Wednesday, February 9

अरुणाचल में गश्त के दौरान लापता जवानो में हिमाचल के दो जवान शहीद

कांगडा,09 फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के दो जवान अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चपेट में आकर शहीद हो गए। 
   गौरतलब है कि 19 जैक बटालियन के सात जवान गशत के दौरान तीन दिन पहले बर्फीले तूफान में लापता हो गए थे।  
बैजनाथ उप प्रभागीय न्यायाधीश सलीम आजम ने इसकी पुष्टि की है। 
सात शहीदों में दो जवान हिमाचल प्रदेश के हैं। 
शहीदों में एक जवान बैजनाथ उपमंडल की कंदराल पंचायत के राकेश सिंह (26) हैं। 
दूसरा शहीदबिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल की सऊ पंचायत के अंकेश भारद्वाज(21) हैं। 
शहीदों की शहादत को नमन। 

   

Tuesday, February 8

ठाकुर ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ का कैलेंडर-2022 जारी किया

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ का कैलेंडर-2022 जारी किया।
    अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा प्रकाशित इस विशेष कैलेंडर में स्वामी विवेकानंद, पंडित मदन मोहन मालवीय, महर्षि दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, भगिनी निवेदिता, विनोबा भावे, रविंद्र नाथ ठाकुर, महर्षि अरविंद, सुभाष चंद्र बोस सहित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के सुविचारित वक्तव्य एवं विचार संकलित हैं।
    इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक डाॅ. राजीव बिंदल, राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ पवन मिश्रा, प्रांत महामंत्री डाॅ. मामराज पुंडीर, विनोद सूद, प्रांत सह संगठन मंत्री भीष्म सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय शंकर, मनोज, विकास और राजेश भी उपस्थित थे।

ठाकुर ने शिमला से कुपवी खण्ड के लिए एम्बुलेंस को दी झंडी

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  आज ओक ओवर, शिमला से चौपाल  क्षेत्र के कुपवी खण्ड के लिए पंजाब नेशनल बैंक द्वारा भेंट की गई एम्बुलेंस को झंडी दिखाकर रवाना किया। 
   यह एम्बुलेंस बैंक द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत इस दूर-दराज के क्षेत्र के निवासियों के कल्याण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला के माध्यम से भेंट की गई।
मुख्यमंत्री ने बैंक के प्रबंधन के इस परोपकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस एम्बुलेंस से कुपवी क्षेत्र के 16,000 से अधिक निवासी लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डाॅ. सुरेखा और  बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

ठाकुर ने भारतीय मजदूर संघ की बैठक की अध्यक्षता की

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां भारतीय मजदूर संघ की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कामगारों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। 
     श्री ठाकुर ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में करूणामूलक आधार पर रोजगार के मामलों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को पंचायत वैटरनरी सहायकों के नियमितिकरण के मामलों पर उदारतापूर्वक विचार करने के भी निर्देश दिए।
   उन्होने कहा कि राज्य सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में दिहाड़ीदारों की न्यूनतम दिहाड़ी 210 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन की है, जिससे उन्हें मासिक 2700 रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों को पर्याप्त और समुचित दिहाड़ी सुनिश्चित की है। सभी दिहाड़ीदारों को साप्ताहिक अवकाश भी प्रदान किया जा रहा है।
      मुख्यमंत्री  ने कहा कि गत चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं की राशि में 1750 रुपये की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकताओं के मानदेय में भी 2850 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है और आज उन्हें 7300 रुपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंशकालिक राजस्व कार्यकर्ताओं और स्नातक जल कार्यकर्ता लिपिक (वाटर वर्कर क्लर्क) से सम्बन्धित मामलों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम, हिमाचल पथ परिवहन निगम और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सीमित के श्रमिकों और कर्मचारियों की मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
 
 उन्होने  कहा कि बोर्डों और निगमों की सर्विस कमेटी की बैठकें नियमित आधार पर आयोजित की जानी चाहिए ताकि कर्मचारियों से सम्बन्धित मामलों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य में सीमेंट संयंत्र प्रबन्धकों द्वारा श्रमिकों के शोषण पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर सीमेंट संयंत्रों और अन्य औद्योगिक इकाइयों में आंतरिक गतिविधियों के लिए ठेकेदारों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध करवाने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
    श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को श्रमिकों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनसंख्या अनुपात में देश में सबसे अधिक कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है और भारत तथा हिमाचल प्रदेश भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान भारतीय मजदूर संघ ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को अपना रचनात्मक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारियों ने भी परीक्षा की इस घड़ी में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशेष तौर पर आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने महामारी के दौरान अपनी सराहनीय सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष के बजट में इस बैठक में प्राप्त सुझावों को शामिल करने का भी प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से पर्यवेक्षकों की पदोन्नति का कोटा 80 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नवसृजित 412 पंचायतों में पंचायत चैकीदारों के पदों को सृजित करने और भरने के निर्देश भी दिए ताकि लोगों को सुविधा प्राप्त हो सके।

 इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के अध्यक्ष मदन राणा ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा ही कर्मचारियों और श्रमिकों की विभिन्न मांगों के प्रति संवेदनशील रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से वर्ष 2022-23 के लिए राज्य का बजट तैयार करते समय मजदूरों और मजदूर वर्ग की विभिन्न मांगों पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि भारतीय मजदूर संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता राज्य सरकार की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अधिक प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करेगा।

 



 

हमीरपुर :पेपर जमा कराने गई नाबालिगा लापता

हमीरपुरः 08फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिला के नादौन उपमंडल के अंतर्गत जोल गांव में एक नाबालिगा के  लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। 
   प्राप्त जानकारी के अनुसार कशिश (13) शनिवार अपने सरकारी स्कूल बड़ा में अपने ऑनलाइन पेपर जमा कराने गई थी और बीच रास्ते से लापता हो गई।
   परिजनों ने संदिग्ध व्यक्ति पर उसे बहला फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया है।
 थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि की  है। पुलिस ने  आम जन से अपील की कि  अगर किसी को इस छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिले तो इस मोबाइल नंबर 98170-53813 पर संपर्क करें। 
   

हिमाचल : बिलासपुर का जवान अरुणाचल प्रदेश में गश्त के दौरान लापता

बिलासपुर, 08फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला का  एक जवान अरुणाचल प्रदेश में गश्त के दौरान लापता हो गया है।
  अंकेश भारद्वाज (21)घुमारवीं उप मंडल  के सेऊ गांव से है। वह अपने छह अन्य जवानों के साथ अरुणाचल प्रदेश की दुर्गम पहाड़ियों में बर्फ़ानी तूफान में गश्त के  दौरान दो दिन पहले लापता हो गया। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो रही थी। 
  अंकेश के लापता होने की खबर से उसके परिजन और पूरे  गांव में उदासी छाई है। सभी उसकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
   जवानों को खोजने के लिए सेना का बचाव अभियान जारी है।
 

Monday, February 7

किन्नौर में कार खाई में गिरी, तीन नेपालियों की मौत

किन्नौर, 07फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के भावा वैली में आज एक कार के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। 
मृतकों की पहचान नेपाली बाबू राम ,सुनील और कुंदन के रूप में की गई है। 
किन्नौर पुलिस अधीक्षक अशौक रत्न ने हादसे की पुष्टि की है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

एचपीएसईबी(धर्मशाला) ने मार्च में तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया

धर्मशाला,07 फरवरी(3 आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एचपीएसईबी(धर्मशाला) ने मार्च माह में तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है।
एचपीएसईबी सचिव  डॉ. मधु चौधरी ने  यह जानकारी सांझा की।   डेटशीट के अनुसार तीसरी कक्षा की परीक्षाएं 10 से 19 मार्च तक,  पांचवीं कक्षा की परीक्षाएं 11 से  21 मार्च ,जबकि आठवीं कक्षा की परीक्षाएं बोर्ड नौ मार्च से लेकर 25 मार्च तक सुबह 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जायेगी। 
    
 

ऊना: बडूहा में एक बुजुर्ग की जहर देकर हत्या

ऊना: बडूहा में एक बुजुर्ग की जहर देकर हत्या  
ऊना, 07फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के  बंगाणा उपमंडल के अंतर्गत बडूहा गांव में एक बुजुर्ग को जहर देकर हत्या कर दी। 
मृतक की पहचान बालकृष्ण (65) के रूप में की गई है।   प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में मृतक की बहू ने कहा कि उनके ससुर शनिवार रात को खाना खाकर सोए गए थे और सुबह कमरे में गई तो ससुर उल्टियां कर रहे थे।इसी दौरान बालकृष्ण  ने कहा कि गांव के ही दो लोगों ने कमरे में घुसकर जबरदस्ती जहर खिला दिया है। बहू ने इस दौरान ससुर के  बयान वीडियो भी बना लिया। 
     ऊना एएसपी प्रवीण धीमान ने इस मामले की  पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

हमीरपुर की छात्रा ने नीट परीक्षा में 47वीं रैंक हासिल किया

हमीरपुर की  छात्रा ने नीट परीक्षा में 47वीं रैंक हासिल किया 
हमीरपुर, 07फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के गांव बुरनाड़ की बेटी ने नीट की परीक्षा में देशभर में 47वीं रैंक हासिल किया है। 
नाजिया (22) ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर चार फरवरी को एम्स बिलासपुर में एमबीबीएस में दाखिला लिया है।
नाजिया ने यह सफलता प्राप्त कर  प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर ढेर सारी शुभकामनाएं। 
 

देहरागोपीपुर के साद्धिक ने नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया

देहरागोपीपुर के साद्धिक ने  नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया
कांगडा,07 फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के  देहरागोपीपुर उपमंडल के दयाल गांव के साद्धिक ने  नीट परीक्षा में 454वां रैंक हासिल किया है।
    साद्धिक ने 454वां रैंक हासिल कर डा०राजेद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में प्रवेश पाया है। अब वह वहां एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे।पहली बार नीट परीक्षा में असफल रहने के बावजूद उन्होने बिना कोचिंग के  दूसरी बार सफलता प्राप्त की।  

Sunday, February 6

धर्मशाला: राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला में शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की


धर्मशाला: राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला में शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की
कांगडा,06फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  
 राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित शहीद स्मारक में आज देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले 163 वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
     उन्होंने अमर जवान ज्योति प्रज्ज्वलित कर शहीदों का स्मरण किया। यह पहला मौका है जब प्रदेश के किसी राज्यपाल ने शहीद स्मारक धर्मशाला का दौरा किया।
 इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि कहा जाता है। यहां आकर यह स्पष्ट हो जाता है कि हिमाचल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने शौर्य और वीरता का परिचय देते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि 1962 का चीन-भारत का युद्ध, 1965 में भारत-पाकिस्तान का युद्ध, 1971 का युद्ध और 1999 में कारगिल युद्ध में हिमाचल के वीर सैनिकों ने अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल प्रदेश के मेजर सोमनाथ के नाम है।
 उन्होंने कहा कि युद्ध स्मारक भावी पीढ़ी के लिए के प्रेरणा का केंद्र है। यहां देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले वीर जवानों की जानकारी उपलब्ध है, जिन्होंने हमारे सुनहरे भविष्य के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें यहां आने का मौका मिला। हमें अपने वीर शहीदों पर गर्व है। 
 राज्यपाल ने इस मौके पर हिमाचल प्रदेश वार मैमोरियल डवैलपमेंट सोसायटी, धर्मशाला के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया और उनसे विचार सांझा किए। सोसायटी के अध्यक्ष कर्नल डढवाल ने राज्यपाल को सोसायटी की गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्नेहो शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय की जानकारी दी।
 राज्यपाल ने युद्ध संग्रहालय का भी दौरा किया। युद्ध संग्रहालय में महाभारत काल से लेकर अब तक के युद्धों की जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं ताकि युवाओं को प्राचीन काल में युद्ध लड़ने के तौर-तरीकों तथा अब तक हुए युद्धों में बदलाव के बारे में जानकारी मिल सके। राज्यपाल ने यहां प्रदर्शित विक्टोरिया क्राॅस विजेताओं सहित परमवीर चक्र, अशोक चक्र विजेताओं के जीवन वृतांत की जानकारी ली।
 स्थानीय विधायक विशाल नेहरिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 इससे पूर्व, गगल हवाई अड्डा पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
 

#मंडी : ठाकुर ने माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले रोपवे की आधारशिला रखी

#मंडी : ठाकुर  ने माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले रोपवे की आधारशिला रखी
मंडी,06फरवरी(3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने  आज मंडी जिला में माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले 800 मीटर लम्बे बगलामुखी रोपवे की आधारशिला रखी।
    यह रोपवे राज्य का पहला रोपवे है, जिसका निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों को रोपवे से जोड़ने के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद नाबार्ड के वित्तपोषण से किया जा रहा है।
   
 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाखली में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस रोपवे का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्ष के भीतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोपवे का निर्माण मै. डोपेलमायर इण्डिया प्राईवेट लिमिटेड और बेकम इंफ्रा लिमिटेड द्वारा एरियल ट्राम वे-तकनीक और इंजीनियरिंग के सीईएन मानकों और निर्माण आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोपवे के एक हिस्से का निर्माण द्रंग विधानसभा क्षेत्र और दूसरे हिस्से का निर्माण सिराज विधानसभा क्षेत्र में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी आधार पर रोपवे परियोजनाओं के लिए केन्द्र व राज्य सरकार में 90ः10 के अनुपात की लागत वहन करने के लिए उच्चतर वीजीएफ प्राप्त करने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाया गया है।
   उन्होने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्र को वित्तपोषण के लिए चार रोपवे भी नेशनल हाइवे लाॅजिस्टिक मेनेजमेंट लिमिटेड को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से चम्बा जिले के भरमौर से भरमाणी माता मन्दिर तक 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोपवे की डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कांगड़ा जिले में 605 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पालमपुर-थातरी-चैगान, जिला कुल्लू में 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बिजली महादेव और जिला सिरमौर के शिरगुल महादेव मन्दिर से चूड़धार तक रोपवे शामिल हैं।
 श्री ठाकुर ने कहा कि द्रंग क्षेत्र के कांग्रेस नेता विकास के मामले में द्रंग के लोगों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कौल सिंह को वर्तमान सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों के दौरान किए गए रिकाॅर्ड विकास कार्यों को लेकर भय हो गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बाखली में बनने वाले ईको पार्क के कार्य को आगामी माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 150 करोड़ रुपये लागत की शिवधाम परियोजना का पहले चरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जो पूरा होने पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा। उन्होंने कहा कि बाखली स्थित नेचर पार्क को दूसरे चरण में रोपवे से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई राहे नई मंजिले योजना के अन्तर्गत नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लारजी, पौंग डैम और कोल डैम को जलक्रीड़ा गंतव्य, बीड़ बिलिंग को साहसिक खेल गंतव्य और चांसल को शीतकालीन खेल गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार जिला मण्डी के जंजैहली क्षेत्र को ईको-पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मण्डी जिला के पण्डोह में इन्डस्ट्रियल इस्टेट पण्डोह प्रथम चरण का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि यहां लगभग 30-35 शैड बनाए जाएंगे, जिसमें मुख्य रूप से हथकरघा और फैशन डिजाइन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इन्डस्ट्रियल इस्टेट के दूसरे चरण के निर्माण के लिए साथ लगती 12 बीघा जमीन हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। 
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का औद्योगिक हब बनाने के लिए प्रयासरत है।
   मुख्यमंत्री ने बान्दल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सराची में आयुर्वेदिक औषधालय, बाखली में स्वास्थ्य उप-केन्द्र, तांदी में नया पटवार सर्कल, फंगैण में वन निरीक्षण कुटीर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामलीधार के नए भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी कोचरा को राजकीय माध्यमिक पाठशाला, राजकीय प्राथमिक पाठशाला काण्डीटिली को राजकीय माध्यमिक पाठशाला, राजकीय माध्यमिक पाठशला कलणी को राजकीय उच्च पाठशाला, समपूर और दारल में प्राथमिक पाठशाला खोलने, राजकीय प्राथमिक पाठशाला मझाण को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला बाखली में दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण करने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया, जिनका आज मुम्बई में निधन हो गया।