अक्तूबर, 2021 में देश में द्वितीय स्थान पर आंका गया है। उन्होंने कहा कि इस रैंकिंग के आधार पर जिले को नीति आयोग द्वारा परियोजनाओं के रूप में 8 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है और जिले के लिए सीएसआर शीर्ष के तहत 25.04 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है।
 
 

Friday, January 21

कांगड़ा ऐप और अपना कांगड़ा हैम्पर का शुभारम्भ

  कांगडा, 21जनवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल धर्मशाला से अपना कांगड़ा ऐप और अपना कांगड़ा हैम्पर (स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद) का शुभारंभ किया है ।
   श्री ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा हैम्पर में कांगड़ा जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का संग्रह होगा, जबकि अपना कांगड़ा ऐप के माध्यम से पर्यटकों को कांगड़ा जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का पता लगाने में सहायता मिलेगी और उनके लिए यह एक अनूठा अनुभव होगा।
  मुख्यमंत्री ने धर्मशाला से कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में राधाकृष्ण गौ अभ्यारण्य का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
   उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने अपना कांगड़ा ऐप पर प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि जिले में तीन कांगड़ा हाट बन रहे हैं। अपना कांगड़ा का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना और पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह ऐप होटल, होमस्टे, परिवहन, पेट्रोल पंप, आपातकालीन सेवाओं जैसी सेवाएं भी प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि अपना कांगड़ा ऐप जहां पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी, वहीं ग्रामीण आबादी को सशक्त भी बनाएगी। यह कांगड़ा जिले के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेचने के लिए ई-मार्केटिंग प्लेटफार्म प्रदान करेगी।