Sunday, April 10

ठाकुर ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास सत्संग में भाग लिया

 कांगडा , 10 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के परौर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के आध्यात्मिक गुरू बाबा गुरिन्दर सिंह ढिल्लों के सत्संग में भाग लिया। 
    श्री ठाकुर ने  कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास आध्यात्म, समाज सेवा, मानवता, भाईचारे और ईमानदारी के प्रसार में सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने आध्यात्म को सदैव अपना प्रमुख मूल्य मानते हुए सहजता को बनाए रखा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान राधा स्वामी सत्संग ब्यास द्वारा परौर केंद्र को समर्पित कोविड केयर सेन्टर बनाने के कार्य में हर सम्भव सहायता प्रदान करने की सराहना की। 
   इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध चामुण्डा मन्दिर में पूजा-अर्चना की तथा कंजक पूजन और यज्ञ में भाग लिया।

Saturday, April 9

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं

 शिमला, 09 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राम नवमी के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
     आज यहां जारी अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व हम सभी को जीवन में अच्छाई के साथ निरन्तर आगे बढ़ने और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। 
    अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कामना की कि यह पर्व प्रदेश के लोगों के जीवन में प्रसन्नता, शांति एवं खुशहाली लाएगा। उन्होंने कहा कि हमें मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम के संदेशों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
 

Friday, April 8

लुधियाना में नकली ईडी बनकर लूट का भंडाफोड़ ,एक महिला सहित पांच गिरफतार

लुधियाना, 08 अप्रैल (3आईन्यूज़  ) पंजाब में लुधियाना के साहनेवाल में एक  दवाखाना चलाने वाले बाबा हरभजन सिंह  के  डेरे पर नकली  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारी बनकर छापा मारकर लूट के आठ  आरोपियों में से पंजाब पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार  किया है । 
  पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आज मीडिया को बताया कि  महिला अमनप्रीत सिंह जो बाबा हरभजन सिंह के दवाखाने में पर्ची बनाती थी और उसे निकल दिया दिया गया था । वह ही इस लूट की मुख्यारोपी थी ।उसके साथ पुलिस ने  कुलविंदर गोलू,  अमनदीप उर्फ अमना, गुरदीप उर्फ जस्सी और एक बर्खास्त पुलिस कांस्टेंबल नवजोत उर्फ ज्योति को गिरफतार किया है ।
  पुलिस ने आरोपियों से  55 हजार रुपये नकदी और दो कारें बरामद की हैं।
     गौरतलब है कि 8 मार्च की रात साहनेवाल  में  हरभजन सिंह के डेरे में आरोपी ईडी  अधिकारी बनकर आये थे।  

अम्ब में नाबालिका की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 ऊना, 08अप्रैल(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में  नाबालिका की  हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।           
   पुलिस ने आरोपी आसिफ मोहम्मद उर्फ हनी को गिरफ्तार किया है। वह अंब के ही वार्ड नंबर 3 में रहता है और अखबार बांटने का काम करता है और वह प्राची से एकतरफा प्यार करता था। 
  ऊना पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
   पुलिस ने  बताया कि  आरोपी  पांच अप्रैल दोपहर अंब उपमंडल के प्रतापनगर में प्राची (15)के घर पहुंचा जब उसके माता-पिता डयूटी पर थे। आरोपी ने प्राची को  प्रपोज किया जिस पर प्राची ने उसे लताड़ लगाई और कहा कि वह इसकी शिकायत करेगी।
इसी दौरान आरोपी ने प्राची की गला रेत  कर हत्या कर दी  और फरार हो गया। 
    आरोपी को आज जब अदालत ले जाया जा रहा था तब लोगों ने उसकी पिटाई करने की  कोशिश की। वहीं वकीलों की एसोसिएशन ने हत्यारे का केस लडने से मना किया है। 

बिलासपुर :- मझौन के पास कार और टिप्पर की टक्कर में भाई -बहन की मौत

बिलासपुर  .08अप्रैल(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिला के झंडूता थाना के अंतर्गत  मझौन  के पास आज दोपहर एक कार और टिप्पर की टक्कर में एक युवक और युवती की  मौत हो गयी ।
   प्राप्त जानकारी के अनुसार  बिलासपुर  के  बैरी से    ऋषभ चंदेल (21) और जागृति चंदेल (15)  भाई -बहन  कार से जा रहे थे रास्ते में टिपर  ने कार को टक्कर मार दी  । दोनों को गंभीर हालत में घुमारवीं अस्पताल ले जाया गया , जहाँ चिकित्सको  ने उन्हें मृत घोषित कर दिया  ।
  पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज़ कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है ।

Thursday, April 7

मंडी :- ठाकुर ने शारन में बहुद्देशीय भवन का किया लोकार्पण

 

मंडी .07अप्रैल(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शारन के रैंगलू में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के बहुद्देशीय भवन का लोकार्पण किया।   इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रैंगलू एक  सुंदर दर्शनीय स्थल है और यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुद्देशीय भवन पर्यटन की दृष्टि से इस स्थल को बढ़ावा देने में बहुत मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि हेलीपैड के समीप स्थित होने के कारण यह भवन पर्यटकों को अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
जय राम ठाकुर ने कहा कि बहुद्देशीय भवन के समीप वन विश्राम गृह भी निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस भवन को और अधिक मजबूत करने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय रैंगलू देवता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

हिमाचल की जनता केजरीवाल को एक मौका देने का मन बना चुकी है:सिसोदिया

नई दिल्ली .07अप्रैल(3आईन्यूज़ )दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि केजरीवाल मॉडल ऑफ़ गवर्नेन्स के बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल में अपने नाकाम मुख्यमंत्री को हटाकर चार महीने के लिए अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है ।
मनीष सिसोदिया ने आज ट्वीट कर कहा कि भाजपा चाहे जो हथकंडे अपना ले अब हिमाचल की जनता अरविन्द केजरीवाल को एक मौका देने का मन बना चुकी है।

Wednesday, April 6

ठाकुर ने थुनाग से ‘चलें बूथ की ओर-बढ़ें जीत की ओर’ अभियान का शुभारम्भ किया

मंडी .06अप्रैल(3आईन्यूज़ )  हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी जिला के थुनाग  में पार्टी के स्थापना दिवस पर  
प्राथमिक पाठशाला झुड को स्तरोन्नत करने व झुड में पशु औधालय खोलने की घोषणा की ।
   श्री ठाकुर ने  पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सम्बोधन सुना।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर थुनाग में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के इस शुभ दिवस पर मुम्बई में पार्टी अस्तित्व में आई थी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रतन अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले अध्यक्ष बने थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में जब प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था उस समय जनसंघ के सदस्यों ने कांग्रेस शासन के विरूद्ध प्रदर्शन किए थे। उन्होंने कहा कि आपातकाल वापस लेने के पश्चात जनसंघ ने कई अन्य पार्टियों के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी का गठन किया। उन्होंने कहा कि हलांकि भाजपा का गठन 6 अपै्रल, 1980 को हुआ था, परन्तु वैचारिक तौर पर पार्टी का उदभव 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा भारतीय जनसंघ के गठन से ही हो गया था।
उन्होंने कहा कि संसद में प्रतिनिधित्व और पार्टी सदस्यता के मामले में भाजपा भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। 
मउन्होंने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उतराखण्ड, उत्तरप्रदेश, गोवा और मणिपुर में जीत हासिल की। 
      उन्होंने कहा कि भाजपा ने वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति को पूरी तरह से नकारा है और यह आम आदमी की पार्टी है। उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर कांग्रेस केवल एक परिवार विशेष की पार्टी है और यह अब अपने अन्तिम समय में है। उन्होंने कहा कि शान्ता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश में पार्टी के आधार को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किए।  


      मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 6 अपै्रल से पूरे सप्ताहभर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की कार्य योजना बनाई है और 14 अपै्रल अम्बेडकर जयंती के अवसर पर इनका समापन होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 अपै्रल तक ‘चलें बूथ की ओर-बढ़ें जीत की ओर’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आग्रह किया कि वे राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें । 
  इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने जुड़ी पंचायत के झुड गांव के बूथ अध्यक्ष बुद्धिसिंह के घर पर भाजपा का झण्डा लहरा कर ‘चलें बूथ की ओर-बढ़ें जीत की ओर’ अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने बुद्धिसिंह के घर में उनकी नाम पट्टिका भी लगाई। 
 

ठाकुर ने थुनाग में औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के परिसर का शिलान्यास किया

 
मंडी .06अप्रैल(3आईन्यूज़ )  हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी जिला के थुनाग में लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के परिसर का शिलान्यास किया।
   इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में इस महाविद्यालय परिसर का निर्माण किया जाएगा और इसमें प्रशासनिक खण्ड, पुस्तकालय भवन, खेल मैदान, व्यायामशाला, सभागार, शॉपिंग सेंटर, स्वास्थ्य केन्द्र, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग छात्रावास और एक पीजी छात्रावास की सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आठ प्रशासनिक खण्ड होंगे, जिसमें चार औद्यानिकी महाविद्यालय और चार वानिकी महाविद्यालय तथा अन्य सम्बन्धित अधोसंरचना के लिए होंगे।
   श्री ठाकुर ने कहा कि प्रथम चरण में छात्रों और छात्राओं के लिए दो छात्रावास, एक प्रशासनिक खण्ड और एक शैक्षणिक खण्ड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य लोक निर्माण विभाग द्वारा इस कार्य को किया जाएगा। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को इस महत्वकांक्षी परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
 उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में बागवानी विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को कुलपति द्वारा कॉफी टेबल बुक भेंट की गई।
डॉ. यशवन्त सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन के कुलपति डॉ. परविन्द्र कौशल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि थुनाग में बागवानी और वानिकी महाविद्यालय में 250 से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नया परिसर प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।
  

अंब में नाबालिका की गला रेत कर हत्या

ऊना, 06 अप्रैल(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश  में ऊना जिला  के अंब उपमंडल के प्रतापनगर में कल एक अज्ञात ने नाबालिग लडकी की गला रेत कर हत्या कर दी। 
   मृतका की पहचान प्राची राणा(15)के रुप में हुई है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब प्राची के शिक्षक माता-पिता नौकरी पर गए हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात ने प्राची की हत्या कर दी। जब माता-पिता घर लौटे तो बेटी का शव  खून से लथपथ पाया।
ऊना पुलिस अधीक्षक अर्जित ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। 
   घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
  पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Tuesday, April 5

नगरोटा सूरियां में दो युवक 5.79 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार

 
कांगड़ा,05अप्रैल(3आईन्यूज़ )   हिमाचल प्रदेश में  कांगड़ा जिला के  नगरोटा सूरियां में पुलिस ने दो युवकों को गिरफतार कर उनसे  5.79 ग्राम चिट्टा बरामद किया है ।
   नारकोटिक्स टीम पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आरोपी हड़सर निवासी बीडीसी सदस्य  विवेक कुमार (30)  और लक्की को गिरफतार किया ।
 पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज़ कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


रामपुरघाट में एक मज़दूर की क्रशर की बेल्ट की चपेट में आने से मौत

सिरमौर .05अप्रैल(3आईन्यूज़ )   हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिला में  पांवटा साहिब उपमंडल के रामपुरघाट में कल एक मज़दूर की  क्रशर की बेल्ट की चपेट में आने से  मौत हो गई।
  मृतक की पहचान  झारखंड के  प्रकाश उरांव (34 ) की रूप में की गयी है ।
  प्राप्त जानकारी के ये हादसा उस समय हुआ जब मज़दूरी कर रहे प्रकाश का बाजु  पट्टे की लपेटे में आ गया और उसका बाजू कंधे से अलग हो गया, जिससे उसकी मौत हो गयी ।
  पांवटा पुलिस उपाधीक्षक वीर बहादुर सिंह ने हादसे की पुष्टि की है  ।


चम्बा में स्कूटी खड्ड में गिरी देवरानी -जेठानी की मौत

चंबा.05  अप्रैल(3आईन्यूज)  हिमाचल प्रदेश में चम्बा जिला के  मच्छराली में कल शाम एक स्कूटी के अनियंत्रित होकर के खड्ड में गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गयी ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये हादसा उस समय हुआ जब देवरानी -जेठानी स्कूटी चलाना सीख रही थी अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गयी । चम्बा पुलिस उपाधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है ।
  मृतकों की पहचान  रितु(32 ) और प्रीति (28 )के रूप में की गयी है  ।   प्रशासन ने  मृतकों के  परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी   है।