Friday, February 11

सुंदरनगर में बारात की कार खाई में गिरी, दो युवकों की मौत, तीन घायल

मंडी, 11फरवरी (3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला के सुंदरनगर में कल एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन  अन्य घायल हो गये। 
   प्राप्त जानकारी के अनुसार रोपड़ी गांव से एक बारात धार गांव के लिए गई हुई थी ,रास्ते में  कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। 
मृतकों की पहचान  पवन कुमार (24) अजय कुमार (23)के रुप में की गई है।
मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है।घायलों को सुंदरनगर सिविल अस्पताल  रैफर किया गया है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Thursday, February 10

ऊना : 14 फरवरी को बाथू में सजेगा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत लोन मेला


ऊना, 10 फरवरी(3आईन्यूज)हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में  राजीव गांधी कम्यूनिटी फैसिलिटी सेंटर बाथू में सोमवार सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत लोन मेले का आयोजन किया जाएगा। 
    इस लोन मेले में सभी बैंक अपने काउंटर स्थापित करेंगे एवं कमर्शियल व्हीकल डीलर भी अपने काउंटर लगाएंगे। मेले के दौरान मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा पात्र व्यक्तियों के आवेदन मौके पर भरे जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए अपना आधार कार्ड, बोनाफाइड हिमाचली, जन्म प्रमाण पत्र साथ लेकर आएं। मेले में पात्र ऋण प्रकरणों का मौके पर ही सशर्त निपटारा किया जाएगा तथा कमर्शियल व्हीकल के लिए भी सशर्त मंजूरी दी जाएगी। 
    यह जानकारी देते हुए महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र ऊना अंशुल धीमान ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत आयु सीमा 18-45 वर्ष (महिलाओं के लिए 50 वर्ष) के व्यक्तियों को 1 करोड़  रूपए तक की परियोजना पर 25 से 30 प्रतिशत तक अनुदान व ऋण पर 5 प्रतिशत तक ब्याज अनुदान दिया जाता है। इस परियोजना में लगभग 120 गतिविधियां जैसेकि कंप्यूटर, ग्राफिक्स, डाटा प्रोसेसिंग, औद्योगिक तथा मेडिकल लैब, वाहनों उपकरणों मोबाइल इत्यादि की रिपेयर, ब्लू  प्रिंटिंग, फोटो लैब, जिम, टेंट हाउस, रेस्टोरेंट, डेयरी, चारा इकाई, पेट्रोल पंप इत्यादि पर ऋण प्रदान किया जाता है। उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों से इस मेले में आकर योजना का लाभ उठाने का अनुरोध किया। 

सत्ती ने रामपुर में 65 लाख रुपये की पेयजल योजना का किया भूमिपूजन

ऊना,10फरवरी (3आईन्यूज) छठे राज्य वित्तयोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना जिला की ग्राम पंचायत रामपुर में पेयजल परियोजना का भूमिपूजन कर आधारशिला रखी।
      इस पेयजल परियोजना में 65 लाख रूपये की लागत आएगा।  इसके टैंक की भंडारण क्षमता 50 हजार लीटर होगी तथा क्षेत्र के 5000 लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
     इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए सतपाल सत्ती ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल की रामपुर ग्राम पंचायत में रामपुर बेला में तथा एचआरटीसी वर्कशॉप के नज़दीक निर्मित हो रहीं पेयजल परियोजनाओं के अतिरिक्त यह तीसरी पेयजल परियोजना है। इसके अतिरिक्त इसी ग्राम पंचायत में 8.5 लाख रूपये की राशि व्यय करके तीन पक्के रास्तों का निर्माण किया गया है, जबकि 10 लाख रूपये से स्थानीय स्कूल में दो कमरों तथा मुख्य सड़क मार्ग से स्कूल तक डंगे के निर्माण के लिए 18 लाख रूपये की राशि व्यय की जा रही है। मुहल्ला सैणी में 15 लाख रूपये की राशि व्यय करके नाले को पक्का किया गया है।
      उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए जगह-जगह जिम खोले गए  तथा करोड़ों की धनराशि से खेल मैदानों को विकसित किया गया है। हलके के ग्राम पंचायत भवनों व परिसरों के स्तरीय निर्माण के अलावा विद्यालयों के परिसरों के सौंदर्यकरण पर भी विशेष बल दिया गया है।
     

हिमाचल में वस्तुओं पर बाजार शुल्क को युक्तिसंगत बनाने के लिए एक समिति होगी गठित:जयराम ठाकुर

हिमाचल में वस्तुओं पर बाजार शुल्क को युक्तिसंगत बनाने के लिए एक समिति होगी गठित:जयराम ठाकुर 
शिमला,10फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश व्यापार मंडल के साथ बैठक कर राज्य में वस्तुओं पर बाजार शुल्क को युक्तिसंगत बनाने के लिए सचिव कृषि की अध्यक्षता में एक समिति का गठन करने की घोषणा की।
   श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके सुचारू व्यवसाय के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं और ईज आॅफ डूइंग बिजनेस की रैंकिंग में 16वीं से 7वीं रैंक तक सुधार हुआ है।
   उन्होने कहा कि सरकार और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए राज्य, जिला और तहसील स्तर पर जीएसटी सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी कार्यालयों में आने वाले व्यक्तियों की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि संकट के समय में व्यापारियों और उनके परिवारों को राहत देने के लिए व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना की मांग पर भी राज्य सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों को समूह बीमा योजना के तहत लाने के मामले पर भी विचार करेगी।
    श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में अनुपालन संबंधी प्रश्नों और हितधारकों के मुद्दों के समयबद्ध निवारण के लिए और जीएसटी कानून और प्रक्रियाओं में हो रहे परिवर्तनों के बारेे में अवगत कराने के लिए टैक्स हाट कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग जीएसटी राजस्व वृद्धि के लिए स्वैच्छिक अनुपालन बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के दृष्टिगत सभी अप्रासंगिक नियमों को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि व्यापारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि दुकानों से सैंपल लेने वाले स्वास्थ्य अधिकारी या कोई भी सरकारी प्राधिकारी इस संबंध में व्यापारियों को तुरंत भुगतान करें।
   उन्होने कहा कि सरकार दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खुलने और बंद होने के समय को भी युक्तिसंगत बनाएगी ताकि व्यापारियों के हित सुरक्षित रखते हुए उन्हें सुविधा प्रदान की जा सके।
 राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त यूनुस ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
 हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा ने व्यापारिक समुदाय की मांगों पर ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्य में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन के लिए भी आमंत्रित किया।
 

Wednesday, February 9

पिंजौर में बोरी में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाई,चार लोग गिरफ्तार

चंडीगढ़,09 फरवरी (3 आईन्यूज) हरियाणा की क्राइम ब्रांच पुलिस ने कालका में पिंजौर की रथपुर कॉलोनी में एक बोरी में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाकर उसकी हत्या के  आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। 
  चारों आरोपी भरत मित्तल उर्फ विक्की( अंबाला), जसप्रीत सिंह उर्फ जस ( पटियाला) , पिंजौर के राकेश कुमार और अमरदीप उर्फ अमर  हैं। चारों ही शराबी हैं। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिनव चंदेल 30 
जनवरी को बद्दी से पिंजौर अपना कोरोना टेस्ट करवाने आया था. जहां पर उसकी आरोपियों के उसकी कहासुनी हो गई और चारों ने अभिनव चंदेल से कहासुनी होने पर उसकी हत्या कर शव बोरी में बांधकर नाले में फेंक दिया था। 
   पुलिस पूछताछ में आरोपियो ने युवक की हत्या कर शव बोरी में नाले में फैंकने का जुर्म कबूल किया है। 
गौरतलब है कि पुलिस ने पिंजौर की रथपुर कालोनी के नाले में बोरी से एक शव बरामद किया था जिसकी पहचान घुमारंवीं उपमंडल के गांव बलोह (हिमाचल प्रदेश) अभिनव चंदेल(32) के रूप में की गई थी । वह अभी अविवाहित था। वह बद्दी में फार्मा कंपनी में नौकरी करता था और वह 30 जनवरी से लापता था। उसका शव 3 फरवरी को नाले के पास पुलिस ने एक बोरी में बरामद किया था। 
  पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया  है।





















रामपुर में पहाड़ी से गिरकर छात्रा की मौत

शिमला,09फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश में 
 शिमला जिला के उपमंडल रामपुर की काशापाट पंचायत में  एक छात्रा की पहाडी से गिरकर मौत हो गई।   प्राप्त जानकारी के अनुसार 12वीं  की छात्रा
कल अपनी सहपाठी के पास नोट्स लेने गई थी कि इस दौरान डंडोल के पास उसका पैर फिसल गया और गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। गई।
रामपुर उप पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर ने हादसे  की पुष्टि की है। 
   शव  पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल में भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

अरुणाचल में गश्त के दौरान लापता जवानो में हिमाचल के दो जवान शहीद

कांगडा,09 फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के दो जवान अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चपेट में आकर शहीद हो गए। 
   गौरतलब है कि 19 जैक बटालियन के सात जवान गशत के दौरान तीन दिन पहले बर्फीले तूफान में लापता हो गए थे।  
बैजनाथ उप प्रभागीय न्यायाधीश सलीम आजम ने इसकी पुष्टि की है। 
सात शहीदों में दो जवान हिमाचल प्रदेश के हैं। 
शहीदों में एक जवान बैजनाथ उपमंडल की कंदराल पंचायत के राकेश सिंह (26) हैं। 
दूसरा शहीदबिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल की सऊ पंचायत के अंकेश भारद्वाज(21) हैं। 
शहीदों की शहादत को नमन। 

   

Tuesday, February 8

ठाकुर ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ का कैलेंडर-2022 जारी किया

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ का कैलेंडर-2022 जारी किया।
    अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा प्रकाशित इस विशेष कैलेंडर में स्वामी विवेकानंद, पंडित मदन मोहन मालवीय, महर्षि दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, भगिनी निवेदिता, विनोबा भावे, रविंद्र नाथ ठाकुर, महर्षि अरविंद, सुभाष चंद्र बोस सहित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के सुविचारित वक्तव्य एवं विचार संकलित हैं।
    इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक डाॅ. राजीव बिंदल, राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ पवन मिश्रा, प्रांत महामंत्री डाॅ. मामराज पुंडीर, विनोद सूद, प्रांत सह संगठन मंत्री भीष्म सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय शंकर, मनोज, विकास और राजेश भी उपस्थित थे।

ठाकुर ने शिमला से कुपवी खण्ड के लिए एम्बुलेंस को दी झंडी

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने  आज ओक ओवर, शिमला से चौपाल  क्षेत्र के कुपवी खण्ड के लिए पंजाब नेशनल बैंक द्वारा भेंट की गई एम्बुलेंस को झंडी दिखाकर रवाना किया। 
   यह एम्बुलेंस बैंक द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत इस दूर-दराज के क्षेत्र के निवासियों के कल्याण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला के माध्यम से भेंट की गई।
मुख्यमंत्री ने बैंक के प्रबंधन के इस परोपकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस एम्बुलेंस से कुपवी क्षेत्र के 16,000 से अधिक निवासी लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डाॅ. सुरेखा और  बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

ठाकुर ने भारतीय मजदूर संघ की बैठक की अध्यक्षता की

शिमला,08फरवरी(3 आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां भारतीय मजदूर संघ की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कामगारों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। 
     श्री ठाकुर ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में करूणामूलक आधार पर रोजगार के मामलों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को पंचायत वैटरनरी सहायकों के नियमितिकरण के मामलों पर उदारतापूर्वक विचार करने के भी निर्देश दिए।
   उन्होने कहा कि राज्य सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में दिहाड़ीदारों की न्यूनतम दिहाड़ी 210 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन की है, जिससे उन्हें मासिक 2700 रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों को पर्याप्त और समुचित दिहाड़ी सुनिश्चित की है। सभी दिहाड़ीदारों को साप्ताहिक अवकाश भी प्रदान किया जा रहा है।
      मुख्यमंत्री  ने कहा कि गत चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं की राशि में 1750 रुपये की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकताओं के मानदेय में भी 2850 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है और आज उन्हें 7300 रुपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंशकालिक राजस्व कार्यकर्ताओं और स्नातक जल कार्यकर्ता लिपिक (वाटर वर्कर क्लर्क) से सम्बन्धित मामलों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम, हिमाचल पथ परिवहन निगम और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सीमित के श्रमिकों और कर्मचारियों की मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
 
 उन्होने  कहा कि बोर्डों और निगमों की सर्विस कमेटी की बैठकें नियमित आधार पर आयोजित की जानी चाहिए ताकि कर्मचारियों से सम्बन्धित मामलों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य में सीमेंट संयंत्र प्रबन्धकों द्वारा श्रमिकों के शोषण पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर सीमेंट संयंत्रों और अन्य औद्योगिक इकाइयों में आंतरिक गतिविधियों के लिए ठेकेदारों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध करवाने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
    श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को श्रमिकों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनसंख्या अनुपात में देश में सबसे अधिक कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है और भारत तथा हिमाचल प्रदेश भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान भारतीय मजदूर संघ ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को अपना रचनात्मक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारियों ने भी परीक्षा की इस घड़ी में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशेष तौर पर आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने महामारी के दौरान अपनी सराहनीय सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष के बजट में इस बैठक में प्राप्त सुझावों को शामिल करने का भी प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से पर्यवेक्षकों की पदोन्नति का कोटा 80 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नवसृजित 412 पंचायतों में पंचायत चैकीदारों के पदों को सृजित करने और भरने के निर्देश भी दिए ताकि लोगों को सुविधा प्राप्त हो सके।

 इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के अध्यक्ष मदन राणा ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा ही कर्मचारियों और श्रमिकों की विभिन्न मांगों के प्रति संवेदनशील रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से वर्ष 2022-23 के लिए राज्य का बजट तैयार करते समय मजदूरों और मजदूर वर्ग की विभिन्न मांगों पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि भारतीय मजदूर संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता राज्य सरकार की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अधिक प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करेगा।

 



 

हमीरपुर :पेपर जमा कराने गई नाबालिगा लापता

हमीरपुरः 08फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिला के नादौन उपमंडल के अंतर्गत जोल गांव में एक नाबालिगा के  लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। 
   प्राप्त जानकारी के अनुसार कशिश (13) शनिवार अपने सरकारी स्कूल बड़ा में अपने ऑनलाइन पेपर जमा कराने गई थी और बीच रास्ते से लापता हो गई।
   परिजनों ने संदिग्ध व्यक्ति पर उसे बहला फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया है।
 थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि की  है। पुलिस ने  आम जन से अपील की कि  अगर किसी को इस छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिले तो इस मोबाइल नंबर 98170-53813 पर संपर्क करें। 
   

हिमाचल : बिलासपुर का जवान अरुणाचल प्रदेश में गश्त के दौरान लापता

बिलासपुर, 08फरवरी (3आईन्यूज )हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला का  एक जवान अरुणाचल प्रदेश में गश्त के दौरान लापता हो गया है।
  अंकेश भारद्वाज (21)घुमारवीं उप मंडल  के सेऊ गांव से है। वह अपने छह अन्य जवानों के साथ अरुणाचल प्रदेश की दुर्गम पहाड़ियों में बर्फ़ानी तूफान में गश्त के  दौरान दो दिन पहले लापता हो गया। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो रही थी। 
  अंकेश के लापता होने की खबर से उसके परिजन और पूरे  गांव में उदासी छाई है। सभी उसकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
   जवानों को खोजने के लिए सेना का बचाव अभियान जारी है।
 

Monday, February 7

किन्नौर में कार खाई में गिरी, तीन नेपालियों की मौत

किन्नौर, 07फरवरी (3आईन्यूज) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के भावा वैली में आज एक कार के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। 
मृतकों की पहचान नेपाली बाबू राम ,सुनील और कुंदन के रूप में की गई है। 
किन्नौर पुलिस अधीक्षक अशौक रत्न ने हादसे की पुष्टि की है। 
पुलिस मामले की जांच कर रही है।