Wednesday, March 23

शिमला शहर में ठोस अपशिष्ट के परिवहन के लिए 15 वाहनों को हरी झण्डी


शिमला , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  शिमला शहर के ठोस अपशिष्ट के परिवहन के लिए शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत खरीदे गए 15 वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
     इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से कचरे को निष्पादन क्षेत्र तक ले जाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला को 34 वाहनों में से 15 वाहन प्राप्त हो गए हैं और शीघ्र ही शेष वाहन भी मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि कचरे के कुशल प्रबन्धन और ट्रैकिंग के लिए इन वाहनों में जीपीएस की सुविधा भी है।
 उन्होंने कहा कि यह वाहन 5.44 करोड़ रुपये की लागत से खरीदें गए हैं। इन वाहनों को नगर निगम शिमला के विभिन्न वार्डों में तैनात किया जाएगा।उन्होंने  कहा कि कचरा संग्रहण वाहनों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में एकत्रित किया जाएगा। प्रत्येक वाहन में एक अलग से संग्रहण टैंक भी लगाया गया है।
 इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक सुरेन्द्र शौरी, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौण्डल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षदगण, नगर निगम शिमला के आयुक्त आशीष कोहली भी उपस्थित थे।
 

समाज में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी ,ठाकुर


शिमला , 23( 3आई न्यूज़)  मार्च हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि हमारे समाज में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी है और एक सशक्त और जीवंत समाज के निर्माण में महिलाएं महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 
     श्री ठाकुर ने कल  ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह मनस्वी को संबोधित करते हुए   कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने इस संक्रमण के प्रसार को रोकने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और 53 लाख मास्क तैयार कर निःशुल्क लोगों को वितरित किए गए।
    उन्होंने कहा कि पंचायती राज मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और यह सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिला कल्याण और सशक्तिकरण के लिए समर्पित सभी योजनाओं का विवरण प्रदान करती हुई एक अलग जेंडर बजट स्टेटमेंट प्रस्तुत की गई।  
     मुख्यमंत्री ने आईटी प्रमुख वर्षा ठाकुर द्वारा प्रकाशित पत्रिका तेजस्वनी का विमोचन भी किया।
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
 
  
  
 

हिमाचल सरकार वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति सचेत ,ठाकुर

 

शिमला , 23 मार्च ( 3आई न्यूज़)   हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति सचेत हैं जिसके लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। 

     श्री ठाकुर ने कल  राज्य वन्यप्राणी बोर्ड की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संबद्ध विभागों में समन्वय सुनिश्चित कर सभी विकासात्मक परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी परियोजनाओं की भी योजना बनाई जानी चाहिए जिन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि मेगा वाइल्ड लाइफ प्रोजेक्टस तैयार करने का भी प्रयास किया जाना चाहिए, जिन्हें केंद्रीय वित्त पोषण के लिए भेजा किया जा सके।
     उन्होंने  कहा कि वन्य जीवों का संरक्षण महत्त्वपूर्ण है, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वन्यप्राणी क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न मामलों के विकास कार्य बाधित न हों। उन्होंने अधिकारियों को थुनाग-पजूत-लंबासफर-चिलमगढ़-शिकारीदेवी से प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दुर्लभ हिमालयी प्रजातियों के पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाए जाने पर भी बल दिया।
    बैठक में मैसर्स प्रीमियर अल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कांगड़ा जिले के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में ग्रेन बेसड डिस्टिलरी और सह-उत्पादन बिजली संयंत्र के विस्तार के मामले को राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित संस्तुत करने का भी निर्णय लिया गया।
    बोर्ड ने रकछम-छितकुल वन्यप्राणी अभयारण्य के भीतर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा नगासति में हेलीपैड के निर्माण के लिए 0.0375 हेक्टेयर वन भूमि के डाइवर्जन  और  इसे राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित करने की मंजूरी दी ।

 


 

Sunday, March 20

5000 नौकरी का नोटिफिकेशन 25 दिनों के भीतर जारी कर देंगे - भगवंत मान

   नौकरी के लिए किसी की सिफारिश न करें, इससे योग्य लोगों का हक छीनता है - भगवंत मान

चंडीगढ़   , 20मार्च (3आई न्यूज़ )   पंजाब में आम आदमी पार्टी(आप) सरकार की कैबिनेट विस्तार के बाद रविवार को आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं पार्टी के पंजाब में सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने पंजाब के अपने सभी विधायकों के साथ मीटिंग की। 

      श्री केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग में शामिल हुए और विधायकों को संबोधित कर पार्टी के उद्देश्य व काम करने के तौर-तरीके बताए। आप विधायकों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि चार राज्यों में चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने जनता का काम करना तो दूर, अभी तक अपने नए मुख्यमंत्री भी नहीं बना पायी है। हमारे भगवंत मान साहब मुख्यमंत्री भी बन गए और लोगों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले भी किए हैं। मान साहब ने पिछले तीन दिनों में पंजाब की जनता के लिए जबर्दस्त काम किया है। अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में ही पंजाब के युवाओं के लिए 25000 सरकारी नौकरी की घोषणा की है, इससे लोगों में अच्छाई की उम्मीद जगी है। 
      उन्होंने कहा सभी विधायकों और मंत्रियों को बधाई नहीं, शुभकामनाएं दे रहा हूं, ताकि वे पूरी लगन-मेहनत से जनता की सेवा कर सके और उनकी उम्मीदों पर खड़ा उतर सकें। मंत्रिमंडल विस्तार में कई वरिष्ठ विधायकों के मंत्री नहीं बनने पर केजरीवाल ने कहा कि जो भी विधायक मंत्री नहीं बन पाए हैं वे अपने आपको कम न समझें। वे सब मेरे लिए खास हैं। पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी के 92  हीरे को जीताकर विधानसभा भेजा है। पद के लालच में न पड़ें। अपने क्षेत्र की जनता के लिए इतना अच्छा काम करें कि जनता खुद आपको प्यार और प्रतिष्ठा दे। 
     

श्री केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सभी विधायकों-मंत्रियों को एक टीम की तरह काम करना है। मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों को काम का टारगेट देंगे। सभी को उसे पूरा करना होगा। अगर कोई मंत्री बार-बार अपने टारगेट पूरा करने में नाकाम रहता है, तो वे बदले जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि सभी विधायक चंडीगढ़ में रहने के बजाए अपने हलके के आप कार्यकर्ताओं-नेताओं के साथ पिंडों और मोहल्लों में जाएं। लोगों की समस्याएं सुने और उनका काम करें। मैं बड़े भाई के रुप में आपके साथ खड़ा हूं और हमेशा गाईड करता रहूंगा।   सभी विधायकों-मंत्रियों को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि हमारे लिए सबसे ज्यादा जरूरी चीज है ईमानदारी से काम करना। मैं सब कुछ बर्दाश्त कर लूंगा, लेकिन जनता के पैसे की चोरी और बेईमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करुंगा। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमें ऐतिहासिक बहुमत काम करने के लिए दिया है, पैसा कमाने के लिए नहीं। कांग्रेस-अकाली नेताओं की चोरी और भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने हमें चुना है। हमें ऐसा काम करना है कि लोग हमेशा हमें चुने। ऐसा बिल्कुल नहीं करना है जिससे जनता परेशान हो। 

   केजरीवाल ने विधायकों से पुलिस-पदाधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि लोगों का काम करवाने के लिए डीसी दफ्तर जरूर जाएं, लेकिन ट्रांसफर-पोस्टिंग के काम के लिए नहीं। अगर किसी ने भी ऐसा किया तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई अधिकारी काम नहीं करता है, या आपकी बात नहीं सुनता है तो उसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दें। मुख्यमंत्री उसपर कार्रवाई करेंगे या ट्रांसफर करेंगे। पिछली सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिग के माध्यम से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था। हमें उसे खत्म कर सिस्टम को सही बनाना है। अगर कोई विधायक-मंत्री ने अपना टारगेट पूरा नहीं किया तो उसे पूरा करने के लिए और मौका देंगे, लेकिन अगर भ्रष्टाचार किया तो कोई मौका नहीं देंगे।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने हमें जो प्रचंड बहुमत दिया है उसका उपयोग हमें लोगों की भलाई के लिए करना है। हमें लोगों ने काम करने के लिए चुना है। पंजाब के लोग कांग्रेस-अकाली-भाजपा के भ्रष्टाचार और माफिया शासन से तंग आ चुके थे। इसीलिए रिवाईती पार्टियों के बड़े-बड़े दिग्गजों को लोगों ने हरा दिया और हमारे साधारण उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताया। हमें इस जीत के मायने समझ कर लोगों के लिए काम करना है और पंजाब को तरक्की के रास्ते पर ले जाना है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें अपने दुख-दर्द दूर करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया है और हरे रंग की कलम सौंपी है। हमने पहले दिन ही उस हरे रंग की कलम का इस्तेमाल बेरोजगार नौजवानों की तकलीफ दूर करने के लिए किया है। आगे भी इस कलम का इस्तेमाल लोगों की रोजी-रोटी और सुख-सुविधा के लिए करेंगे। अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में जो 25000 सरकारी नौकरी की घोषणा हमने की है, उसका नोटिफिकेशन 25 दिनों के भीतर जारी कर देंगे। मान ने सभी विधायकों से अपील करते हुए कहा कि नौकरी के लिए किसी की भी गलत सिफारिश न करें, इससे योग्य नौजवानों का हक छीनता है। हो सकता है ऐसे हजारों योग्य लोग होंगे जिनकी पहुंच आप तक नहीं हो, लेकिन वे नौकरी की योग्यता रखते हों। इसलिए सही के लिए सिफारिश करें, गलत के लिए नहीं। हमारी सरकार लोगों का हक दिलाने के लिए बनी है, हक छीनने के लिए नहीं। 

   श्री मान  ने विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली में आप विधायकों के काम का सर्वे कराया जाता है। जिन विधायकों की सर्वे रिपोर्ट निगेटिव आती है, उन सबकी टिकट काट दी जाती है। 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐसे 22 विधायकों की टिकट काट दी गई। पंजाब के विधायकों के काम का भी सर्वे कराए जाएंगे। इसलिए सभी विधायक अपने हलके में एक स्थायी कार्यालय खोलें और वहां मौजूद रहें। लोगों की समस्याएं सुनें और समय पर उसका समाधान करने की कोशिश करें। मिलने के लिए जो समय लोगों को दें, हर हाल में उस समय पर वहां मौजूद रहें। खुद के समय की कीमत समझें और लोगों के समय की भी कद्र करें। अगर अगली बार अपनी सीट पक्की करनी है तो लोगों के काम पक्के करने होंगे। हमेशा क्षेत्र में रहना होगा और लोगों की समस्याएं सुननी होंगी। 

  

काँगड़ा :- खिलाडी खेल भावना को बनाये रखते हुए अपना सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करें-राज्यपाल

 


 
शिमला,20मार्च(3आई न्यूज़ )   हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे खेल भावना को बनाये रखते हुए अपना सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

    राज्यपाल आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय के समीप डीवाईएसएस स्टेडियम में आयोजित की जा रही अखिल भारतीय अन्तर-विश्वविद्यालय महिला नेटबॉल प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
    इस अवसर पर श्री  आर्लेकर ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने खेलों के विकास में अपना सराहनीय योगदान दिया है। पहले हम खेलों में केवल भाग लेने की सोचते थे, लेकिन आज जीत की सोच के साथ आगे आते हैं और यह एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि यह भावना खिलाड़ियों में हमेशा रहनी चाहिए।उन्होंने कहा कि साथ चलना अच्छी शुरुआत है और मिल कर कार्य करने से सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का वातावरण मुझे घर का एहसास करवाता है और यहां के लोगों का आतिथ्य-सत्कार सभी को प्रभावित करता है।

इससे पहले, राज्यपाल ने देश भर से आईं 43 विश्वविद्यालयों की 600 से अधिक खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।

     इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी बंसल ने राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की घोषणा करने के लिए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य एवं खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय मूल्य आधारित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में प्रमुख भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा हमारा आदर्श युवाओं में कौशल को प्रोत्साहन देते हुए इसे और निखारना है। उन्होंने नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के लिए राज्यपाल का आभार भी व्यक्त किया।


 

सिलाई अध्यापिकाओं की सेवाओं को नियमित करने के लिए गठित होगी समितिः मुख्यमंत्री


शिमला  , 20मार्च (3आई न्यूज़)   हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि सिलाई अध्यापिकाओं का पदनाम पुनः नामित करने और उनकी सेवाओं को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के संबंध में एक समिति का गठन किया जाएगा।
     श्री ठाकुर  ने आज शिमला के ओक ओवर में  सिलाई अध्यापिकाओं के एक प्रतिनिधिमंडल को सम्बोधित किया । सिलाई अध्यापिकाओं का यह प्रतिनिधिमंडल भारतीय मंजदूर संघ के अध्यक्ष मदन राणा की अध्यक्षता में सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में प्रतिमाह 900 रुपये की बढ़ौतरी किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार करने पहुंचा था । मुख्यमंत्री ने कहा कि  राज्य सरकार कर्मचारियों, सहित विभिन्न विभागों के पैरा वर्कर्ज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि पंचायत सचिवों की 20 प्रतिशत सीटें सिलाई अध्यापिकाओं से भरी जाएं और इसकी अधिसूचना शीघ्र जारी की जाएगी।
     उन्होंने  कहा कि सरकार हर स्तर पर महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल, शगुन योजना आदि इस दिशा में शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में पहली बार जेंडर बजटिंग घटक प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर और मिड-डे मील वर्कर के मानदेय में वृद्धि की गई है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिमाह 900 रुपये की वृद्धि के साथ सिलाई अध्यापिकाओं को अब 7950 रुपये प्रतिमाह मानदेय के रूप में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में कुल 1650 रुपये बढ़ौतरी की गई है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी में 50 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ीदारों को अब प्रतिमाह 1500 रुपये अधिक मिलेंगे।

जोगिन्दरनगर: स्यूरी गाँव में एक कार खाई में गिरी , एक युवक की मौत , पांच घायल

 मंडी , 20मार्च (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश में  मंडी जिला के जोगिन्दरनगर के पास स्यूरी गाँव में कल देर रात एक कार के  खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई  जबकि तीन अन्य  घायल हो गए।
  मृतक की पहचान  मुल्थान उपमंडल (काँगड़ा )के मयोट गाँव  के  लक्की के रूप  में हुयी है ।
   प्राप्त  जानकारी के ये हादसा उस समय हुआ जब एक कार में मयोट गाँव के छह युवक घूमने आये हुए थे वापसी में कार बेकाबू होकर खायी में गिर गयी ।घायलों को जोगिन्दरनगर अस्पताल ले जाया गया ,जहाँ लक्की की मौत हो गयी ।
    पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।

Saturday, March 19

मंडी में एक व्यक्ति को ब्यास नदी में धक्का दिया,पत्थर मारकर की हत्या

मंडी, 19 मार्च (3आईन्यूज ) हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला के नगवाई में दो पक्षों की  लड़ाई में एक व्यक्ति की  नदी में धक्का देकर पत्थरों से  हमला कर हत्या कर दी। 
   मृतक की पहचान राजकुमार (50) के रूप में की गई है।    
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो गुटों में  झगड़ा इतना बढ़ कि राजकुमार जान बचाने  के लिए ब्यास नदी के किनारे पहुंचा तो पश उसका पीछा कर रहे एक व्यक्ति ने उसके सिर पर डंडा मारकर नदी में गिरा दिया। इसके बाद नदी किनारे खड़े दोनों तरफ़ से लोगों ने राजकुमार को पत्थर मारने शुरू कर दिए। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 
 मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने इस मामले में रामनगर के 9 लोगों को गिरफ्तार कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

ठाकुर ने हमीरपुर में सुजानपुर होली उत्सव के समापन समारोह की अध्यक्षता की


 


हमीरपुर, 19 मार्च (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल हमीरपुर  में राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर के समापन समारोह की अध्यक्षता की और शोभा यात्रा में भाग लिया।  
   इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने पगड़ी समारोह में भाग लिया तथा सुजानपुर स्थित मुरली मनोहर मन्दिर में पूजा अर्चना की।
     इसके बाद  मुख्यमंत्री ने मेला मैदान में विभिन्न विभागों, बोर्डों तथा निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का दौरा किया और गहरी रूची दिखाई।

 


इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने 2.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खेरी में गौ अभ्यारण्य का लोकार्पण किया।

 मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर  विभिन्न आयोजनों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया।

पंजाब सरकार के नये मंत्रिमंडल को राज्यपाल ने शपथ दिलाई



चंडीगढ़, 19 मार्च (3आईन्यूज़) पंजाब राजभवन में आज राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने आम आदमी पार्टी के दस विधायकों को मंत्री पद की   शपथ दिलायी ।  
 पंजाब के  मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने सभी विधायको के साथ समारोह में  मौजूद थे ।
    राज्यपाल  ने  हरपाल सिंह चीमा (दिड़बा, डॉ. बलजीत कौर मलेाट,  हरभजन सिंह ईटीओ जंडियाला , विजय सिंगला  मानसा , लालचंद कटारूचक्क भोआ , हरजोत सिंह बैंस आनंदपुर साहब, गुरमीत सिंह मीत हेयर , लालजीत सिंह भुल्लर पट्टी  ,कुलदीप सिंह धालीवाल  अजनाला और  ब्रह्म शंकर जिंपा होशियारपुर को  मंत्री पद की   शपथ दिलायी ।   


Friday, March 18

बाबा बड़वाग सिंह में गुब्बारों में हवा भरने वाले सिलेंडर फटा , एक मरा तीन घायल

ऊना, 18मार्च (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में  अंब उपमंडल  के अंतर्गत आज सुबह बाबा बड़वाग सिंह मेडी में गुब्बारों में हवा भरने वाले सिलेंडर के फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि एक  बालक सहित तीन अन्य  घायल हो गए ।
    मृतक की पहचान नेक राज ( 52 )  जलालाबाद (फाजिल्का ) के रूप में हुयी है ।
      प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडी साहब में आज होला मोहल्ला के नौवें दिन अचानक  गुब्बारों में हवा भरने वाले सिलेंडर फट गया ,जिसमें   नेक राज  की टांग अलग हो गई ,जबकि अमृतसर के गुरमीत सिंह (66 ) ,जगरूप सिंह (20)जिला गुरदासपुर को आखों और टांगों में चोटें आई हैं। हादसे में गुरदासपुर के ऐकम सिंह(5 )का चेहरा जल  गया। 
       सभी घायलों को अम्ब अस्पताल में ले जाया गया, जहां से नेक चंद  और गुरमीत सिंह को  गुरदासपुर भेजा गया है । जहाँ पर नेक चंद की मौत हो गयी । ऊना  एएसपी प्रवीण धीमान ने इसकी पुष्टि की है।
   पुलिस ने मामले की  जांच शुरू कर दी है। 

Thursday, March 17

पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा : भगवंत मान

पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा : भगवंत मान
 
चंडीगढ़, 17 मार्च(3आईन्यूज) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज कहा है कि प्रदेश में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा और दोषी पाये जाने पर कडी कारवाई की जाएगी। 
   श्री मान ने  आज एक ट्वीट में कहा था कि वह आज पंजाब की जनता के हित में आज एक बहुत बड़ा फ़ैसला लेगें । इसके बाद श्री मान ने एक वीडियो जारी कर कहा कि  प्रदेश में  अगर कोई अधिकारी रिश्वत की मांग करता है  तो उसका एक आडियो या वीडियो रिकार्ड कर उन्हें भेजें, जिसके लिए एक वाट्सअप नंबर शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस 23 मार्च को जारी किया जायेगा। 
   मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी यह नंबर उनके पास रहेगा। 

प्रदेश सरकार बेघरों को आश्रय देने, झुग्गी-झौंपड़ियों में रहने वालों के जीवनस्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध


 शिमला,17 मार्च (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जयराम  ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार बेघरों को आश्रय देने  और झुग्गी-झौंपड़ियों में रहने वाले लोगों के जीवनस्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
    श्री ठाकुर ने  आज यहां शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में झुग्गी वासियों के एक प्रतिनिधिमण्डल को सम्बोधित करते हुए कहा कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश स्लम ड्वेर्ल्ज़ (प्रोप्राइटी राइट्स) एक्ट, 2022 पारित किया है ताकि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले सम्मान सहित जीवनयापन कर सकें।
      उन्होने  कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए शुरू की गई योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिले। उन्होंने प्रदेश के लोगों से इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
     शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने झुग्गी बस्तियों ने रहने वाले लोगों को राहत प्रदान करने वाले इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।