Thursday, July 8

सभी विद्यालय आगामी आदेशों तक बंद रखने का निर्णय

शिमला , 08 जुलाई ( 3आई न्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में कल आज यहां आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की गई। 

  बैठक में सभी सामाजिक, अकादमिक, मनोरंजन, राजनीतिक, सांस्कृतिक समारोहों सहित विवाह एवं अन्य समाराहों में लोगों की उपस्थिति की संख्या में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया।  

   इस निर्णय के अनुसार, अब इन्डोर समारोहों में कुल क्षमता के 50 प्रतिशत और अधिकतम 200 लोगों  जबकि खुले स्थान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मैदान की कुल क्षमता के 50 प्रतिशत लोगों की आने की  मंजूरी होगी ।

   बैठक में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कोविड उपयुक्त व्यवहार सुनिश्चित करेंगे।

 बैठक में 2 से 13 अगस्त, तक हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित करने के लिए राज्यपाल को सिफारिश भेजने का निर्णय भी लिया गया।

 मंत्रिमंडल ने कोविड-19 के कारण अपने माता व पिता दोनों को खोने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री बाल उद्धार योजना के अंतर्गत लाने को अनुमति प्रदान की ताकि उन्हें प्रतिमाह 1500 रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जा सके।

 बैठक में आशा कार्यकर्ताओं का वर्तमान में दिए जा रहे अतिरिक्त मानदेय को 2000 रुपये से बढ़ाकर 2750 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया।

 मंत्रिमंडल ने प्रदेश में नई शिक्षा नीति को क्रियान्वित करने के लिए तय किया गया है कि तीसरी, पांचवी और आठवीं कक्षाओं के प्रश्नपत्र हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड तैयार करेगा। इन कक्षाओं की मार्किंग और परीक्षा परिणाम क्लस्टर, खंड व जिला स्तर पर घोषित किए जाएंगे। मंत्रिमंडल ने प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा के लिए 2018 से 2020 बैच को स्कूल इंटर्नशिप में छह सप्ताह की छूट देने को मंजूरी दी ।

 बैठक में सभी विद्यालयों को आगामी आदेशों तक बंद रखने का निर्णय लिया गया जबकि आॅनलाइन कक्षाएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी।

   मंत्रिमंडल ने काॅलेजों के प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। महाविद्यालयों में नए दाखिले और नवीकरण इस वर्ष जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में आरंभ होगा जबकि नए शैक्षिक वर्ष के लिए स्नातक कक्षाएं 16 अगस्त, 2021 से आरम्भ होंगी।

  मंत्रिमंडल ने शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के टीकाकरण की प्रगति की सराहना की। बैठक में जानकारी दी गई कि 30 जून, 2021 तक 90 प्रतिशत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का टीकाकरण कर लिया गया है। महाविद्यालयों के लगभग 25 हजार विद्यार्थियों का टीकाकरण 28 व 29 जून, 2021 को किया गया। यह भी जानकारी दी गई कि 30 जून, 2021 तक महाविद्यलयों के अंतिम वर्ष के लगभग 80 प्रतिशत विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

    मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिला में 200 बिस्तरों की क्षमता वाले नागरिक अस्पताल नुरपुर अस्पताल के उचित प्रबन्धन के लिए चिकित्सा अधीक्षक का एक पद सृजित करने का निर्णय लिया।

 बैठक में निर्णय लिया गया कि अनाथ बच्चों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बिना प्रीमियम हिमकेयर योजना के अन्तर्गत लाया जाएगा। इससे 1500 अनाथ बच्चे और 70 वर्ष से अधिक आयु वाले 16304 वरिष्ठजन लाभान्वित होंगे।

 जिला कांगड़ा के डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, टांडा में जन सुविधा के लिए 12.50 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, इस महाविद्यालय के रेडियोग्राफी विभाग में रेडियोग्राफर के दो पद सृजित करने व इन्हें भरने को मंजूरी दी  है।

 मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के नेर चैक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर, चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता और मनोविज्ञानी का एक-एक पद, पैलिएटिव केयर सर्विसिज में चिकित्सा अधिकारियों के दो व स्टाफ नर्सों के पांच पद, चिकित्सा कैंसर सेवाओं में सहायक प्रोफेसर का एक पद और सामान्य शल्य चिकित्सा में सहायक प्रोफेसर का एक पद भरने की मंजूरी प्रदान की।

 बैठक में जिला चम्बा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मड़ी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में स्तरोन्नत करने तथा इस केन्द्र के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पांच पद भरने को मंजूरी दी गई।

 मंत्रिमण्डल ने इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, शिमला में प्रसूति एवं स्त्री रोग प्रोफेसर का एक पद सृजित करने व भरने की स्वीकृति दी है।

 मंत्रिमण्डल ने जनता की सुविधा के लिए जिला शिमला के कुफरी स्थित यातायात पुलिस सहायता कक्ष को स्थायी पुलिस चैकी में परिवर्तित करने को मंजूरी दी।

   कर्मचारियों और आम जनता की सुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सिरमौर जिला के राजगढ़ स्थित विश्राम गृह में चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण को मंजूरी दी ।

 मत्स्य पालन विभाग के बिलासपुर मुख्यालय में अतिरिक्त अथवा संयुक्त निदेशक का एक पद सृजित करने का निर्णय लिया जिसे हिमाचल प्रदेश प्रशासिनक सेवा (एचएएस) के अधिकारी से भरा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री बनने पर अनुराग सिंह ठाकुर को बधाई दी


 

शिमला , 08 जुलाई ( 3आई न्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय केबिनेट मंत्री बननेे पर अनुराग सिंह ठाकुर को बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्रीय मंत्री के रूप में अनुराग सिंह ठाकुर का कार्यकाल उपलब्धियों भरा होगा।

उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से विकास की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश को भरपूर लाभ मिलेगा।

  श्री ठाकुर ने अनुराग ठाकुर को केंद्रीय केबिनेट मंत्री बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश का सौभाग्य है कि एक छोटा राज्य होने के बावजूद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी हिमाचल प्रदेश से हैं।

 


वीरभद्र सिंह का निधन,तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

शिमला ,08 जुलाई ( 3आई न्यूज़ ) हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह( 87 ) का आज निधन जो गया ।  

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, शिमला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ जनक राज ने आज यह जानकारी है।वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं । 

     गौरतलब है की वीरभद्र सिंह दो बार कोरोना संक्रमित  हुए थे और कोरोना से जंग जीती थी।

 प्रदेश सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है ।  प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के सम्मान में 8 जुलाई से 10 जुलाई, तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस अवधि के दौरान किसी प्रकार के सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे। आवश्यक सेवाओं से संबधित विभागों के अतिरिक्त राज्य सरकार के सभी कार्यालय, बोर्ड, निगम और स्वायत्त संस्थान 8 जुलाई को बन्द रहेंगे।

Sunday, July 4

मुख्यमंत्री ने कुल्लू में भूतनाथ पुल के मुरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और रख-रखाव के निर्देश दिए


शिमला ,  03 जुलाई (3आईन्यूज) हिमाचल  प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कुल्लू में ब्यास नदी पर बने भूतनाथ पुल के मुरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसके उचित रखरखाव और मुरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
   श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि पुल की मुरम्मत का कार्य अंतरराष्ट्रीय कंपनी द्वारा किया जा रहा है और कंपनी के विशेषज्ञ इसके जीर्णोद्धार कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विशेषज्ञों के निर्देश पर इस पुल की मुरम्मत करने को कहा।उन्होंने  कुल्लू बस स्टैंड के निकट स्थल का भी दौरा किया और अधिकारियों से क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए इस स्थान पर वाहनों की पार्किंग स्लाॅट के निर्माण की संभावनाएं तलाशने को कहा।
  इसके बाद  मुख्यमंत्री ने देव सदन कुल्लू का दौरा किया, जहां सोमवार को राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है।
   मुख्यमंत्री ने परिधि गृह कुल्लू में लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का समाधान करने को कहा।

  

 

गीत ‘म्हारा शोभला माणू जय राम ठाकुर’ जारी किया

 


शिमला ,  03 जुलाई (3आईन्यूज) हिमाचल  प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल  यहां महादेव स्टूडियो के बैनर तले निर्मित वीडियो गीत ‘म्हारा शोभला माणू जय राम ठाकुर’ जारी किया। इस गीत को पहाड़ी गायक नरेश भारद्वाज ने गाया है।

   श्री ठाकुर ने नरेश भारद्वाज और उनकी टीम के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह गीत पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ इनके संरक्षण में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला है।

 गायक नरेश भारद्वाज ने वीडियो गीत जारी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह गीत विंक म्यूजिक, सावन, स्पाॅटिफाई म्यूजिक और gaana.com जैसे विभिन्न प्लेटफाॅर्म पर उपलब्ध होगा।

  

  

राज्यपाल ने सीआरईआई कसौली के अनुसंधान कार्यों की सराहना की

शिमला , 04जुलाई (3आईन्यूज)  हिमाचल  प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शनिवार को सोलन जिले के कसौली स्थित केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (सीआरआई) के अपने पहले दौरे के अवसर पर कहा कि इस संस्थान ने कोरोना महामारी के दौरान अच्छा काम किया है। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि कोविड-19 एंटीसीरम का परीक्षण दूसरे चरण में है।

 राज्यपाल ने और अधिक शोध कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारें अनुसंधान कार्यों पर अधिक खर्च कर रही हैं और अनुसंधान परियोजनाओं के लिए अधिक बजट प्रदान किया जा रहा है। भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीच्यूट जैसे संस्थानों को कोविड वैक्सीन तैयार करने का श्रेय दिया गया है जिससे देश का मान बढ़ा है।

   श्री दत्तात्रेय ने कहा कि सीआरआई एक प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान है जिसका 116 वर्षों से अधिक लंबा इतिहास है और संस्थान ने महामारी और सूक्ष्म जीव विज्ञान से संबंधित वैक्सीन पर अनुसंधान के लिए अद्वितीय कार्य किया है। यह संस्थान सरकार के सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम विशेष रूप से डीपीटी और टीटी टीकों के आपूर्तिकर्ताओं में एक है। यह संस्थान सांप के काटने, रेबीज और डिप्थीरिया के लिए विभिन्न जीवनरक्षक उपचारों के निर्माण और आपूर्ति में भी शामिल है। उन्होंने कहा कि शोध कार्य बहुत महत्वपूर्ण है और इसे प्रयोगशाला से बाहर तक पहुंचना चाहिए।

 उन्होंने सीआरआई के सीजीएमपी में डीपीटी वैक्सीन उत्पादन इकाई का दौरा भी किया।

 इससे पूर्व कसौली पहुंचने पर सोलन जिले की उपायुक्त कृतिका कुल्हारी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने राज्यपाल का स्वागत किया।

 बाद में राज्यपाल ने सुबाथू में 14वें गोरखा प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया जहां कमांडेंट एस.एस. संधू ने उनका स्वागत किया। उन्होंने संग्रहालय और कैनेडी हाॅल का दौरा किया और गोरखा रेजीमेंट के वीरतापूर्ण इतिहास में गहरी रुचि दिखाई।

 इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह रेजीमेंट भारतीय सेना की सबसे व्यापक रूप से यात्रा करने वाली रेजीमेंट में से एक जिसका वीरता का एक लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि रेजीमेंट के कई वीर जवानों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

 

बिलासपुर में जे.पी. नड्डा का स्वागत

 शिमला ,  04 जुलाई (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आज बिलासपुर के लुहणु मैदान पर स्वागत किया।


 श्री नड्डा हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आए हैं।सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग, विधायक सुभाष ठाकुर, राकेश जम्वाल, जे.आर. कटवाल और इन्द्र सिंह गांधी, पूर्व विधायक और भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा, हि.प्र. राज्य वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, राज्य भाजपा संगठन महासचिव पवन राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल तथा जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने जगत प्रकाश नड्डा से बिलासपुर के परिधि गृह में बातचीत की तथा लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
 

Saturday, July 3

चंबा के तीसा में बस सड़क पर उलटी ,6 घायल

  चंबा.  03 जुलाई (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के चंबा के तीसा-चरड़ा मार्ग पर एक आज एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलटने से छह लोग घायल हो गए। 


 
घायलों को तीसा के  सिविल अस्पताल  में भर्ती कराया गया है  । प्राप्त जानकारी  के अनुसार ये हादसा उस समय हुआ जब बस चरढ़ा से भंजराड़ू जा रही थी और रास्ते में मझोगा के पास   बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।     


एन्क्लेव काॅलानी में 40 लाख रुपये की पेयजल योजना का शिलान्यास

ऊना, 03 जुलाई (3आईन्यूज) छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के वार्ड नंबर 1 स्थित फ्रेड्स एन्क्लेव काॅलानी में 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पेयजल योजना का शिलान्यास किया।

श्री सत्ती ने बताया कि इस पेयजल योजना के बनने से लगभग एक हजार लोगों को लाभ मिलेगा। इसके लिए  रमा देवी व अशोक कुमार द्वारा 5 मरले भूमि दान दी है। उन्होंने  बताया कि आधारभूत संरचनात्मक ढांचों और जन सुविधाओं को मजबूत करना ही प्रदेश सरकार का मुख्य ध्येय है।  

   उन्होंने कहा कि कोरोना की दो लहरें हम अभी तक देख चुके हैं और विशेषज्ञ तीसरी लहर की चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे में यदि सभी निर्धारित हिदायतों की सख्ती से अनुपालना की जाए तो तीसरी लहर से बचा जा सकता है। मास्क का प्रयोग करें, सामाजिक दूरी के मानकों को निभाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें।
इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा की अध्यक्षा अंजु बाला व उपाध्यक्ष अजय सोनी, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन नरेश धीमान, विपन राणा, रीतिका भारद्वाज, भीष्म जोशी, सोमनाथ व बनवारी, इंडिस्ट्रीयल एसोशियेशन के प्रधान अनिल स्पाटिया, व हरमेश प्रभाकर सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

फॉल आर्मी वर्म से बचाव हेतु कृषि विभाग ने जारी की एडवाईजरी

ऊना, 03 जुलाई (3आईन्यूज) कृषि उप निदेशक अतुल डोगरा ने एडवाईजरी जारी करते हुए  बताया कि जिला ऊना में पिछले वर्ष की तरह इस बार भी फाल आर्मी वर्म नामक कीट ने मक्की की फसल पर आक्रमण कर दिया है।

     

उन्होंने बताया कि यह कीट मक्की के पत्तों पर आक्रमण करता हैै तथा लम्बे समानान्तर छेद पत्तों पर देखने को मिलते हैं। यह कीट रात के समय पौधों पर हमला करता है तथा दिन में पौधे के पूर्णसमूह के अंदर छिप जाता है। यह कीट अपनी जीवन अवधि में 1000 अंडे देता हैं। इस कीट का पतंगा रात के समय एक ही बार 100 अंडे देता है तथा 12 घंटे में 100 किलोमीटर का सफर तय कर लेता है। उन्होंने बताया कि अंडो से छोटी-छोटी सुंडिया निकलती है जिनको शुरू में ही कलोरपाइरीफोस 20 ईसी नामक दवाई के छिड़काव से नियंत्रित किया जा सकता है।

    श्री डोगरा ने बताया कि यह छिड़काव सुबह 6 से 10 बजे तथा शाम को 4 से 7 बजे के बीच में ही करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब ये सुंडिया बड़ी हो जाती है तब इनके नियंत्रण के लिए किसान को काफी मेहनत करनी  पड़ती है। उन्होंने बताया कि बड़ी सुंडियों के नियंत्रण के लिए इमामैक्टिन वेन्जोएट 5 एसजी (प्रोक्लेम, इम्मा मिसाइल, इमेटिन इत्यादि) 100 ग्राम प्रति हैक्टेयर या क्लारेनट्रेनिलिप्रोल 18-5 (कोरेजन इत्यादि) 75 एमएल प्रति हैक्टेयर या फ्लूवेंडामाइड 480 एससी (फेम इत्यादि) 75 एमएल प्रति हैक्टेयर या स्पेइनोसैड 45 एससी 75 एमएल प्रति हैक्टेयर की दर से छिड़काव करें।

 इसके अतिरिक्त पतंगों को पकड़ने के लिए 5-6 फीरोमोन ट्रैप प्रति एकड़ में लगायें या एजाडिरिक्टिन 1500 पीपीएम को 5 एमएल प्रति लीटर पानी में घोल बना कर छिड़कायें। पौधे के पत्तों के समूह में पानी अथवा रेत, मिट्टी डालने से भी कीड़े की पौधे के अंदर ही मृत्यु हो जाती है या बैसिलस थ्युरीन्जनेसिस की मात्रा 2 ग्राम प्रति लीटर पानी का घोल बना कर छिड़काव करें।

 

Friday, July 2

राजेन्द्र गर्ग ने नागरिक आपूर्ति निगम का मुनाफा बढ़ाने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए

 शिमला , 1 जुलाई (3आईन्यूज) खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिंद्र गर्ग ने आज यहां खाद्य आपूर्ति विभाग और निगम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए   कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश के प्रत्येक स्थान पर खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने में नागरिक आपूर्ति निगम की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप निगम की स्वच्छ छवि बनी है।  

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत उत्पादों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और उचित उत्पाद दरें रखने के साथ-साथ निगम का कारोबार बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

   राजिंद्र गर्ग ने निगम के अधिकारियों को नागरिक आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए और कहा कि परिचालन लागत को कम करने के लिए रणनीति तैयार की जानी चाहिए ताकि निगम लाभ अर्जित करने वाली संस्था बन सके। उन्होंने मांग आदेश समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये ताकि हर माह की 10 तारीख तक राज्य के गोदामों में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिक से अधिक अस्पतालों में नागरिक आपूर्ति की नई दुकानें खोलने के भी प्रयास किए जाने चाहिए।

   प्रबंध निदेशक नागरिक आपूर्ति निगम ललित जैन ने निगम के कार्यों से सम्बन्धित प्रस्तुति दी और आय बढ़ाने के लिए राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न नए प्रयासों और उपक्रमों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि निगम ने ऊर्जा साधनों से सम्बन्धित उत्पादों की आपूर्ति के लिए कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है। इसके अतिरिक्त, अगरबत्ती व धूप के साथ-साथ अग्निशमन उपकरणों व सहायक सामगी्र, विभिन्न प्रकार के फर्नीचर का सामान और कीटाणुनाशक उपकरणों की आपूर्ति के लिए एजेंसियों तथा विक्रेताओं को भी सूचीबद्ध किया गया है।

 

ठाकुर ने सिराज में लगभग 9.20 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

मंडी  , 02 जुलाई(3आईन्यूज)  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री  जय राम  ठाकुर ने कल मंडी जिला के सिराज में  9.20 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

ग्राम पंचायत पखरैर और कांडा बगस्याड़ की लाॅट, करसवाली और कटियाली की शेष बस्तियों को कवर करने के लिए 50 लाख रुपये की उऊ यजठापेल आपूर्ति योजना, थुनाग तहसील में ग्राम पंचायत लम्बा थाच के केवली गांव में 97 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना, थुनाग तहसील में थुनाग बाजार और आस-पास के क्षेत्र के लिए 6.57 करोड़ रुपये की बाढ़ नियंत्रण दीवार, तांदी में 55 लाख रुपये के निरीक्षण केन्द्र, थुनाग में 35.12 लाख रुपये से कला मंच और मुरहग में 25 लाख रुपये के पशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया।

    इसके उपरांत, इलेक्ट्राॅनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों के संतुलित और चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।  

 उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने आज 9.20 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जनता से सीधा संवाद करना संभव नहीं है, इसलिए राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों के लोगों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि सिराज विधानसभा क्षेत्र राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में एक है और जब वह पहली बार इस क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे, तो लगभग 17 पंचायतें ही सड़कों से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र की लगभग सभी 77 पंचायतों को सड़कों से जोड़ दिया गया है।

सतपाल सत्ती ने वितरित की 1.20 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता

ऊना  , 02 जुलाई(3आईन्यूज)   छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कल  जिला परिषद हॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 60 परिवारों को 1.11 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस योजना के तहत घर बनाने के लिए 1.85 लाख रुपए प्रति परिवार की आर्थिक सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त सतपाल सत्ती ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को भी 9.60 लाख रुपए की राहत राशि के चैक प्रदान किए।


इस अवसर पर सत्ती ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 तक देश के सभी परिवारों को घर देने का लक्ष्य तय किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत ऊना विधानसभा क्षेत्र के शहरी क्षेत्रों में 700 लाभार्थियों का चयन किया गया है तथा पिछले चार वर्षों में 400 परिवारों को घर बनाकर दिए गए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि आबादी के हिसाब से ऊना को सबसे ज्यादा मकान मिले हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में भी इस योजना के तहत पूरे ऊना जिला में 360 घर बनाए गए हैं, जिस पर 5.50 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की गई है। इस योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार जताया। 

छठे राज्य वित्तायोग ने कहा कि जिला ऊना में प्रत्येक परिवार को अपना घर दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन को उन्होंने प्रत्येक विस क्षेत्र में कम से कम दो जगहों पर ऐसी भूमि चिन्हित करने को कहा है, जहां पर भूमिहीनों को मकान बनाने के लिए जगह दी जा सके। कॉलोनी बनाने के लिए चिन्हित भूमि पर प्रदेश सरकार सड़क, बिजली व पानी की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने किसी के पास घर बनाने के लिए भूमि उपलब्ध न हो, तो उसे भूमि भी दी जा सकती है।

   सतपाल सिंह सत्ती ने कार्यक्रम के दौरान चिकित्सक दिवस की बधाई भी दी और कहा कि कोरोना संकट में अगर हम नियम मानें तो डॉक्टरों के लिए यह सबसे बड़ा उपहार होगा। वैश्विक महामारी के दौर में डॉक्टर अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा में लगे हैं। अभी हमने कोरोना की दो लहरें देखीं तथा विशेषज्ञ तीसरी लहर की चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे में अगर सभी सावधानियां बरतें तो तीसरी लहर से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं, पुलिस, होमगार्ड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सामाजिक-राजनीतिक संगठनों व शिक्षकों ने दूसरी लहर के दौरान बेहतर काम किया, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।