Thursday, April 14

ठाकुर ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

  शिमला,  14 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर अंबेडकर चौक, शिमला में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के संविधान के निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर ने समरसता, सौहार्द और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए योगदान दिया। उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण एवं उनके अधिकारों के लिए जीवन-भर कार्य किया। हमें उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने भक्ति संगीत प्रस्तुत किया।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त, उप-महापौर शैलेंद्र चौहान, नगर निगम के पार्षद, पूर्व महापौर व पार्षद, पूर्व विधायक और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक डॉ मोनिका इस अवसर पर उपस्थित थीं।

ठाकुर ने बाबा साहेब तथा कैप्टन विक्रम बतरा की प्रतिमाओं का किया अनावरण

मुख्यमंत्री ने पालमपुर में 40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास किए
 कांगडा, 14 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि आज भारत को यदि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में जाना जाता है तो उसमें संविधान शिल्पकार कहे जाने वाले बाबा साहेब अम्बेडकर के विचारों का बड़ा ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बाबा साहेब अंबेडकर सिर्फ एक नाम ही नहीं बल्कि प्रेरणा का एक स्रोत भी है। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे महापुरूष है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया।
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज पालमपुर में बाबा साहेब अम्बेडकर तथा कैप्टन विक्रम बतरा की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत मिनी सचिवालय पालमपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन तथा शिलान्यास भी किए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 2.04 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना डाढ के सुधार तथा 2.27 करोड़ रुपये की लागत से बहाव सिंचाई योजना घरूहल कुहल के निर्माण का उद्घाटन किया।
इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 2.12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना बड़सर, दियाला व जिया खास के निर्माण कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 4.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना चच्चियां, गढ़ व बलेहड़ के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 4.75 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना घुग्गर, आईमा के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 2.68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना बंदला, लोहना के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 2.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना हंगलो, दराटी व लाहला के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 1.76 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना कुसमल, बगोड़ा व बल्ला के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 2.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना सिद्धपुर सरकारी व बिंद्रावन के सुधार कार्य, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 2.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना गदियाड़ा, आसनपट व ब्रहमथेड़ू के सुधार कार्य, 9.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बहाव सिंचाई योजना बरूहल कुहल की एकमुश्त मुरम्मत कार्य तथा 1.94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना चंदपुर, लंघा, कुलानी के सम्वर्द्धन व सुधार कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि शहीदों और देश के नायकों के सम्मान के लिए प्रदेश सरकार ने सदैव तत्परता से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन विक्रम बतरा ने देश के लिए सर्वस्व कुर्बान किया है ऐसे वीर सपूतों की कुर्बानियां याद रखने वाला देश और समाज ही आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सेवा चयन बोर्ड के इलाहाबाद केन्द्र, जहां पर एन.डी.ए. की परीक्षाएं आयोजित होती हैं, उस ब्लॉक का नाम देवभूमि के वीर सपूत विक्रम बतरा के नाम पर रखा गया है, जो मातृभूमि के उस सच्चे सपूत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। सेना में भर्ती होने का सपना संजोने वाले हर युवा के लिए यह प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने कहा कि जबलपुर छावनी में एक आवासीय क्षेत्र को भी कैप्टन विक्रम बतरा के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शहीद सौरव कालिया पार्क के पुनर्निर्माण के लिए सरकार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पालमपुर में नया विकास खंड खोलने तथा चच्चियां में उप-तहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने पालमपुर के टांडा में स्वास्थ्य उप केन्द्र, बनूरी में जल शक्ति विभाग का सब डिवीजन, राजकीय वरिष्ठ माध्यम पाठशाला कंडी में कॉमर्स तथा विज्ञान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जिया में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने, ख्याह पट्ट में पशु औषधालय को स्तरोन्नत कर पशु अस्पताल करने की घोषणा की।

Wednesday, April 13

धार कंडी में कार खाई में गिरी दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

कांगडा ,13 अप्रैल(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  कांगड़ा  जिला में धार कंडी के कानोल में आज एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। 
    मृतकों की पहचान अजय (32)और विवेक (30) के रूप में की गई है।
घायलों को राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में भर्ती कराया गया है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

चंबा में कार खाई में गिरी पिता -पुत्र की मौत, सास-बहु गंभीर घायल

चंबा,13 अप्रैल(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में चंबा जिला में आज तड़के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुनुहट्टी के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। 
  प्राप्त जानकारी के तीसा के थनेईकोठी पंचायत के संदरोता गांव से एक परिवार के चार लोग हरिद्वार से लौट रहे थे, रास्ते में कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि सास और बहू गंभीर रूप से घायल हो गई।  घायलों को हरिगिरी अस्पताल कमलाड़ी में  भर्ती कराया गया है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

शिमला और धर्मशाला को छोड़कर प्रदेश में दुकानों का समय सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक

शिमला,13 अप्रैल(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में दुकानें खोलने और बंद करने के आदेश जारी किए हैं। 
   आज यहां जारी अधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार शिमला और धर्मशाला को छोड़कर प्रदेश में दुकानें सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक बंद करने के आदेश दिये हैं। 

Monday, April 11

बीडीसी नादौन और दड़ूही पंचायत को मिलेंगे राष्ट्रीय पुरस्कार


हमीरपुर, 11 अप्रैल(3आईन्यूज) ब्लॉक पंचायत समिति नादौन को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा विकास खंड हमीरपुर की ग्राम पंचायत दड़ूही को भी एक साथ दो राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है। ये पुरस्कार 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदान किए जाएंगे।
 जिला पंचायत अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि सराहनीय कार्य करने वाली पंचायतीराज संस्थाओं को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चार पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार एक बार फिर जिला हमीरपुर की पंचायत समिति नादौन को दिया जाएगा। हरबंस सिंह ने बताया कि पंचायत समिति नादौन को यह पुरस्कार वित वर्ष 2020-21 में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा। जिला पंचायत अधिकारी ने बताया कि वित वर्ष 2019-20 में भी पंचायत समिति नादौन ने ही यह पुरस्कार जीता था।
   हरबंस सिंह ने बताया कि विकास खंड हमीरपुर की ग्राम पंचायत दड़ूही का चयन भी दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए किया गया है। इसी पंचायत को बाल हितैषी ग्राम पंचायत पुरस्कार के लिए भी चुना गया है। जिला पंचायत अधिकारी ने बताया कि हमीरपुर जिला की पंचायतीराज संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर के तीन पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। उन्होंने इन संस्थाओं के सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है।

राज्यपाल ने गण की सेर में माधव योग आश्रम का शिलान्यास किया

शिमला, 11 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
 राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने  राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों में सहयोग का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति समाज को दिशा प्रदान करते हैं और लोगों के जीवन स्तर को सुधारने में सहायता करते हैं।
 राज्यपाल सोमवार को सोलन जिले के गण की सेर मंे स्थित माधव सृष्टि परिसर में माधव योग आश्रम के शिलान्यास समारोह के अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे।
 उन्होंने कहा कि माधव सृष्टि योग जैसे परिसर समाज के लिए आवश्यक हैं क्योंकि यहां विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है, जिससे कई लोग इस पवित्र कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसे लोग हैं जो अतीत से जुड़ें रहते हैं और इनका मानना है कि समाज में सब कुछ ठीक नहीं है। वहीं समाज में एक ऐसा भी वर्ग है, जिन्होंने समाज को जोड़ते हुए कर्म को अपनाया।
 माधव सृष्टि योगाश्रम के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वह सही मायने में कर्म योग से जुड़ रहे और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज में कई समस्याएं हैं लेकिन एक कुशल व्यक्ति सामाजिक दायित्वों से जुड़कर समाज के निर्माण में योगदान देता है।
 राज्यपाल ने कहा, समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है और समाज के कल्याण में योगदान देना हमारी जिम्मेदारी है तभी हमारा जीवन सार्थक होगा।
 उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र सदियों से अस्तित्व में है और हमने दुनिया को उदारता का विचार दिया है। हम आज भी विश्व को प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे योग आश्रम हमारे विचारों को दृढ़ करते हैं।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने माधव योग आश्रम को अपने ऐच्छिक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
 राज्यपाल ने मानव सृष्टि योग आश्रम के निर्माण में योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया।
 इससे पहले, राज्यपाल ने सोलन जिले के गण की सेर में माधव सृष्टि परिसर में 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले माधव योग आश्रम की आधारशिला रखी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों और माधव सृष्टि परिसर के प्रकल्प द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का दौरा भी किया और इसमें विशेष रुचि दिखाई।
 उत्तर क्षेत्र के प्रचारक संजीवन ने कहा कि योग का अर्थ एक व्यक्ति को दूसरे व्यक्ति, प्रकृति और ईश्वर से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और आज फिर से योग का महत्व हर घर में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य कुशलता योग से ही आती है और वर्तमान में योग के कारण ही विश्व में शांति स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि यद्यपि योग समाज का विषय है लेकिन जब यह हमारे जीवन का अभिन्न अंग बनेगा, तभी हमारा जीवन सार्थक होगा।
 योग भारती के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत किया और कहा कि योग आंतरिक शक्ति की पहचान है और इस आंतरिक शक्ति को जगाने वाले लोगों ने ब्रह्मांड की रक्षा की है। उन्होंने योग शक्ति के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि आत्मा का विकास तन, मन और बुद्धि के विकास से ही संभव है। उन्होंने भारतीय नस्ल की गाय के पालन और हवन प्रणाली की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
 

Sunday, April 10

राज्यपालऔर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं

शिमला, 10 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
 राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकरऔर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर  ने प्रदेशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं
 राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राम नवमी के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। 
 राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व हम सभी को जीवन में अच्छाई के साथ निरन्तर आगे बढ़ने और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। 
  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कामना की कि यह पर्व प्रदेश के लोगों के जीवन में प्रसन्नता, शांति एवं खुशहाली लाएगा। उन्होंने कहा कि हमें मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम के संदेशों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

ठाकुर ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास सत्संग में भाग लिया

 कांगडा , 10 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के परौर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के आध्यात्मिक गुरू बाबा गुरिन्दर सिंह ढिल्लों के सत्संग में भाग लिया। 
    श्री ठाकुर ने  कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास आध्यात्म, समाज सेवा, मानवता, भाईचारे और ईमानदारी के प्रसार में सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने आध्यात्म को सदैव अपना प्रमुख मूल्य मानते हुए सहजता को बनाए रखा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान राधा स्वामी सत्संग ब्यास द्वारा परौर केंद्र को समर्पित कोविड केयर सेन्टर बनाने के कार्य में हर सम्भव सहायता प्रदान करने की सराहना की। 
   इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध चामुण्डा मन्दिर में पूजा-अर्चना की तथा कंजक पूजन और यज्ञ में भाग लिया।

Saturday, April 9

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं

 शिमला, 09 अप्रैल (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राम नवमी के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
     आज यहां जारी अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व हम सभी को जीवन में अच्छाई के साथ निरन्तर आगे बढ़ने और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। 
    अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कामना की कि यह पर्व प्रदेश के लोगों के जीवन में प्रसन्नता, शांति एवं खुशहाली लाएगा। उन्होंने कहा कि हमें मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम के संदेशों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
 

Friday, April 8

लुधियाना में नकली ईडी बनकर लूट का भंडाफोड़ ,एक महिला सहित पांच गिरफतार

लुधियाना, 08 अप्रैल (3आईन्यूज़  ) पंजाब में लुधियाना के साहनेवाल में एक  दवाखाना चलाने वाले बाबा हरभजन सिंह  के  डेरे पर नकली  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारी बनकर छापा मारकर लूट के आठ  आरोपियों में से पंजाब पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार  किया है । 
  पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आज मीडिया को बताया कि  महिला अमनप्रीत सिंह जो बाबा हरभजन सिंह के दवाखाने में पर्ची बनाती थी और उसे निकल दिया दिया गया था । वह ही इस लूट की मुख्यारोपी थी ।उसके साथ पुलिस ने  कुलविंदर गोलू,  अमनदीप उर्फ अमना, गुरदीप उर्फ जस्सी और एक बर्खास्त पुलिस कांस्टेंबल नवजोत उर्फ ज्योति को गिरफतार किया है ।
  पुलिस ने आरोपियों से  55 हजार रुपये नकदी और दो कारें बरामद की हैं।
     गौरतलब है कि 8 मार्च की रात साहनेवाल  में  हरभजन सिंह के डेरे में आरोपी ईडी  अधिकारी बनकर आये थे।  

अम्ब में नाबालिका की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 ऊना, 08अप्रैल(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में  नाबालिका की  हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।           
   पुलिस ने आरोपी आसिफ मोहम्मद उर्फ हनी को गिरफ्तार किया है। वह अंब के ही वार्ड नंबर 3 में रहता है और अखबार बांटने का काम करता है और वह प्राची से एकतरफा प्यार करता था। 
  ऊना पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
   पुलिस ने  बताया कि  आरोपी  पांच अप्रैल दोपहर अंब उपमंडल के प्रतापनगर में प्राची (15)के घर पहुंचा जब उसके माता-पिता डयूटी पर थे। आरोपी ने प्राची को  प्रपोज किया जिस पर प्राची ने उसे लताड़ लगाई और कहा कि वह इसकी शिकायत करेगी।
इसी दौरान आरोपी ने प्राची की गला रेत  कर हत्या कर दी  और फरार हो गया। 
    आरोपी को आज जब अदालत ले जाया जा रहा था तब लोगों ने उसकी पिटाई करने की  कोशिश की। वहीं वकीलों की एसोसिएशन ने हत्यारे का केस लडने से मना किया है। 

बिलासपुर :- मझौन के पास कार और टिप्पर की टक्कर में भाई -बहन की मौत

बिलासपुर  .08अप्रैल(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिला के झंडूता थाना के अंतर्गत  मझौन  के पास आज दोपहर एक कार और टिप्पर की टक्कर में एक युवक और युवती की  मौत हो गयी ।
   प्राप्त जानकारी के अनुसार  बिलासपुर  के  बैरी से    ऋषभ चंदेल (21) और जागृति चंदेल (15)  भाई -बहन  कार से जा रहे थे रास्ते में टिपर  ने कार को टक्कर मार दी  । दोनों को गंभीर हालत में घुमारवीं अस्पताल ले जाया गया , जहाँ चिकित्सको  ने उन्हें मृत घोषित कर दिया  ।
  पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज़ कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है ।