Monday, January 24

सिरमौर में कार खाई में गिरी, पूर्व प्रधान की मौत

सिरमौर में कार खाई में गिरी, पूर्व प्रधान  की  मौत 
सिरमौर ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी टिपरा गांव के पास एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 
   मृतक की पहचान पंचायत पूर्व प्रधान वीर सिंह के रूप में की गई है। संगड़ाह उप पुलिस अधीक्षक शक्ति सिंह ने हादसे  की पुष्टि की है।जिला प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 20 हजार की फौरी राहत दी है। 
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

हमीरपुर की नैन्सी बनी प्रदेश की पहली महिला एंबुलेंस चालक

हमीरपुर की नैन्सी बनी प्रदेश की पहली महिला 
एंबुलेंस चालक  

कांगडा ,24जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की लड़की प्रदेश की पहली महिला 
एंबुलेंस चालक बनी है। 
    कांगड़ा के एम्बुलेंस जिला प्रभारी इशान राणा ने कहा कि नैन्सी कटनौरिया(22) को  एंबुलेंस चालक की नियुक्ति की गई है। नैन्सी का भी सपना था की वो एक कुशल चालक बने। उन्होने नैन्सी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी  हैं। 


मुकेरियां:बारात की कार रेलिंग से टकराई,तीन मरे, एक गंभीर

मुकेरियां ,24जनवरी (3आईन्यूज) पंजाब के होशियार पुर  जिला में  जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर  जंदवाल कस्बे के पास कल एक कार के सड़क के किनारे रेलिंग से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार पठानकोट के पास नौशेरा गांव से एक बारात मुकेरियां के एक पैलेस में आई थी।
 वापसी में जंवाल के पास एक कार सड़क के किनारे लोहे की रेलिंग से टकरा गई,जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई एक गंभीर घायल हो गया जबकि कार चालक सकुशल है। घायल को मुकेरियां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मृतकों की पहचान राजविंदर सिंह (48)नवजोत सिंह (16)  और जशनप्रीत (17) के रूप में हुई है।
   पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Sunday, January 23

मोदी ने सामान्य सेवा केन्द्रों का दायरा बढ़ाने के लिए चम्बा जिला की सराहना की

 शिमला, 23जनवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने चम्बा जिले की सराहना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न आकांक्षी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ संवाद किया।
 प्रधानमंत्री ने इन जिलों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बातचीत की और उन्हें सभी हितधारकों के साथ मिलकर जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा मिशन मोड में योजनाओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
 प्रधानमंत्री ने जिले के लोगों की सुविधा के लिए सामान्य सेवा केन्द्रों का दायरा बढ़ाने में प्रदेश के चंबा जिले की उपलब्धि की भी सराहना की।
 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर वर्चुअल माध्यम से शिमला से बैठक में शामिल हुए।
 मुख्यमंत्री ने राज्य के चंबा जिले द्वारा सामान्य सेवा केन्द्रों के दायरे को लगभग 67 प्रतिशत से बढ़ाकर 97 प्रतिशत से अधिक करने की उपलब्धि की सराहना करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनवरी 2018 में देश के लिए आकांक्षी जिला कार्यक्रम की शुरुआत की थी और इस योजना के अन्तर्गत चंबा जिले का भी चयन किया गया था। नीति आयोग ने स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेश और कौशल विकास तथा बुनियादी अधोसंरचना जैसे समग्र मानकों के आधार पर कुल 112 आकांक्षी जिलों को चयन किया गया था, जिनका मानव विकास सूचकांक पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देेश्य अनिवार्य रूप से सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर हासिल करना है, जिससे राष्ट्र की प्रगति हो सके।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि इस कार्यक्रम के कार्यान्वित होने के उपरांत चंबा जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि मार्च, 2019 में जिले को स्वास्थ्य और पोषण में द्वितीय स्थान पर, नवम्बर, 2020 में बुनियादी अधोसंरचना में सर्वश्रेष्ठ जिलों में और अक्तूबर, 2021 में देश में द्वितीय स्थान पर आंका गया है। उन्होंने कहा कि इस रैंकिंग के आधार पर जिले को नीति आयोग द्वारा परियोजनाओं के रूप में 8 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है और जिले के लिए सीएसआर शीर्ष के तहत 25.04 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है।
 
 

Friday, January 21

कांगड़ा ऐप और अपना कांगड़ा हैम्पर का शुभारम्भ

  कांगडा, 21जनवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल धर्मशाला से अपना कांगड़ा ऐप और अपना कांगड़ा हैम्पर (स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद) का शुभारंभ किया है ।
   श्री ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा हैम्पर में कांगड़ा जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का संग्रह होगा, जबकि अपना कांगड़ा ऐप के माध्यम से पर्यटकों को कांगड़ा जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का पता लगाने में सहायता मिलेगी और उनके लिए यह एक अनूठा अनुभव होगा।
  मुख्यमंत्री ने धर्मशाला से कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में राधाकृष्ण गौ अभ्यारण्य का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
   उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने अपना कांगड़ा ऐप पर प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि जिले में तीन कांगड़ा हाट बन रहे हैं। अपना कांगड़ा का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना और पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह ऐप होटल, होमस्टे, परिवहन, पेट्रोल पंप, आपातकालीन सेवाओं जैसी सेवाएं भी प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि अपना कांगड़ा ऐप जहां पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी, वहीं ग्रामीण आबादी को सशक्त भी बनाएगी। यह कांगड़ा जिले के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेचने के लिए ई-मार्केटिंग प्लेटफार्म प्रदान करेगी।
 

हिमाचल में 77 एकड़ में आदिबद्री बांध निर्माण के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर

पंचकूला  , 21जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश सरकार और हरियाणा सरकार के मध्य आज पंचकुला में  हरियाणा के यमुना नगर जिले के आदिबद्री क्षेत्र के समीप हिमाचल प्रदेश में 77 एकड़ में आदिबद्री बांध के निर्माण के लिए एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। 
   इस परियोजना के माध्यम से 215.35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सरस्वती नदी का पुनरुद्धार होगा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों ने राज्य सरकारों की ओर से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
    इस ऐतिहासिक अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना पूरा होगा। उन्होंने 3 अप्रैल, 2014 को कुरूक्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए सरस्वती नदी का पुनरूत्थान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई थी।
   उन्होने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी क्योंकि इससे हिमाचल प्रदेश की 3.92 हेक्टेयर मीटर प्रतिवर्ष पेयजल की आवश्यकता की पूर्ति होगी और प्रभावित बस्तियों के लिए सिंचाई के पानी की उपलब्धता के लिए 57.96 हेक्टेयर मीटर पानी निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बांध का उपयोग न केवल सरस्वती नदी के पुनरुद्धार के लिए किया जाएगा बल्कि इससे क्षेत्र में जल संरक्षण को भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए पूरी धनराशि की व्यवस्था हरियाणा सरकार द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य सरकारें परियोजना के प्राथमिक उद्देश्य से समझौता किए बिना स्वयं के संसाधनों का उपयोग करके स्थानीय लोगों के कल्याण और विकास के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के साथ पयर्टन परियोजनाएं बनाने के लिए भी स्वतंत्र होंगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश के केवल 21 परिवार विस्थापित होंगे जिनका समुचित पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को पुनर्वास पैकेज और जलवायु संरक्षण पैकेज के साथ भविष्य में आदि बद्री बांध से संबंधित लागत/व्यय हिमाचल प्रदेश की प्रचलित नीतियों व अन्य प्रचलित कानूनों के अनुसार हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा तथा इससे संबंधित कोई भी देनदारी हिमाचल प्रदेश को हस्तांतरित नहीं की जाएगी।।
    श्री ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने पर सरस्वती नदी फिर से पुनर्जीवित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुल प्रस्तावित क्षेत्र में से 31.16 हेक्टेयर भूमि हिमाचल प्रदेश की है जिसमें से 0.67 हेक्टेयर निजी भूमि और 30.49 हेक्टेयर वन भूमि शामिल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सोंब नदी से बांध को 224 हेक्टेयर मीटर जल की आपूर्ति होगी जो यमुना नगर जिले में आदिबद्री के समीप यमुना में मिलती है। उन्होंने कहा कि आदिबद्री बांध और इससे संबंधित अधोसंरचना के लिए एचपीपीसीएल कार्यकारी संस्था होगी।
 हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि गंगा और यमुना के साथ सरस्वती देश की सबसे पवित्र नदी है। उन्होंने कहा कि इस बांध के बनने से सरस्वती नदी में पूरे साल बीस क्यूसेक जल का प्रवाह होगा। उन्होंने कहा कि घग्गर नदी बहने के रास्ते को सरस्वती नदी का मार्ग कहा जाता है। यह परियोजना हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की सरकारों के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि इससे भू-जल में भी वृद्धि होगी।
   उन्होने कहा कि आदिबद्री बांध से संबंधित कार्यों की योजना, पर्यवेक्षण और निगरानी के लिए आदिबद्री बांध निर्माण निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव िंसंचाई, हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग के सचिव, दोनों राज्यों के इंजीनियर-इन-चीफ और अन्य प्रतिनिधि शामिल हैं।
    इस अवसर पर हरियाणा सरकार के शिक्षा, भाषा एवं संस्कृति मंत्री कंवर पाल गुज्जर ने मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया।
 
 
 

Thursday, January 20

प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री

कांगडा , 20जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज आज धर्मशाला में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष संघ के एक प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए ताकि वे अपने क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकें।
   श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि यह लोकतंत्र की आधारभूत इकाई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को कई शक्तियां प्रदान की हैं।
   उन्होने  संघ के सदस्यों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।संघ के अध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पंचायती राज संस्थाओं के लिए राज्य वित्त आयोग से अलग से बजट प्रावधान करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के लिए ऐच्छिक निधि का प्रावधान करने और विधायक प्राथमिकताओं की तर्ज पर जिला परिषद की प्राथमिकताओं का प्रावधान करने का भी आग्रह किया।
 ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, अध्यक्ष वूलफेड त्रिलोक कपूर इस अवसर पर अन्य व्यक्तियों सहित उपस्थित थे।
 



 

एचपीएसईबी के पेंशनभोगियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति सुविधा दी जाएगीः ठाकुर

कांगडा , 20जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 
(एचपीएसईबी)  के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते बोर्ड के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्य के अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तरह चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से बोर्ड के 750 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री हिमकेयर जैसी योजनाएं भी शुरू की हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रदेश का कोई भी व्यक्ति धन के अभाव में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार ने 24 मार्च 2014 को बोर्ड के पेंशनभोगियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने में असमर्थता व्यक्त की और इस सुविधा को अप्रैल 2014 से बंद कर दिया था।
     उन्होंने कहा कि बोर्ड के पेंशनभोगियों को इस योजना का लाभ प्रदान करने के लिए हर वर्ष 1.61 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इन सभी खर्चों को बोर्ड अपने संसाधनों से वहन करेगा।
   मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बोर्ड की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली से सम्बन्धित पुस्तिका का भी विमोचन किया।
 एचपीएसईबी के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सोनी ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
 विधायक विशाल नेहरिया और वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर इस अवसर पर उपस्थित थे।
 

हिमाचल में होगी धाम, डिस्पोजल प्लैट और गिलास का इस्तेमाल करने के निर्देश

 शिमला, 20जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में जनवरी में होने वाली शादियों में धाम पर प्रतिबंध लगाने की  खबरें आ रही थी। 
  सरकार ने इसके लिए अधिसूचना जारी की है। शादियों में  धाम होगी पर डिस्पोजल प्लैट और गिलास के  साथ इसके लिए सरकार ने अधिसूचना जारी की है। 

Wednesday, January 19

ऊना में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, चार मरे

ऊना,19जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के मवांकोहला में रेलवे ओवर ब्रिज के पास आज दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। 
पुलिस ने मृतकों की पहचान गोंदपुर बनेहड़ा के  मनीष कुमार ( 22 ), अभि कुमार (21)  हुगत राम और नार सिंह चंबा निवासी के रूप में की है। 
दौलतपुर पुलिस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची।पुलिस ने  शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऊना में कार उलटने से युवक की मौत

ऊना,19जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के  हरोली थाना  के अंतर्गत  पालकवाह के पास   आज एक कार के बेकाबू होकर उलटने से एक युवक की मौत हो गई। 
    मृतक की पहचान जलग्रां टब्बा के सौरभ कुमार (23) के रुप में हुई है। 
पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।हरोली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

ठाकुर ने धर्मशाला से मैकलोडगंज तक धर्मशाला स्काईवे रोपवे का लोकार्पण किया

 

कांगड़ा ,19जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा जिला के धर्मशाला से मैकलोडगंज तक धर्मशाला स्काईवे रोपवे का लोकार्पण किया। धर्मशाला शहर को मैकलोडगंज से जोड़ने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे इस रोपवे का निर्माण 207 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।  
    इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रोपवे का निर्माण 2018 में शुरू किया गया था और इसे धर्मशाला रोपवे लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा सार्वजनिक निजी भागीदारी परियोजना के रूप में डीएफबीओटी मोड के अन्तर्गत विकसित किया गया है।जय राम ठाकुर ने कहा कि यह रोपवे मैकलोडगंज की यातायात समस्या को हल करने में सहायक सिद्ध होगा और इससे पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह रोपवे एक घंटे में 1000 लोगों को एक दिशा में ले जाएगा और ट्रॉली को धर्मशाला से मैकलोडगंज पहुंचने में कुल पांच मिनट का समय लगेगा। इसमें 10 टावर और दो स्टेशन हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में मोनो केबल डिटेचेबल गोंडोलस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, सांसद किशन कपूर और इंदु गोस्वामी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद धवाला, धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया, वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, निदेशक पर्यटन अमित कश्यप, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सुंदरनगर में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत

मंडी, 19जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में  मंडी जिला के सुंदरनगर में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई। 
  मृतकों की शिनाख़्त चेतराम(47)  सुदेश कुमार(49)  निवासी सलापड़, लाल सिंह (55) गांव सुदाहण और कांगू निवासी काला राम और गांव खरोटा के रजनीश कुमार उर्फ कांतू  के रूप में की गई है। 
अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।
    पुलिस को दी शिकायत में मृतकों के परिजनों ने बताया जहरीली शराब से इनकी मौत  हुई है। वहीं पुलिस ने बताया कि सलापड में पिछले काफी समय से चंडीगढ़ से अवैध तरीके से शराब लाकर यहां बेची जा रही थी। 
सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्‍वाल ने भी कहा कुछ दिनों से यहां शराब तस्‍करी की शिकायतें आ रही थीं।उन्होने कहा कि पुलिस को इस मामले कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।