Thursday, January 6

मुख्यमंत्री ने नशा निवारण हेल्पलाइन का शुभारम्भ किया


शिमला, 06जनवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 के अन्तर्गत विशेष ‘नशा निवारण हेल्पलाइन’ का शुभारम्भ किया।
 इस हेल्पलाइन का उद्देश्य ड्रग्स पर निर्भर हो चुके मरीजों और ड्रग्स प्रभावितों के माता-पिता/अभिभावकों का जरूरी मार्गदर्शन करना और उन्हें परामर्श मुहैया करवाना है।
     इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारम्भ किया, जिसमें बोर्ड के विजन और भविष्य में प्राप्त किए जाने वाले लक्ष्यों की जानकारी दी गई है।
     श्री ठाकुर ने कहा कि यह हेल्पलाइन नशे पर निर्भर हो चुके मरीजों या उनके माता-पिता को शिमला में ‘हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड’ और स्टेट मेंटल हेल्थ अथाॅरिटी’ के नोडल अधिकारियों से जोड़ेगी। यहां उन्हें शुरूआती परामर्श/मार्गदर्शन मिलेगा। इसके बाद अगर आवश्यकता महसूस हुई तो मरीजों को साइकायट्रिक इलाज की सुविधा वाले निकटतम अस्पताल/मेडिकल काॅलेज/‘इंटिग्रेटेड रीहैबलिटेशन एंड काऊंसलिंग सेंटर्स’ भेजा जाएगा।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के चंगुल में फंसे लोगों के लिए अच्छी और गुणवत्ता वाली नशा निवारण एवं पुनर्वास व्यवस्था बनाने पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समस्याओं को एकीकृत ढंग से दूर करने के लिए लगातार बहु-स्तरीय प्रयास करने की योजना अपनाई है। इस दिशा में सरकार स्टेट इंटिग्रेटेड ड्रग प्रिवेंशन पाॅलिसी लाने पर विचार कर रही है जिसमें नशे की समस्या के सभी रूपों से निपटने के लिए व्यावहारिक ढंग से बहुआयामी रणनीति और प्रभावी कार्य नीति बनाई जाएगी।
  जय राम ठाकुर ने कहा कि इस बहुआयामी समस्या को उन्होंने पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अंतर्राज्यीय मुख्यमंत्री स्तर की वार्ता में उठाया और एक कार्य योजना भी बनाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पड़ोसी राज्यों, केन्द्र सरकार और दक्षिण एशिया के लिए युनाइटेड नेशन्स के आॅफिस आॅन ड्रग्स एंड क्राइम जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर ड्रग्स की समस्या पर काम कर रही है।
 

जयराम ठाकुर ने एनएचएम के अन्तर्गत दृष्टि, स्कूल हैल्थ एण्ड वैलनेस प्रोग्राम और राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया

शिमला, 06जनवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से वर्चुअल माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा, नागरिक अस्पताल चुबाड़ी, चम्बा, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला, कमला नेहरू अस्पताल शिमला, क्षेत्रीय अस्पताल रामपुर और नागरिक अस्पताल रोहड़ू में 6.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छः पीएसए संयंत्रों का लोकार्पण किया।
    इन छः संयंत्रों में से पांच पीएम केयर्ज के माध्यम से और एक सीएसआर के माध्यम से स्थापित किया गया है। उन्होंने 10 करोड़ रुपये की लागत से दो सी.टी. स्कैन मशीनों का भी लोकार्पण किया। इनमें से एक सी.टी. स्कैन मशीन सिरमौर जिला के नाहन चिकित्सा महाविद्यालय में और दूसरी चम्बा जिला के चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित हैं। दोनों मशीनों में 128 स्लाइस है, जिससे अधिक तीव्रता से बीमारी का सूक्ष्मता से निरीक्षण करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नाहन चिकित्सा महाविद्यालय के लिए आधुनिक तकनीकयुक्त डिजिटल एक्स-रे मशीन का भी उदघाटन किया।
    श्री ठाकुर ने राष्ट्रीय  स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत तीन नए स्वास्थ्य कार्यक्रमों का भी शुभारम्भ किया। मिशन दृष्टि के अन्तर्गत 6वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की आंखों की जाॅंच की जाएगी और आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क ऐनकें प्रदान की जाएंगी। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत स्कूल हैल्थ एण्ड वैलनेस प्रोग्राम के तहत दो अध्यापकों को प्रत्येक विद्यालय के लिए स्वास्थ्य और वैलनेस एम्बेसडर नियुक्त किया जाएगा और उन्हें किशोर अवस्था से जुड़े 11 विषयों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। ये एम्बेसडर प्रत्येक कक्षा के कम से कम दो विद्यार्थियों को हैल्थ एण्ड वैलनेस मैसेंजर के रूप में तैयार करेंगे। वर्तमान में यह कार्यक्रम प्रदेश के छः जिलों मण्डी, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, चम्बा और सिरमौर जिलों के 3017 स्कूलों में आरम्भ किया जा रहा है और बाद में इन्हें अन्य जिलों में भी आरम्भ किया जाएगा।
      इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का भी शुभारम्भ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 2025 तक प्रदेश को क्षय रोग मुक्त राज्य बनाना है। इस अवसर पर उन्होंने क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम से सम्बन्धित दिशा निर्देशों वाली पुस्तिकाओं और स्वास्थ्य विभाग के अन्य प्रकाशनों का भी विमोचन किया।
      मुख्यमंत्री  ने संतोष जताते हुए कहा कि प्रदेश में आज 41 पीएसए संयंत्र, 11,543 डी-टाइप, 3,837 बी-टाइप और 1400 ए-टाइप आक्सीजन सिलेण्डर तथा 95 मीट्रिक टन से अधिक आक्सीजन क्षमता का उत्पादन करने वाले 5000 से अधिक आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर हैं। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में केवल दो आक्सीजन संयंत्र शिमला और टाण्डा में स्थापित थे। उन्होंने कहा कि आज सिरमौर जिला के नाहन चिकित्सा महाविद्यालय और चम्बा जिला के चिकित्सा महाविद्यालय में पांच-पांच करोड़ रुपये की लागत से एक-एक सिटी स्केन मशीन जनता को समर्पित की गई है। इन मशीनों के माध्यम से चम्बा और सिरमौर जिला के लोगों को उनके घरों के निकट बेहतर नैदानिक सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह मशीनें 128 स्लाइस क्षमता की हैं जिससे मरीजों को अत्याधुनिक सुविधा सुनिश्चिित होगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षय रोग के उन्मूलन के लिए तत्परता से कार्य कर रही है, जिसके लिए राज्य में सी.बी. नेट मशीनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षय रोग के मरीजों को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता के अतिरिक्त उपचार की अवधि के दौरान भारत सरकार द्वारा प्रतिमाह 500 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
   उन्होने  कहा कि पिछले तीन दिनों के दौरान प्रदेश मेें 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दो लाख से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण शीघ्रता से पूर्ण करेगा और इस उपलब्धि को हासिल करने वाला देश का पहला राज्य बनकर उभरेगा।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में तीव्र वृद्धि चिन्ता का विषय है। उन्होंने लोगों से कोविड अनुरूप व्यवहार सुनिश्चित करने का आग्रह किया क्योंकि आज भी रोकथाम उपचार से बेहतर है। प्रदेश सरकार ने इस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कुछ प्रतिबन्ध लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्थिति से भलीभांति परिचित है और किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए तैयार है।
 शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर कहा कि राज्य ने पिछले दो वर्षों के दौरान इस महामारी को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के सक्षम नेतृत्व तथा चिकित्सकों, पैरा-मेडिकल स्टाफ व स्वास्थ्य कर्मियों की समर्पित टीम को जाता है। 
 स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आज शुरू किए गए कार्यक्रम प्रदेश को खुशहाल और स्वस्थ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। 
 

फिरोजपुर की प्रस्तावित रैली रद्द, अपने मुख्यमंत्री को थैक्स कहना, मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया..मोदी। रैली में 70,000 कुर्सियां लगाई गई थीं, लेकिन 700 लोग ही आए, इसमें वो क्या कर सकते हैं-चन्नी

चंडीगढ़, 06जनवरी(3आईन्यूज)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब में फिरोजपुर की प्रस्तावित रैली को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रद्द कर दिया है।
   गौरतलब है कि कल फिरोजपुर के हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक से करीब 22 किमी दूर प्यारेआना फ्लाईओवर पर प्रधानमंत्री का काफिला प्रदर्शनकारियों
के कारण करीब 15-20 मिनट तक रुका रहा।  
इसके बाद रैली रद्द् किए जाने के बाद मोदी बठिंडा एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गए हैं।जाते से पहले प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कमियों और पंजाब प्रशासन के पुख्ता इंतजाम पर नाराजगी जाहिर करते  हुए कहा कि- अपने मुख्यमंत्री को थैक्स कहना, मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया....।
   पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने रैली में खलल डालने पर प्रदर्शनकारियों की कडी निंदा करते हुए राज्य मे  राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। 
   पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपना पक्ष रखते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री के यूं वापस लौटने पर बेसद अफसोस है।  उन्होंने  कहा प्रधानमन्त्री की  रैली की  लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में 70,000 कुर्सियां लगाई गई थीं, लेकिन 700 लोग ही आए, इसमें वो क्या कर सकते हैं। 
 

झज्जर तिहरा हत्याकांड : आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर, पुश्तैनी जमीन के लिए की थी दादा, मां और भाई की हत्या

झज्जर. 06 जनवरी (3आईन्यूज)हरियाणा पुलिस ने  झज्जर जिला के  डीघल गांव में तिहरे हत्याकांड के आरोपी को बुधवार अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। 
  इसका खुलासा करते हुए कल लघु सचिवालय में जिला  सहायक पुलिस अधीक्षक भारती डबास ने पत्रकारों कको बताया कि डीघल में 11 सितम्बर 2021की रात  ईश्वर(78) की मौत हुई थी,जिसका अंतिम संस्कार कुदरती मौत समझ कर किया गया था। इसके बीस दिन बाद ईश्वर की पुत्रवधु सुशीला और सचिन के शव भी फांसी के फंदे पर लटके मिले थे। 
  श्री डबास ने बताया कि दो दिन पहले धर्मबीर ने पुलिस को शिकायत की कि उसे आशंका है कि इन तीनों हत्यायें उसका बेटे संजीव (24)ने की है।
 पुलिस ने धर्मबीर की  शिकायत पर आरोपी को हिरासत में  लेकर  पूछताछ की तो कबूल किया कि तीनों हत्यायें उसने  की है। आरोपी ने बताया कि उसने पुश्तैनी जमीन के लिए पहले दादा ईश्वर का गला घोंटकर हत्या की और  कुछ दिनों बाद उसने अपनी मां और भाई की  नींद की गोलियां देकर बेहोशी में गला घोंटकर  हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिए। 

कांगडा के सुनेहत में ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, स्कूटी चालक की मौत

कांगडा के सुनेहत में ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, स्कूटी चालक की मौत 
कांगडा, 06जनवरी(3 आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश में कांगडा जिला के रानीताल-मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर सुनहेत के पास बुधवार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें  स्कूटी चालक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। 
 मृतक की पहचान गांव सिहुंता, नकेड़ खड्ड निवासी सतपाल(70) के रूप में की गई है। महिला को उपचार के लिए देहरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
देहरा पुलिस उपाधीक्षक  देहरा अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
 पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला  दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

Wednesday, January 5

एचपीएसआईडीसी और सेल के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित

मुख्यमंत्री ने किया निगम की वैबसाइट एवं उन्नति पोर्टल का शुभारम्भ
शिमला, 05जनवरी (3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की उपस्थिति में आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड और मैसर्ज स्टील अथाॅरिटी आफ इंडिया लिमिटेड के मध्य राज्य में निगम की आवश्यकताओं के अनुरूप स्टील की आपूर्ति के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
 मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के मोबाइल ऐप और उन्नति पोर्टल का भी शुभारम्भ किया। यह पोर्टल उपयोगकर्ताओं को दूसरों के साथ मिलकर और व्यक्तिगत परियोजनाओं पर कार्य करने की सुविधा प्रदान करता है। उन्नति पोर्टल रीयल टाईम सहयोग के साथ ही उपयोगकर्ताओं को किसी भी स्थान और समय पर साथ में काम करने और दस्तावेजों के आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान करता है।
 जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड की वैबसाइट का भी शुभारम्भ किया। निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैबसाइट के माध्यम से सभी स्तरों पर लोगों को परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति के बारे में समयबद्ध जानकारी सुनिश्चित होगी और इससे लक्ष्यों की प्राप्ति और कार्यों से सम्बन्धित सभी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
 मुख्यमंत्री को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड की ओर से 1.54 करोड़ रुपये के लाभांश का चेक उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और निगम के प्रबन्ध निदेशक राकेश प्रजापति द्वारा भेंट किया गया।
 उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 51 लाख रुपये का चेक भी मुख्यमंत्री को प्रदान किया।
 इस अवसर पर स्टील अथाॅरिटी आफ इंडिया के मुख्य महाप्रबन्धक अभिजीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
 

ठाकुर ने विद्यार्थियों को आनलाइन शिक्षा के लिए स्मार्टफोन दिए

शिमला, 05जनवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री  जय राम ठाकुर ने आज यहां विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को आनलाइन शिक्षा के लिए आर्ट आफ लिविंग फाऊंडेशन एवं मानवीय मूल्यों के लिए अन्तरराष्ट्रीय एसोसियेशन द्वारा उपलब्ध करवाए गए स्मार्टफोन दिए।
 मुख्यमंत्री ने आर्ट आफ लिविंग फाऊडेशन द्वारा महामारी के दौरान लोगों के लिए की गई उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस फाऊंडेशन और श्री श्री रविशंकर ने इस दौरान न केवल पीडि़त मानवता की सहायता की, बल्कि उन्हें तनाव प्रबन्धन और प्राणायाम के माध्यम से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के बारे में शिक्षित भी किया।
    जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने हर घर पाठशाला, डिजिटल साथी इत्यादि विभिन्न आनलाइन शिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ किए हैं, ताकि विद्यार्थियों को महामारी के दौरान शिक्षण कार्यों में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कई गैर सरकारी संगठनों, धार्मिक संगठनों और व्यक्तिगत तौर पर भी कई लोगों द्वारा आगे आते हुए जरूरतमंद छात्रों को मोबाइल फोन उपलब्ध करवाए गए ताकि वे अपनी आनलाइन कक्षाएं सुचारू रूप से लगा सकें।
    शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कोविड महामारी के दौरान आर्ट आफ लिविंग फाउंडेशन द्वारा न केवल राज्य में बल्कि देश व विश्व में अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए फाऊंडेशन की सराहना की।
 प्रधान सचिव शिक्षा रजनीश ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
 

हिमाचल में रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू

शिमला, 05जनवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कोरोना के चलते रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।
  यह निर्णय आज यहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही नहीं रहेगी। दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा राज्य मे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन ही दाखिल हो सकेंगे। 
 बैठक में सरकार ने इनडोर स्टेडियम, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, स्पा, पार्लर, सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, स्विमिंग पूल, जिम और लंगर लगाने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय किया गया।

पंजाब मुख्यमंत्री कार्यालय में पहुंचा कोरोना

चंडीगढ़, 05जनवरी (3आईन्यूज) पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय में कोरोना ने ऐंट्री की। 
      मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कार्यालय में दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 

ब्रेकिंग न्यूज....................................................पुलवामा एनकाउटर : जैश के तीन आतंकी ढेर

जम्मू, 05 जनवरी (3आईन्यूज) जम्मू कश्मीर के पुलवामा के चंदगांव में आज  भारतीय सुरक्षा बल ने जैश के तीन आतंकियों को मार गिराया है। 
   मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी  सहित तीन आतंकियों को मार कर भारी  संख्या में हथियार बरामद किए हैं। 

Tuesday, January 4

भिवानी के पूर्व सैनिक ने 5 करोड़ की लॉटरी का इनाम जीता

भिवानी. 04 जनवरी (3आईन्यूज) हरियाणा के भिवानी जिला के एक पूर्व सैनिक ने नगालैंड सरकार की 
 5 करोड़ की लॉटरी का इनाम जीता है।
  गांव बड़दू मुगल निवासी अत्तर सिंह ने कहा कि वह पिछले 15 साल से लॉटरी खरीद कर किस्मत आजमा रहे हैं और इस दौरान कई  छोटे ईनाम जीते। 
  श्री सिंह ने कहा कि 30 फीसदी टैक्स कटने के बाद उनको साढ़े तीन करोड़ रुपये मिलेंगे, लेकिन वह पहले की तरह सामान्य जीवन बसर करेंगे और कुछ पैसा नेक कामों में लगायेंगे।

धर्मशाला में एक मिक्सर ट्रक के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत

कांगडा, 04 जनवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के कांगडा जिला में धर्मशाला के पास कल एक मिक्सर ट्रक के  नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। 
मृतक की शाहपुर के राजोल निवासी  प्रीतम सिंह(44)के रुप में की गई है। 
  प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीतम सिंह मिक्सर  को साफ कर रहा था, इस दौरान मिक्सर कच्ची मिट्टी में धंस कर पलट गया और उसके नीचे उसकी दबकर मौत हो गई। 
  पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

चंडीगढ़ पीजीआई में 2 से 6 साल तक के बच्चों को कोवोवैक्स टीके की 10 बच्चों को पहली खुराक

चंडीगढ़ पीजीआई में 2 से 6 साल तक के बच्चों को कोवोवैक्स टीके की  10 बच्चों को पहली खुराक 
चंडीगढ़,04जनवरी(3आईन्यूज) केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पीजीआई में कल  2 से 6 साल तक के बच्चों को कोवोवैक्स टीके की  10 बच्चों को पहली खुराक दी गई। 
    पीजीआई में वैक्सीन ट्रायल की प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर डॉ. मधु गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।