Thursday, September 17

ठाकुर ने शिमला के मुख्य डाक घर में महिला शक्ति केन्द्र काउंटर का उद्घाटन किया

शिमला , 17 सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला में प्रदेश ग्रामीण विभाग के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने के लिए यहां मुख्य डाक घर में ‘महिला शक्ति केन्द्र काउंटर’ का उद्घाटन किया।

श्री ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ कोविड-19 महामारी के दौरान देश और राज्य की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास विभाग ने इस दिशा में कई कदम उठाए हैं। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में राज्य के मुख्य डाकघरों में महिला शक्ति केन्द्र शुरू करना, महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।  उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद बिक्री के लिए इन काउंटरों पर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण विकास विभाग के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूह इन बिक्री काउंटर पर अपने उत्पाद बेच सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिक्री के बाद धनराशि सीधे स्वयं सहायता समूहों को हस्तांतरित की जाएगी।
    उन्होंने कहा कि यह न केवल महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करेगा बल्कि जनता के बीच स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहित करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फाॅर लोकल’ को वास्तविक रूप से साकार करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, सचिव ग्रामीण विकास डाॅ. संदीप भटनागर, निदेशक ग्रामीण विकास ललित जैन, मुख्य डाक मास्टर जनरल मीरा रंजन टशेरिंग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।               

डमटाल में एक किशोर का शव बरामद

काँगड़ा ,17 सितम्बर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश में काँगड़ा जिला के इंदोरा उपमंडल के डमटाल में आज एक किशोर का शव बरामद पुलिस ने बरामद किया है ।मृतक की पहचान वड़ा खाना गाँव के विशाल (17 )के रूप में हुयी है । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
   घटना का पता उस समय चला जब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी एक खड्ड के पास एक युवक पड़ा हुआ है । डमटाल थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया सूचना पाकर पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे ।  मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि विशाल कल से घर से वापिस नहीं लौटा था ।  पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।     

नालागढ़ में खेत से एक बच्चे का शव बरामद

सोलन ,17  सितम्बर (3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश में सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के गाँव निक्कूवाला में पुलिस ने आज एक बच्चे का शव खेत से बरामद किया है।


मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संदीप कुमार (11 ) के रूप में हुयी है और वह पिछले तीन दिन से लापता था ।  पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है । बच्चे के पिता नालागढ़ के एक निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड है और उन्होंने पुलिस को बताया कि संदीप तीन दिन से लापता था और काफी तलाश करने पर नहीं मिला ।   
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ,जिसकी रिपोर्ट का बाद मौत के कारणों की वजह का पता चलेगा ।  पुलिस मामले की  जांच कर रही है।

हिमाचल में कोरोना के 4143 मामले सक्रिय,अब तक 94 मरीज़ों की मौत

शिमला ,17 सितंबर(3आईन्यूज़ ) हिमाचल  प्रदेश में आज दोपहर तक कोरोना से संक्रमित 91 नए मामले आये है ,और 89 मरीज़ ठीक हुए हैं। सिरमौर से सर्वाधिक 59,नए मामले आये और  5मरीज़ ठीक हुए , काँगड़ा से 27 नए मामले आये , 49 मरीज़ ठीक हुए ,मंडी से 4 नए ,कुल्लू से एक नया मामला और ऊना में 35 मरीज़ ठीक हुए हैं ।


 प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के दोपहर बुलेटिन के अनुसार राज में अब कोरोना के 4143 मामले सक्रिय हैं ।  सक्रिय मामलों में सोलन में सर्वाधिक 969,काँगड़ा 690, मंडी 640 ,ऊना 390 , सिरमौर 410,शिमला 372 , बिलासपुर 196 , चम्बा 141, हमीरपुर 126 ,कुल्लू में 118 , किन्नौर 36और लाहुल -स्पीति में 55 शामिल हैं ।  प्रदेश में अब तक इस महामारी काँगड़ा में 20,शिमला 16 , सोलन 18 ,मंडी में 12 , ऊना 9 ,सिरमौर 6 ,हमीरपुर -चम्बा 5 -5 , और कुल्लू  में 2 और बिलासपुर में एक  संक्रमित की मौत हुयी है ।
प्रदेश में 10886 कोरोना संक्रमित पाए गए ,जिसमें से 6620 ठीक हुए हैं और 94 लोगों की इस महामारी से मौत हुयी
है ।  

हरियाणा में स्टेट टीचर अवार्ड पॉलिसी-2020’ को मंजूरी

चंडीगढ़, 17 सितंबर(3आईन्यूज) हरियाणा सरकार ने  राज्य के सरकारी व एडिड स्कूलों के अध्यापकों के हित में अहम कदम उठाते हुए ‘स्टेट टीचर अवार्ड पॉलिसी-2020’ को मंजूरी दी है।एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि  यह पॉलिसी वर्ष 2016 में बनी पॉलिसी के स्थान पर गत 29 अगस्त 2020 से लागू मानी जाएगी। भविष्य में इस नई पॉलिसी के अनुसार ही स्टेट-अवार्ड के लिए केस मंजूर किए जाएंगे। ‘स्टेट टीचर अवार्ड पॉलिसी-2020’ के तहत स्थाई नियुक्ति वाले अध्यापकों को दो श्रेणी में ये अवार्ड दिए जाएंगे। पहली श्रेणी में, प्रिंसिपल, हाई स्कूल के मुख्याध्यापक  व सभी विषयों के पीजीटी अध्यापक शामिल होंगे, जबकि दूसरी श्रेणी में, प्राइमरी टीचर, हैड टीचर, सीएंडवी तथा सभी विषयों के टीजीटी अध्यापक व एलीमैंट्री स्कूल हैड मास्टर (मिडल हैड) शामिल होंगे।
    उन्होंने बताया कि राज्य में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अध्यापकों में से कुल 90 स्टेट-अवार्ड दिए जाएंगे जिनमें महिला व पुरूष अध्यापकों को क्रमश: 45-45 अवार्ड दिए जाएंगे। अवार्ड के रूप में राज्य सरकार द्वारा 21,000 रूपए का नकद ईनाम, एक सिल्वर मैडल, एक प्रमाण-पत्र, एक शॉल दिया जाएगा तथा अवार्ड प्राप्त करने वाले अध्यापक को 58 वर्ष में सेवानिवृति के बाद 2 वर्ष का एक्सटेंशन तथा भविष्य की सर्विस के दौरान महंगाई भत्ते के साथ 2 एडवांस इंक्रीमैंटस दी जाएंगी।

हरियाणा के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की बधाई

चंडीगढ़ ,17 सितम्बर(3आईन्यूज़ ) हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्म दिवस पर बधाई व शुभकामनाएं देते हुए दीर्घायु होने की कामना की है। उन्होनें कहा कि वे स्वस्थ एवं प्रसन्नचित रहे।  राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि उन्हे पूर्ण विश्वास है कि श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश सामाजिक समानता व समग्र विकास के महान उद्देश्यों को प्राप्त करने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारतवर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा। प्रधानमंत्री ने भारत के जीवन मूल्यों व लोकतांत्रिक परंपरा में निष्ठा का आदर्श प्रस्तुत किया है।
    उन्होनें कहा कि मोदी जी एक मजबूत, सुरक्षित व आत्मनिर्भर भारत के लिए पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम कर रहे हैं। पहले स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत कार्यक्रम चलाकर देश के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ व स्वस्थ रहने का संदेश दिया। कोरोना महामारी काल के दौरान प्रधानमंत्री ने लोकल को वोकल और ग्लोबल बनाने का जो मंत्र दिया है, उससे देश ने आत्मनिर्भरता की और कदम रखे हैं। उनके इस मंत्र से देश और सुदृढ़ होगा।

ठाकुर ने प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की बधाई, कमला नेहरू अस्पताल में मरीजों को फल बांटे

शिमला ,17  सितम्बर (3आईन्यूज़ )हिमाचल  प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देवभूमि हिमाचल की ओर से जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं दी।

श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल एवं मजबूत नेतृत्व में भारत विश्वभर में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।उन्होंने कहा कि ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।
    मुख्यमंत्री ने  प्रधानमंत्री के जन्मदिन  पर कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में मरीजों को फल वितरित किए।

इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश भाजयुमो द्वारा रिज मैदान, शिमला में लगाए गए रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया।


ऊना में आने के लिए पास व पंजीकरण की जरुरत नहीं- डीसी

ऊना ,17 सितंबर(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के ऊना उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा है कि में अब बाहरी राज्यों से लोग बिना पास व पंजीकरण के जिला में भी आ सकते हैं। 

 श्री कुमार ने कहा कि जिला के सभी अंतर-राज्यीय एंट्री प्वाइंट्स से पर्यटकों सहित सभी लोगों को आने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों में अगर फ्लू जैसे लक्षण हैं, तो वह 10 दिन के लिए घर पर ही खुद को आइसोलेट करें तथा इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देकर अपना कोविड टेस्ट अवश्य कराएं। आइसोलेशन की अवधि में खुद को परिवार के सदस्यों से अलग रखें। उन्होंने कहा कि अब बाहर से आने वालों को संस्थागत क्वारंटीन भी नहीं किया जाएगा तथा यह सिस्टम धीरे-धीरे बंद हो जाएगा। जो व्यक्ति पहले से जिला ऊना के क्वारंटीन सेंटर में रखे गए हैं, चरणबद्ध तरीके से उनके टेस्ट करवा कर उन्हें घर जाने की अनुमति प्रदान कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब लोगों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है तथा सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क व बार-बार हाथ धोने के नियम का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति अपने-अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें। साथ ही आस-पड़ोस में अगर कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाया जाता है तो उसके साथ सहयोग करें। 

 

बच्चों को अच्छे व बुरे स्पर्श के बारे में जागरूक करना आवश्यकः एडीसी

ऊना ,17 सितंबर(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार  लॉकडाउन के दौरान छेड़छाड़, बलात्कार तथा पोक्सो एक्ट से संबंधित मामलों पर चर्चा के लिए एक अंतर विभागीय बैठक का आयोजन किया गया।

 बैठक में एडीसी ने कहा कि बच्चों को अच्छे व बुरे स्पर्श के बारे में जागरूक करना जरूरी है, जिससे उन्हें सुरक्षित रखने में मदद मिल सके तथा बाल अपराधों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि विकृत मानसिकता वाले कुछ व्यक्ति बच्चों की मासूमियत का फायदा उठाकर उनके करीब आने के लिए स्नेह का सहारा लेते है और फिर बुरा स्पर्श करते हैं, लेकिन छोटे बच्चे उनके बुरे स्पर्श को पहचानने में असमर्थ होते हैं। इसलिए बच्चों को यह जानकारी देना आवश्यक है।
    डॉ. कुमार ने कहा कि बच्चों को यौन अपराधों, यौन शोषण तथा पोर्नोग्राफी जैसे जघन्य अपराधों से बचाने तथा पोक्सो एक्ट की जानकारी देने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। बैठक में विवेक खनाल सचिव डी.एल.एस.ए., मनीष यादव एसडीएम अम्ब, गौरव चौधरी एसडीएम हरोली, रमण शर्मा जिला पंचायत अधिकारी, डॉ. निखिल स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, जे.पी शर्मा अधीक्षक शिक्षा विभाग, सतनाम सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी, कुलदीप सिंह दयाल बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा शाम लाल मल्होत्रा जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने भाग लिया।

 

11 सितंबर ऊना-दौलतपुर बस में सफर करने वाले कराएं कोविड टेस्ट

ऊना ,17 सितंबर(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की बस में 11 सितंबर को ऊना से दौलतपुर वाया ईसपुर सांय पांच बजे चलने बस में जिन यात्रियों ने सफर किया है ,अगर किसी में  फ्लू जैसे कोई लक्षण हैं, तो तुरंत पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह गगरेट में जाकर अपना कोविड टेस्ट करा लें।

गगरेट के उप प्रभागीय न्यायाधीश विनय मोदी ने  यह जानकारी देते हुए कहा कि इस रूट पर चलने बस में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसलिए एहतियात के तौर पर जिन लोगों ने उस दिन बस में यात्रा की है ,और किसी में अगर कोई लक्षण है तो वह कोरोना टेस्ट करा लें ।  

चम्बा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 28 हजार 789 महिलाएं लाभान्वित -उपायुक्त

चंबा, 17 सितंबर(3आईन्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के चम्बा उपायुक्त  विवेक भाटिया ने बताया कि  प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत माह अगस्त तक जिले में 28 हजार 789 महिलाओं को नगद प्रोत्साहन राशि से लाभान्वित किया जा चुका है । इसके अतिरिक्त 1495 आंगनबाड़ी केंद्रों और मिनी आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से  समेकित बाल विकास से संबंधित विभिन्न सेवाओं को उपलब्ध करवाया जा रहा है ।

उपायुक्त  ने यह जानकारी आज बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी ।इस  दौरान उपायुक्त ने  विशेष पोषाहार कार्यक्रम, शाला पूर्व शिक्षा, प्रतिरक्षण, स्वास्थ्य जांच ,पोषाहार तथा स्वास्थ्य शिक्षा और संदर्भ सेवाओं पर चर्चा करते हुए विभाग को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश जारी किए ।  उन्होंने विभाग के अधिकारियों को न्यूट्रीशन विशेषज्ञ के सहयोग धात्री महिलाओं के लिए  पूर्ण पोषाहार संबंधी बुकलेट बनाने को भी कहा ताकि आईईसी की गतिविधियों को और प्रभावी  बनाया जा सके । उन्होंने विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की पात्रता की सूची भी बनाने के निर्देश दिए ।            उपायुक्त ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम एवं 14वें वित्त आयोग के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए विभाग को ग्रामीण विकास अभिकरण के साथ मिलकर कार्य करने के  निर्देश जारी किए ।उन्होंने  कोविड-19  संक्रमण काल के दौरान आंगनबाड़ी वर्करों के द्वारा किए गए कार्यों की भी सराहना की ।इस दौरान सशक्त महिला योजना, महिला शक्ति केंद्र, पोषण अभियान प्रधानमंत्री मातृ वंदना वंदना योजना के के तहत भी अर्जित  उपलब्धियों पर समीक्षा भी की गई ।बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जगदीश राज राणा ने विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से महिला एवं बाल विकास से संबंधित सेवाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया । इस अवसर पर  जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गुरमीत  के अतिरिक्त विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे ।

Wednesday, September 16

चंडीगढ़ में कोरोना के 366 नए मामले , कुल 3171 सक्रिय

चंडीगढ़ ,16सितम्बर (3आईन्यूज़ ) केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आज कोरोना से संक्रमित 366नए मामले आने के साथ सक्रिय मामले 3171 हो गए हैं । 

चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 56490नमूनों की जाँच की गयी है जिसमें से 47205की रिपोर्ट नकारात्मक आई और  8958 कोरोना संक्रमित पाए गए ,जिसमें से 5683 ठीक हुए ,327 सेम्पल रिजेक्ट हुए और 181 की रिपोर्ट आना बाकी है जबकि 101लोगों की मौत हो चुकी है ।  प्रदेश में 31176 लोगों को घर संगरोध किया गया जिसमें से 24866 ने निर्धारित अवधि पूरी कर ली है ।  

पंजाब में आज कोरोना के 2717नए मामले,2756 मरीज़ ठीक हुये ,सक्रिय 21022

चंडीगढ़, 16 सितम्बर (3 आईन्यूज़ )पंजाब में आज कोरोना से संक्रमित 2717 नए मामले आये और 2756  मरीज़ ठीक हुए हैं ।पंजाब स्वास्थ्य विभाग से जारी बुलिटीन के अनुसार आज लुधियाना से 562 नए मामले आये (661) ठीक हुए ,जालंधर 209 नए और [527 ] ठीक ,पटियाला से 247 नए (206)ठीक ,अमृतसर से  267 नए (183 ) ठीक , एसएएस नगर से नए 272 नए  (42) गुरदासपुर से 144 नए (187 ) ठीक  ,बठिंडा से 119नए (13) ठीक , होशियारपुर से नए 206 ,संगरूर 53 नए (27)ठीक , फिरोज़पुर से 39 नए (610 )  ठीक ,पठानकोट से 37 नए (35)ठीक , कपूरथला  72 नए , फरीदकोट 131 नए (45)ठीक , मोगा 32 नए , मुक्तसर 19 नए (74) ठीक, बरनाला 25 नए (27) ठीक ,फाजि़ल्का  54 नए (28) ठीक , फतेहगढ़  35 नए (10) ठीक , रोपड़ 78 नए (12) ठीक , तरन तारन  12 नए (7 ) ठीक , मानसा 50 नए (48) ठीक , और  एसबीएस नगर से  54 नए  मामले आये और (14 )मरीज़ ठीक हुए हैं ।गौरतलब है कि प्रदेश में 87184 कोरोना संक्रमित पाए गए जिसमें से 63570 मरीज़ ठीक हो चुके है और 21022  सक्रिय मामले हैं ।