Friday, September 11

परौर में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत

कांगड़ा,11सितम्बर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश में काँगड़ा जिला के उपमंडल पालमपुर के पास परौर में कल न्यूगल पुल पर जीप -मोटरसाईकल की  भिड़त में  एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान हराबाग( जोगिन्दरनगर) निवासी मोहित अवस्थी (31) के रूप में हुयी है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।युवक की दो साल पहले शादी हुयी थी ,उसका दस माह का बच्चा भी है ।     
     थाना प्रभारी रमेश ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है । यह दुर्घटना उस समय हई जब मोटरसाइकिल पर सवार युवक पालमपुर से नगरोटा की तरफ जा रहा था कि उसी  दौरान विपरीत दिशा से आ रही जीप के साथ उसकी भिड़त टक्कर हो गई। वहीँ दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने भारी रोष दिखाते हुए कहा कि हादसे का बड़ा कारण सड़क के गड्ढे भी हैं।  
     पुलिस ने इस मामले में जीप चालक दिलीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज़ कर गिरफ्तार किया है।

राज्यपाल ने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा किया

 शिमला,11 सितम्बर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर पूजा, गौपूजा और  राजभवन परिसर में चिनार का पौधारोपण किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहाड़ी राज्य अधिक समृद्ध है, हिमाचल के बारे में जितना सुना है, उससे कहीं अधिक विविध संस्कृति और धार्मिक रूप से समृद्ध राज्य है और यहाँ के लोग संतुष्ट, खुश और सरल हैं। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें मनोरम परिदृश्य से परिचित होने का मौका दिया है और उन्हें श्रद्धा से भर दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में उनके कार्यकाल का एक वर्ष व्यक्तिगत रूप से उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा है और वह राज्य की सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा महसूस करते हैं।
  इस अवसर पर, उन्होंने बसंतपुर के वृद्धाश्रम में रहने वाले लोगों के लिए कपड़े और अन्य सामग्री भी भेजी थी। उन्होंने यज्ञ किया और गाय की पूजा भी की।इस अवसर पर, राज्यपाल ने राजभवन द्वारा तैयार अपने एक वर्ष के कार्यकाल पर आधारित एक वृत्तचित्र का विमोचन किया और पुस्तक का कवर पेज भी जारी किया।

नरेन्द्र बरागटा ने राम मंदिर निर्माण के लिए दिए आठ लाख

शिमला ,11नवंबर (3आईन्यूज़ ) मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आज यहां मुख्य सचेतक राज्य भाजपा नरेन्द्र बरागटा ने श्री वैष्णो दुर्गा संकीर्तन मण्डली की ओर से अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आठ लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष में 50 हजार रुपये का चेक भेंट किया।श्री ठाकुर ने नरेन्द्र बरागटा और संगठन के सदस्यों का उदारतापूर्वक अंशदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अंशदान अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
    श्री वैष्णो दुर्गा संकीर्तन मण्डली शिमला के पदाधिकारी अमृत लाल सरना, मुकेश शारदा, अजय सूद व अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 

हरियाणा में कल कोरोना के 25 मरीज़ों ने तोडा दम

चंडीगढ़ ,11 सितम्बर (3आईन्यूज़ ) हरियाणा में कल कोरोना से संक्रमित 25 मरीज़ों ने दम तोड़ दिया जिसमें करनाल में 4 ,अम्बाला ,पानीपत ,कुरुक्षेत्र से क्रमश 3-3 ,फतेहाबाद ,सिरसा ,रोहतक में 2 -2 ,फरीदाबाद ,रेवाड़ी ,भिवानी ,नूह ,यमुनानगर ,और जींद से क्रमश एक -एक शामिल हैं।   इसके साथ ही कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या 907 हो गयी है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के बुलेटन के अनुसार राज्य में कल कोरोना से संक्रमित 2591 नए मामले आये और 1562  मरीज़ ठीक हुए हैं और सक्रिय मामले 18332  हैं । 

Thursday, September 10

उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में लेक्चरर के साक्षात्कार 14 सितम्बर को

हमीरपुर ,10 सितंबर(3 आईन्यूज़) हमीरपुर जिला मुख्यालय के निकट गांव नेरी में स्थित उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के दो विषयों पुस्तकालय विज्ञान और पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन में लेक्चरर का एक-एक पद पीरियड आधार पर भरा जाएगा। इसके लिए 14 सितंबर को सुबह 11 बजे सीधे साक्षात्कार लिए जाएंगे।  महाविद्यालय के डीन की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुस्तकालय विज्ञान के पद के लिए आवेदक पुस्तकालय विज्ञान में कम से कम स्नातकोत्तर होना चाहिए। इसमें पीएचडी डिग्रीधारक को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी प्रकार पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन के पद के लिए आवेदक कम से कम एमवीएससी या एमएससी डिग्रीधारक होना चाहिए। इस विषय में भी पीएचडी डिग्रीधारक को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदक नेट या सेट पास होना चाहिए। पीएचडी डिग्रीधारक  को नेट-सेट में छूट दी जा सकती है।
  चयनित उम्मीदवार को प्रति घंटा 1000 रुपये और प्रतिदिन अधिकतम 3000 रुपये मानदेय मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

सेना भर्ती की संयुक्त प्रवेश परीक्षा अब एक नवंबर को

  हमीरपुर 10 सितंबर(3 आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश में थल सेना में सैनिक जनरल ड्यूटी के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा हेतु चयनित हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के युवाओं की परीक्षा अब एक नवंबर को होगी।
 सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल एन सतीश कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र और समय के बारे में उम्मीदवारों को ई-मेल के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा। इसके अलावा उम्मीदवार किसी भी कार्य दिवस को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222214 पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कर्नल ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को अब नए रोल नंबर जारी किए जाएंगे और उन्हें यह परीक्षा केंद्र पर ही दिए जाएंगे। इसलिए सभी उम्मीदवार परीक्षा के दिन अपने पुराने एडमिट कार्ड अवश्य साथ लाएं। उन्हें इन एडमिट कार्ड के आधार पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निदेशक ने बताया कि परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को मास्क, दस्ताने और सेनिटाइजर के प्रयोग के अलावा कोरोना से संबंधित अन्य सभी सावधानियों एवं नियमों का भी पालन करना होगा। इन नियमों का उल्लंघन करने वाले उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। गौरतलब है कि यह परीक्षा 28 जून को होनी थी, लेकिन कोरोना संकट के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

मेडिकल कालेज हमीरपुर में स्थापित हुईं दो अत्याधुनिक कार्डियो टोकोग्राफ मशीनें

हमीरपुर 10 सितंबर(3 आईन्यूज़)हमीरपुर के  डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के स्त्री रोग विभाग में दो अत्याधुनिक कार्डियो टोकोग्राफ मशीनें स्थापित की गई हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि बिना तार वाली ये मशीनें गर्भवती महिलाओं के गर्भ में पल रहे शिशु के हृदय की गति का पता लगाती हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना संकट के बावजूद प्रदेश सरकार के विशेष प्रयासों के कारण इन मशीनों का ब्रिटेन से आयात संभव हो पाया है। प्रदेश में पहली बार इस तरह की अत्याधुनिक मशीनें लाई गई हैं और ये अधिक जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए वरदान साबित होंगी।
    डॉ. वर्मा ने बताया कि इस समय टांडा और शिमला के बाद हमीरपुर के मेडिकल कालेज अस्पताल में सबसे ज्यादा प्रसव करवाए जा रहे हैं। यहां चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी बहुत ही सराहनीय सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। हमीरपुर के अलावा कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और ऊना जिले के क्षेत्रों से भी गर्भवती महिलाएं यहां प्रसव के लिए आ रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आने वाले समय में मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में मातृ-शिशु अस्पताल खोलने पर भी विचार कर रही है, ताकि यहां गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सके तथा स्त्री रोग विभाग की क्षमता बढ़ सके।

टौणी देवी में आंगनबाड़ी कर्मचारियों के साक्षात्कार 30 को

हमीरपुर 10 सितंबर(3 आईन्यूज़) बाल विकास परियोजना टौणी देवी के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में खाली पड़े आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों के लिए साक्षात्कार 30 सितंबर को टौणी देवी स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में होंगे।
  बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्याण चंद ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत टपरे के आंगनबाड़ी केंद्र टपरे और ग्राम पंचायत डाडू के आंगनबाड़ी केेंद्र दयोग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा।  ग्राम पंचायत जंदड़ू के आंगनबाड़ी केंद्र जंदड़ू, ग्राम पंचायत पंजोत के आंगनबाड़ी केंद्र छौं, ग्राम पंचायत बराड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र बराड़ा-1, ग्राम पंचायत नाडसीं के आंगनबाड़ी केंद्र ककडिय़ार और ग्राम पंचायत सराहकड़ के आंगनबाड़ी केंद्र भरेटा, आंगनबाड़ी केंद्र सराहकड़, ग्राम पंचायत चंबोह के आंगनबाड़ी केंद्र चुहाग और ग्राम पंचायत दिम्मी के आंगनबाड़ी केंद्र भदरू में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
    उन्होंने बताया कि  ग्राम पंचायत भेरडा के आंगनबाड़ी केंद्र भेरडा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए अभी साक्षात्कार नहीं लिए जाएंगे, क्योंकि इसका मामला अभी न्यायालय में लंबित है।उक्त पदों के लिए 21 से 45 वर्ष तक आयु की महिलाएं सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदक कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए, जबकि सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। सहायिका के पद के लिए अगर आठवीं पास एक भी महिला आवेदन नहीं करती है तो पांचवीं पास महिला भी साक्षात्कार दे सकती है।
उक्त पदों के लिए संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले गांवों की महिलाएं ही आवेदन कर सकती हैं।  एक जनवरी 2020 की पारिवारिक स्थिति के आधार पर अभ्यर्थी के परिवार के मुखिया के नाम जारी आय प्रमाण पत्र के अनुसार परिवार की वार्षिक आय 35000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र महिलाएं साक्षात्कार शुरू होने से एक घंटे पहले तक आवेदन कर सकती हैं। साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। जो महिलाएं पहले आवेदन कर चुकी हैं, उन्हें दोबारा आवेदन पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है।अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-278393 पर संपर्क किया जा सकता है। संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय, महिला मंडल कार्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र से भी जानकारी हासिल की जा सकती है।

कृष्णानगर और हीरानगर में 11 सितम्बर बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर, 10 सितंबर(3आईन्यूज़ )हिमाचल प्रदेश के विद्युत उपमंडल हमीरपुर-2 में कृष्णानगर और हीरानगर की लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते इन लाईनों के तहत आने वाले क्षेत्रों में 11 सितंबर सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।
     बिजली बोर्ड लिमिटेड के सहायक अभियंता अश्वनी पुरी ने इस दौरान इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

हमीरपुर में 9 पुलिस कर्मचारियों सहित 23 लोग कोरोना पाॅजीटिव

हमीरपुर, 10 सितंबर (3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में 9 पुलिस कर्मचारियों सहित कुल 23 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये सभी लोग पहले ही गृह संगरोध में रखे गए थे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अर्चना सोनी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया  9 पुलिस कर्मचारियों में एक महिला भी शामिल है।संक्रमित व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क के कारण समताना क्षेत्र के गांव संघारी के 6 लोग पाॅजीटिव निकले हैं, जिनमें एक व्यक्ति (42) महिला(39) एक किशोर ( 17) एक व्यक्ति(55) एक बुजर्ग महिला ( 63)और एक किशोरी (15)शामिल है। जौड़े अंब क्षेत्र के गांव बडितर में हरिद्वार से आए एक युवक ( 29) मुंडखर के गांव समकड़ी के युवक ( 22) कोरोना संक्रमित पाए गए।   बद्दी से लौटा भोरंज के गांव बलोखर का  व्यक्ति(40) भटिंडा से आई गांव झनिक्कर की महिला(35) जालंधर से आया टौणी देवी के गांव छत्रैल का व्यक्ति(37) और बिहार से आया एक क्रशर यूनिट का  24 वर्षीय कामगार भी संक्रमित पाया गया है। इनके अलावा गांव मैहरे के से एक व्यक्ति (41) और गलोड़ के गांव बुढवीं का व्यक्ति (32)संक्रमित पाया गया ।
  उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात को प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार 3 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं, जिनमें हमीरपुर तहसील के गांव ललीण की महिला(29), गांव दुधन का  युवक (28)और टौणी देवी तहसील के गांव पटनौण का व्यक्ति(40) शामिल है। ये सभी लोग एनआईटी परिसर में स्थापित कोविड केयर सेंटर उपचाराधीन थे। अब इन्हें घर भेजने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भूमिका केंद्रीय स्थान पर: राज्यपाल

शिमला ,10सितम्बर(3आईन्यूज़) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की अध्यक्षता में विवेकानंद ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा ‘यूथ की बात’ ई-डायलाॅग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर, राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भूमिका केंद्रीय स्थान पर होती है। जो देश सही दिशा में अपने युवाओं का उपयोग करते हैं, वे अधिक विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सशक्तिकरण तीन प्रमुख तत्व हैं जो एक राष्ट्र की प्रगति की दिशा में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है। यहां की 62.5 प्रतिशत जनसंख्या 15-59 वर्ष की आयु वर्ग में है जो वर्ष 2036 तक 65 प्रतिशत हो जाएगी। वर्ष 2020 तक चीन और अमेरिका में औसत आयु 37 वर्ष, पश्चिमी यूरोप में 45 वर्ष और जापान में 49 वर्ष होगी जबकि भारत में औसत आयु सिर्फ 28 वर्ष होगी। उन्होंने कहा कि जनसांख्यिकीय लाभांश का राष्ट्र निर्माण में पूरी तरह से तभी सार्थक उपयोग कर सकते हैं जब भारत अपनी जनसंख्या को सार्वभौमिक गुणवत्ता और तकनीकी कौशल की शिक्षा देने में और विश्व की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास करने में सक्षम होगा।
      श्री दत्तात्रेय ने कहा कि यह वह समय है जब सार्वभौमिक छवि के साथ एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्धता की जरूरत है और यह तभी संभव है जब इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 2014 में एक नई राष्ट्रीय युवा नीति को वैश्वीकरण और सूचना, संचार और प्रौद्योगिकी क्रांति की विश्वव्यापी परिस्थितियों के तहत अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा नीति-2014 के अनुसार युवाओं को उनकी पूर्ण क्षमता प्राप्त करने के लिए सशक्त बनाना, और उनके माध्यम से भारत को राष्ट्रों के समुदाय में अपना सही स्थान खोजने में सक्षम बनाना है। भारत सरकार का मानना है कि युवाओं को ‘एक्टिव ड्राईवर’ होना चाहिए, न कि केवल विकास के ‘पैसिव रेसिपियंट’। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 इस दिशा मेें कारगर सिद्ध होगी।
 इससे पूर्व, यूथ आफ इंण्डिया फाउंडेशन के संस्थापक शैलेश सिंघल ने राज्यपाल का स्वागत किया।
 विवेकानंद ग्लोबल फाउंडेशन के संस्थापक श्री शंकर ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।

Wednesday, September 9

कोरोना संक्रमण के मामले में प्रदेश देश में 25वें स्थान पर , ठाकुर

वैल में बैठकर कांग्रेस ने बजाई ताली..ठाकुर ने ली चुटकी कि ..अगले जन्म भी ताली बजाते हुए ही आएं
शिमला ,09 सितम्बर (3आईन्यूज ) हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज सदन में कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले में प्रदेश देश में 25वें स्थान पर है।
   श्री ठाकुर ने आज नियम 67 पर हुई चर्चा का जबाव देते हुए कहा कि कांग्रेस शासित 15 लाख की आबादी वाले पुड्डुचेरी में कोरोना से  संक्रमित 17,749 मामले आए हैं। सदन की चर्चा में पक्ष के 13 और विपक्ष के 15 विधायकों ने  भाग लिया। उन्होंने कहा कि पडोसी राज्य पंजाब में कोरोना से मरने वालों की संख्या के  मुकाबले प्रदेश में मृत्युदर बहुत कम है।  
      मुख्यमंत्री ने  कांग्रेस विधायकों के वैल में बैठकर ताली बजाने पर चुटकी लेते  हुए  कहा कि ..आप अगले जन्म भी ताली बजाते हुए ही आएं। उन्होंने कहा कि सैनिटाइजर और स्वास्थ्य निदेशक ऑडियो मामले की जांच चल रही है। प्रदेश सचिवालय सैनिटाइजर मामले में एक भी रुपए की पेमैंट नहीं हुई है। 
       श्री ठाकुर ने कहा कि वैंटिलेटर मामले को लेकर कांग्रेस ने  राज्यपाल से शिकायत की लेकिन वह गुमनाम पत्र झूठा निकला और केंद्रीय अन्बेषण ब्यूरो ने आरोपी को गिरफ्तार किया । 

पंजाब में आज 2137 नए मामले

चंडीगढ़,09 सितम्बर(3 आईन्यूज़) पंजाब में आज कोरोना से संक्रमित 2137 नए मामले आये हैं।  स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार लुधियाना से 240, जालंधर 210,पटियाला 159,अमृतसर  311,एसएएस नगर 319,  
संगरूर 57, बठिंडा 130 ,गुरदासपुर 173 ,फिरोज़पुर 49,मोगा 37, होशियारपुर 94, पठानकोट 19, बरनाला 15 ,फतेहगढ़ साहिब 22,  
कपूरथला 45 ,फरीदकोट 54,  तरनतारन 35,  रोपड़ 8-,फाजि़ल्का 52 ,एसबीएस नगर 24 ,मुक्तसर 53 और मानसा से 31  नए संक्रमित पाए गए।  इसके साथ ही सक्रिय मामलों की संख्या 17065 हो गयी है ।  
सक्रिय मामलों की सूची :-