Monday, February 7

एचपीएसईबी(धर्मशाला) ने मार्च में तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया

धर्मशाला,07 फरवरी(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एचपीएसईबी(धर्मशाला) ने मार्च माह में तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है।
एचपीएसईबी सचिव  डॉ. मधु चौधरी ने  यह जानकारी सांझा की।   डेटशीट के अनुसार तीसरी कक्षा की परीक्षाएं 10 से 19 मार्च तक,  पांचवीं कक्षा की परीक्षाएं 11 से  21 मार्च ,जबकि आठवीं कक्षा की परीक्षाएं बोर्ड नौ मार्च से लेकर 25 मार्च तक सुबह 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जायेगी। 
    
 

ऊना: बडूहा में एक बुजुर्ग की जहर देकर हत्या

ऊना: बडूहा में एक बुजुर्ग की जहर देकर हत्या  
ऊना, 07फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के  बंगाणा उपमंडल के अंतर्गत बडूहा गांव में एक बुजुर्ग को जहर देकर हत्या कर दी। 
मृतक की पहचान बालकृष्ण (65) के रूप में की गई है।   प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में मृतक की बहू ने कहा कि उनके ससुर शनिवार रात को खाना खाकर सोए गए थे और सुबह कमरे में गई तो ससुर उल्टियां कर रहे थे।इसी दौरान बालकृष्ण  ने कहा कि गांव के ही दो लोगों ने कमरे में घुसकर जबरदस्ती जहर खिला दिया है। बहू ने इस दौरान ससुर के  बयान वीडियो भी बना लिया। 
     ऊना एएसपी प्रवीण धीमान ने इस मामले की  पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

हमीरपुर की छात्रा ने नीट परीक्षा में 47वीं रैंक हासिल किया

हमीरपुर की  छात्रा ने नीट परीक्षा में 47वीं रैंक हासिल किया 
हमीरपुर, 07फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के गांव बुरनाड़ की बेटी ने नीट की परीक्षा में देशभर में 47वीं रैंक हासिल किया है। 
नाजिया (22) ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर चार फरवरी को एम्स बिलासपुर में एमबीबीएस में दाखिला लिया है।
नाजिया ने यह सफलता प्राप्त कर  प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर ढेर सारी शुभकामनाएं। 
 

देहरागोपीपुर के साद्धिक ने नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया

देहरागोपीपुर के साद्धिक ने  नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया
कांगडा,07 फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के  देहरागोपीपुर उपमंडल के दयाल गांव के साद्धिक ने  नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया है।
    साद्धिक ने 454वां रैंक हासिल कर डा०राजेद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में प्रवेश पाया है। अब वह वहां एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे।पहली बार नीट परीक्षा में असफल रहने के बावजूद उन्होने बिना कोचिंग के  दूसरी बार सफलता प्राप्त की।  

Sunday, February 6

धर्मशाला: राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला में शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की


धर्मशाला: राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला में शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की
कांगडा,06फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  
 राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित शहीद स्मारक में आज देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले 163 वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
     उन्होंने अमर जवान ज्योति प्रज्ज्वलित कर शहीदों का स्मरण किया। यह पहला मौका है जब प्रदेश के किसी राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला का दौरा किया।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि कहा जाता है। यहां आकर यह स्पष्ट हो जाता है कि हिमाचल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने शौर्य और वीरता का परिचय देते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि 1962 का चीन-भारत का युद्ध, 1965 में भारत-पाकिस्तान का युद्ध, 1971 का युद्ध और 1999 में कारगिल युद्ध में हिमाचल के वीर सैनिकों ने अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल प्रदेश के मेजर सोमनाथ के नाम है।
 उन्होंने कहा कि युद्ध स्मारक भावी पीढ़ी के लिए के प्रेरणा का केंद्र है। यहां देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले वीर जवानों की जानकारी उपलब्ध है, जिन्होंने हमारे सुनहरे भविष्य के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें यहां आने का मौका मिला। हमें अपने वीर शहीदों पर गर्व है। 
 राज्यपाल ने इस मौके पर हिमाचल प्रदेश वार मैमोरियल डवैलपमेंट सोसायटी, धर्मशाला के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया और उनसे विचार सांझा किए। सोसायटी के अध्यक्ष कर्नल डढवाल ने राज्यपाल को सोसायटी की गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्नेहो शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय की जानकारी दी।
 राज्यपाल ने युद्ध संग्रहालय का भी दौरा किया। युद्ध संग्रहालय में महाभारत काल से लेकर अब तक के युद्धों की जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं ताकि युवाओं को प्राचीन काल में युद्ध लड़ने के तौर-तरीकों तथा अब तक हुए युद्धों में बदलाव के बारे में जानकारी मिल सके। राज्यपाल ने यहां प्रदर्शित विक्टोरिया क्राॅस विजेताओं सहित परमवीर चक्र, अशोक चक्र विजेताओं के जीवन वृतांत की जानकारी ली।
 स्थानीय विधायक विशाल नेहरिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 इससे पूर्व, गगल हवाई अड्डा पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
 

#मंडी : ठाकुर ने माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले रोपवे की आधारशिला रखी

#मंडी : ठाकुर  ने माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले रोपवे की आधारशिला रखी
मंडी,06फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने  आज मंडी जिला में माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले 800 मीटर लम्बे बगलामुखी रोपवे की आधारशिला रखी।
    यह रोपवे राज्य का पहला रोपवे है, जिसका निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों को रोपवे से जोड़ने के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद नाबार्ड के वित्तपोषण से किया जा रहा है।
   
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाखली में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस रोपवे का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्ष के भीतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोपवे का निर्माण मै. डोपेलमायर इण्डिया प्राईवेट लिमिटेड और बेकम इंफ्रा लिमिटेड द्वारा एरियल ट्राम वे-तकनीक और इंजीनियरिंग के सीईएन मानकों और निर्माण आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोपवे के एक हिस्से का निर्माण द्रंग विधानसभा क्षेत्र और दूसरे हिस्से का निर्माण सिराज विधानसभा क्षेत्र में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी आधार पर रोपवे परियोजनाओं के लिए केन्द्र व राज्य सरकार में 90ः10 के अनुपात की लागत वहन करने के लिए उच्चतर वीजीएफ प्राप्त करने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाया गया है।
   उन्होने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्र को वित्तपोषण के लिए चार रोपवे भी नेशनल हाइवे लाॅजिस्टिक मेनेजमेंट लिमिटेड को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से चम्बा जिले के भरमौर से भरमाणी माता मन्दिर तक 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोपवे की डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कांगड़ा जिले में 605 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पालमपुर-थातरी-चैगान, जिला कुल्लू में 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बिजली महादेव और जिला सिरमौर के शिरगुल महादेव मन्दिर से चूड़धार तक रोपवे शामिल हैं।
 श्री ठाकुर ने कहा कि द्रंग क्षेत्र के कांग्रेस नेता विकास के मामले में द्रंग के लोगों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कौल सिंह को वर्तमान सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों के दौरान किए गए रिकाॅर्ड विकास कार्यों को लेकर भय हो गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बाखली में बनने वाले ईको पार्क के कार्य को आगामी माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 150 करोड़ रुपये लागत की शिवधाम परियोजना का पहले चरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जो पूरा होने पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा। उन्होंने कहा कि बाखली स्थित नेचर पार्क को दूसरे चरण में रोपवे से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई राहे नई मंजिले योजना के अन्तर्गत नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लारजी, पौंग डैम और कोल डैम को जलक्रीड़ा गंतव्य, बीड़ बिलिंग को साहसिक खेल गंतव्य और चांसल को शीतकालीन खेल गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार जिला मण्डी के जंजैहली क्षेत्र को ईको-पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मण्डी जिला के पण्डोह में इन्डस्ट्रियल इस्टेट पण्डोह प्रथम चरण का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि यहां लगभग 30-35 शैड बनाए जाएंगे, जिसमें मुख्य रूप से हथकरघा और फैशन डिजाइन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इन्डस्ट्रियल इस्टेट के दूसरे चरण के निर्माण के लिए साथ लगती 12 बीघा जमीन हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। 
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का औद्योगिक हब बनाने के लिए प्रयासरत है।
   मुख्यमंत्री ने बान्दल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सराची में आयुर्वेदिक औषधालय, बाखली में स्वास्थ्य उप-केन्द्र, तांदी में नया पटवार सर्कल, फंगैण में वन निरीक्षण कुटीर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामलीधार के नए भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी कोचरा को राजकीय माध्यमिक पाठशाला, राजकीय प्राथमिक पाठशाला काण्डीटिली को राजकीय माध्यमिक पाठशाला, राजकीय माध्यमिक पाठशला कलणी को राजकीय उच्च पाठशाला, समपूर और दारल में प्राथमिक पाठशाला खोलने, राजकीय प्राथमिक पाठशाला मझाण को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला बाखली में दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण करने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया, जिनका आज मुम्बई में निधन हो गया।

#शिमला: ठाकुर और राज्यपाल ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया

 राज्यपाल और ठाकुर ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया 
शिमला,06फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर भारत रत्न से सम्मानित सुर सम्राज्ञी  लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 
  आज यहां जारी एक शोक संदेश में  राज्यपाल ने  कहा कि लता मंगेशकर के निधन से संगीत जगत को हुई क्षति को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा लता मंगेशकर का सम्पूर्ण जीवन संगीत साधना में बीता है। उन्होंने कहा कि वह गोवा से सम्बन्ध रखती थीं, क्योंकि उनके पिता दिनानाथ मंगेशकर गोवा से समबन्ध रखते थे। उन्होंने कहा कि संगीत के क्षेत्र में लता मंगेशकर का योगदान अतुलनीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लता दीदी ने विभिन्न भाषाओं में गायन किया। उनके गायन से उनकी संगीत साधना और तपस्या सामने आई है।  
 उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि लता दीदी जी के निधन से संगीत का तारा टूट गया है। वह एक मधुर गायक और मृदुभाषी थी, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है।
 राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
    श्री ठाकुर ने अपने शोक संदेश में कहा कि 
इनका जाना कला जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। लता जी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की है। कला क्षेत्र में उनका अनुकरणीय योगदान, कला जगत से जुड़े समस्त कलाकारों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारजनों तथा उनके प्रशंसकों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
  गौरतलब है कि लता मंगेशकर का आज मुम्बई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। 
 

चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा :राहुल गांधी

चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा :राहुल गांधी 
लुधियाना, 06 फरवरी (3 आईन्यूज) पंजाब में आज कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने बर्चुयल रैली में प्रदेश में चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। 
    श्री गांधी ने आवाज पंजाब की  रैली में यह घोषणा की। उन्होने कहा कि जनता के हित के लिए श्री चन्नी मुख्यमंत्री के लिए बेहतर है। 

सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर का निधन

सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर का निधन
मुंबई, 06 फरवरी (3आईन्यूज)  भारत रत्न से सम्मानित सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर (92) का कोरोना से निधन हो गया।
   मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लता मंगेशकर का मुंबई के 
ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया।
  गौरतलब है कि 8 जनवरी को लता मंगेशकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 
  उनके निधन से संगीत के एक युग का अंत हो गया। उनके निधन से संगीत प्रेमियों सहित देश भर में शोक की लहर है। 
   महान सुर सम्राज्ञी  को विनम्र श्रद्धांजलि। 

 

कार की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत

कार की  चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत 
मुक्तसर ,06 फरवरी (3आईन्यूज) पंजाब में मुक्तसर -बठिंडा मार्ग पर संगुधौन गांव  के पास कल शाम एक तेज रफ्तार कार की  चपेट में आने से एक महिला सहित चार मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।         
   प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब संगुधौन गांव के मनरेगा मजदूर सड़क के किनारे घास साफ कर रहे थे ,तभी एक कार ने उन्हें रौंद दिया। 
 मृतकों की पहचान सिमरजीत कौर (42), वीरपाल कौर (35) महिंदरपाल कौर (52) और प्रीतम सिंह((65) के रूप में की गई है।
  पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिये है। 
 सदर थाना पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

Friday, February 4

ठाकुर ने अनुसूचित जाति परिवारों को सिलाई मशीन और उपकरणों की खरीद के लिए अनुदान राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की

धर्मशाला , 04फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज धर्मशाला में आयोजित प्रदेश अनुसूचति जाति कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुसूचित जाति से सम्बन्धित परिवारों को उपकरणों की खरीद पर अनुदान राशि 1300 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये और सिलाई मशीनों की खरीद के लिए अनुदान राशि 1800 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये करने की घोषणा की, ताकि इन समुदायों के लोगों को सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने संविधान निर्माता के सम्मान में प्रत्येक जिला में एक पुस्तकालय का नाम डाॅ. भीम राव अम्बेडकर पुस्तकालय करने की भी घोषणा की।
   श्री ठाकुर ने  कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग का उत्थान और उनका सामाजिक-आर्थिक विकास प्रदेश सरकार का मुख्य ध्येय रहा है और केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा इन वर्गों के लिए प्रारम्भ की गई कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्रदान करना राज्य सरकार की उच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मिले इसके लिए एक पारदर्शी तंत्र विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति परिवारों से बीपीएल के चयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
   उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अम्बेडकर भवनों का निर्माण किया जा रहा है। अभी तक 51 भवन निर्मित हो चुके हैं और शेष का निर्माण कार्य विभिन्न स्तरों पर पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर भवनों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए, क्योंकि यह भवन इस समुदाय के लिए बहुउपयोगी हैं। उन्होंने इन भवनों के प्रबन्धन के लिए स्थानीय स्तर पर तंत्र विकसित करने का भी सुझाव दिया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी क्षेत्र में अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं की समुचित सहभागिता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत बैकलाॅग पद भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान प्रारम्भ किया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समुदायों के प्रति अत्याचार के मामलों में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य अनुसूचित जाति निगम इन समुदायों के युवाओं को स्वरोजगार परियोजनाएं प्रारम्भ करने के लिए अनुदानित दरों पर ऋण उपलब्ध करवा रहा है।
   श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में हर सम्भव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृत्तसंकल्प है। इन गांवों में पेयजल, रास्तों के निर्माण और स्ट्रीट लाइट इत्यादि लगाने के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए निर्धारित वार्षिक आय की सीमा 35 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से कमजोर वर्गों के और अधिक परिवारों को इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सकेगा।
 उन्होने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण है कि समाज का प्रत्येक वर्ग भाईचारे की भावना से रहे क्योंकि इसी से समाज, प्रदेश और देश की उन्नति होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में किसी भी समुदाय के खिलाफ किसी भी प्रकार का भेदभाव सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रसार के फलस्वरूप भेदभाव के मामलों में दिन-प्रतिदिन कमी आ रही है। उन्होंने अधिकारियों को अनुसूचित जाति बहुल्य गांवों की विकासात्मक मांगों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
   जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में 60 यूनिट तक बिजली खपत पर शून्य बिजली बिल की घोषणा की है, जिससे अधिकतम लाभ अनुसूचित जाति समुदाय को हो रहा है।
 उन्होंने बहुमूल्य सुझावों के लिए बोर्ड के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
 सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के अनुसूचित जाति समुदाय के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनेक कल्याणकारी और विकासात्मक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में विभिन्न श्रेणियों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्रदान करने के लिए 929 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
 

पिंजौर में बोरी में एक व्यक्ति का शव बरामद

पिंजौर में बोरी में एक व्यक्ति का शव बरामद 
 पंचकूला,04 फरवरी(3 आईन्यूज) हरियाणा में पंचकूला  जिला में पिंजौर की रथपुर कालोनी के  पास पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। 
  प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस को खबर दी कि एक बोरी में पैर का अंगूठा निकला हुआ है। सूचना पाकर एसीपी मुकेश जाखड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। 
 मृतक की पहचान घुमारंवीं उपमंडल के गांव बलोह (हिमाचल प्रदेश) अभिनव चंदेल(32) के रूप में की गई है। वह बद्दी में फार्मा कंपनी में नौकरी करता था और वह 30 जनवरी से लापता था। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Thursday, February 3

हिमाचल सरकार ने वार्षिक बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए

हिमाचल  सरकार ने वार्षिक बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए
शिमला , 03फरवरी (3आईन्यूज  हिमाचल प्रदेश  सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए राज्य बजट तैयार करने की प्रक्रिया आरम्भ कर दी है। 
   बजट को और अधिक लोक केन्द्रित बनाने के उद्देश्य से इसमें समाज के विभिन्न हितधारकों की सहभागिता तथा विचारों का समावेश आवश्यक है। इसलिए सरकार ने आम जनता, उद्योगों, व्यापारिक तथा कृषक संगठनों से बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं।
    राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि बजट के लिए सुझाव 15 फरवरी, 2022 तक budgetidea.hp@gmail.com पर ई-मेल किए जा सकते हैं। इन्हें पत्र के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) के कार्यालय को भी भेजा जा सकता है।
    उन्होंने कहा कि बजट के लिए सुझाव राजस्व प्राप्ति में वृद्धि, व्यय नियंत्रण तथा अन्य सम्बद्ध मामलों पर दिए जा सकते हैं। इससे बजट निर्माण में पारदर्शिता, खुलापन, प्रतिक्रियात्मक तथा सहभागी दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलेगा।