Wednesday, February 2

नेरुवा में पेड़ के नीचे दबकर महिला और बच्चे की मौत

नेरुवा में पेड़ के नीचे दबकर महिला और बच्चे की मौत 
शिमला, 02फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में शिमला जिला के उपमंडल नेरूवा में आज एक पेड के  नीचे दबकर एक महिला और उसके बच्चे की मौत हो गई। 
मृतका की पहचान गांव दियोठ (कांगडा) रिता देवी (30) और उसके बेटे जितेश (3) के रूप में की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरूवा भेजे गये हैं।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब नरूवा की ग्राम पंचायत जुजारली में पेड़ों को काटने का काम किया जा रहा था, जिसमें मजदूर कर रहे थे। 
  इसी दौरान जब वह दोपहर खाना खा रहे थे ,तभी चीड़ का एक पेड़ गिर गया ,जिसकी चपेट में महिला और उसका  बच्चा आ गए। 
  पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 

मंडी:छोआधार गांव में कार खाई में गिरी, पत्रकार की मौत

मंडी:छोआधार गांव में कार खाई में गिरी, पत्रकार की मौत 
मंडी.02फरवरी(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला के बागाचुनोगी उपमंडल  के अंतर्गत छोआधार गांव के आज एक कार के खाई में गिरने से एक पत्रकार की मौके पर मौत हो गई। 
     मृतक की पहचान गांव छोआधार के  हेमराज (52)के रुप में की गई है। वह एक दैनिक समाचार पत्र में संवाददाता थे ।
मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

कोटखाई में कार खाई में गिरी, बच्चे सहित दो मरे, दो घायल

कोटखाई में कार खाई में गिरी, बच्चे सहित दो मरे, दो घायल 
शिमला,  02फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल में शिमला जिला के कोटखाई में आज सुबह एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। 
 ठियोग पुलिस उपाध्यक्ष लखबीर सिंह ने हादसे की  पुष्टि की है। 
मृतकों की  पहचान कोटखाई के दिनेश (31)और आर्यन (13) के  रुप में की गई है। 
  घायलों को कोटखाई के स्वास्थ्य केंद्र  में भर्ती किया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

Tuesday, February 1

रघुबीर बाली ने 53 मील में क्षतिग्रस्त श्मसान घाट के लिए 50हजार रुपए दिए


रघुबीर बाली ने 53 मील में क्षतिग्रस्त श्मसान घाट के  लिए 50हजार रुपए दिए
कांगडा,01 फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के कांगडा जिला में नगरोटा बंगवा उपमंडल के अंतर्गत गांव  सदरपुर का एक समूह ने आज कांग्रेस सचिव रघुबीर  सिंह बाली से भेंट की। 
      ग्रामबसियो का मोक्षधाम (श्मसान घाट) , 53 मील (पुल के पास) था। दिनांक 23 जनबरी 2022 लगभग 2 बजकर चालीस मिनट पर दिवार गिरने से पूणतया क्षतिग्रस्त हो गया था। ग्रामबसियो द्वारा नया मोक्षधाम बनाने की मांग रखी,  जिसे रघुबीर सिंह बाली ने मंजूर  किया ओर तुरंत 50,000/- रुपए मुहैया करबाये।
      इस जनहित कार्य के लिए सदरपुर ग्रामबासियों की ओर से  ईशवर सिंह, उधो डोगरा, मोहर सिंह, बिधि चंद , मुलख राज, सुमन कुमार  ओर रसाल सिंह ने  रघुबीर सिंह बाली का आभार जताया और हार्दिक धन्यवाद किया। 

केंद्रीय बजट प्रगतिशील और लोगों के अनुकूल: सुरेश भारद्वाज

केंद्रीय बजट प्रगतिशील और लोगों के अनुकूल: सुरेश भारद्वाज

 शिमला, 01फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने केंद्रीय बजट की सराहना की और इसे प्रगतिशील और लोगों के अनुकूल बताया।
 सुरेश भारद्वाज ने कहा कि केंद्रीय बजट देश के बुनियादी ढांचे के विकास को गति देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट अधिक रोजगार व बेहतर सुविधाएं सृजित करेगा।
 भारत की अर्थव्यवस्था कोरोना काल में भी विश्व में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाली अर्थव्यवस्था है। यह केन्द्रीय बजट देश की अर्थव्यवस्था की गति को और तीव्रता प्रदान करने वाला बजट है। इसमें विशेष रूप से प्रधानमंत्री गति शक्ति को शामिल किया गया है, जिसके मुख्य कारकों में सड़क, रेलमार्ग, हवाई मार्ग, विमानपत्तन, माल परिवहन, जलमार्ग और लाॅजिस्टिक अवसंरचना शामिल हैं।
 उन्होंने कहा कि विश्व में विकसित देशों ने सबसे पहले अपनी परिवहन सेवाओं को संवारा है और सुदृढ़ बनाया है। इस बजट में 20 हजार करोड़ रुपये केवल सड़क परिवहन के लिए निर्धारित किए गए हैं। यह एक सराहनीय कदम है।
 उन्होंने कहा कि बजट में भारत के बड़े शहरों में बेहतर शहरी नियोजन का प्रावधान है, जिसमें स्थायी उपायों और सार्वजनिक परिवहन पर ध्यान दिया गया है। भवन उपनियमों शहरी नियोजन योजना, पारगमन उन्मुखी विकास का आधुनिकीकरण लागू किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए बैट्री अदला-बदला नीति लाई जाएगी।
 सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत सरकार ने सहकारिता मंत्रालय का गठन किया है। इस बजट में, सरकार ने सहकारी समितियों के डिजिटलीकरण को आगे बढ़ाने के लिए योजना सहित अनेक योजनाओं के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया है।
 उन्होंने कहा कि इन्फ्रा सेक्टर को बढ़ावा देने से हिमाचल प्रदेश को भी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस बजट से प्रदेश में भी रोपवे, सड़कें, बेहतर शहरी और ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकसित होगा।
 

जनवरी माह में 427.72 करोड़ रुपये जीएसटी एकत्रित

जनवरी माह में 427.72 करोड़ रुपये जीएसटी एकत्रित

 
शिमला, 01फरवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश में  राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने  जीएसटी के अन्तर्गत  जनवरी, 2022 में 427.72 करोड़ रुपये एकत्रित किए हैं, जो कि जनवरी, 2021 में एकत्रित 346.30 करोड़ रुपये की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।
 जीएसटी के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि चालू वित्त वर्ष में जनवरी, 2022 तक संचयी जीएसटी संग्रह 3745.32 करोड़ रुपये जबकि गत वर्ष इसी अवधि के दौरान यह 2716.75 करोड़ रुपये था। इस तरह जनवरी, 2022 तक संचयी जीएसटी में 38 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। जीएसटी राजस्व में सकारात्मक वृद्धि विभाग द्वारा रिटर्न फाइल करने वालों पर विशेष निगरानी, इन-ट्रांजिट वस्तुओं के सत्यापन में वृद्धि, विश्लेषणात्मक रिपोर्ट का बेहतर उपयोग और राज्य मुख्यालय द्वारा फील्ड के अधिकारियों के प्रदर्शन की निगरानी के परिणामस्वरूप हुई है। जीएसटीएन की बिजनेस इंटेलिजेंस टूल आधारित रिपोर्टों द्वारा राज्य और केंद्रीय कर प्रशासन को कर की चोरी करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने में मदद मिली है, जिसके परिणामस्वरूप राजस्व में वृद्धि हुई है।
 विभाग जीएसटी राजस्व वृद्धि के लिए स्वैच्छिक अनुपालना बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है। विभाग ने हितधारकों के अनुपालन संबंधी प्रश्नों और मुद्दों के समयबद्ध निष्पादन एवं जीएसटी कानून और प्रक्रियाओं में हो रहे परिवर्तनों के बारे में उन्हें जागरूक करने के लिए हाल ही में टैक्स हाट कार्यक्रम शुरू किया है।
 

ठाकुर ने केन्द्रीय बजट 2022-23 की सराहना की

शिमला, 01फरवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय  राम ठाकुर ने केन्द्रीय वित्त मन्त्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज वर्ष 2022-23 के लिये प्रस्तुत बजट को देश की अर्थ-व्यवस्था देने, किसानों, समाज के कमजोर वर्गों तथा विकास को नई गति देने की दिशा में एक कारगर दस्तावेज बताया है।

     श्री ठाकुर ने कहा कि यह बजट आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगा तथा इसके साथ ही डिजिटल तकनीक के माध्यम से विकास की प्रक्रिया को समग्र और समावेशी बनायेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरे देश के साथ-साथ सभी राज्यों को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज सिद्ध होगा।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि यह बजट सड़कें, रेल, हवाई अड्डे, बन्दरगाह, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, जलमार्ग इत्यादि के निर्माण को गति प्रदान करेगा, जिससे हिमाचल प्रदेश को भी इन क्षेत्रोें को गति देने में सहायता मिलेगी।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि पूंजीगत व्यय बढ़ाने के लिये राज्यों के लिये अतिरिक्त केन्द्रीय सहायता में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 5,000 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेश सरकार को इसमें से चालू वित्तीय वर्ष में 600 करोड़ रुपये की स्वीकृति भारत सरकार द्वारा दी जा चुकी है। उन्होंने राज्यों को मिलने वाली इस सहायता को भारत सरकार द्वारा 2022-23 के दौरान 10 गुना बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वृद्धि के फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश को भी लाभ होगा, क्योंकि आगामी वित्तीय वर्ष में केन्द्रीय सहायता में काफी वृद्धि होगी। इस सहायता के माध्यम से प्रदेश सरकार को पूंजीगत कार्यों के कार्यान्वयन में गति दी जा सकेगी।
  जय राम ठाकुर ने कहा कि बजट में जीरो बजट प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की बात की गयी है, जिससे हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत केन्द्र सरकार द्वारा 2022-23 के लिये 60,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे हिमाचल प्रदेश सरकार को जुुलाई 2022 तक प्रदेश के सभी ग्रामीण घरों में पाइप के माध्यम से पीने को पानी पहुँचाने में सहायता मिलेगी।
 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के लिये ‘वाइब्रंट विलेज’ नाम से एक नई योजना आरम्भ करने का प्रस्ताव भी स्वागत योग्य है क्योंकि इससे प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री का पहाड़ी राज्यों में रोपवे बनाने के लिए केन्द्रीय सहायता से एक नई योजना पर्वतमाला आरम्भ करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बजट में वन स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष सुविधा आरम्भ करने की वित्त मंत्री की घोषणा का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में वन स्वीकृतियों के कारण लम्बित विकासात्मक योजनाओं को शीघ्र आरम्भ करने का मार्ग प्रशस्त होगा।   
 जय राम ठाकुर ने नई पेंशन स्कीम के अन्तर्गत मिलने वाली कर राहत को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का भी स्वागत किया है। उन्होंने दिव्यांगों तथा उनके माता-पिता को कर में राहत प्रदान करने की घोषणा का भी स्वागत किया है।
 मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के अन्र्तगत एक करोड़ नये लाभार्थियों को 2022-23 के दौरान लाभान्वित करने के प्रस्ताव का भी स्वागत किया हैं। उन्होंने कहा कि कृषि वानिकी एवं निजी वानिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों के लिये विशेष सहायता का प्रावधान भी सराहनीय है।
 जय राम ठाकुर ने कहा कि 2022-23 के लिये प्रस्तुत बजट आगामी 25 वर्षों के लिये एक ऐसा दस्तावेज है जिसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा सके कि आगामी वर्षों में विकास को इस प्रकार गति मिले कि इससे होने वाले लाभों से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे तथा देश के सभी क्षेत्रों के लोग विकास की इस प्रक्रिया में भागीदार हों।
 

Monday, January 31

हिमाचल में एक फरवरी से नौवीं से 12वीं कक्षा के लिए स्कूल खोलने का निर्णय

हिमाचल में एक फरवरी से नौवीं से 12वीं कक्षा के  लिए स्कूल खोलने का निर्णय 
शिमला,  31जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक फरवरी से नौवीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। 
   यह निर्णय आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। बैठक के निर्णय के  अनुसार 9वीं 10वीं 11वीं 12वीं कक्षाओं के छात्रों को स्कूल में आना होगा। बैठक में तीन फरवरी से सभी उच्चतर शिक्षण संस्थान खोलने का निर्णय लिया गया।
    बैठक में कहा कि प्रदेश में स्कूल पहली फरवरी से खुल जायेंगे, जबकि तीन फरवरी से क्लासें शूरु होंगी। 



Sunday, January 30

ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की

शिमला, 30जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर ऐतिहासिक रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
   श्री ठाकुर ने देश के लिए कुर्बान होने वाले शहीदों को स्मरण करते हुए कहा कि देश को आजाद करने के लिए दिए गए योगदान व बलिदान को हमेेशा याद रखा जाएगा।
 इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए।
 शहीदी दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन भी रखा गया।
 शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ कौल सिंह नेगी, उपायुक्त आदित्य नेगी और अन्य गणमान्य लोगों ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

ठाकुर ने शिमला में सम्मान पुरस्कार वितरण समारोह, 2022 की अध्यक्षता की

शिमला, 30 जनवरी(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल ऐतिहासिक गेयटी थियटर में हिमाचल प्रदेश कला, संस्कृति तथा भाषा अकादमी द्वारा आयोजित शिखर सम्मान, कला सम्मान, साहित्य पुरस्कार, स्वैच्छिक संस्था सम्मान, चम्बा रूमाल पहाड़ी चित्रकला सम्मान पुरस्कार वितरण समारोह, 2022 की अध्यक्षता की। 
   श्री ठाकुर  ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की समृद्ध संस्कृति, धरोहर तथा साहित्य के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा सरकार द्वारा लेखकों, कलाकारों, कारीगरों तथा शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019, 2020 तथा 2021 के लिए साहित्य पुरस्कार सभी विजेताओं को समय पर दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कलाकार राज्य के समृद्ध सांस्कृतिक संग्रह के संरक्षण में  अहम भूमिका निभा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि विद्यानंद सरैक तथा ललिता वकील को पद्मश्री पुरस्कारों से पुरस्कृत करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।उन्होने  कहा कि ललिता वकील लगभग 50 वर्षों से चम्बा रूमाल को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है तथा इस पुरस्कार से न केवल उनको बल्कि जिला चम्बा की पारम्परिक कला चम्बा रूमाल को भी पहचान मिली है। इसी प्रकार विद्यानंद सरैक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हैं जो पहाड़ी संस्कृति के संरक्षण तथा पुनरूद्धार के लिए लम्बे समय से कार्य कर रहे हैं।
   मुख्यमंत्री ने साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए आचार्य केशव शर्मा को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी शिखर साहित्य सम्मान-2017 तथा डाॅ. ओ.सी. हाण्डा को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी शिखर साहित्य सम्मान-2018 से सम्मानित किया। इसी प्रकार मोहन राठौर को कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए महाराजा संसार चंद शिखर कला सम्मान-2017 तथा चम्बा रूमाल को बढ़ावा देने के लिए दिनेश कुमारी को महाराजा संसार चंद शिखर कला सम्मान-2018 प्रदान किया गया। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक-एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
 श्री ठाकुर ने प्रो. हिम चटर्जी को सरदार सोभा सिंह ललित कला पुरस्कार-2016 प्रदान किया।
 शिक्षा तथा भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने नंद लाल ठाकुर को सरदार सोभा सिंह ललित कला पुरस्कार-2017 तथा खीमी राम को सरदार सोभा सिंह ललित कला पुरस्कार-2018 प्रदान किया। ज्वाला प्रसाद शर्मा को मनोहर सिंह निष्पादन कला सम्मान-2016, संजय सूद को मनोहर सिंह निष्पादन कला सम्मान-2017 तथा एस.डी.कश्यप को मनोहर सिंह निष्पादन कला सम्मान-2018 से सम्मानित किया गया। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को 51 हजार रुपए का नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
 गोविन्द सिंह ठाकुर ने वर्ष 2015 के लिए डाॅ. इन्द्र सिंह ठाकुर को उनकी पुस्तक तुम ही तो थे, वर्ष 2016 के लिए सरोज परमार को उनकी पुस्तक मैं नदी होना चाहती हूं तथा वर्ष 2018 के लिए विक्रम मुसाफिर को उनकी पुस्तक फिर वही सैलाब के लिए पण्डित भवानीदत्त शास्त्री हिन्दी कविता पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने वर्ष 2015 के लिए स्वर्गीय बद्री सिंह भाटिया को उनके उपन्यास डेंजर जोन, वर्ष 2017 के लिए डाॅ. गंगा राम राजी को उनके उपन्यास एक थी रानी खैरगढ़ी तथा वर्ष 2018 के लिए विक्रम गथानिया को उनके उपन्यास गांव की एक शाम के लिए डाॅ. यशवन्त सिंह परमार हिन्दी साहित्य गद्य पुरस्कार से पुरस्कृत किया। उन्हांेने वर्ष 2015 के लिए विद्यासागर नेगी को उनकी पुस्तक एक हिमाचली चरवाहे की आध्यात्मिक यात्रा तथा वर्ष 2018 के लिए डाॅ. सूरत ठाकुर को उनकी पुस्तक हिमाचल का जनजातीय लोक संगीत के लिए राम सिंह ठाकुर हिन्दी साहित्य विविध विधा पुरस्कार प्रदान किया।
 शिक्षा तथा भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री ने वर्ष 2015 के लिए आचार्य केशव राम शर्मा को उनकी पुस्तक श्रीशालग्रामचरितम् के लिए आचार्य दिवाकर शर्मा संस्कृत साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया।
 गोविन्द सिंह ठाकुर ने वर्ष 2016 के लिए डाॅ. चन्द्ररेखा ढडवाल को उनकी पुस्तक अक्खर अक्खर जुगनू तथा वर्ष 2018 के लिए विनोद कुमार भावुक को उनकी पुस्तक मेरीयां गल्लां गाजलबेल के लिए डाॅ. विद्याचंद ठाकुर पहाड़ी साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्हांेने जाहिद अबरोल को उनकी पुस्तक दरिया दरिया साहिल साहिल के लिए लाल चंद प्रार्थी उर्दू साहित्य पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया।
 उन्होंने ऐक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू को स्वैच्छिक संस्था सम्मान 2016 तथा डाॅ. प्रियंका वैद्य को उनकी पुस्तक लोटस राइज़िस इन मड के लिए ठाकुर सेन नेगी अग्रेजी साहित्य पुरस्कार 2018 से पुरस्कृत किया। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने पहाड़ी चित्रकला प्रतियोगिता पुरस्कार 2016 तथा चम्बा रूमाल प्रतियोगिता पुरस्कार 2016 के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए।
 

हिमाचल:बिजली बिलों में छूट संबंधी प्रदेश सरकार के निर्णय से लाभान्वित होंगे 11 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता

शिमला, 30जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने  अपने उपभोक्ताओं को सुनिश्चित विद्युत आपूर्ति देने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों अनुसार कई प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

विद्युत विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में सोलन में आयोजित राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व समारोह के दौरान विद्युत क्षेत्र में विभिन्न वर्गों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा घरेलू व कृषि विद्युत उपभोक्ताओं के लिए विद्युत बिलों में छूट प्रदान करने की घोषणा कर राहत प्रदान की गई है। राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार वे सभी उपभोक्ता जिनकी बिजली की खपत 60 यूनिट प्रतिमाह है और जिन्हें एक रुपये प्रति यूनिट बिजली का बिल देना पड़ता था, अब उनसे किसी तरह का पैसा नहीं लिया जाएगा। इसमें फिक्स्ड चार्जेस और मीटर रेंट की भी पूरी तरह से छूट रहेगी। इसके साथ ही जिन घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की खपत 125 यूनिट तक है और इन्हें वर्तमान में सरकार द्वारा पहले से ही अनुदान युक्त दर पर एक रुपए 55 पैसे प्रति यूनिट देना पड़ता है, इसमें सरकार ने 55 पैसे की और छूट प्रदान की है। अब इस राहत से इन्हें केवल एक रुपये प्रति यूनिट ही देना होगा।
   उन्होंने बताया कि इस तरह 60 यूनिट तक आने वाले वर्ग में लगभग 4 लाख से अधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं और 60 यूनिट से आगे 125 यूनिट तक आने वाले लगभग 7 लाख से अधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार इस छूट का लाभ प्रदेश के लगभग 11 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
    उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यह विशेष रियायतें घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मार्च, 2022 से और कृषि उपभोक्ताओं के लिए अप्रैल, 2022 से दी जाएंगी।
    दूसरी ओर किसानों को राहत देने के लिए भी बिजली की वर्तमान अनुदान युक्त दरों को 50 पैसे से घटाकर 30 पैसे कर दिया गया है।
    प्रवक्ता ने कहा कि क्योंकि यह सभी राहतें राज्य सरकार की ओर से हैं और इसलिए राज्य सरकार की ओर से इन राहतों की एवज में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड को लगभग 90 करोड़ रुपये सालाना भुगतान किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि यह सभी राहतें प्रदेश की जनता के हित में हैं। इन राहत और सुविधाओं की घोषणा इसलिए भी की जा रही है कि कोरोना के कठिन समय में पहले भी और अब भी कुछ वर्ग के लोग कई कारणों से विद्युत बिल देय नहीं कर पाए थे। उनकी विशेष सहायता के लिए भी सरकार ने यह कदम उठाया है और इन सुविधाओं को आगे भी जारी रखा जाएगा।

Friday, January 28

ठाकुर ने सीसीटीएनएस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए पुलिस विभाग को बधाई दी

शिमला,  28जनवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में लगातार दूसरे वर्ष हिमाचल प्रदेश पुलिस को क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एण्ड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने पर पुलिस विभाग को बधाई दी है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि सीसीटीएनएस पुलिस थानों की कार्य प्रणाली की रीढ़ है और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक संजय कुंडु के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपराधों की निगरानी एवं नियंत्रण में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का सर्वोत्कृष्ट उपयोग सुनिश्चित किया है। साथ ही प्रभावी पुलिस कार्य प्रणाली के दृष्टिगत राज्य मेें कई जन मित्र योजनाओं की भी पहल की ।

हिमकोफैड के नवनियुक्त अध्यक्ष ने जयराम ठाकुर से भेंट की

शिमला, 28जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) के नवनियुक्त अध्यक्ष कौल सिंह नेगी ने भेंट की और बतौर अध्यक्ष उनकी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
   श्री ठाकुर ने  बतौर अध्यक्ष उनके बेहतर कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
 कौल सिंह नेगी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री तथा आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एवं चेरीटेबल सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं।
 इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता, कौशल विकास निगम के राज्य समन्वयक नवीन शर्मा, भाजपा महासू जिला के अध्यक्ष अजय श्याम, ग्राम पंचायत जाहू के प्रधान गौरव, भाजपा नेता ललित ठाकुर व कुलदीप सुमन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।